Web News

www.upwebnews.com

एटा में युवाओं ने जान जोखिम में डालकर नाले में डूब रहे गोवंश को बचाया

March 7, 2026

एटा में युवाओं ने जान जोखिम में डालकर नाले में डूब रहे गोवंश को बचाया

एटा 06 मार्च उप्रससे। कोतवाली नगर क्षेत्र स्थित कैलाश मंदिर के पीछे रेवाड़ी मोहल्ला में एक गोवंश नाले में गिर गया। स्थानीय युवाओं ने अपनी जान जोखिम में डालकर करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित बाहर निकाला।

शुक्रवार को गोवंश को नाले में डूबता देख स्थानीय निवासी सचिन कश्यप ने अपने दोस्तों गब्बर बघेल, प्रदीप राजपूत, मनोज पाराशर, चंदन सक्सेना, दिनेश राजपूत और सतीश राजपूत को मौके पर बुलाया। सभी ने मिलकर कड़ी मशक्कत से गोवंश को नाले से बाहर निकाला।

सचिन कश्यप ने बताया कि वे सभी दोस्त वहां से गुजर रहे थे, तभी गोवंश नाले में डूबता हुआ दिखाई दिया। उन्होंने तुरंत नगर पालिका को फोन किया, लेकिन जेसीबी नहीं पहुंची। गोवंश की जान खतरे में थी, इसलिए उन्होंने बिना देरी किए अपने दोस्तों की मदद से उसे सुरक्षित बाहर निकालने का फैसला किया। सचिन और उनके दोस्तों द्वारा किए गए इस सराहनीय कार्य की स्थानीय लोगों ने जमकर प्रशंसा की है।

जान से मारने की नीयत से हमला करने के मामले में चार आरोपी गिरफ्तार

Santosh Kumar Singh
Gorakhpur
06/03/2026

*एक बाल अपचारी भी पुलिस अभिरक्षा में, मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई*

गोरखपुर। गुलरिहा थाना क्षेत्र में जान से मारने की नीयत से मारपीट करने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लेकर किशोर न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया की जा रही है।
पुलिस के अनुसार इस मामले में थाना गुलरिहा पर मुकदमा संख्या 178/2026 के तहत धारा 191(2), 115(2), 109 और 117(2) बीएनएस में केस दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में दर्शन चौहान पुत्र झगड़ू चौहान व गौतम चौहान पुत्र पाँचू चौहान निवासी ददरखांवा थाना चिलुआताल, तथा करन चौहान पुत्र दीपक चौहान और साहिर उर्फ छोटू पुत्र हीरा चौहान निवासी जंगल महुअवां उर्फ मोहम्मदपुर, बीरबहादुरपुर सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज क्षेत्र थाना चिलुआताल शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक घटना 4 मार्च 2026 की है, जब आरोपियों ने एक राय होकर वादी के भाई और उसके दोस्त पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोप है कि सभी ने मिलकर दोनों को गंभीर रूप से मारपीट कर घायल कर दिया। घटना के बाद पीड़ित पक्ष की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर गुलरिहा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई।
जांच के दौरान पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि घटना में शामिल एक नाबालिग को पुलिस अभिरक्षा में लेकर विधिक प्रक्रिया के तहत किशोर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में से गौतम चौहान के खिलाफ पूर्व में भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें मारपीट, तोड़फोड़ और गंभीर हमले से जुड़े मामले शामिल हैं।
पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है और अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है।

मंदिर के पास मामूली विवाद में युवक की पीट-पीटकर हत्या, छह आरोपी गिरफ्तार

Santosh Kumar Singh
Gorakhpur
06/03/2026

धूल उड़ाने से मना करने पर हुआ विवाद, लाठी-डंडों से हमले में हुई मौत

गोरखपुर। चिलुआताल थाना क्षेत्र के ग्राम करहिया में मामूली कहासुनी ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया और लाठी-डंडों से किए गए हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो डंडे और दो मोटरसाइकिल भी बरामद की हैं।
पुलिस के अनुसार 4 मार्च 2026 को वादी अपने मामा और अन्य परिचितों के साथ गांव के पास नदी किनारे स्थित शिव मंदिर पर बैठा हुआ था। उसी दौरान गांव के कुछ युवक मोटरसाइकिल को तेज गति से गोल-गोल घुमाते हुए धूल उड़ाने लगे। वहां बैठे लोगों ने जब उन्हें ऐसा करने से मना किया तो दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई।
बताया जा रहा है कि विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में वादी के मामा को गंभीर चोटें आईं और वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़े। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों की मदद से घायल को तत्काल इलाज के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तहरीर के आधार पर थाना चिलुआताल में मुकदमा संख्या 138/26 के तहत धारा 103(1), 191(2), 190, 115(2), 352 बीएनएस में केस दर्ज किया और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।
पुलिस की कार्रवाई के दौरान संदीप निषाद, शेषनाथ निषाद, गौतम निषाद, रमेश निषाद, विक्की राजभर और राजन निषाद निवासी ग्राम करहिया थाना चिलुआताल को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त दो डंडे और दो मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गईं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है और उन्हें न्यायालय में पेश करने की तैयारी की जा रही है। वहीं घटना के बाद गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की निगरानी भी बढ़ा दी गई है।

