Web News

www.upwebnews.com

UP Politics: पीडीए फार्मूले को चुनौती देने की बीजेपी की कोशिश

May 11, 2026

UP Politics: पीडीए फार्मूले को चुनौती देने की बीजेपी की कोशिश

Posted on 11.05.2026 , Time 02.33 PM, Monday, Article by Ratibhan Tripathi, Senior Journalist, Lucknow

पिछड़ों और दलितों को मंत्रिमंडल में प्रतिनिधित्व दिया गया, ब्राह्मण चेहरा भी शामिल कर ब्राह्मणों की कथित नाराजगी खत्म करने की दिशा में कदम

रतिभान त्रिपाठी
लखनऊ : देश के पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों में से तीन में अपनी जीत का परचम लहराने के बाद भारतीय जनता पार्टी ने उत्तर प्रदेश का रुख किया है, जहां अगले साल फरवरी महीने में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। रविवार को योगी सरकार का मंत्रिमंडल विस्तार उसी रणनीति के तहत पहला कदम है जिसमें जरूरत के हिसाब से जातीय और क्षेत्रीय संतुलन साधने की कोशिश की गई है। प्रदेश में भाजपा की मुख्य विपक्षी समाजवादी पार्टी ने पीडीए फार्मूले का ढोल पहले से ही पीट रखा है। ताज़ा मंत्रिमंडल विस्तार उसी पीडीए फार्मूले को चुनौती देने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है।
मंत्रिमंडल में उन जातियों को शामिल किया गया है जिनका प्रतिनिधित्व सरकार में कम माना जा रहा था। जैसे फतेहपुर से कृष्णा पासवान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश से सुरेंद्र दिलेर को मंत्री बनाकर मध्य और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में दलितों का प्रतिनिधित्व सरकार में बढ़ाया गया तो भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी को कैबिनेट मंत्री बनाकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पार्टी के जाट चेहरे को महत्व दिया गया है। कृष्णा पासवान को मंत्री बनाकर केवल दलित समुदाय को ही नहीं महिलाओं की ओर से भी प्रतिनिधित्व दिया गया है।
ऐसे ही कैलाश सिंह राजपूत और हंसराज विश्वकर्मा को मंत्री बनाकर लोध और लोहार समाज को सरकार में महत्व देने की कोशिश की गई है। कैलाश राजपूत कन्नौज से आते हैं, जो अखिलेश यादव का लोकसभा क्षेत्र है। वहां से असीम अरुण दलित समाज से पहले से ही मंत्री हैं। अब लोध समाज के कैलाश राजपूत को मंत्री बनाकर पीडी फार्मूला स्पष्ट कर दिया है। वाराणसी क्षेत्र के हंसराज विश्वकर्मा को मंत्री बनाने से पूर्वांचल में उपरोक्त समुदाय के बीच एक अच्छा संदेश देने की कोशिश की गई है।
सपा के पीडीए में से भाजपा ने सरकार में पीडी को तो खूब महत्व दे रखा है, आखिरी अक्षर ए के हिस्से में सिर्फ एक मंत्री हैं दानिश अंसारी और भाजपा को मुस्लिम समाज को सरकार में इससे ज्यादा प्रतिनिधित्व देना भी नहीं है क्योंकि मुस्लिम समाज भाजपा को वोट तो देता ही नहीं, बल्कि चुनाव में खुलकर मुखालिफत करता है। अल्पसंख्यकों में से सिख कोटे से एक मंत्री बलदेव सिंह औलख पहले से ही हैं। वह भी दलित समुदाय से आते हैं। ऐसे में वह दलितों और अल्पसंख्यकों की एक साथ अगुवाई करते हैं। चूंकि 2027 के विधानसभा चुनाव में अखिलेश यादव पीडीए पीडीए चिल्ला रहे हैं, ऐसे में भाजपा इन समुदायों के बीच यह बताने में पीछे नहीं रहेगी कि उसकी सरकार में इन समुदायों को भरपूर महत्व दिया गया है।
गौरतलब है कि भाजपा की सरकार बनाने में गैर यादव पिछड़ों की अच्छी खासी भूमिका होती है इसलिए मौजूदा सरकार में उनकी भागीदारी अधिक बढ़ाकर पार्टी अगला चुनाव आसान बनाने में लगी हुई है।  इधर रायबरेली के ऊंचाहार से समाजवादी पार्टी से भाजपा में आए मनोज कुमार पाण्डेय को सरकार में कैबिनेट मंत्री बनाया गया है। जिस समय मनोज पाण्डेय ने सपा छोड़ी थी, उस समय उन्होंने अखिलेश यादव पर आरोप लगाया था कि वह न केवल राममंदिर मुद्दे पर हिंदुत्व के विरुद्ध काम कर‌ रहे हैं बल्कि स्वामी प्रसाद मौर्य के जरिए ब्राह्मणों को अपमानित करवा रहे हैं। इस बीच सरकार और भाजपा से ब्राह्मणों की कुछ नाराजगी की बात भी उभरकर सामने आने लगी थी तो मनोज पाण्डेय को मंत्रिमंडल में जगह देना असंतोष को कुछ हद तक दबाने की दिशा में कोशिश के रूप में माना जा रहा है। दो मंत्रियों का प्रमोशन करके उन्हें राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार बनाया गया है। अब देखना है कि इस विस्तार और प्रतिनिधित्व का निकट भविष्य में कैसा प्रभाव होता है।

