Sarvesh : : UP News | UP Web News | Page 66

Web News

www.upwebnews.com

वीर भूमि में योगी आदित्यनाथ की दहाड़

March 16, 2026

वीर भूमि में योगी आदित्यनाथ की दहाड़

  • भारत की नींव को कमजोर कर रही जातिवाद की राजनीतिः मुख्यमंत्री
  • चित्तौड़गढ़ में जौहर स्मृति संस्थान द्वारा आयोजित ‘जौहर श्रद्धांजलि समारोह’ में शामिल हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
  • सनातन की मर्यादा अमर है और रहेगी, बाबर-औरंगजेब और अकबर के खानदान का पता नहीं, महाराणा प्रताप के वंशज मंच पर बैठे हैं: सीएम योगी
  • उत्तर प्रदेश में बेटियां अब नाइट शिफ्ट में भी काम करके सकुशल घर वापस आती हैः योगी
  • गोरक्षपीठाधीश्वर ने वीरभूमि से जोड़ा नाता, कहा- मेरे दादा गुरु इसी भूमि से गोरखपुर गए थे

चित्तौड़गढ़, 15 मार्च। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जातिवाद फैलाने वालों को चित्तौड़गढ़ की धरती से दो टूक संदेश दिया। उन्होंने रामधारी सिंह दिनकर की पंक्तियां सुनाईं –
“मूल जानना बड़ा कठिन है नदियों का-वीरों का
धनुष छोड़कर और गोत्र क्या होता रणधीरों का
पाते हैं सम्मान तपोबल से भूतल पर शूर
जाति-जाति का शेर मचाते केवल कायर, क्रूर”
मुख्यमंत्री ने कहा, जिन्हें कुछ नहीं करना है, वे जातिवाद के आधार पर सामाजिक एकता को छिन्न-भिन्न करने का पाप कर रहे हैं। जातिवाद ने समाज की नींव को दरका दिया था, इसलिए देश कमजोर हुआ। जातिवाद की राजनीति भारत की नींव को कमजोर कर रही है। बांटने की राजनीति फिर से हम सबको गुलामी की तरफ धकेल रही है। इससे बचने के लिए हमें एकजुटता के भाव से बढ़ना होगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को ईनाणी सिटी सेंटर, चित्तौड़गढ़ में जौहर श्रद्धांजलि समारोह में जनसमूह को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने सराहनीय कार्य करने वालों को सम्मानित भी किया। उन्होंने पंजाब के पूर्व राज्यपाल वीपी सिंह की पुस्तक का विमोचन भी किया।

Yogi Adityanath in Chittorgarh, Rajasthan

*रामसेतु तोड़ने को उतावले लोग राम मंदिर निर्माण का विरोध करते रहे*
सीएम योगी ने जनसमूह से पूछा कि वे कौन लोग हैं, जो जातिवाद के आधार पर समाज को बांट रहे हैं। अफवाह के आधार पर विश्वास का संकट खड़ा कर रहे हैं। भारत-भारत न बना रहे, इसके लिए दुष्चक्र कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि ये वही लोग हैं, जिन्होंने कहा था कि राम-कृष्ण हुए ही नहीं। राम मंदिर आंदोलन में विरोधी पक्ष के साथ मिले और फैसला न होने देने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगाया था। ये लोग रामसेतु तोड़ने के लिए उतावले दिखाई देते हैं, राम मंदिर निर्माण का विरोध करते हैं। ये लोग देश में अविश्वास का वातावरण पैदा कर रहे हैं और संवैधानिक संस्थाओं को कठघरे में खड़ा कर रहे हैं। इनका मकसद भारत को कठघरे में खड़ा करके अविश्वसनीय बना देना है। इन्हें देश की चिंता नहीं है। इनके अपने अस्तित्व पर संकट है, इसलिए भारत की अस्मिता से खिलवाड़ करने पर उतारू हैं।

