latest-news : : UP News | UP Web News | Page 51

Web News

www.upwebnews.com

साइबर ठगी के मामले में चार आरोपी गिरफ्तार

March 15, 2026

साइबर ठगी के मामले में चार आरोपी गिरफ्तार

 

Santosh Kumar Singh
Gorakhpur
14/03/2026

*बैंक खाते का दुरुपयोग कर लाखों रुपये के लेन-देन का आरोप, मोबाइल व अन्य सामान बरामद*

गोरखपुर। जनपद में साइबर अपराध के एक मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी कैंट अरुण कुमार एस ने पुलिस लाइन स्थित व्हाइट हाउस सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि साइबर माध्यम से बैंक खाते का दुरुपयोग कर धोखाधड़ी करने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। उनके कब्जे से साइबर अपराध में प्रयुक्त मोबाइल फोन, सिम कार्ड, पासबुक, एटीएम कार्ड समेत अन्य सामान बरामद किया गया है।
प्रेस वार्ता में जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि 12 मार्च 2026 को एक महिला द्वारा शिकायत दी गई थी कि उसके परिचित युवक ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर उसे सरकार की कल्याणकारी योजना के तहत धनराशि और सिलाई मशीन दिलाने का झांसा दिया। इस दौरान बैंक में खाता खुलवाने के नाम पर उसका आधार कार्ड और पैन कार्ड ले लिया गया।
आरोप है कि इन दस्तावेजों के आधार पर एक सिम कार्ड प्राप्त किया गया और उसी के माध्यम से बैंक में खाता खुलवाकर पासबुक, एटीएम कार्ड और सिम कार्ड अपने पास रख लिया गया। इसके बाद महिला के खाते का दुरुपयोग करते हुए धोखाधड़ी के जरिए लाखों रुपये का लेन-देन किया गया।
शिकायत मिलने के बाद मामले में थाना खोराबर में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में वंश निषाद पुत्र ओमप्रकाश निषाद निवासी नौसड़ थाना गीडा, शोभित गौड़ पुत्र सोनू गौड़ निवासी तारामंडल थाना रामगढ़ताल, शक्ति जायसवाल पुत्र रवि जायसवाल निवासी महादेव झारखंडी कूड़ाघाट थाना एम्स तथा शिवम पटवा पुत्र पशुपति पटवा निवासी कूड़ाघाट आवास विकास कॉलोनी थाना एम्स शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से 10 मोबाइल फोन, 2 सिम कार्ड, एक पासबुक, एक एटीएम कार्ड तथा तीन एटीएम स्लिप बरामद किए गए हैं। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी लोगों को विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाने का झांसा देकर उनके दस्तावेज हासिल करते थे और बाद में उनके बैंक खातों का दुरुपयोग कर धोखाधड़ी करते थे।
प्रेस वार्ता के दौरान यह भी बताया गया कि गिरफ्तार आरोपियों में से एक के विरुद्ध पूर्व में भी गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज है। पुलिस इस मामले में अन्य संभावित कड़ियों की भी जांच कर रही है, ताकि इस तरह के साइबर अपराध में शामिल अन्य लोगों की भी पहचान की जा सके।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी व्यक्ति को अपने बैंक से संबंधित दस्तावेज, एटीएम कार्ड, ओटीपी या अन्य गोपनीय जानकारी न दें। किसी भी संदिग्ध कॉल या संदेश के झांसे में न आएं और यदि इस प्रकार की कोई घटना सामने आती है तो तुरंत नजदीकी पुलिस थाने या साइबर हेल्पलाइन पर सूचना दें।
फिलहाल पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

