Web News

www.upwebnews.com

एटा में किसानों ने निकाली विशाल तिरंगा यात्रा, गूंजे भारत माता के जयकारे

August 20, 2026

एटा में किसानों ने निकाली विशाल तिरंगा यात्रा, गूंजे भारत माता के जयकारे

एटा 20 अगस्त उप्रससे। जनपद में भारतीय किसान यूनियन स्वराष्ट्र के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने आज बृहस्पतिवार को शहर में विशाल तिरंगा यात्रा निकाली। यात्रा का शुभारंभ शहीद पार्क स्थित शहीद भगत सिंह की प्रतिमा पर राष्ट्रीय अध्यक्ष दीपक शर्मा व राष्ट्रीय प्रवक्ता दीपक पंडित ने माल्यार्पण कर किया। इस दौरान किसानों ने देशभक्ति के नारों के साथ शहीदों को नमन किया। तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में किसान हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर शामिल हुए। शहीद पार्क से शुरू हुई यात्रा जीटी रोड, ठंडी सड़क, होली मोहल्ला और कैलाश गंज होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंची। रास्ते भर भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयकारों से वातावरण गूंजता रहा। यात्रा में शामिल किसानों ने देश की एकता, अखंडता और आपसी भाईचारे का संदेश दिया। पदाधिकारियों ने कहा कि तिरंगा देश के गौरव, सम्मान और एकता का प्रतीक है। शहीदों के बलिदान को याद करते हुए देशहित और किसान हित में एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया गया। यात्रा के दौरान संगठन के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और सैकड़ों किसान मौजूद रहे।

मेधावी छात्र पुरस्कृत, संस्कृति ज्ञान परीक्षा पुस्तकों का हुआ विमोचन

सनातन धर्म सरस्वती शिशु मंदिर में मासिक परीक्षा परिणाम घोषित

लखीमपुर खीरी। विद्याभारती से संबद्ध स्थानीय सनातन धर्म सरस्वती शिशु मंदिर, मिश्राना में गुरुवार (20 अगस्त 2026) को एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान वर्तमान सत्र की द्वितीय मासिक परीक्षा का परिणाम घोषित किया गया और साथ ही संस्कृति ज्ञान परीक्षा की पुस्तकों का विमोचन भी संपन्न हुआ।दीप प्रज्ज्वलन से हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ,कार्यक्रम का आरंभ मुख्य अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन, पुष्पार्चन एवं वंदना के साथ हुआ। इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक रवि भूषण साहनी, कोषाध्यक्ष माननीय अमित गुप्ता एवं प्रधानाचार्या श्रीमती हीरा सिंह उपस्थित रहे। अतिथियों का परिचय और स्वागत करने के साथ ही प्रधानाचार्या ने कार्यक्रम की रूपरेखा और उसकी भूमिका पर प्रकाश डाला।90 मेधावी भैया-बहन हुए पुरस्कृत,विद्यालय के परीक्षा प्रमुख चन्द्रपाल ने पूरी पारदर्शिता के साथ परीक्षा परिणाम की घोषणा की। इसके बाद उप प्रधानाचार्य ज्ञानेन्द्र कुमार वाजपेयी की देखरेख में पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। परीक्षा में कुल 14 वर्गों से प्रथम पांच स्थान प्राप्त करने वाले 90 मेधावी भैया-बहनों को मंच पर मुख्य अतिथियों द्वारा पुरस्कृत कर उनका हौसला बढ़ाया गया।संस्कृति ज्ञान परीक्षा पुस्तक विमोचन और आगामी अभियानसमारोह के दूसरे चरण में ‘संस्कृति ज्ञान परीक्षा’ की पुस्तकों का विमोचन किया गया। यह परीक्षा कक्षा तीन से द्वादश (12वीं) तक के छात्रों के साथ-साथ आचार्यों और अभिभावकों के लिए भी आयोजित की जाती है, जिसमें क्रमशः प्रवेशिका, मध्यमा, उत्तमा एवं प्रज्ञा स्तर की परीक्षाएं शामिल हैं।विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि इस विमोचन के साथ ही अब एक विशेष अभियान की शुरुआत हो रही है। अगले 15 दिनों तक नगर के विभिन्न विद्यालयों को इस संस्कृति ज्ञान परीक्षा से जोड़ने के लिए व्यापक संपर्क अभियान चलाया जाएगा। इस गौरवपूर्ण और हर्षोल्लास के अवसर पर विद्यालय का समस्त आचार्य परिवार उपस्थित रहा और सभी ने छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Lucknow Breaking युवक ने बैंक मैनेजर पत्नी और अपनी सगी बहन की हत्या कर आत्महत्या कर ली

Posted on 20.08.2026 Time 03.38 PM, Lucknow News, UP News, ICICI Bank

लखनऊ, 20 अगस्त 2026 (उप्र समाचार सेवा)। राजधानी में आज दोपहर एक युवक ने बैंक मैनेजर पत्नी और अपनी सगी बहन की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद पिस्तौल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली।

प्राप्त जानकारी के अनुसार गोमती नगर के विनीत खंड स्थित आईसीआईसीआई बैंक शाखा के बाहर युवक मानस वाजपेई ने अपनी पत्नी बैंक मैनेजर दिव्या मिश्रा को गोली मार दी। इसके बाद वह अपने हुसडिया चौराहा स्थित किराए के मकान पर पहुंचा और अपनी सगी बहन को गोली मार दी। फिर कमरा बंद करके खुद को गोली मारकर आत्म हत्या कर ली।

