गोवर्धन पुलिस ने 2500 रुपये के जाली नोट किए बरामद, गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी
गोवर्धन/मथुरा। अधिकमास मेले की भीड़ में नकली नोट खपाने की फिराक में आए एक शातिर युवक को गोवर्धन पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से 500 रुपये के पांच जाली नोट सहित कुल 2,500 रुपये की नकली मुद्रा तथा 5,610 रुपये की असली नकदी बरामद की है। मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया गया है, जबकि गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
जानकारी के अनुसार थाना गोवर्धन पुलिस शांति व्यवस्था एवं संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर बिछुआ कुंड के पास नए टिर्री परिक्रमा मार्ग से सौरभ पुत्र चंद्रपाल सिंह निवासी नगला हीरा, थाना इगलास, जनपद अलीगढ़ को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने योगेश नामक व्यक्ति से 2,500 रुपये की असली रकम देकर 5,000 रुपये के नकली नोट प्राप्त किए थे। योगेश नकली नोटों का कारोबार करता है और उसने ये नोट अजीत नामक व्यक्ति से लिए थे। आरोपी के अनुसार अजीत को उसका साला मुकेश नकली नोटों की गड्डियां उपलब्ध कराता था। सौरभ ने यह भी स्वीकार किया कि वह पूर्व में अजीत के साथ मुकेश के पास नकली नोट लेने जा चुका है।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पहले ही 500 रुपये के पांच नकली नोट ठेला संचालकों और दुकानदारों को चलाकर खपा चुका है। अधिकमास मेले में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ का लाभ उठाकर वह शेष नकली नोट भी बाजार में चलाने की योजना बना रहा था, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उसे दबोच लिया।
थाना गोवर्धन में आरोपी के विरुद्ध मुकदमा संख्या 302/2026 के तहत संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस ने मामले में सामने आए अन्य आरोपियों योगेश, अजीत और मुकेश की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी हैं।
एसपी देहात सुरेश चंद रावत ने बताया कि अधिकमास मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ असामाजिक तत्वों पर भी विशेष नजर रखी जा रही है। नकली नोटों के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर जल्द ही उनके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