Ratibhan Tripathi Senior Journalist

पीएम मोदी की अपील:पेट्रोल,डीजल और गैस का संयमित उपभोग करें

News Posted on 11.05.2026 , Time 12.57 Noon, Monday, Hyderabad, Narendra Modi

हैदराबाद, 10 मई 2026 (रविवार), प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने देशवासियों से ऊर्जा की बचत करने और संयमित उपभोग की अपील की है। उन्होंने कहा है कि पेट्रोल,डीजल और गैस का उपभोग संयम के साथ करें। उन्होंने ये अपील पश्चिम एशिया संकट के बीच ऊर्जा की उपलब्धता बनाए रखने के लिए की है।

यहां पीएम ने विकास योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। इसके बाद भाजपा की रैली को भी संबोधित किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने राष्‍ट्र से सात अपील की।

उन्‍होंने सार्वजनिक परिवहन बस, मेट्रो का उपयोग करने और कार पूलिंग के जरिए ईंधन के उपभोग को कम करके विदेशी मुद्रा भंडार को संरक्षित करने में मदद करने का आग्रह  किया।

श्री मोदी ने एक वर्ष के लिए विदेश यात्रा टालने, विदेशों में शादी कार्यक्रम आयोजित करने तथा अत्‍यधिक सोने की खरीदारी को सीमित करने का आग्रह किया है।

श्री मोदी ने कोविड काल जैसी व्यवस्थाओं को फिर से अपनाने की अपील की है। इसमें वर्क फ्रॉम होम, ऑनलाइन मीटिंग , वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग को फिर से अपनाने का भी आह्वान किया।

प्रधानमंत्री ने नागरिकों से खाने के तेल के उपभोग में कमी करने का आग्रह  भी किया। उन्‍होंने किसानों से  रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता में कमी करने का आग्रह किया। इसके लिए रासायनिक उर्वरकों की खपत को 50 प्रतिशत कम करने को कहा है। साथ ही किसानों से अपील की है कि वे डीजल पंपों के स्थान पर सोलर पंपों का उपयोग करें। उन्होंने प्राकृतिक खेती अपनाने पर बल दिया।

Prime Minister Narendra Modi has appealed to the countrymen to save energy and consume it in moderation. He has said that petrol, diesel and gas should be consumed with restraint. He has made this appeal to maintain the availability of energy amid the West Asia crisis.

गबन।— पीएनबी कैशियर के खिलाफ 26.39 लाख गबन की रिपोर्ट, एफआईआर दर्ज

-परिवहन निगम की मुरादाबाद डिपो ने बैंक में जमा कराया था कैश
-परिवहन निगम के पास जमा धनराशि की रसीदें, बैंक में रिकार्ड नहीं
Post on 10.5.26
Sunday Moradabad
Rajesh Bhatia

मुरादाबाद, उप्र समाचार सेवा
थाना सिविल लाइंस में पंजाब नेशनल बैंक के कैशियर के खिलाफ 26.39 लाख रुपए के गबन की रिपोर्ट दर्ज की गई है। बैंक प्रबंधक अंकुर कुलहरी ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। कैशियर के खिलाफ उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम ने शिकायत की थीं। विभाग में मामले में अब थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
शहर के सिविल लाइंस थाने में स्थित पीएनबी में कैशियर सनी भारती पर गबन का आरोप है। प्रबंधक ने थाने में तहरीर दी। कहा कि यूपीएसआरटीसी की मुरादाबाद डिपो ने 5 मई को कैशियर की शिकायत की। शाखा प्रबंधक ने जांच कराई तो साफ हुआ कि रोडवेज की मुरादाबाद डिपो ने 18 अप्रैल को 18.17 लाख और 29 अप्रैल को कुल 22.39 लाख रुपए का कैश जमा कराया। साथ में धनराशि की रसीदें भी है। बैंक रिकार्ड में रोडवेज की जमा रकम दर्ज नहीं की। बैंक ने कोतवाली क्षेत्र के काजी सराय के सनी भारती के खिलाफ बैंक राशि के गबन की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की विवेचना में जुटीं है।