CM Yogi Adityanath in Chittorgarh Rajasthan

*वीरभूमि ने दी भारत को पहचान*
सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में परिवर्तन के पीछे प्रधानमंत्री मोदी जी का मार्गदर्शन है तो तेज राजस्थान, चित्तौड़गढ़ का है। इसके पीछे राजस्थान की वीरभूमि का भी योगदान है, क्योंकि मेरे पूज्य दादा गुरु इसी भूमि से गोरखपुर गए थे। राजस्थान, चित्तौड़गढ़, मेवाड़ के वीरों के शौर्य-पराक्रम, वीरांगनाओं के जौहर और मीराबाई की भक्ति की धुन से भारत अभिभूत होता है। नारी अस्मिता, सम्मान, स्वावलंबन की अमर गाथा हमें प्रेरणा प्रदान कर रही है। वीरभूमि ने भारत को पहचान दी है। चित्तौड़गढ़ का किला केवल पत्थरों से बना दुर्ग नहीं, बल्कि भारत की अस्मिता का प्रहरी है। हर सच्चे भारतीय के मन में इस वीरभूमि और यहां के राणाओं के शौर्य व राष्ट्र के लिए उनके बलिदान के प्रति श्रद्धा का भाव है।

*देश-धर्म के लिए था महाराणा प्रताप, छत्रपति शिवाजी व गुरु गोबिंद सिंह का संघर्ष*
सीएम योगी ने महाराणा प्रताप, छत्रपति शिवाजी महाराज व गुरु गोविंद सिंह जैसे राष्ट्रनायकों को याद किया। उन्होंने कहा, इन लोगों ने अपने, परिवार या सत्ता के लिए बलिदान नहीं दिया था, बल्कि इनका संघर्ष देश-धर्म और भारत की स्वाधीनता के लिए था। हर संघर्ष में चट्टान की तरह सामने खड़े हुए और उसे नेस्तनाबूद भी किया। गुरु गोविंद सिंह के चार पुत्र बलिदान हुए, लेकिन उन्होंने उफ नहीं किया। महाराणा प्रताप, महाराणा सांगा, महारानी पद्मिनी, महाराणा कुंभा, बप्पा रावल के लिए मन में श्रद्धा का भाव है, क्योंकि जो भी राष्ट्र के प्रति योगदान देगा, उसका स्मरण सदैव होता है।

UP CM Yogi Adityanath in Chittorgarh Rajasthan

*माता सीता का जो संकल्प था, वही संकल्प महारानी पद्मिनी ने दिखाया*
सीएम योगी ने कहा कि यह श्रद्धांजलि समारोह प्रेरित कर रहा है कि आने वाले समय में किसी बेटी-बहन को उस दौर से न गुजरना पड़े। 1303, 1535 और 1568 में तीन बड़े जौहर यहां देखने को मिले। भारत का इतिहास वीरांगनाओं के जौहर से भरा पड़ा है। शत्रु हमेशा धोखे से ही वीरों का मुकाबला कर पाए। आमने-सामने की लड़ाई में वे कहीं नहीं टिके। अलाउद्दीन खिलजी के धोखे से महाराणा रत्न सिंह वीरगति को प्राप्त हुए। उनके सेनापति गोरा-बादल भी लड़ते हुए वीरगति को प्राप्त हुए तो महारानी पद्मिनी के नेतृत्व में हजारों वीरांगनाओं ने नारी अस्मिता की रक्षा के लिए जौहर व्रत लिया था, क्योंकि वह उस समय की परिस्थिति थी। माता सीता ने धरती मां से कहा था कि अगर मेरा सतीत्व अखंड है तो मुझे अपनी गोद में समाहित करो। माता सीता का जो संकल्प था, वही संकल्प धर्म जौहर के नाम पर महारानी पद्मिनी ने यहां दिखाया था। यह संकल्प नारी गरिमा का प्रतीक था। यह भारत माता को विधर्मियों से मुक्त करने का संकल्प था।

