Web News

www.upwebnews.com

प्रभारी मंत्री ने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को वितरित किए प्रमाण पत्र

August 22, 2026

प्रभारी मंत्री ने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को वितरित किए प्रमाण पत्र

*जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता: प्रभारी मंत्री नरेंद्र कश्यप*
( संजीव गुप्त दारा)
शाहजहाँपुर, 22 अगस्त 2026। उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग तथा जनपद के प्रभारी मंत्री श्री नरेंद्र कश्यप ने शनिवार को विकास भवन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए।

प्रभारी मंत्री ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में शादी अनुदान योजना के 15, ओ लेवल एवं सीसीसी कंप्यूटर प्रशिक्षण योजना वर्ष 2024-25 के 20 तथा राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना के 05 लाभार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार समाज के सभी वर्गों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार का उद्देश्य है कि पात्र कोई भी व्यक्ति जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने के लिए व्यापक स्तर पर कैंप आयोजित किए जाएं, ताकि पात्र लाभार्थी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा संचालित योजनाओं को और अधिक प्रभावी एवं जनोपयोगी बनाने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार की जाएगी, जिससे प्रत्येक नागरिक को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाया जा सके।

कार्यक्रम में बताया गया कि शादी अनुदान योजना के अंतर्गत अब तक 1,062 लाभार्थियों को कुल 212.40 लाख रुपये की धनराशि वितरित की जा चुकी है। वहीं, कंप्यूटर प्रशिक्षण योजना के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2026-27 में ओ लेवल के 422 तथा सीसीसी के 275 लाभार्थियों का प्रशिक्षण प्रारंभ कराया जा चुका है।

इसी प्रकार राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना के अंतर्गत जनपद में कुल 175 लाभार्थियों के पक्ष में 52.40 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। अधिकारियों ने प्रभारी मंत्री को विभिन्न योजनाओं की प्रगति एवं लाभार्थियों को उपलब्ध कराए जा रहे लाभ की जानकारी दी।

इस अवसर पर संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा योजनाओं के लाभार्थी उपस्थित रहे।
___________

मोदी के वाराणसी से योगी के गोरखपुर तक स्कूलों की हालत जर्जर – संजय सिंह

‘अनपढ़ रहेगा इंडिया तभी अंधभक्त बनेगा इंडिया’ भाजपा का असली नारा – संजय सिंह

*स्कूलों में बाहरी लोगों के प्रवेश पर रोक ‘तुगलकी फरमान’, स्कूल अच्छे हैं तो दिखाने में सरकार को शर्म क्यों? – संजय सिंह*

*जनता के टैक्स से बने स्कूलों की बदहाली छिपा रही सरकार, “आप” पूरे प्रदेश में लगाएगी खराब स्कूलों की ‘प्रदर्शनी’ – संजय सिंह*

*लखनऊ, 22 अगस्त 2026*
आम आदमी पार्टी के उत्तर प्रदेश प्रभारी और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने आज लखनऊ में एक महत्वपूर्ण प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए प्रदेश की बदहाल शिक्षा व्यवस्था पर योगी सरकार को घेरा। संजय सिंह ने ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान की शुरुआत करते हुए एक विशेष हेल्पलाइन नंबर 8382928009 जारी किया। उन्होंने उत्तर प्रदेश की जनता से अपील की कि वे अपने क्षेत्र के खराब स्कूलों, जलभराव, टूटी सड़कों और मिड-डे मील में मिल रहे खराब खाने का वीडियो बनाकर इस नंबर पर भेजें। सांसद ने कहा कि राजनीति अब जाति-धर्म के जाल से निकलकर शिक्षा और रोजगार पर आ रही है, जो देश के उज्ज्वल भविष्य का संकेत है।

