Web News

www.upwebnews.com

एटा में युवक को नशा सुंघाकर मोबाइल और बाली लूटकर भाग रहे चोर को पकड़ा, भीड़ ने की पिटाई

August 13, 2026

एटा में युवक को नशा सुंघाकर मोबाइल और बाली लूटकर भाग रहे चोर को पकड़ा, भीड़ ने की पिटाई

एटा 13 अगस्त उप्रससे। जनपद के जलेसर थाना क्षेत्र में आगरा रोड पर दो टप्पेबाजों ने एक युवक को इमरजेंसी कॉल करने के बहाने रोक लिया। आरोप है कि इसके बाद उसे नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश कर दिया और मोबाइल फोन व कान की बालियां लेकर फरार हो गए।

पीड़ित युवक ने होश में आने के बाद ई-रिक्शा से आरोपियों का पीछा किया और रेलवे क्रॉसिंग पर दोनों को पकड़ लिया। इसके बाद मौके पर जुटी भीड़ ने आरोपियों की जमकर पिटाई कर दी। घटना का वीडियो भी सामने आया है।

गणेशपुर, जलेसर निवासी प्रेमचंद पुत्र मोहनलाल कोसमा गांव जा रहे थे तभी आगरा चौराहे के पास दो अज्ञात युवकों ने उनसे इमरजेंसी कॉल करने के लिए मोबाइल फोन मांगा। फोन लेने के बाद दोनों ने प्रेमचंद को नशीला पदार्थ सुंघा दिया, जिससे वह बेहोश हो गए। इसके बाद टप्पेबाज उनका मोबाइल फोन और कान की बालियां लेकर मौके से फरार हो गए। कुछ देर बाद प्रेमचंद को होश आया तो उन्होंने आरोपियों का पीछा करने का फैसला किया। वह ई-रिक्शा से दोनों के पीछे निकल पड़ा। रेलवे क्रॉसिंग बंद होने के कारण आरोपी वहां फंस गए। इसी दौरान प्रेमचंद ने दोनों को पकड़ लिया। आरोपियों के पकड़े जाने की जानकारी मिलते ही मौके पर भीड़ जुट गई। लोगों ने दोनों युवकों की जमकर पिटाई कर दी। इस दौरान किसी ने मारपीट का वीडियो बना लिया, जो अब सामने आया है। बाद में प्रेमचंद ने दोनों आरोपियों को पुलिस के हवाले कर दिया।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी इकबाल पुत्र रियाजुद्दीन और अरमान अली पुत्र नासिर अली फिरोजाबाद के हबीबगंज रामगढ़ निवासी है। पीड़ित की लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर दोनों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

जलेसर थाना प्रभारी अखिलेश दीक्षित ने बताया कि युवक टप्पेबाजी का शिकार हुआ है। उसकी लिखित शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

August 12, 2026

ग्रीन काॅरिडोरः बैकुण्ठ धाम ब्रिज पर नवम्बर 2026 से फर्राटा भरेंगे वाहन

एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने परियोजना का निरीक्षण कर कार्य में तेजी लाने के दिये निर्देश

– *बैकुण्ठ धाम से क्रिकेट स्टेडियम तक बनेगा 2.3 किलोमीटर लंबा फ्लाईओवर, अगले माह से शुरू होगा कार्य*

ग्रीन काॅरिडोर परियोजना के अंतर्गत गोमती नदी पर निर्मित किये जा रहे बैकुण्ठ धाम ब्रिज पर जल्द ही वाहन फर्राटा भरेंगे। लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बुधवार को परियोजना का निरीक्षण करके नवम्बर, 2026 तक कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिये हैं। इस ब्रिज के बनने से निशातगंज से डालीबाग व हजरतगंज के मध्य सफर काफी आसान हो जाएगा और बड़ी आबादी को इसका सीधा लाभ मिलेगा।

एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि बैकुण्ठ धाम के पास गोमती नदी पर लगभग 70 करोड़ रूपये की लागत से 330 मीटर लंबा 6-लेन ब्रिज निर्मित किया जा रहा है। इसके बनने से समतामूलक और 1090 चौराहे पर ट्रैफिक का लोड काफी कम हो जाएगा। निशातगंज से डालीबाग व हजरतगंज की ओर जाने वाले लोग ब्रिज के माध्यम से सीधे सफर तय कर सकेंगे। बुधवार को स्थल निरीक्षण करके कार्य की प्रगति की समीक्षा की गयी, जिसमें पाया गया कि लगभग 85 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो गया है। उपाध्यक्ष ने बताया कि सम्बंधित अधिकारियों को कार्य की गति बढ़ाकर नवम्बर, 2026 तक ब्रिज तैयार करने के निर्देश दिये गये हैं। काम पूरा होते ही आवागमन के लिए ब्रिज खोल दिया जाएगा।

*1090 चौराहे पर बनेगा 2.3 किलोमीटर लंबा फ्लाईओवर*
एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि ग्रीन काॅरिडोर परियोजना के अंतर्गत बैकुण्ठ धाम से रिवर फ्रंट, क्रिकेट स्टेडियम के मध्य लगभग 2.3 किलोमीटर लंबा 4-लेन फ्लाईओवर निर्मित किया जाना है। लगभग 293 करोड़ रूपये की लागत से बनने वाले इस फ्लाईओवर के लिए टेंडर की प्रक्रिया पूरी हो गयी है। सम्बंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि कार्यदायी संस्था से अनुबंध करके अगले माह से फ्लाईओवर का निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाए।