*25 करोड़ के उत्तर प्रदेश में बेटियां अब नाइट शिफ्ट में भी काम करके सकुशल घर वापस आती हैं*
मुख्यमंत्री ने कहा कि यूपी में जब हमारी सरकार बनी तो प्रदेशवासियों से कहा कि अपराध-अपराधियों, नारी गरिमा-सुरक्षा के मामले में सरकार जीरो टॉलरेंस के तहत काम करेगी। किसी ने बहन-बेटी की सुरक्षा पर हाथ डाला तो अगले चौराहे पर यमराज उसका इंतजार कर रहे होंगे। 25 करोड़ वाले उत्तर प्रदेश में बेटियां अब स्कूल भी जाती हैं, नाइट शिफ्ट में काम भी करती हैं और सकुशल घर आती हैं। हर नारी को सुरक्षा, सम्मान व स्वावलंबन की गारंटी हर भारतीय नारी का अधिकार होना चाहिए।

*महाराणा सांगा ने घाव पर घाव सहे, लेकिन विधर्मियों को घुसने नहीं दिया*
सीएम योगी ने भारत की अस्मिता को अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए महाराणा सांगा के शौर्य का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, महाराणा सांगा के शरीर पर 80 घाव थे। लेकिन, उन्हें स्वयं की नहीं, बल्कि राष्ट्र की अस्मिता की चिंता थी। घाव पर घाव सहते गए पर विधर्मियों को घुसने नहीं दिया। महाराणा प्रताप ने महज 27 वर्ष की आयु में ही अकबर के खिलाफ युद्ध लड़ा था। उन्होंने अकबर को नाकों चने चबाने पर मजबूर कर दिया था। भारत के इतिहास ने हमेशा उनके शौर्य का स्मरण किया है।

*अयोध्या में राम मंदिर भी बना और गुलामी का कोई चिह्न भी नहीं बचा*
सीएम योगी ने कहा कि श्रीराम परमपिता परमेश्वर हैं, लेकिन वह राम तब बन पाए, जब उन्होंने कहा कि मैं इस धरती को राक्षसविहीन कर दूंगा। वह भी केवल यह कहते कि मैं अयोध्या का राजा हूं, मुझे कुछ नहीं करना है तो वह राम जैसा सम्मान नहीं पाते। राजस्थान के लाखों नौजवान राम मंदिर आंदोलन में कूद पड़े थे। जब पूर्वजों के प्रति मन में भाव होता है तो परिणाम आने में देर नहीं लगती। अयोध्या में भव्य राम मंदिर बन गया, वहां गुलामी का कोई चिह्न नहीं बचा। देश एकजुट होकर एक दिशा में चलता है और जाति के नाम पर बांटने वाले नेताओं से सावधान रहता है तो हर भारतवासी को राम मंदिर जैसा सम्मान प्राप्त होता है। कंस के अत्याचार से त्रस्त मथुरा को अभय प्रदान करने के लिए श्रीकृष्ण को संकल्प लेना पड़ा था कि सज्जन शक्ति का संरक्षण करूंगा, लेकिन दुर्जनों के संहार में संकोच नहीं करूंगा।

*नेताजी होते तो पापी पाकिस्तान नहीं होता*
सीएम योगी ने कहा कि भारत के महापुरुषों ने शौर्य व पराक्रम के साथ जुड़ने का आह्वान किया था। आजादी के आंदोलन में झांसी की रानी लक्ष्मीबाई ने 26 वर्ष की आयु में 1857 में अंग्रेजों के विरुद्ध शंखनाद किया था। 27 वर्ष की आयु में उनका बलिदान हो गया। नेताजी सुभाष चंद्र बोस ने आह्वान किया था कि तुम मुझे खून दो, मैं तुम्हें आजादी दूंगा। नेताजी होते तो पापी पाकिस्तान भी नहीं होता। उनका आह्वान भारत की अस्मिता, आजादी और नौजवानों के लिए था। जापान, सिंगापुर, पोर्ट ब्लेयर, म्यांमार में उनके योगदान का स्मारक हमारा आह्वान करता है। सीएम ने काकोरी के नायकों के अलावा वीर सावरकर, स्वामी विवेकानंद को भी याद किया। कहा कि 1893 में शिकागो की धर्मसभा में स्वामी विवेकानंद ने कहा कि गर्व से कहो, हम हिंदू हैं। यह उद्घोष भारत को एकता के सूत्र में बांधता है। नेपाल में भी हिंदुओं का यह भाव हर व्यक्ति को जोड़ता है।

