Web News

www.upwebnews.com

स्वतंत्रता सेनानी ठाकुर मलखान सिंह की प्रतिमा का अनावरण

May 29, 2026

स्वतंत्रता सेनानी ठाकुर मलखान सिंह की प्रतिमा का अनावरण

सेंगर समाज की दशकों पुरानी मांग हुई पूरी, भव्य समारोह में उमड़ा जनसैलाब

हाथरस। प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री ठाकुर जयवीर सिंह द्वारा शुक्रवार को कैलौरा चौराहे पर महान स्वतंत्रता सेनानी ठाकुर मलखान सिंह की प्रतिमा का अनावरण किया गया। लंबे समय से चली आ रही सेंगर समाज की मांग को सदर विधायक अंजुला सिंह माहौर के प्रयासों से साकार रूप मिलने पर समाज के लोगों में भारी उत्साह दिखाई दिया।कार्यक्रम के दौरान मंच से वक्ताओं ने कहा कि वर्ष 2022 में सदर विधायक बनने के बाद अंजुला सिंह माहौर ने सेंगर समाज से किया गया वादा निभाते हुए इस ऐतिहासिक कार्य को पूरा कराया है। कार्यक्रम में “रघुकुल रीत सदा चली आई, प्राण जाए पर वचन न जाए” के उद्घोष के साथ समाज के लोगों ने जोरदार तालियों से स्वागत किया।समारोह में मुख्य अतिथि पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री ठाकुर जयवीर सिंह का सदर विधायक अंजुला सिंह माहौर द्वारा पटका एवं 51 किलो की विशाल फूलमाला पहनाकर भव्य स्वागत किया गया। वहीं सेंगर समाज की ओर से भी स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका अभिनंदन किया गया।कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि “अलीगढ़ केसरी” के नाम से विख्यात ठाकुर मलखान सिंह महान स्वतंत्रता सेनानी, प्रख्यात शिक्षाविद, सफल अधिवक्ता एवं समर्पित समाजसेवी थे। स्वतंत्रता आंदोलन में अलीगढ़ और हाथरस क्षेत्र में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिसके कारण आज भी उनका नाम सम्मान के साथ लिया जाता है।बताया गया कि प्रतिमा उत्तर प्रदेश पर्यटन एवं संस्कृति विभाग द्वारा उपलब्ध कराई गई, जबकि चौराहे का निर्माण सदर विधायक निधि से कराया गया। लोगों ने इसे क्षेत्र की ऐतिहासिक विरासत और स्वतंत्रता सेनानियों के सम्मान से जुड़ा महत्वपूर्ण कदम बताया।इस अवसर पर सांसद अनूप प्रधान, सिकंदराराऊ विधायक वीरेंद्र सिंह राणा, सादाबाद विधायक प्रदीप कुमार गुड्डू, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाह, पूर्व जिलाध्यक्ष गौरव आर्य, जिलाधिकारी अतुल वत्स, पुलिस अधीक्षक चिरंजीवी नाथ सिन्हा, मुख्य विकास अधिकारी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष योगेश सेंगर, राजपाल सिंह, केपी सिंह, प्रमोद मदनवत, प्रमोद सेंगर, धर्मेश सेंगर, हेमंत सेंगर, अनिल सेंगर, सुनीता सिंह, रोरन सिंह, ललिता सेंगर, सुनील सेंगर सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।

UP: उपज के तत्वावधान में आयोजित होंगे हिंदी पत्रकारिता दिवस समारोह

Uttar Pradesh Association of Journalists (UPAJ)

लखनऊ, 29 मई, 2026 (उपज समाचार).। उत्तर प्रदेश एसोसिएशन ऑफ जर्नलिस्ट्स (उपज) के तत्वावधान में 30 मई शनिवार को प्रदेश भर में हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्ष पूर्ण होने पर वृहद स्तर पर आयोजन होंगे। इन समारोहों में हिंदी पत्रकारिता में योगदान करने वाले वाले वरिष्ठ पत्रकारों का सम्मान किया जाएगा।

प्रदेश महामंत्री आनंद कर्ण ने बताया कि उपज की वाराणसी, भदोही, अम्बेडकरनगर, मेरठ, मथुरा, बागपत और मुरादाबाद जिला इकाइयों द्वारा 30 मई को कार्यक्रम आयोजित किए गए है।