*बैकुण्ठ धाम से कनेक्ट होगा फ्लाईओवर*
उपाध्यक्ष ने बताया कि फ्लाईओवर का निर्माण कार्य बैकुण्ठ धाम ब्रिज के एप्रोच प्वाइंट से ही शुरू कराया जाएगा। भविष्य में फ्लाईओवर बनने पर इसे बैकुण्ठ धाम ब्रिज से सीधा कनेक्ट कर दिया जाएगा, जिससे कि ग्रीन काॅरिडोर पर ट्रैफिक को बिना अवरोध गति प्रदान की जा सकेगी। निरीक्षण में एलडीए के मुख्य अभियंता मानवेन्द्र सिंह, पीआईयू के प्रभारी ए0के0 सिंह सेंगर, अधिशासी अभियंता अजीत कुमार एवं मनोज सागर समेत अन्य अधिकारी व अभियंता उपस्थित रहे।

यूपी में रंग दे बसंती अभियान शुरू, छात्रों ने बनाए चित्र

लखनऊ, 12 अगस्त 26, स्वतंत्रता दिवस से पहले आज उत्तर प्रदेश में युवाओं की रचनात्मकता को अभिव्यक्ति देने के लिए ‘रंग दे बसंती’ अभियान शुरू किया गया। इसके अंतर्गत लखनऊ विश्वविद्यालय के पास भित्तिचित्र कार्यक्रम आयोजित किया गया। शहर के कलाकारों ने माफिया मुक्त और बदलते उत्तर प्रदेश की थीम पर सार्वजनिक भित्तिचित्र बनाए। इन चित्रों के माध्यम से वर्ष 2017 से पहले के उत्तर प्रदेश और उसके बाद   हुए बदलावों को दर्शाया गया।

कलाकारों ने राज्य में कानून व्यवस्था, बुनियादी ढांचे और युवाओं के लिए अवसरों के संदर्भ में बदले हुए सकारात्मक वातावरण को चित्रित किया।

अभियान के अंतर्गत कल मुजफ्फरनगर में एक कॉमिक वितरण और संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस दौरान सांप्रदायिक सद्भाव पर आधारित एक मौलिक कॉमिक वितरित की जाएगी। इसके साथ ही स्कूलों में युवाओं के साथ संवाद भी आयोजित किए जाएंगे। 14 अगस्त को ‘रंग दे बसंती’ अभियान का गीत ‘आज़ादी फ्रॉम फियर’ लॉन्च किया जाएगा।

दहेज में तीन लाख की मांग, विवाहिता ने ससुरालियों पर लगाया गर्भपात कराने का आरोप

हाथरस। दहेज की अतिरिक्त मांग पूरी न होने पर विवाहिता को कथित रूप से प्रताड़ित करने का मामला सामने आया है। विवाहिता ने पति समेत ससुराल पक्ष के छह लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मारपीट, गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी और जबरन गर्भपात कराने सहित गंभीर आरोप लगाते हुए थाना हाथरस गेट में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।थाना हाथरस गेट क्षेत्र के रमनपुर के जोगिया मार्ग निवासी लवली शर्मा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी शादी 9 दिसंबर 2022 को सासनी स्थित मां कैला देवी गेस्ट हाउस में छोटा बिर्रा निवासी विशाल शर्मा के साथ हुई थी। विवाह में मायके पक्ष द्वारा करीब नौ लाख रुपये खर्च किए गए थे। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही पति और अन्य ससुरालीजन अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर उसे परेशान करने लगे।विवाहिता का आरोप है कि ससुरालीजन मायके से तीन लाख रुपये लाने का दबाव बनाते थे। मांग पूरी न होने पर उसके साथ मारपीट और गाली-गलौज की जाती थी। पति पर शराब और भांग के नशे में मारपीट करने तथा जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।शिकायत में आरोप लगाया गया है कि गर्भवती होने के बाद ससुराल पक्ष ने कथित रूप से दो बार उसका जबरन गर्भपात करा दिया। फरवरी में पति ने आईवीएफ उपचार के लिए मायके पक्ष से 1.50 लाख रुपये लिए और मार्च में उपचार शुरू कराया, लेकिन आरोप है कि बाद में इलाज बीच में ही छोड़ दिया गया।विवाहिता के मुताबिक अप्रैल में उसे सांस लेने में परेशानी होने लगी। आरोप है कि 13 मई को उसका देवर सोनू शर्मा उसे मायके छोड़ गया। इसके बाद परिजनों ने स्थानीय अस्पतालों में उसका उपचार कराया और हालत बिगड़ने पर नोएडा के अस्पताल में भी इलाज कराया गया, जहां उसका उपचार जारी बताया गया है।महिला ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच समझौते के कई प्रयास किए गए और उसे तीन बार ससुराल भी ले जाया गया, लेकिन हर बार कथित उत्पीड़न दोबारा शुरू हो गया। इसके बाद उसने पुलिस से ससुराल पक्ष के आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपों की जांच की जा रही है।

कलेक्ट्रेट के पास ट्रक ने बाइक में मारी टक्कर, मां-बेटा गंभीर घायल

हाथरस। शहर के मथुरा रोड पर कलेक्ट्रेट के निकट आज सुबह हुए सड़क हादसे में बाइक सवार मां-बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे के बाद दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।जानकारी के अनुसार, मुरसान कोतवाली क्षेत्र के गांव ककरावली निवासी कुलदीप अपनी मां रानी देवी के साथ बाइक से अलीगढ़ स्थित अपने गांव जा रहा था। सुबह करीब 10 बजे जैसे ही वे कलेक्ट्रेट के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रहे ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।हादसे के बाद मौके पर राहगीरों और आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया।घटना के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और फरार ट्रक चालक तथा वाहन की पहचान के प्रयास शुरू कर दिए हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।

« Newer PostsOlder Posts »