*हमेशा प्रेरणा प्रदान करता है भारत का वैभव*
सीएम योगी ने कहा कि भारत का वैभव हमेशा प्रेरणा प्रदान करता है। वैदिक कालीन भारत, आदर्श भारत, ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर आधारित भारत, जहां किसान उत्पादक था, कारीगर उद्यमी और व्यापारी राष्ट्र को जोड़ने का सेतु। ग्राम स्वराज हमारी पहचान थी। आक्रांता साम्राज्य नारी अस्मिता के साथ खिलवाड़ और संस्कृति, परंपरा व बौद्धिक संपदा को रौंदते-लूटते हैं। उन्होंने शोषण की जो प्रवृत्ति पैदा की, उसका दुष्परिणाम था कि किसान उत्पादक से उपभोक्ता और उपभोक्ता से कर्जदाता हो गया। कारीगर श्रमिक होकर बेरोजगार हो गया। व्यापारी कर्ज के बोझ से आजीविका के लिए भटकने लगा। औपनिवेशिक कालखंड के शोषण के इस दुष्चक्र को समाप्त करने के लिए आजादी के बाद वर्ष दर वर्ष बीतते गए, लेकिन भारत की अस्मिता को पहचानने का प्रयास नहीं किया गया। अब आत्मनिर्भर व विकसित भारत की नींव को मजबूत बनाने की आधारभूत इकाई ग्राम पंचायतें, ग्राम सभाएं व कस्बे बनेंगे।

*बाबर, औरंगजेब और अकबर के खानदान का पता नहीं, महाराणा प्रताप के वंशज मंच पर बैठे हैं*
मुख्यमंत्री ने कहा कि वीरभूमि चित्तौड़गढ़ को देखकर मुझे यूपी के साहित्यकार श्याम नारायण पांडेय की रचना हल्दीघाटी की पंक्तियां याद आती हैं – “एकलिंग का आसन है, इस पर न किसी का शासन है…”। खिलजी के नाम पर भारत में आज कोई नमूना दिखाई नहीं देता। बाबर, औरंगजेब और अकबर के खानदान का अतापता नहीं है, लेकिन महाराणा प्रताप की वंशावली महाराजा साहब मंच पर उपस्थित हैं। रानी पद्मिनी की वंशावली सैकड़ों वर्ष बाद आज भी है। सनातन की मर्यादा सदैव अमर है और रहेगी। सनातन धर्म कभी पददलित नहीं होगा। हमने अनेक चुनौतियां का मुकाबला किया और करेंगे, लेकिन हमारी अमरता पर कोई अंगुली नहीं उठा सकता। मातृशक्ति का साहस अजेय था और रहेगा। स्वाभिमान की ज्वाला भी शाश्वत बनी रहेगी।

इस अवसर पर मेवाड़ के महाराणा विश्वराज सिंह, केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, राजस्थान सरकार के मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़, गौतम दक, सांसद सीपी जोशी, विधायक रविंद्र सिंह भाटी, श्रीचंद कृपलानी, चंद्रभान सिंह आक्या, अर्जुन जिंगर, हमीर सिंह, दिलीप सिंह परिहार, वीरेंद्र सिंह, स्वामी निरंजन नाथ, जौहर स्मृति संस्थान के अध्यक्ष रावत नरेंद्र सिंह, महामंत्री तेजपाल सिंह आदि मौजूद रहे।

असमोली ब्लाँक प्रमुख पति- बेटे, ललित कौशिक समेत 14 पर गैंगस्टर

अनुज हत्याकांड।

मझोला में थाना प्रभारी ने दर्ज कराई रिपोर्ट, कोर्ट में हत्याकांड पर आज सुनवाई निर्धारित