*’ऑपरेशन कायाकल्प’ के दावों की हकीकत: तबेले में स्कूल और टपकती छतें – संजय सिंह*
संजय सिंह ने प्रेस वार्ता के दौरान उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों के 55 सरकारी स्कूलों के वीडियो साक्ष्य प्रस्तुत किए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ‘ऑपरेशन कायाकल्प’ के जरिए स्कूलों की सूरत बदलने का बड़ा दावा करते हैं, लेकिन हकीकत में स्कूल तबेले में तब्दील हो चुके हैं। वीडियो में दिखाया गया कि कैसे वाराणसी, गोरखपुर, नोएडा, गाजियाबाद, अलीगढ़ और महोबा जैसे जिलों में स्कूलों की छतें टपक रही हैं, टॉयलेट टूटे हैं और बच्चों के पास बैठने के लिए डेस्क-बेंच तक नहीं हैं। उन्होंने सवाल किया कि जहाँ मोदी और योगी के ‘डबल इंजन’ का मिलन होता है, उस नोएडा और गाजियाबाद में भी स्कूलों की ऐसी दुर्दशा क्यों है?

*’अनपढ़ रहेगा इंडिया, तभी तो अंधभक्त बनेगा इंडिया’ भाजपा की सोची-समझी रणनीति – संजय सिंह*
भाजपा पर तीखा हमला करते हुए संजय सिंह ने कहा कि बाबा साहब अंबेडकर ने शिक्षा को शेरनी का दूध कहा था, लेकिन भाजपा चाहती है कि गरीब के बच्चे अनपढ़ रहें ताकि वे अपने अधिकारों के लिए दहाड़ न सकें। उन्होंने नारा दिया— “अनपढ़ रहेगा इंडिया, तभी तो अंधभक्त बनेगा इंडिया।” सांसद ने आरोप लगाया कि योगी जी को पता है कि धर्म के नाम पर नफरत फैलाकर वोट मिल जाएगा, इसलिए वे स्कूलों और सड़कों पर ध्यान देने के बजाय समाज को बांटने की राजनीति कर रहे हैं। शिक्षा विरोधी मानसिकता के कारण ही स्कूलों की मांग करने वाले बच्चों को पुलिस की लाठियां खानी पड़ रही हैं।

*स्कूलों में प्रवेश पर पाबंदी सरकार की चोरी और विफलता का प्रमाण – संजय सिंह*
पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए संजय सिंह ने जिला प्रशासन द्वारा स्कूलों में बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश पर रोक लगाने के आदेश को ‘तुगलकी फरमान’ करार दिया। उन्होंने कहा, “अगर योगी जी के स्कूल इतने ही शानदार हैं, तो उन्हें जनता को दिखाने में शर्म क्यों आ रही है? सरकार को तो सीना ठोक कर स्कूल दिखाने चाहिए।” उन्होंने स्पष्ट किया कि ये स्कूल जनता के टैक्स के पैसे से बने हैं, किसी नेता की निजी संपत्ति नहीं हैं। स्कूलों की हकीकत छिपाने की कोशिश यह साबित करती है कि ‘ऑपरेशन कायाकल्प’ के नाम पर भारी भ्रष्टाचार हुआ है।

*पूरे प्रदेश में लगेगी बदहाल स्कूलों की प्रदर्शनी, जारी रहेगा खुलासा – संजय सिंह*
सांसद ने घोषणा की कि आम आदमी पार्टी इस अभियान को रुकने नहीं देगी। आज चार प्रांतों के वीडियो दिखाए गए हैं, कल बाकी चार प्रांतों के वीडियो सार्वजनिक किए जाएंगे। इसके बाद पार्टी पूरे उत्तर प्रदेश में इन खराब स्कूलों की ‘प्रदर्शनी’ लगाएगी ताकि जनता भाजपा के दावों और हकीकत के अंतर को देख सके। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार जनता को बुनियादी सुविधाएं देने में पूरी तरह विफल रही है।

*जनता के लिए अपील:* संजय सिंह ने पुनः दोहराया कि यदि आपके इलाके के स्कूल की दशा खराब है, वहां बिजली-पानी या शौचालय का इंतजाम नहीं है, तो तुरंत इस नंबर 8382928009 पर व्हाट्सएप करें या फोन कर जानकारी दें। आम आदमी पार्टी आपकी आवाज बनकर सरकार से जवाब मांगेगी।