साल की पहली राष्ट्रीय लोक अदालत: सुलझे रिकार्ड 2.13 लाख मामले

5.83 करोड़ रुपए का मुआवजा
बैंक ऋण के 1293 मामले निस्तारित, 2.99 करोड़ की वसूली

Post on 14.3.26
Saturday, Moradabad
Rajesh Bhatia

मुरादाबाद,(उप्र समाचार सेवा)।
शनिवार को इस वर्ष की पहली राष्ट्रीय लोक अदालत में रिकार्ड वादों का निपटारा हुआ। आपसी सहमति के आधार पर राष्ट्रीय लोक अदालत में 2,13,557 वादों का निस्तारण किया गया। इससे लंबित मुकदमों का बोझ घटा।
लोक अदालत का शुभारंभ जिला न्यायाधीश सै. माऊज बिन आसिम ने मां सरस्वती प्रतिमा पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्वलन कर किया। इस मौके पर जिला न्यायाधीश ने कहा कि लोक अदालत का मंच न्याय को आम जनता तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाता है।सुलह समझौते के आधार पर मामलों का त्वरित निस्तारण किया जा रहा है। इससे वादकारी का समय व धन की बचत होती है।
इस दौरान प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय सुनित चन्द्रा, एमएसीटी के पीठासीन अधिकारी संजय कुमार, लारा कोर्ट के जैगम उद्दीन, लोक अदालत के नोडल अधिकारी मौ फिरोज, सीजेएम श्वेता चौधरी के अलावा अन्य न्यायिक, बैंक व दि बार एसोसिएशन एंड लाइब्रेरी अध्यक्ष आनंद मोहन गुप्ता, जिला बार एसोसिएशन
के पदाधिकारी और अधिवक्ता आदि रहे।

वादों का निस्तारण।
लोक अदालत में न्यायालयों में 23,250, प्रशासन में 189014, बैंक -1293 वादों समेत कुल 2 लाख 13 हजार 557 वादों का निपटारा हुआ।

प्राधिकरण सचिव तपस्या त्रिपाठी ने बताया कि आज लोक अदालत में विभिन्न प्रकृति के 22163 शमन योग्य वाद निस्तारित हुए। आरोपितों पर 5 लाख 58 हजार 970 रुपए का अर्थदंड लगाया गया। वैवाहिक व भरण पोषण के 62 मामलों परिवार न्यायालय ने आपसी सहमति से सुलझाया। जबकि उत्तराधिकार का एक मामला निस्तारित कर 15 लाख 47 हजार 186 रुपए के प्रमाण पत्र जारी किए।लघु प्रकृति में लेबर एक्ट, मोटर वाहन अधिनियम आदि मामले सुलझ गए।

प्रमुख निस्तारण
-22,163 शमन योग्य वादों का निस्तारण, 5,58,970 रुपये का अर्थदंड।

मोटर वाहन दुर्घटना-
56 मामले निस्तारित- 5.83 करोड़ रुपये मुआवजा
न्यायालय द्वारा: 23,250
प्रशासन द्वारा: 1,89,014
बैंक द्वाराः 1,293 निस्तारण में 2.99 करोड़ रुपए की वसूली

लोक अदालत में भीड़ –
शनिवार सुबह ही वादकारियों की लंबी लाइन लगी। विशेष रूप से बैंक ऋण, यातायात चालान, बिजली बिल बकाए के मामले लेकर लोग अदालत पहुंचे।

March 14, 2026

विकास नहीं तो वोट नहीं ग्रामीणों ने किया चुनाव बहिष्कार का एलान

मैनपुरी, 14 मार्च 26, जनपद की तहसील भोगांव के अंतर्गत आने वाले ग्राम जमथरी में विकास कार्यों की अनदेखी से नाराज ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा है। बुनियादी सुविधाओं के अभाव और प्रशासन की उदासीनता के विरोध में ग्रामीणों ने एकजुट होकर आगामी चुनाव के पूर्ण बहिष्कार का संकल्प लिया है।
​”नल नहीं तो वोट नहीं” के नारों से गूँजा गांव
​ग्रामीणों ने गांव की गलियों में जमकर विरोध प्रदर्शन किया और जिला प्रशासन व सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। ग्रामीणों का मुख्य मुद्दा गांव में नल (पेयजल व्यवस्था) का न होना है। प्रदर्शन के दौरान “नल नहीं तो वोट नहीं” जैसे नारों के साथ ग्रामीणों ने स्पष्ट कर दिया है कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं, तो वे इस बार मतदान प्रक्रिया का हिस्सा नहीं बनेंगे।
​भेदभाव का आरोप यादव बाहुल्य होने की मिल रही सजा
​नाराज ग्रामीणों का कहना है कि यह क्षेत्र यादव बाहुल्य है, जिसके चलते गांव के साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है। उनका आरोप है कि राजनीतिक कारणों से न तो गांव में नल लगाए जा रहे हैं और न ही अन्य कोई विकास कार्य कराए जा रहे हैं। बुनियादी सुविधाओं के लिए तरस रहे ग्रामीणों ने प्रशासन पर जानबूझकर उपेक्षा करने का गंभीर आरोप लगाया है।

