Web News

www.upwebnews.com

कथा रंग”: पेट्रोनेट एलएनजी की सीएसआर पहल से लखनऊ में सजेगी शास्त्रीय संगीत, कत्थक व चित्रकला की महफिल

August 1, 2026

कथा रंग”: पेट्रोनेट एलएनजी की सीएसआर पहल से लखनऊ में सजेगी शास्त्रीय संगीत, कत्थक व चित्रकला की महफिल

  • 1 से 6 अगस्त तक निःशुल्क कार्यशाला, 7 अगस्त को भातखंडे विश्वविद्यालय में होगा भव्य समापन
  • प्रेस क्लब लखनऊ में पत्रकार वार्ता कर अकादमी अध्यक्षा अनीता कुलकर्णी ने दी जानकारी

लखनऊ, 1 अगस्त 2026, देश की अग्रणी ऊर्जा कंपनी पेट्रोनेट एलएनजी लिमिटेड सीएसआर पहल के अंतर्गत साईं शिंजिनी अकादमी ऑफ फाइन आर्ट्स एंड कल्चर द्वारा लखनऊ में “कथा रंग” नामक शास्त्रीय संगीत, कत्थक नृत्य एवं चित्रकला की एक निःशुल्क कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन की औपचारिक घोषणा आज प्रेस क्लब, लखनऊ में आयोजित पत्रकार वार्ता में की गई, जिसे अकादमी की अध्यक्षा अनीता कुलकर्णी ने संबोधित किया।

पत्रकार वार्ता में अनीता कुलकर्णी ने कहा कि “कथा रंग” जैसी पहलों का उद्देश्य वंचित एवं नवोदित प्रतिभाओं को भारतीय कला और संस्कृति की समृद्ध विरासत से जोड़ना है। उन्होंने बताया कि अकादमी विगत नौ वर्षों में देश-विदेश के 900 से अधिक छात्रों को प्रशिक्षित कर चुकी है और पेट्रोनेट एलएनजी लिमिटेड के सहयोग से लखनऊ के वंचित युवाओं तक यह अवसर पहुंचाना अकादमी के लिए गर्व की बात है।

कार्यशाला 1 अगस्त से 6 अगस्त 2026 तक प्रतिदिन प्रातः 10:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक राजकीय जुबली इंटर कॉलेज, सिटी स्टेशन, सुभाष मार्ग, लखनऊ में आयोजित होगी। 7 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के प्रतिभागी इसमें पूर्णतः निःशुल्क भाग ले सकते हैं। कार्यशाला का समापन 7 अगस्त 2026 को कला मंडपम सभागार, भातखंडे विश्वविद्यालय, कैसर बाग, लखनऊ में होगा।

*विशिष्ट मेंटर्स सिखाएंगे बारीकियां*

कार्यशाला में देश के तीन विशिष्ट कलाकार छात्रों को प्रशिक्षित करेंगे। पद्म विभूषण पं. बिरजू महाराज की नातिन एवं शिष्या शिंजिनी कुलकर्णी अब तक 900 से अधिक छात्रों को कथक की शिक्षा दे चुकी हैं और फिल्मों में कथक नृत्य दृश्यों का निर्देशन भी कर चुकी हैं। भारत के प्रमुख कला महाविद्यालय से फाइन आर्ट्स में स्नातकोत्तर संजीब गोगोई को चित्रकला शिक्षण का 25 वर्षों से अधिक अनुभव है और उनकी यथार्थवादी पेंटिंग्स को विश्वभर में सराहना मिल चुकी है। वहीं अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त संगीतकार इकबाल हुसैन शास्त्रीय संगीत में 15 वर्षों से अधिक का अनुभव रखते हैं और देश-विदेश के मंचों पर प्रस्तुति दे चुके हैं।

कार्यशाला में भाग लेने वाले छात्रों को देश के शीर्ष मेंटर्स से सीधे सीखने, छठे दिन भव्य समापन में शामिल होने और अंतरराष्ट्रीय कलाकारों के साथ मंच साझा करने का अवसर मिलेगा। शास्त्रीय संगीत के दिग्गज कलाकारों द्वारा प्रमाण-पत्र वितरित किए जाएंगे, चित्रकला प्रतियोगिता के विजेताओं को आकर्षक नकद पुरस्कार दिए जाएंगे। आयोजकों का लक्ष्य नृत्य एवं चित्रकला दोनों ही क्षेत्रों में प्रत्येक में 100 छात्रों की नींव तैयार करना है, जिसके लिए प्रशिक्षक-प्रतिभागी पद्धति अपनाई गई है।