लखीमपुर खीरी में जंगली जानवर का आतंक, घास काटने गए व्यक्ति पर हमला, हालत गंभीर

(एपी सिंह उप्र समाचार सेवा)
लखीमपुर खीरी:पसगवां थाना क्षेत्र की बरवर चौकी के अंतर्गत आने वाले ग्राम ककराही में जंगली जानवर के हमले से एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया है।मिली जानकारी के अनुसार, ककराही निवासी शिवकरन अपने पुत्र केपी कुमार के साथ राजेश वर्मा के खेत में घास काटने गए थे। औरंगाबाद खीरी मार्ग पर स्थित गलरई भट्ठे के पास अचानक एक अज्ञात जंगली जानवर ने केपी कुमार पर जानलेवा हमला कर दिया। पिता शिवकरन के शोर मचाने पर जानवर वहां से भागा, लेकिन तब तक के पी कुमार बुरी तरह लहूलुहान हो चुका था।घटना की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस और एंबुलेंस को दी गई। घायल केपी कुमार को गंभीर हालत में एंबुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहम्मदी भेजा गया है, जहाँ डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज चल रहा है। इस घटना के बाद से ककराही और आसपास के ग्रामीण इलाकों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और जंगली जानवर को पकड़ने की मांग की है।घटना लखीमपुर खीरी के पसगवां थाना क्षेत्र की हैं। यहाँ के ग्राम ककराही के रहने वाले शिवकरन अपने पुत्र केपी कुमार के साथ राजेश वर्मा के खेत में घास काटने गए थे। तभी गलरई भट्ठे के पास घात लगाकर बैठे जंगली जानवर ने केपी कुमार को अपना शिकार बना लिया।पिता शिवकरन के चिल्लाने पर पास लोगों ने शोर मचाया, जिसके बाद जानवर जंगल की तरफ भाग निकला। आनन-फानन में घायल को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहम्मदी पहुँचाया गया है, जहाँ उसकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल शाहजहांपुर रेफर कर दिया । इस घटना से पूरे इलाके में वन विभाग के खिलाफ भारी नाराजगी और डर का माहौल है।घटना पर पहुंचे रेंजर निर्भय प्रताप शाही,डी एफ ओ साउथ तापस मिहिर मौके पर पहुँच कर घटना की जानकारी ली और ग्रामीणों से सावधानी बरतने अकेले खेत जाने पर मना किया है और निगनारी के लिए कैमरे लगाए गए है। इस संबंध में जब डीएफओ से उनका पक्ष जानने की कोशिश की गई तो उन्होंने कोई भी पक्ष देने से मना कर दिया।

यातायात तिराहे से डॉ. राजेंद्र प्रसाद की प्रतिमा हटने पर सियासत गरम, नगर निगम ने दी सफाई

Posted on 22/08/2026
Time 11:45 A.M
Santosh Kumar Singh
Gorakhpur

सौंदर्यीकरण कार्य के चलते प्रतिमा अस्थायी रूप से हटाई गई, नगर निगम परिसर में सुरक्षित रखी गई

गोरखपुर ( उप्र समाचार सेवा ) । शहर के यातायात तिराहे पर स्थापित देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद की प्रतिमा को सौंदर्यीकरण और जीर्णोद्धार कार्य के चलते अस्थायी रूप से हटाए जाने के बाद राजनीतिक और सामाजिक संगठनों में नाराजगी देखने को मिल रही है। प्रतिमा हटाए जाने की जानकारी सामने आते ही शहर में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। हालांकि नगर निगम ने मामले में सफाई देते हुए कहा है कि प्रतिमा को स्थायी रूप से नहीं हटाया गया है, बल्कि सौंदर्यीकरण कार्य को सुचारु रूप से पूरा कराने के लिए नगर निगम परिसर में सुरक्षित रखा गया है।

नगर निगम की ओर से यातायात तिराहे का सौंदर्यीकरण कराया जा रहा है। इसी क्रम में वहां स्थापित डॉ. राजेंद्र प्रसाद की प्रतिमा को फिलहाल हटाकर सुरक्षित स्थान पर रखा गया है। अधिकारियों के अनुसार निर्माण और सौंदर्यीकरण कार्य पूरा होने के बाद प्रतिमा की स्थापना को लेकर नियमानुसार निर्णय लिया जाएगा।