मुरादाबाद।(उप्र समाचार सेवा)।
तीन साल पहले हुए अनुज हत्याकांड में आरोपी असमोली की ब्लाँक प्रमुख के पति-बेटे और पूर्व ब्लॉक प्रमुख ललित कौशिक समेत 14 पर गैंगस्टर की कार्रवाई की गई है। मझोला थाने में प्रभारी रविंद्र कुमार ने रिपोर्ट दर्ज कराई। इस मामले में दस आरोपी अभी जेल में हैं।
मुरादाबाद में नया मुरादाबाद स्थित सोसाइटी में अनुज चौधरी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। परिसर में उनके साथ मौजूद पुनीत पर भी जानलेवा हमला हुआ। केस में संभल में असमोली की ब्लाँक प्रमुख के पति प्रभाकर सिंह, बेटे और पूर्व ब्लॉक प्रमुख ललित कौशिक समेत चौदह आरोपियों को जेल भेजा गया। पुलिस ने आरोपियों पर गैंगस्टर की कार्रवाई की है। पुलिस का कहना है कि गैंग में शामिल कमल वीर सिंह, पंकज हुड्डा, सतेन्द्र समेत चार आरोपी जमानत पर जेल से बाहर है।

कोर्ट में आज सुनवाई-
शहर में चर्चित अनुज चौधरी हत्याकांड की आज जिला जज अदालत में सुनवाई होगी। केस दस आरोपी जेल में बंद है।

कोर्ट में हत्याकांड में विवेचक के बयान हो रहे हैं। केस में सुनील, सूर्यकांत व आकाश को शूटर माना। पिछली बार तमंचा बरामद करने वाले विवेचक के कोर्ट में बयान हुए। अधिवक्ता अभिषेक शर्मा का कहना है कि विवेचक से जिरह नहीं हो पाई थी।

टीएमयू के राँक आँन में युवाओं में छाएं बादशाह-आकासा

टीएमयू में रविवार शाम बनीं बेमिसाल, दीक्षांत समारोह के दूसरे दिन परिसर में हुआ रंगारंग कार्यक्रम
रंग बिरंगी रोशनी, लेजर प्रभाव, धुनों के बीच रैपर बादशाह की प्रस्तुतियों पर तमाम लोग थिरके

मुरादाबाद।(उप्र समाचार सेवा)।
रविवार की शाम तीर्थांकर महावीर यूनिवर्सिटी(TMU) के परिसर में रैपर बादशाह की एंट्री के साथ ही यादगार बन गई। घंटों चलें राँक आँन में बादशाह व आकासा सिंह की प्रस्तुतियों पर तमाम लोग झूमे।तालियों की गूंज,सीटियां और लोगों के जोश ने पूरे माहौल को अपने रंग में रंग दिया।
दीक्षांत समारोह के अगले दिन रैपर बादशाह और आकासा के गाए गीतों पर पूरा परिसर देर तक झूमता रहा। बादशाह की प्रस्तुतियों से समां बांधा और दर्शक मंत्रमुग्ध होकर संगीत में बंध गए।