*पेट्रोनेट एलएनजी लिमिटेड के बारे में*

पेट्रोनेट एलएनजी लिमिटेड भारतीय ऊर्जा क्षेत्र की तेजी से बढ़ती वैश्विक स्तर की सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी है, जिसने गुजरात के दहेज तथा कोच्चि में देश के पहले दो एलएनजी पुनर्गैसीकरण टर्मिनल स्थापित किए हैं। कंपनी देश के लगभग 75 प्रतिशत एलएनजी आयात का संचालन करती है, जो कुल प्राकृतिक गैस आपूर्ति का लगभग 33 प्रतिशत हिस्सा है। एक जिम्मेदार कॉर्पोरेट नागरिक के रूप में पेट्रोनेट स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा, पर्यावरण, कला-संस्कृति संरक्षण, महिला सशक्तिकरण एवं ग्रामीण विकास सहित विभिन्न क्षेत्रों में सीएसआर पहलों के माध्यम से समुदायों का उत्थान करती है।

*साईं शिंजिनी अकादमी के बारे में*

साईं शिंजिनी अकादमी ऑफ फाइन आर्ट्स एंड कल्चर की स्थापना मई 2013 में हुई थी और यह चित्रकला, मूर्तिकला, फोटोग्राफी, संगीत, नृत्य, थिएटर एवं योग जैसे क्षेत्रों को बढ़ावा देती है। अकादमी एनजीओ साईं विद्या निकेतन के सहयोग से 100 से अधिक वंचित छात्रों को निःशुल्क प्रशिक्षण भी दे रही है। अकादमी की अध्यक्षा अनीता कुलकर्णी पद्म विभूषण पं. बिरजू महाराज की पुत्री तथा भारतीय समकालीन कला जगत की प्रतिष्ठित मूर्तिकार एवं चित्रकार हैं, जो 1988 से शिक्षा जगत से जुड़ी हैं।

July 31, 2026

गुरु पूर्णिमा पर प्रभु प्रिय धाम में आध्यात्मिक संगम, नशा मुक्त भारत अभियान का लिया संकल्प

बलदेव। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय, बलदेव स्थित “प्रभु प्रिय धाम” में आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर राजयोग, ईश्वरीय ज्ञान और दिव्य संस्कारों का संदेश ग्रहण किया।
बलदेव केंद्र प्रभारी राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी सीमा दीदी ने कहा कि सभी मनुष्य आत्माओं के गुरु सतगुरु परमपिता परमात्मा शिव हैं, जो मनुष्य को अज्ञान और विकारों से निकालकर सत्य, शांति और पवित्रता के मार्ग पर ले जाते हैं। उन्होंने कहा कि गुरु वह है जो जीवन में सत्य का प्रकाश फैलाए और आत्मिक उन्नति का मार्ग प्रशस्त करे। उन्होंने माता, पिता, शिक्षक और जीवन में प्रेरणा देने वाले प्रत्येक व्यक्ति को गुरु का स्वरूप बताते हुए कहा कि निराकार परमात्मा ही सच्चे सतगुरु हैं, जो राजयोग के माध्यम से आत्मा को परमात्मा से जोड़ते हैं।
ब्रह्माकुमारी रेनू दीदी ने गुरु पूर्णिमा के अवसर पर सभी से गुरु दक्षिणा के रूप में एक बुराई छोड़ने और एक श्रेष्ठ गुण अपनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि परमात्मा का संदेश आत्म-परिवर्तन के माध्यम से समाज परिवर्तन का मार्ग प्रशस्त करता है।
कार्यक्रम के दौरान 6 से 20 अगस्त तक चलने वाले “नशा मुक्त भारत” अभियान की जानकारी देते हुए सभी उपस्थित लोगों ने नशा न करने और दूसरों को भी नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया। अभियान के तहत प्रत्येक व्यक्ति कम से कम 50 लोगों को नशा छोड़ने के लिए प्रेरित करेगा।
समापन पर परमपिता शिव का स्मरण करते हुए सभी ने विश्व शांति एवं सुख-समृद्धि की प्रार्थना की। इसके बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
इस अवसर पर बीके मोहन, कृपाल सिंह, जगदीश, ओमवीर, तेजवीर, श्याम सिंह, यश, रमेश, हरिखयाल, गुड्डी, कृष्ण, मीरा, बंटी, सावित्री, रजनी, कमलेश, कुसुम, रेखा, चंद्रवती, ओमवती, राजवती सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।