May 10, 2026

मैनपुरी पुलिस ने दबोचे तीन साइबर ठग

नौकरी इन्वेस्टमेंट और ट्रेडिंग के नाम पर करते थे ठगी
मैनपुरी
साइबर क्राइम थाना और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन अंतर्राज्यीय साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी नौकरी, ट्रेडिंग और इन्वेस्टमेंट का लालच देकर लोगों से ठगी करते थे। इनके खिलाफ देश के विभिन्न राज्यों से एनसीआरपी पोर्टल पर कई शिकायतें दर्ज थीं जांच के दौरान पश्चिम बंगाल के पुरूलिया निवासी सौरभ बनर्जी की शिकायत सामने आई, जिसमें उनके एचडीएफसी बैंक खाते से साइबर ठगी की रकम निकाले जाने की जानकारी मिली थी।पुलिस ने बैंक खातों और तकनीकी साक्ष्यों की गहन जांच की, जिसमें मैनपुरी के कई खातों का इस्तेमाल सामने आया। इसी आधार पर साइबर सेल ने ग्राम गढ़िया जाने वाले रोड से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान प्रियांशू तोमर, अमन तोमर और अवनीश के रूप में हुई है, जो सभी थाना बेबर क्षेत्र के निवासी हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के बैंक खातों से एनसीआरपी पोर्टल पर दर्ज कई शिकायतें जुड़ी मिली हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे संगठित तरीके से देशभर के लोगों को नौकरी लगवाने, ऑनलाइन ट्रेडिंग और इन्वेस्टमेंट का लालच देकर अपने जाल में फंसाते थे। ठगी से प्राप्त रकम को वे अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर कर आपस में बांट लेते थे।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 16 हजार 180 रुपये नकद, तीन मोबाइल फोन, एक एटीएम कार्ड और दो मोटरसाइकिल बरामद की हैं। इस मामले में थाना साइबर क्राइम मैनपुरी पर विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
एसपी ग्रामीण अभिषेक तिवारी ने बताया कि साइबर अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आम लोग किसी भी लुभावने ऑफर, ऑनलाइन नौकरी, ट्रेडिंग:
या इनवेस्टमेंट के नाम पर बिना जांच-पड़ताल के पैसे ट्रांसफर न करें। किसी भी साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत हेल्पलाइन 1930 या एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।

भाजपा और चुनाव आयोग बरसे प्रमोद तिवारी  बोले— लोकतंत्र खतरे में

Pramod Tiwari
मथुरा। प्रमोद तिवारी रविवार  को कांग्रेस विधानमंडल दल (CLP) की नेता आराधना मिश्रा ‘मोना’ के साथ तीर्थनगरी मथुरा पहुंचे। यहां उन्होंने श्री बांके बिहारी मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर देश में लोकतंत्र और संविधान की रक्षा की प्रार्थना की। मंदिर सेवायतों द्वारा दोनों नेताओं का माला और पटुका पहनाकर स्वागत किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
मीडिया से बातचीत में राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी ने केंद्र सरकार और निर्वाचन आयोग पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में लोकतांत्रिक संस्थाओं का दुरुपयोग किया जा रहा है। तिवारी ने कहा कि भाजपा संवैधानिक संस्थाओं को प्रभावित कर चुनावी प्रक्रिया में हस्तक्षेप कर रही है, जो लोकतंत्र के लिए गंभीर खतरा है। उन्होंने कहा, “जिस प्रकार चुनावी प्रक्रियाओं में दखल दिया जा रहा है, वह लोकतंत्र की हत्या के समान है। हम बांके बिहारी जी के चरणों में यही प्रार्थना करने आए हैं कि देश में संविधान और लोकतंत्र सुरक्षित रहे।”
वहीं, आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने भी भाजपा सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश से लेकर पश्चिम बंगाल तक भाजपा केवल सत्ता की राजनीति कर रही है और जनता के मूल मुद्दे पीछे छूट गए हैं। उन्होंने निर्वाचन आयोग की निष्पक्षता पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि संस्थाओं की निष्पक्षता पर उठ रहे सवाल स्वस्थ लोकतंत्र के लिए चिंताजनक हैं।
मंदिर परिसर के बाहर जुटे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए नेताओं ने आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए तैयार रहने का आह्वान किया। प्रमोद तिवारी ने कहा कि जनता अब भाजपा की नीतियों को समझ चुकी है और आने वाले समय में इसका जवाब देगी। राजनीतिक जानकार इस दौरे को आगामी चुनावों से पहले कार्यकर्ताओं में ऊर्जा भरने और धार्मिक नगरी से बड़ा राजनीतिक संदेश देने की रणनीति के रूप में देख रहे हैं।
« Newer PostsOlder Posts »