प्रतिमा हटाए जाने की जानकारी के बाद कुछ राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों ने विरोध जताया है। चित्रगुप्त सभा के संयुक्त मंत्री विजय श्रीवास्तव ने मांग की है कि देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद की प्रतिमा को उसी स्थान पर दोबारा स्थापित किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रतिमा को पुनः स्थापित नहीं किया गया तो संगठन आंदोलन करने को मजबूर होगा।

वहीं नगर आयुक्त अजय जैन ने स्पष्ट किया कि यातायात तिराहे पर सौंदर्यीकरण एवं जीर्णोद्धार का कार्य चल रहा है। कार्य के दौरान प्रतिमा को किसी भी प्रकार के नुकसान से बचाने के लिए नगर निगम परिसर में सुरक्षित रखा गया है। उन्होंने कहा कि प्रतिमा को न तो कहीं फेंका गया है और न ही क्षतिग्रस्त किया गया है।

नगर निगम का कहना है कि शहर के प्रमुख चौराहों और तिराहों को बेहतर और आकर्षक स्वरूप देने के लिए लगातार सौंदर्यीकरण कार्य कराए जा रहे हैं। यातायात तिराहा भी इसी योजना का हिस्सा है। ऐसे में निर्माण कार्य के दौरान प्रतिमा को अस्थायी रूप से सुरक्षित स्थान पर रखना प्रशासनिक प्रक्रिया का हिस्सा है।

अब लोगों और संगठनों की नजर इस बात पर टिकी है कि सौंदर्यीकरण कार्य पूरा होने के बाद डॉ. राजेंद्र प्रसाद की प्रतिमा को लेकर नगर निगम क्या निर्णय लेता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रतिमा शहर की ऐतिहासिक और राष्ट्रीय भावना से जुड़ी है, इसलिए इसे सम्मानजनक तरीके से पुनः स्थापित किया जाना चाहिए।

गोरखपुर जिला जेल में बंद विचाराधीन बंदी की इलाज के दौरान मौत

Posted on 22/08/2026
Time 12:00 P.M
Santosh Kumar Singh
Gorakhpur

दौरे पड़ने के बाद जिला अस्पताल में कराया गया था भर्ती, मजिस्ट्रेटीय प्रक्रिया के तहत पोस्टमार्टम की तैयारी

गोरखपुर ( उप्र समाचार सेवा ) । जिला कारागार गोरखपुर में निरुद्ध करीब 30 वर्षीय विचाराधीन बंदी समीर शेख की जिला चिकित्सालय में इलाज के दौरान मौत हो गई। जेल प्रशासन की ओर से इस संबंध में जिला मजिस्ट्रेट को सूचना भेजी गई है।

जेल प्रशासन के अनुसार, समीर शेख पुत्र तहसील, निवासी जसवल बाजार, थाना पीपीगंज, को 19 अगस्त 2026 को घरेलू हिंसा अधिनियम से जुड़े एक मामले में न्यायालय के आदेश पर जिला कारागार में दाखिल किया गया था।

बताया गया कि बंदी पहले से लीवर और किडनी संबंधी बीमारी से पीड़ित था। 21 अगस्त की शाम उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और उसे दौरे पड़ने लगे। जेल में प्राथमिक उपचार देने के बाद हालत में अपेक्षित सुधार नहीं होने पर उसे तत्काल जिला चिकित्सालय गोरखपुर भेजा गया।

जिला अस्पताल के आकस्मिक विभाग में चिकित्सकों ने उसका परीक्षण कर उपचार के लिए भर्ती किया। जेल प्रशासन के पत्र के मुताबिक, रात करीब 8:30 बजे चिकित्सक ने बंदी को मृत घोषित कर दिया।

घटना की जानकारी बंदी के परिजनों को भी दे दी गई है। जेल प्रशासन ने शव का नियमानुसार पंचनामा और पोस्टमार्टम कराए जाने के लिए सक्षम मजिस्ट्रेट को नामित करने का अनुरोध किया है। मामले में आगे की कार्रवाई नियमानुसार की जा रही है।

« Newer PostsOlder Posts »