-मोबाइल की फ्लैश लाइट पंडाल जगमगाया, हर धुन पर बढ़ाया उत्साह
*अपने* ऊर्जावान गानों के लिए खास पहचान बनाने वाली लोक प्रिय भारतीय गायिका आकासा सिंह ने अपने गीतों से समां बांधा। उनके चर्चित गीत ” ना गिन गिन, हुस्न तेरा तौबा तौबा-तौबा, माई नेम इज शीला, ऐ दिल है मुश्किल” गीतों की धुनों पर पूरा परिसर झूठ उठा। गीत कू साथ हर धुन की हर पंक्ति में छात्र छात्राओं ने पूरा उत्साह दिखाया। पूरा समय कार्यक्रम अपने रोमांच पर रहा।
छात्र-छात्राओं की बड़ी संख्या मंच के सामने खड़ी होकर धुनों पर थिरकती रही। एक समय ऐसा भी आया जब हजारों मोबाइल फ्लैशलाइट एक साथ चमक उठीं और पूरा पंडाल रोशनी की लहरों में डूब गया। आकासा स्टेज से ही छात्रों के जोश की तारीफ किए बिना रह सकीं। विश्वविद्यालय के कुलाधिपति सुरेश जैन सहित पूरे टीएमयू परिवार का आभार जताया।
कार्यक्रम में जैसे ही बादशाह मंच पर पहुंचे, पूरा परिसर तालियों गूंज उठा। देर से आने के लिए माफी मांगते हुए बादशाह ने जरा भी समय नहीं गंवाया। और पुराने गीत “जो वादा किया वो निभाना पड़ेगा से किया। इसके साथ ही संगीत का सिलसिला जारी हो गया। छात्रों
में ऐसा जोश व जुनून कि हर बीट पर हजारों कदम एक साथ थिरके।

*सुपरहिट रैप से हाइप पर पहुंचा लाइव कॉन्सर्ट*
बादशाह ने अपने सुपरहिट अंदाज और शानदार मंचीय उपस्थिति से शुरुआत करते हुए माहौल को तुरंत ऊर्जावान बना दिया। “कर गई चुल”, “गेंदा फूल”, “डीजे वाले बाबू”, “पागल”, “सनक” और “अभी तो पार्टी शुरू हुई है” जैसे गीतों की धुन शुरू होते ही छात्र अपनी जगहों से उठ खड़े हुए। मंच के सामने मौजूद भीड़ ने लगभग हर गीत की पंक्तियां उनके साथ गाईं और पूरा पंडाल एक साथ झूमता दिखाई दिया। विशेष रूप से “अभी तो पार्टी शुरू हुई है” बजते ही कार्यक्रम स्थल का उत्साह कई गुना बढ़ गया। युवाओं का जोश भर धुन के साथ बढ़ा। हाथ हवा में उठाकर छात्र गीतों के साथ सुर मिलाते रहे। मोबाइल की फ्लैश लाइट की चमक, मंच के सामने झूमती भीड़ और लगातार उठती हूटिंग ने ऐसा दृश्य बनाया कि हर ओर युवा ऊर्जा दिखाई दे रही थी। देर रात तक परिसर में यही उत्साह बना रहा। बादशाह ने भी टीएमयू परिवार की जमकर तारीफ की। विवि के कुलाधिपति सुरेश जैन का आभार जताया।

कलाकारों के करीब आने व तस्वीरें लेने को उत्सुकता

कार्यक्रम में दोनों कलाकारों को करीब से देखने की चाह हरेक में रहीं। मंच के सामने डटे छात्र- छात्राएं लगातार आगे बढ़कर हाथ मिलाने को बेताब दिखे। कार्यक्रम को कैमरे में कैद करने के लिए मोबाइल लगातार चलते रहे। कार्यक्रम की तस्वीरें व वीडियो बनाने का सिलसिला चलता रहा। किसी ने दोस्तों के साथ यादगार पल कैद किए तो कोई ने कलाकारों को फोकस कर तस्वीरें लेता दिखा। छात्र हर पल को अपने फोन में सहेजते नजर आए।

रंगारंग कार्यक्रम में पूरे समय रहा कुलाधिपति और परिवार
–देर रात तक चले कार्यक्रम में यूनिवर्सिटी चांसलर सुरेश जैन, यूनिवर्सिटी की फर्स्ट लेडी वीना जैन, वाइस चेयरमैन मनीष जैन व परिवार के सदस्य अमित जैन जी, कार्यकारी निदेशक अक्षत जैन, यूनिवर्सिटी की वीसी प्रो. वीके जैन, ऋचा जैन, जाह्नवी जैन, नंदनी जैन सहित यूनिवर्सिटी के अधिकारी और कर्मचारी रहे।

