मथुरा। संघर्ष और मजबूत संगठनात्मक क्षमता के लिए पहचाने जाने वाले युवा नेता आकाश चौधरी को भारतीय जनता पार्टी ने बड़ी जिम्मेदारी सौंपते हुए मथुरा जिले का जिला महामंत्री नियुक्त किया है। इस नियुक्ति को कार्यकर्ताओं के सम्मान और संगठन विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
आकाश चौधरी ने अपने सार्वजनिक जीवन की शुरुआत वर्ष 2006 में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) से छात्र नेता के रूप में की थी। छात्र राजनीति में उन्होंने नगर मंत्री से लेकर प्रदेश सह मंत्री तक विभिन्न महत्वपूर्ण दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया। मथुरा की छात्र राजनीति में वे एक प्रभावशाली और सक्रिय नेता के रूप में अपनी पहचान बना चुके हैं।
अपने संगठनात्मक जीवन में उन्होंने शिक्षा के व्यवसायीकरण और बांग्लादेशी घुसपैठ जैसे मुद्दों पर मुखर होकर आवाज उठाई तथा विभिन्न हिंदू आंदोलनों में सक्रिय भागीदारी निभाई। समाजवादी पार्टी सरकार के दौरान उन्होंने कई कथित घोटालों को उजागर करते हुए प्रशासन को चुनौती दी और जनहित के मुद्दों पर संघर्ष किया।
भाजपा संगठन में भी उन्होंने ब्रज क्षेत्र में विभिन्न मोर्चों पर अपनी दक्षता और नेतृत्व क्षमता का परिचय दिया है। उनकी नियुक्ति से जिले के युवाओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है, जिससे संगठन को नई ऊर्जा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
अपनी नियुक्ति पर आकाश चौधरी ने प्रदेश, क्षेत्रीय व जिलाध्यक्ष निर्भय पाण्डेय सहित संगठन के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वे भाजपा की राष्ट्रवादी विचारधारा को युवाओं के बीच मजबूती से पहुंचाने का कार्य करेंगे और अधिक से अधिक युवाओं को पार्टी से जोड़ने का प्रयास करेंगे।
इस अवसर पर विधायक राजेश चौधरी, जिला पंचायत अध्यक्ष किशन चौधरी, पूर्व प्रांत प्रमुख ABVP राकेश चतुर्वेदी सहित अनेक भाजपा नेताओं ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। इसके साथ ही विभिन्न जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों द्वारा सोशल मीडिया और फोन के माध्यम से लगातार बधाई संदेश भेजे जा रहे हैं।