प्रांतीय आह्वान पर माध्यमिक शिक्षकों का प्रदर्शन, मुख्यमंत्री के नाम 14 सूत्रीय मांगपत्र भेजा

मथुरा। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ (पाण्डेय गुट) के प्रांतीय आह्वान पर शुक्रवार को जनपद के अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों के सैकड़ों शिक्षकों ने जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) कार्यालय पर प्रदर्शन किया। इसके बाद मुख्यमंत्री के नाम संबोधित 14 सूत्रीय मांगपत्र माध्यमिक वित्त एवं लेखा अधिकारी शैलेंद्र सिंह के माध्यम से प्रेषित किया गया।
प्रदेशीय उपाध्यक्ष डॉ. सुरेंद्र शर्मा, जिला अध्यक्ष मनोज शर्मा, जिला मंत्री शिवम शर्मा तथा कोषाध्यक्ष नम्रता निरंजन के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन में शिक्षकों ने कहा कि लंबे समय से लंबित समस्याओं के समाधान न होने से शिक्षकों में असंतोष व्याप्त है। उन्होंने सरकार से शिक्षकों के हितों की रक्षा करते हुए शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की।
ज्ञापन में पुरानी पेंशन योजना की बहाली, शिक्षा सेवा अधिनियम-2023 में सेवा सुरक्षा संबंधी प्रावधानों की पुनर्स्थापना, तदर्थ शिक्षकों का नियमितीकरण, एनपीएस की विसंगतियों का समाधान, राज्य कर्मचारियों की भांति त्रिस्तरीय प्रोन्नति, व्यावसायिक एवं कंप्यूटर शिक्षकों को पूर्ण शिक्षक का दर्जा, राजकीय शिक्षकों की सेवानिवृत्ति आयु 62 वर्ष किए जाने, 50 प्रतिशत महंगाई भत्ते को मूल वेतन में समायोजित कर वेतन निर्धारण, रिक्त प्रधानाचार्य पदों पर शीघ्र नियुक्ति, कैशलेस चिकित्सा योजना का दायरा बढ़ाकर सेवानिवृत्त, मदरसा, आईसीएसई एवं सीबीएसई शिक्षकों को शामिल करने, संस्कृत विद्यालयों में रिक्त पदों की पूर्ति तथा वर्ष 2014 के बाद नियुक्त शिक्षकों को सामूहिक बीमा एवं सामाजिक सुरक्षा का लाभ देने सहित कुल 14 मांगें शामिल हैं।
प्रदर्शन के उपरांत माध्यमिक वित्त एवं लेखा अधिकारी शैलेंद्र सिंह को ज्ञापन सौंपा गया। इसकी प्रतिलिपि माध्यमिक शिक्षा मंत्री, अपर मुख्य सचिव (माध्यमिक शिक्षा) तथा शिक्षा निदेशक (माध्यमिक) को भी भेजी गई।
इस दौरान प्रधानाचार्य जितेंद्र कुमार मिश्रा, उमेश चंद, बृजेश कुमार, जुगल कुमार, पारुल शर्मा, शिव कुमार निगम, संजय वर्मा, विनोद कुमार शुक्ला, डॉ. राकेश कुमार राही, विश्वजय सिंह, दिमान सिंह, संग्राम सिंह, श्रीनिवास शर्मा, पारस, सत्य प्रकाश सारस्वत, चतुर शिरोमणि शर्मा, ललित शर्मा, प्रशांत शर्मा, करण बाबू, रवि कुमार, गोपाल सिंह, संजीव सिंह, सुशील भारद्वाज, प्रियंका शर्मा, शालिनी शर्मा, रेखा, सीमा मिश्रा, गीता यादव, दीपक शर्मा, शिवानी, ऊष्मा शर्मा, अरुण झा, अंजलि वर्मा, प्रीति पांडे, विपिन, विष्णु कानोरिया, विजय शर्मा, पंकज कुमार सहित बड़ी संख्या में शिक्षक एवं शिक्षिकाएं मौजूद रहे।

दो इंटरसेप्टर बाइकों को पुलिस अधीक्षक द्वारा हरी झंडी दिखाकर यातायात व्यवस्था हेतु किया गया रवाना

उप्रससे अजय बरया

ललितपुर- पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार बाजपेई द्वारा यातायात निदेशालय से प्राप्त 02 इंटरसेप्टर बाइकों को हरी झंडी दिखाकर यातायात व्यवस्था हेतु रवाना किया गया।