बोले छात्र —

बादशाह और आकासा मेरे फैवरेट सिंगर हैं, इसलिए रॉक ऑन को लेकर सुबह से ही बहुत ज्यादा एक्साइटमेंट बनी हुई है और माहौल भी शानदार लग रहा है। — पारुल, टीएमयू छात्रा

Parul TMU

इस दिन का हर टीएमयू छात्र पूरे साल इंतजार करता है, क्योंकि इस दिन हर कोई दिल खोलकर मस्ती करता है और दोस्तों के साथ खूब एंजॉय करता है। — हिमांशी समरवाल, टीएमयू छात्रा

Himansi TMU

सुबह से ही हम लोग अपनी तैयारी में लगे थे। बड़ी सेलिब्रिटी को सामने से सुनने और देखने का मजा ही अलग होता है और यादगार बन जाता है। — अरहम, टीएमयू छात्र

Arham TMU

आज सभी छात्र अच्छे से तैयार होकर इस कार्यक्रम में शामिल होने आए हैं। ऐसे प्रोग्राम्स के लिए टीएमयू का दिल से धन्यवाद, क्योंकि माहौल बहुत अच्छा रहता है। —शिवम जैन, टीएमयू छात्र

Shivam JAin TMU

जितनी उम्मीद थी, उससे कहीं ज्यादा मज़ा आज के रॉक ऑन में आया। यहां का हर रॉक ऑन हमेशा बेहद शानदार रहता है और सभी को पसंद आता है। — प्रथम शुक्ला, टीएमयू छात्र

Pratam Shukla TMU

काफी समय से सेलिब्रिटी का इंतजार था, लेकिन प्रोग्राम शुरू होते ही पूरा माहौल और भी ज्यादा जोश से भर गया और सभी बहुत उत्साहित दिखे।— मतांसा, टीएमयू छात्रा

Matansa TMU

आज रॉक ऑन के लिए सुबह से ही एक्साइटमेंट थी, क्योंकि इस बार सेलिब्रिटी को लेकर काफी सस्पेंस बना हुआ था और उत्सुकता लगातार बनी रही। — शिवानी, टीएमयू छात्रा

Shivani TMU

रॉक ऑन टीएमयू के छात्रों का सबसे ज्यादा पसंदीदा कार्यक्रम है। इस दिन सब जमकर मस्ती करते हैं और खूब आनंद लेते हैं, इसलिए इंतजार भी रहता है। — यश, टीएमयू छात्र।