विश्व महिला दिवस पर ब्रह्माकुमारीज का आयोजन, राजयोगिनी बीके तृप्ति दीदी करेंगी संबोधित

Santosh Kumar Singh
Gorakhpur
06/03/2026

*महिला सशक्तिकरण और आध्यात्मिक जागरण का संदेश देगा विशेष कार्यक्रम*

गोरखपुर। विश्व महिला दिवस के पावन अवसर पर प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय द्वारा शहर में एक भव्य एवं प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस विशेष आयोजन का उद्देश्य महिलाओं में आत्मविश्वास, आध्यात्मिक जागरूकता और सकारात्मक जीवन दृष्टि का संचार करना है, जिससे वे परिवार, समाज और राष्ट्र के निर्माण में और अधिक सशक्त भूमिका निभा सकें।
कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारीज परिवार की वरिष्ठ राजयोगिनी और गुजरात के सूरत सेंटर से पधार रही ओजस्वी वक्ता बीके तृप्ति दीदी अपने प्रेरक उद्बोधन के माध्यम से उपस्थित जनसमूह को “नई सोच, नया जीवन और नई शुरुआत” का संदेश देंगी। उनके आध्यात्मिक विचार और अनुभव जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने की दिशा में लोगों को प्रेरित करेंगे।
इस अवसर पर महिला सशक्तिकरण विषय पर विशेष व्याख्यान, प्रेरणादायी संदेश, सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ तथा होली मिलन के आध्यात्मिक रंगों से सुसज्जित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आयोजकों का मानना है कि यह कार्यक्रम केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि समाज को सुख, शांति और आनंद की दिशा में प्रेरित करने का एक सशक्त माध्यम है।
मायाबाजार सेंटर की प्रभारी बीके डॉ. समृद्धि ने बताया कि जब नारी आत्मविश्वास, संस्कार और आध्यात्मिक शक्ति से सशक्त होती है, तभी परिवार, समाज और राष्ट्र भी सशक्त बनता है। इसी उद्देश्य से यह कार्यक्रम लोगों को आत्मचिंतन, सकारात्मक सोच और जीवन में नई शुरुआत के लिए प्रेरित करेगा।
उन्होंने जानकारी दी कि यह कार्यक्रम 8 मार्च, रविवार को अपरान्ह 4 बजे से 6 बजे तक बैंक रोड स्थित स्वयंवर मैरिज हॉल में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में शहर के गणमान्य नागरिकों, महिलाओं, युवतियों तथा विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों की उपस्थिति अपेक्षित है।
इसके अतिरिक्त अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस और होली मिलन समारोह के क्रम में पुलिस लाइन कैंपस, बिछिया स्थित पीएसी प्रांगण तथा शहर के कुछ टेक्निकल कॉलेज परिसरों में भी गुजरात से पधारी राजयोगिनी बीके तृप्ति दीदी द्वारा आध्यात्मिक प्रवचन और राजयोग के माध्यम से जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के संदेश दिए जाएंगे।
आयोजकों ने शहरवासियों से सादर अनुरोध किया है कि वे इस प्रेरणादायी कार्यक्रम में शामिल होकर आध्यात्मिकता, प्रेम और सद्भाव की होली के पावन रंगों में स्वयं को रंगें और कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाएं।

स्थानीय लोक संस्कृतियां हमारी सामूहिकता, संस्कृति और एकता का प्रतीक-आयुक्त

फिरोजाबाद। जनपद की समृद्धि सांस्कृतिक पहचान को अक्षुण्य बनाए रखने और इसे अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से आयुक्त आगरा मंडल आगरा नगेंद्र प्रताप ने शुक्रवार को विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का फीता काटकर उद्घाटन किया।
आयुक्त नगेन्द्र प्रताप ने सिरसागंज में आयोजित होने वाले ऐतिहासिक रामलीला एवं मेला तीज मेले का फीता काटकर विधिवत् उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोक संस्कृतियां हमारी सामुहिकता, संस्कृति और एकता का प्रतीक है, इनका संरक्षण और संवर्धन जरूरी है।
इसके पश्चात् आयुक्त ने जिलाधिकारी रमेश रंजन और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के साथ सामौर बाबा धाम में आयोजित विशाल महोत्सव का उद्घाटन किया। यहां की भव्यता और दिव्यता की उन्होंने मुक्त कंठ से प्रशंसा की।आयुक्त ने सामौर बाबा मंदिर के गर्भगृह में जाकर विधि-विधान से पूजा अर्चना की, साथ ही साथ महोत्सव परिसर में लगाए गए विभिन्न सांस्कृतिक एवं विकास स्टॉलों का अवलोकन भी किया।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने कहा कि ऐसे आयोजन हमारे परंपराओं को जीवित रखते हैं, साथ ही साथ हमारी संस्कृति की विशालता, समरसता और गौरवशाली परंपरा को भी पुनर्जीवित करते हैं। इस अवसर पर आयुक्त ने जिलाधिकारी के साथ सामौर बाबा परिसर में पीपल का पौधारोपित भी किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी रमेश रंजन और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित, जिलाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह, मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य के साथ उपजिलाधिकारी आदि मौजूद रहे।

« Newer PostsOlder Posts »