उक्त इंटरसेप्टर बाइकों के माध्यम से जनपद में ओवरस्पीडिंग करने वाले वाहनों पर प्रभावी निगरानी एवं नियंत्रण स्थापित किया जाएगा, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने तथा यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित एवं सुचारु बनाए रखने में सहायता मिलेगी।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक, ललितपुर द्वारा प्रभारी यातायात को इंटरसेप्टर बाइकों का पूर्ण मनोयोग, सतर्कता एवं प्रभावी ढंग से उपयोग सुनिश्चित करने तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई किए जाने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बलिया BSA ने सहायक अध्यापक को किया बर्खास्त, दिए वेतन रिकवरी और मुकदमा का आदेश

बलिया – बलिया के बांसडीह में कूटरचित दस्तावेज के सहारे बेसिक शिक्षा विभाग में नौकरी हथियाने वाले सहायक अध्यापक जितेन्द्र राम को बीएसए मनीष कुमार सिंह ने बर्खास्त कर दिया है। यही नहीं, बीएसए ने खंड शिक्षा अधिकारी, बांसडीह को निर्देश दिया है कि बर्खास्त अध्यापक से विद्यालय का शासकीय अभिलेख एवं कार्यभार तत्काल अपने कब्जे में लेने के साथ ही संबंधित थाने में एफआईआर दर्ज कराने करावें। बीएसए ने वित्त एवं लेखाधिकारी (बेसिक शिक्षा) को तत्काल प्रभाव से वेतन भुगतान रोकने तथा यदि अतिरिक्त वेतन का भुगतान हुआ हो तो उसकी वसूली करने के निर्देश दिए हैं। बीएसए की इस कार्रवाई से विभागीय गलियारे में हड़कम्प मच गया है। मामला शिक्षा क्षेत्र बांसडीह के प्राथमिक विद्यालय रामपुर नौबरार से जुड़ा है।
बीएसए द्वारा जारी आदेश के अनुसार त्रिभुवन नारायण सिंह पुत्र स्व. कन्हैया सिंह (निवासी-रत्तोपुर, पोस्ट-चिलकहर, थाना व तहसील-रसड़ा, बलिया) ने जनसुवाई के दौरान जिलाधिकारी बलिया के समक्ष शिकायती पत्र प्रस्तुत किया था कि जितेन्द्र राम पुत्र भरत राम (नवासी : रत्तोपुर, पोस्ट-चिलकहर, तहसील-रसड़ा, बलिया) ने दस्तावेज में कूटरचना करके खरवार (अनुसूचित जन जाति) का फर्जी जाति प्रमाण-पत्र बनवाकर शिक्षक की नौकरी पाई है, जो प्राथमिक विद्यालय रामपुर नौबरार, ब्लाक बांसडीह, बलिया में सहायक अध्यापक के पद पर कार्यरत है। जबकि वास्तव में जितेन्द्र राम कमकर जाति का व्यक्ति है।
शिकायत के क्रम में बीएसए ने जितेन्द्र कुमार सहायक अध्यापक के जाति प्रमाण-पत्र संख्या-63310500725 का सत्यापन तहसीलदार मजिस्ट्रेट, तहसील रसड़ा, बलिया को सत्यापन प्रेषित किया गया। कार्यालय तहसीलदार रसड़ा द्वारा अधोहस्ताक्षरी के कार्यालय में सत्यापन आख्या उपलब्ध कराया गया है। आख्या में उल्लिखित किया गया है कि जॉचोपरान्त जिला कास्ट स्कूटनी कमेटी, बलिया द्वारा जितेन्द्र राम पुत्र भरत राम के भाई अरविन्द कमकर का खरवार जाति का प्रमाणपत्र निरस्त कर दिया गया है। इससे यह स्पष्ट है कि जितेन्द्र राम खरवार जाति का न होकर कमकर जाति से सम्बन्धित है।
बीएसए ने बताया कि जितेन्द्र राम को अपना पक्ष प्रस्तुत करने के लिए निर्देशित किया। लेकिन जितेन्द्र राम ने जो स्पष्टीकरण प्रस्तुत किया वह तथ्यहीन पाया राया। इससे स्पष्ट हो गया कि जितेद्र राम ने वास्तविक जाति कमकर (पिछड़ी जाति) से खरवार (अनुसूचित जन जाति) के जाति प्रमाण-पत्र में कूटरचना एवं विभाग को गुमराह कर सेवा प्राप्त की है। ऐसी स्थिति में बीएसए ने जितेन्द्र राम की नियुक्ति को नियुक्ति तिथि से शून्य मानते हुए सेवा समाप्त कर दिया है।

« Newer PostsOlder Posts »