दुकान में 2 करोड़ के गबन का आरोपी गिरफ्तार, कूटरचना कर दिया था घटना को अंजाम

Posted on 29/05/2026
Time 19:30 P.M
Gorakhpur
Santosh Kumar Singh

गोरखपुर: 29 मई 2026 ( उप्र समाचार सेवा) कैंट पुलिस ने दुकान में बतौर कर्मचारी काम करते हुए लाखों-करोड़ों का गबन करने वाले एक और आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, थाना कैंट में एक मामला (मु0अ0सं0 03/2026) दर्ज किया गया था। आरोप है कि दुकान में काम करने वाले आरोपियों ने वहां कैशियर और सेल्समैन की भूमिका निभाते हुए बिलों में बड़े स्तर पर कूटरचना (फर्जीवाड़ा) की। इस जालसाजी के जरिए उन्होंने दुकान मालिक को करीब 02 करोड़ रुपये का चूना लगाया और गबन की घटना को अंजाम दिया।

अपराधों पर अंकुश लगाने और फरार चल रहे अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत, पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन में कार्रवाई की गई। स0पु0अ0/क्षेत्राधिकारी कैण्ट के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक कैण्ट के नेतृत्व में उ0नि0 गिरीश मिश्रा की टीम ने दबिश देकर वांछित आरोपी रवि प्रताप विश्वकर्मा पुत्र राजाराम विश्वकर्मा, निवासी- ग्राम रामपुर जंगल छितौनी, थाना हनुमानगंज, जनपद कुशीनगर को गिरफ्तार कर लिया।

इस बड़े गबन के मामले में पुलिस अब तक कुल 03 लोगों के खिलाफ कार्रवाई कर चुकी है। पुलिस ने बताया कि इस मामले से जुड़े 02 अन्य आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा जा चुका है।
आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (भा0न्या0सं0) की धारा 306, 316(4), 319(2), 352, 351(3), 338 के साथ-साथ आईटी एक्ट की धारा 65, 66ग और 66घ के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।

किराएदार की हत्या में मकान मालिक को उम्रकैद

शुक्रवार को फास्ट ट्रैक कोर्ट-2 ने दोषी ठहराया
शहर में अशोक नगर की घटना
नशे में धुत हत्यारे ने सिर पर ईटों के प्रहार से की हत्या

Post on 29.5.29
Friday Moradabad
Rajesh Bhatia,Time 4.45 pm

मुरादाबाद,उप्र समाचार सेवा

15 साल पहले शहर के अशोक नगर मुहल्ले में एक युवक की हत्या में उसके मकान मालिक को दोषी ठहराते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई है।शुक्रवार को फास्ट ट्रैक कोर्ट-2 धीरेन्द्र सिंह ने सजा व पांच हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। मृतक सहारनपुर का रहने वाला था। मुरादाबाद में किराए के मकान पर रहकर काम कर रहा था।

घटना की रिपोर्ट अशोक नगर के ही निवासी रमेश सिंह ने दर्ज कराई। वादी ने अपनी तहरीर में कहा कि 29 सितंबर,2011 की शाम को उसके साले उदय सिंह का अपने मकान मालिक मुकेश से किराए के रुपये के लेनदेन को लेकर झगड़ा हुआ।तब उसने समझाकर शांत कर दिया। इसके बाद अगले दिन साला उदय सिंह उसके घर मिलने नहीं आया।जबकि वह रोजाना चाय पीने के लिए बहन के घर आता। उसके न आने पर ही 30 सितंबर को उसे देखने गया जहां उदय सिंह की लाश पड़ी थी।मकान मालिक मुकेश उसकी हत्या कर भाग गया।
वादी की तहरीर पर पुलिस ने हत्‍या का मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरु कर दी।
मृतक की बहन राजरानी ने बयान में पुलिस को बताया कि उसका भाई जून,11 से मुकेश के मकान में किराए पर रहकर पुताई आदि का काम करता।मुकेश शराब पीने के लिए उससे पैसे मांगता।इसी को लेकर शराब के नशे में ही दोनों में झगड़ा हुआ। एक दिन पहले शाम को जीजा ने दोनों को झगड़ा निबटा दिया। इससे रंजिश रखते हुए मुकेश ने उदय को मार दिया। आरोपी मुकेश ने ईट-अद्धे उसके सिर पर मारे जिससे उसकी मौत हो गई।आरोपी ने पुलिस को ईट भी बरामद कराई।
केस की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट-2 की अदालत में हुई।एडीजीसी महेन्द्र सिंह कश्यप ने बताया कि अदालत में दोनों पक्षों की सुनवाई हुई।कोर्ट में आठ गवाहों के बयान हुए।एफटीसी कोर्ट ने साक्ष्य के आधार पर मुकेश सैनी को उम्रकैद व पांच हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई है।