साइबर फ्रॉड: पत्रकार के खातों से उड़ाए 7 लाख

बिजनौर 14 मार्च 2026, जिले के एक पत्रकार का खाता हैक कर 790409 रूपये की धनराशि का फ्रॉड सामने आया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार दूरदर्शन तथा आकाशवाणी के संवाददाता अतुल गर्ग के मोबाइल को हैकरो ने हैक कर मोबाइल में भीम ऐप से जुड़े 4 खातों से 790409 रूपये की धनराशि अन्य खातों में स्थानांतरित कर ली गई है। हैकरो ने अतुल गर्ग के फेसबुक आईडी और मोबाइल को भी क्लोन कर लिया। मोबाइल सिम को वापस रिकवर कर लिया गया, जबकि फेसबुक आईडी में पासवर्ड तथा ई-मेल बदले जाने के के कारण उसकी रिकवरी नहीं हो पा रही है। फ्रॉड की जानकारी मिलते ही अतुल गर्ग द्वारा साइबर थाने में सूचना दी गई सूचना के आधार पर दिनांक 12 मार्च को एफआईआर दर्ज कर साईबर सैल द्वारा जांच शुरू कर दी गई है।
अतुल गर्ग ने बताया कि उनके आई डी एफ सी फ्स्ट बैंक से जुडे़ 2 खातो से 302110 पंजाब नेशनल बैंक मुख्य शाखा बिजनौर से 272221 तथा बैंक आफ बड़ौदा सदर बाजार बिजनौर के खाते से 216078 कुल 7 लाख 90 हजार 409 रूपये हैकरो ने अन्य खातो में ट्रांसफर कर दिये हैं।

टीएमयू दीक्षांत समारोह-2026: केंद्रीय मंत्री ने 6041 छात्रों को बांटी डिग्री

36 शोधार्थियों को पीएचडी व 311 को मैडल

विद्यार्थियों के चेहरे खिले, प्रांगण में उत्साह व उत्सव का माहौल

केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा बोले- राष्ट्र निर्माण में शिक्षा ही मजबूत नींव, युवाओं को नवाचार और शोध की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए
Post on 14.3.26
Saturday, Moradabad
Rajesh Bhatia

मुरादाबाद,(उप्र समाचार सेवा)।
शनिवार को तीर्थांकर महावीर यूनिवर्सिटी (टीएमयू )के दीक्षांत समारोह में करीब साढ़े छह हजार विद्यार्थियों को डिग्रियां हासिल हुई।डिग्रियां मिलने के बाद विद्यार्थियों के चेहरे खिल उठे।
दिल्ली रोड पर (Teerthanker Mahaveer University) टीएमयू में दीक्षांत समारोह का आयोजन भव्य रूप से हुआ। समारोह में विद्यार्थियों को डिग्रियां मिली। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय स्वास्थ्य,परिवार कल्याण मंत्री और रसायन एवं उर्वरक मंत्री जेपी नड्डा रहे। जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में यूपी के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक समेत कई प्रमुख मंत्री और जनप्रतिनिधि शामिल हुए। विवि में मुख्य अतिथि को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। कार्यक्रम में 36 पीएचडी डिग्री,108 गोल्ड मेडल, 105 सिल्वर व 98 को कांस्य पदक प्रदान किए गए।


साथ ही लोक गायिका मालिनी अवस्थी व जेपी नड्डा को मानद डॉक्टरेट से भी सम्मानित किया गया। समारोह में विद्यार्थी और अभिभावकों उत्साह देखने को मिला।
इस स्मारोह में उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक, भाजपा के पूर्व अध्यक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह, मंत्री बलदेव सिंह औलख गुलाबी देवी और कुंदरकी से विधायक रामवीर सिंह,एमएलसी डॉ जयपाल सिंह व्यस्त,शहर विधायक रितेश गुप्ता,महापौर विनोद अग्रवाल, एमएलसी हरि सिंह ढिल्लों सहित अन्य जन प्रतिनिधि रहे।
समारोह में विवि के कुलाधिपति सुरेश जैन,वाइस चेयरमैन मनीष जैन, एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर अक्षत जैन, विश्वविद्यालय में परिवार के सदस्य और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं रहीं।

« Newer PostsOlder Posts »