मृतक ने पत्नी और बहन की हत्या से पहले अपने व्हाट्सएप पर स्टेटस लगा कर पत्नी पर धोखा देने का आरोप लगाया। पुलिस ने तीनों शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। बताया जाता है कि पति पत्नी के बीच कुछ महीनों से विवाद चल रहा था।

August 19, 2026

चिंतापुर में बनेगा आधुनिक वृद्धाश्रम और अनाथालय, बुजुर्गों को मिलेगा बच्चों का सानिध्य

-मानव कल्याण सामाजिक संस्था के संस्थापक राजीव वार्ष्णेय जानकारी देते हुए

हाथरस। मानव कल्याण सामाजिक संस्था की ओर से ग्राम चिंतापुर में सर्वसुविधायुक्त आधुनिक वृद्धाश्रम एवं अनाथालय का निर्माण कराया जा रहा है। संस्था का उद्देश्य बेसहारा बुजुर्गों और अनाथ बच्चों को एक ही परिसर में परिवार जैसा आत्मीय वातावरण उपलब्ध कराना है, जहां बुजुर्गों को बच्चों का स्नेह और बच्चों को बुजुर्गों का मार्गदर्शन व वात्सल्य मिल सके।संस्था के संस्थापक राजीव वार्ष्णेय एवं मुख्य संरक्षक वरिष्ठ अधिवक्ता राकेश बल्लभ ने बताया कि आश्रम का निर्माण आधुनिक तकनीक और आवश्यक सुविधाओं को ध्यान में रखकर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि संस्था दोनों पीढ़ियों के बीच भावनात्मक जुड़ाव स्थापित करने के उद्देश्य से इस परियोजना को आकार दे रही है।आश्रम परिसर में मंदिर एवं सत्संग भवन के साथ पर्याप्त हरियाली विकसित की जाएगी। बुजुर्गों और बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए योग एवं फिटनेस सेंटर तथा आयुर्वेदिक चिकित्सा की व्यवस्था भी प्रस्तावित है। परिसर में बच्चों की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए समुचित प्रबंध किए जाएंगे।संस्था के पदाधिकारियों के अनुसार आश्रम को आत्मनिर्भर बनाने और वहां रहने वाले लोगों को स्वावलंबी बनाने के लिए लघु कुटीर उद्योग भी स्थापित किए जाएंगे। संस्था का प्रयास है कि बुजुर्गों और बच्चों को केवल आश्रय ही नहीं, बल्कि सम्मान, सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य और पारिवारिक माहौल उपलब्ध कराया जाए।इस संबंध में जिला अध्यक्ष नारायण लाल, जिला महामंत्री कन्हैया वार्ष्णेय, जिला कोषाध्यक्ष लोकेश अग्रवाल, महिला जिला अध्यक्ष प्रगति वार्ष्णेय, महिला जिला कोषाध्यक्ष वर्षा वार्ष्णेय, जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजेंद्र वार्ष्णेय, नगर अध्यक्ष नरेश अग्रवाल, नगर महामंत्री कृष्णगोपाल, नगर कोषाध्यक्ष पुनीत पोद्दार तथा युवा नगर अध्यक्ष कृष्णा शर्मा ने परियोजना की जानकारी दी। संस्था ने समाज के प्रबुद्ध नागरिकों से इस सामाजिक एवं सेवा कार्य में सहयोग और सहभागिता की अपील की है।

15 हजार का इनामी बदमाश लादेन पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार

Posted on 19/08/2026
Time 12:15 P.M
Santosh Kumar Singh
Gorakhpur

गोरखपुर ( उप्र समाचार सेवा ) । खजनी थाना पुलिस और एंटी थेफ्ट टीम की संयुक्त कार्रवाई में बुधवार को ₹15 हजार के इनामी वांछित अभियुक्त जितेन्द्र पासवान उर्फ लादेन को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। उसके कब्जे से .315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और दोपहिया वाहन बरामद किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, 19 अगस्त को मुखबिर से सूचना मिली थी कि खजनी थाने से वांछित जितेन्द्र पासवान बाघागाड़ा की तरफ से जरलही पुल होते हुए उनवल की ओर आने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने जरलही पुल के पास घेराबंदी कर चेकिंग शुरू की।

इसी दौरान पुलिस को देखकर आरोपी ने मोटरसाइकिल मोड़कर भागने का प्रयास किया, लेकिन वाहन अनियंत्रित होकर गिर गया। पुलिस ने उसे आत्मसमर्पण करने के लिए ललकारा, जिस पर आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी के बाएं पैर में घुटने के नीचे लगी। घायल आरोपी को पुलिस अभिरक्षा में उपचार के लिए पीएचसी बांसगांव भेजा गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर खजनी थाने में मु0अ0सं0 266/2026, धारा 109(1), 317(2) बीएनएस तथा 3/25/27 आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ गोरखपुर के विभिन्न थानों में लूट, चोरी, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी खजनी थाने में दर्ज मु0अ0सं0 363/2025 धारा 308(5) बीएनएस में वांछित था।

पुलिस ने इसके पास से एक अवैध तमंचा .315 बोर, एक जिंदा कारतूस .315 बोर, एक खोखा कारतूस .315 बोर और एक दोपहिया वाहन बरामद किया है।

« Newer Posts — Older Posts »