वाराणसी में साइबर ठगी: पेंटर बनकर घर में घुसा शातिर, उड़ाए 12 लाख

 

Posted on 29.05.2026 Time 05.03 PM, Varanasi

*सिम स्वैप और फर्जी UPI से बुजुर्ग के खाते से उड़ाए ₹12 लाख, 2 गिरफ्तार*

*CSP काउंटर से एक महीने में किस्तों में निकाली रकम। पुलिस ने ₹8 लाख कराए फ्रीज, 3 मोबाइल, ₹70 हजार नकद और 4 फर्जी आधार बरामद। ACP बोले – आरोपी विनय-सुरेंद्र पहले भी टावर फ्रॉड और फर्जी चेक केस में जा चुके हैं जेल।*

*रिपोर्ट:प्रज्ञा मिश्रा*
*वाराणसी*। पुलिस कमिश्नरेट की साइबर क्राइम थाना पुलिस ने बुजुर्ग के बैंक खाते से ₹12 लाख की साइबर ठगी करने वाले अंतर्जनपदीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल के निर्देश पर डीसीपी अपराध के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने सर्विलांस की मदद से 27 मई को बलिया निवासी विनय कुमार और गाजीपुर निवासी सुरेंद्र कुमार को वाराणसी से गिरफ्तार कर लिया।

एसीपी साइबर अपराध विदुष सक्सेना ने बताया कि घटना की कड़ियां एक महीना पहले से जुड़ी हैं। गिरफ्तार आरोपी विनय कुमार पेशे से पेंटर है। वह करीब एक महीने पहले सेवानिवृत्त कर्मी शिवदत्त हरिजन के घर पेंटिंग का काम करने गया था। शिवदत्त वर्तमान में इंजीनियर हाल पुलिस लाइन, वाराणसी में रहते हैं। काम के दौरान विनय ने बड़ी चालाकी से बुजुर्ग के मोबाइल से उनका सिम कार्ड निकाल लिया। साथ ही घर में रखे उनके आधार कार्ड और पैन कार्ड की तस्वीरें खींच लीं और उसकी डुप्लीकेट कॉपियां तैयार कर लीं।

विनय ने यह सिम कार्ड और दस्तावेज अपने साथी सुरेंद्र कुमार को सौंप दिए। इसके बाद दोनों ने एक नए मोबाइल में सिम कार्ड डालकर पीड़ित के नाम पर Paytm, PhonePe और G-Pay जैसे यूपीआई अकाउंट एक्टिवेट कर लिए। चूंकि सिम और केवाईसी के दस्तावेज इनके पास थे, इसलिए वेरिफिकेशन में कोई दिक्कत नहीं हुई। आरोपियों ने पिछले एक महीने के दौरान अलग-अलग जनसेवा केंद्रों और सीएसपी काउंटरों पर जाकर फर्जी पहचान पत्रों के सहारे किस्तों में कुल ₹12 लाख की निकासी कर ली।

बीती 24 मई 2026 को जब पीड़ित शिवदत्त हरिजन को उनके खाते से रकम गायब होने की भनक लगी तो उन्होंने तुरंत साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई शुरू की और 27 मई को दोनों आरोपियों को दबोच लिया।

पुलिस ने आरोपियों के पास से 3 मोबाइल फोन जिनमें दो कीपैड फोन हैं, ₹70,000 नकद और 4 फर्जी कूट रचित डुप्लीकेट आधार कार्ड बरामद किए हैं। पुलिस ने फ्रॉड से जुड़े खातों में ₹8 लाख होल्ड भी करा दिए हैं। एसीपी ने बताया कि पकड़े गए दोनों अभियुक्तों का पुराना आपराधिक इतिहास है। ये दोनों पहले भी मोबाइल टावर लगाने के नाम पर फर्जीवाड़ा करने और एक फर्जी चेक के मामले में संलिप्त रहे हैं, जिसके आरोप में ये जेल की हवा भी खा चुके हैं।

साइबर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अपने घर में काम करने वाले बाहरी लोगों जैसे पेंटर, प्लंबर, कारपेंटर पर नजर रखें। अपने मोबाइल, सिम कार्ड और महत्वपूर्ण दस्तावेज जैसे आधार, पैन, पासबुक कभी भी खुले में न छोड़ें।

« Newer PostsOlder Posts »