Yas TMU

March 15, 2026

अच्छी शिक्षा से ही देश का विकास सम्भवः बाबा रामदेव

योग गुरु ने जिले में भारतीय शिक्षा बोर्ड कें पहले विद्यालय का किया लोकार्पण
मैनपुरी, 15 मार्च 2026 (उप्र समाचार सेवा) , भोगांव में स्वामी रामदेव ने कहा अच्छी शिक्षा और संस्कृति आज भी समाज को प्रेरित कर रही है। ऐसी परंपरा केवल शिक्षा का माध्यम नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, वेद, उपनिषद, योग आध्यात्मिक ज्ञान की धरोहर है। संतों ने वेदों और शास्त्रों के ज्ञान को आम जन तक पहुंचाने का कार्य किया है।
स्वामी रामदेव रविवार को नगर के रसूलाबाद मे स्थित सेन्ट एसआरआरडी सीनियर सैकेण्ड्री स्कूल के प्रशासनिक भवन का लोकार्पण के बाद उपस्थित लोगो को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होने कहा कि भारत मे शिक्षा के बिना विकास असम्भव है भारतीय शिक्षा बोर्ड की एक ऐसा बोर्ड है जिसके माध्यम से बालक बालिकाओ को भारतीय संस्कृति, सस्कारवान बनाकर देश के विकास मे अहम भूमिका निभा सकते है तथा देश को विश्व गुरू मनाया जा सकता है। उन्होने कहा कि सनातन न कभी मिटा है, न कभी मिटेगा। सनातन हर उस स्थान पर जीवित रहता है, जहां त्याग, तपस्या और बलिदान की भावना होती है। सनातन धर्म शाश्वत है और सदैव बना रहेगा। सनातन धर्म सत्य, अहिंसा और करुणा जैसे उच्च मूल्यों पर आधारित है। उन्होने कहा कि छात्रो को आज अपने पूर्वजो के इतिहास को बढने की जरूरत है तभी बच्चे जान पायेगे कि हमारी सस्कृति बीर गाथाओ से भरी पडी है। उन्होने भारतीय शिक्षा बोर्ड के सम्बन्ध मे बिस्तृत जानकारी देते हुये कहा कि विज्ञान पढाने के साथ साथ हिन्दी, संस्कृत आदि विषय पढाये जायेगे लेकिन उन विषयो मे संस्कार सिखानंे एंव देशभक्ति, समाजसेवा का विशेष महत्व दिया गया है। उन्होने कहा कि उनका लक्ष्य पूरे देश मे लगभग पांच लाख स्कूल खोलने का है जो कि भारतीय शिक्षा बोर्ड से संचालित होगे। उन्होने मुलायम सिंह यादव को याद करते हुये कहा कि बह हिन्दी के प्रेमी थे और बह भी हिन्दी के प्रेमी है हिन्दी की अलख जलाने के लिये हर सम्भव प्रयास किये जायेगे। उन्होने कहा कि आखिरी सांस तक भारत माता के लिये समर्पित रहेगे। भारतीय शिक्षा बोर्ड के चेयरमैन सेवानिबृत्त एनपी सिंह ने कहा कि भारतीय शिक्षा बोर्ड का लक्ष्य है कि लोगो मे शैक्षिक व्यवस्था मे क्रान्तिकारी परिवर्तन लाना है जब तक लोग शिक्षा को व्यवसाय समझेगे तब तक देश का भला नही हो सकता है। उन्होने कहा कि बच्चो को अच्छी शिक्षा दिलाना हर मां बाप का लक्ष्य होना चाहिये। कार्यक्रम मे जिलाधिकारी एंव पुलिस अधीक्षक ने भी अपने विचार व्यक्त किये। पूर्व मे स्वामी रामदेव एंव बीएसबी के चेयरमैन डा0 एनपी सिंह ने प्रशासनिक भवन का लोकार्पण किया तथा महिलाओ एंव कार्यक्रम संयोजक संजय यादव ने तिलक लगाकर एंव आरती उतारकर स्वागत किया। इस मौके पर एमएलसी अरविन्द यादव, पूर्व एमएलसी अवधेश यादव, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष सुमन यादव, विधायक रामनरेश अग्निहोत्री, चेयरमैन नेहा तिवारी, चेयरमैन प्रतिनिधि आशीष तिवारी,सच्चिदानन्द तिवारी, कामता सिंह यादव,  धनवेश यादव, डा0 विजय यादव, केसी यादव आदि मौजूद थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्वामी सुमेदानन्द ने की। कार्यक्रम संयोजक संजय यादव ने सभी अतिथियो का शाल उडाकर एंव प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया तथा आगुन्तको का आभार व्यक्त किया।

मधुमक्खियों के झुंड के हमले से 10 लोग घायल

 

हाथरस। जनपद के चिंतापुर गांव के पास अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने राहगीरों पर हमला कर दिया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इस घटना में करीब 10 लोग घायल हो गए।बताया गया है कि सड़क से गुजर रहे लोग अचानक मधुमक्खियों के हमले का शिकार हो गए। खुद को बचाने के लिए लोगों ने इधर-उधर भागना शुरू कर दिया। स्थानीय ग्रामीणों ने किसी तरह घायलों को मधुमक्खियों से बचाकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।इसके बाद घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उनका इलाज किया। चिकित्सकों के अनुसार मधुमक्खियों के डंक के कारण घायलों को सूजन और दर्द की शिकायत थी, हालांकि सभी की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

« Newer PostsOlder Posts »