UP-Samachar : : UP News | UP Web News | Page 9

Web News

www.upwebnews.com

पर्यटन मंत्री ने किया 697.17 लाख रुपए की विभिन्न पर्यटन विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास

March 15, 2026

पर्यटन मंत्री ने किया 697.17 लाख रुपए की विभिन्न पर्यटन विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास

फिरोजाबाद। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने रविवार को ऐतिहासिक गोपाल आश्रम प्रांगण में आयोजित भव्य कार्यक्रम में जनपद के सांस्कृतिक स्थलों के कायाकल्प के लिए 697.17 लाख रुपए की विभिन्न पर्यटन विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।
इन परियोजनाओं में गोपाल आश्रम का पर्यटन विकास एवं सौंदर्यीकरण, श्री चिंतामणि मंदिर का पर्यटन विकास एवं सौंदर्यीकरण जबकि छिदामी लाल जैन मंदिर एवं पसीने वाले हनुमान जी मंदिर का पर्यटन विकास एवं शिलान्यास किया। इस मौके पर पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि फिरोजाबाद केवल सुहाग नगरी ही नहीं बल्कि आस्था और अध्यात्म की एक अनमोल धरोहर हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में हमारा लक्ष्य है कि फिरोजाबाद के प्रत्येक पौराणिक और ऐतिहासिक स्थल को पर्यटन के मानचित्र पर स्थान मिले। आज गोपाल आश्रम व चिंतामणि मंदिर का जो सौंदर्यीकरण पूर्ण हुआ है, आने वाले श्रद्धालुओं को न केवल मानसिक शांति प्रदान करेगा, बल्कि पर्यटकों की संख्या में वृद्धि कर स्थानीय व्यापार को नई गति देगा।उन्होंने आगामी योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि छदामी लाल जैन मंदिर और पसीने वाले हनुमान जी का शिलान्यास इसी श्रृंखला का हिस्सा हैं, हम यहां ऐसी विश्व स्तरीय सुविधाएं विकसित कर रहे हैं कि बाहर से आने वाले पर्यटक यहां रुकने और यहां की संस्कृति को समझने के लिए प्रेरित हो। जनपद में लगाये जा रहे साइनेज से पर्यटकों को ऐतिहासिक स्थलों तक पहुंचने में कोई असुविधा नहीं होगी।
सदर विधायक मनीष असीजा ने पर्यटन और सांस्कृतिक दृष्टि से कार्यों की सराहना की।
विधायक प्रेमपाल धनगर ने कहा कि इस परियोजनाओं से फिरोजाबाद की नगर निगम सीमा और ग्रामीण क्षेत्रों में पर्यटन की नई राह खुलेगी।
इस अवसर पर महापौर कामिनी राठौर, अनिल मित्तल, त्रिभुवन नाथ मित्तल, नानक चंद अग्रवाल, सुनील टंडन एवं पुष्पेंद्र पाल आदि लोग उपस्थित रहे।

होली के रंगों के साथ महिला सशक्तिकरण का संदेश, 15 महिलाएं सम्मानित

फूलों की होली के साथ सामाजिक एकता और महिला सशक्तिकरण का उत्सव

“एक भारत, श्रेष्ठ भारत” की भावना के साथ मनाया गया होली मिलन समारोह एवं महिला सम्मान 2026

लखनऊ, 14 मार्च 2026 । हेल्प यू एजुकेशनल एंड चैरिटेबल ट्रस्ट के तत्वावधान में लखनऊ मैनेजमेंट एसोसिएशन तथा सेक्टर-25 इंदिरा नगर रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के सहयोग से रामायण पार्क, सेक्टर-25, इंदिरा नगर, लखनऊ में “होली मिलन समारोह एवं महिला सम्मान 2026” का भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम परम पूज्य बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री जी के आशीर्वाद से “एक भारत, श्रेष्ठ भारत, सर्वप्रथम भारत” की भावना को समर्पित रहा।

कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री आदरणीय डॉ. दिनेश शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे तथा विशिष्ट अतिथि के रूप मे सदस्य विधान परिषद, माननीय श्री पवन सिंह चौहान एवं पार्षद, बाबू जगजीवन राम वार्ड, नगर निगम लखनऊ माननीय श्री भृगुनाथ शुक्ला की गरिमामई उपस्थिति रही | हेल्प यू एजुकेशनल एंड चैरिटेबल ट्रस्ट के प्रबंध न्यासी डॉ हर्ष वर्धन अग्रवाल एवं न्यासी डॉ रूपल अग्रवाल ने गणमान्य अतिथियों को प्रतीक चिन्ह (परम पूज्य बाबा वागेश्वर धाम सरकार का चित्र) प्रदान कर सम्मानित किया कार्यक्रम मे हेल्प यू एजुकेशनल एंड चैरिटेबल ट्रस्ट, लखनऊ मैनेजमेंट एसोसिएशन और सेक्टर-25 इंदिरा नगर रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के पदाधिकारीगण, सदस्यगणों एवं निवासियों ने एक दूसरे को होली एवं अंतराष्ट्रीय महिला दिवस 2026 की बधाई दी तथा संगीत और नृत्य के साथ होली के पारंपरिक लजीज व्यंजनो का आनंद लिया |

समारोह का मुख्य आकर्षण “महिला सम्मान 2026” रहा, जिसके अंतर्गत समाज, शिक्षा, चिकित्सा, प्रशासन, पत्रकारिता एवं महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 15 महिलाओं को मुख्य अतिथि आदरणीय डॉ दिनेश शर्मा के करकमलों द्वारास्मृति-चिन्ह एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर Women Achiever’s Award 2026 से सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में श्रीमती सरिता शर्मा, डॉ. तारु सक्सेना, प्रो. मंजुला उपाध्याय, श्रीमती निशा गुप्ता, प्रो. (डॉ.) अपर्णा मिश्रा, प्रो. (डॉ.) मंजू अग्रवाल, श्रीमती आकांक्षा अस्थाना, श्रीमती अनामिका यादव, श्रीमती इंदु भदौरिया, श्रीमती रचना गोविल, श्रीमती स्निग्धा रितेश, डॉ. शुभा शुक्ला, डॉ. अंजली गुप्ता, मेजर अंजना श्रीवास्तव तथा प्रो. (डॉ.) वीना सिंह प्रमुख रूप से शामिल रहीं।

कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगान एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। सम्मानित होने वाली सभी महिलाओ को बधाई देते हुए मुख्य अतिथि आदरणीय डॉ दिनेश शर्मा ने कहा किभारत की संस्कृति केवल परंपराओं का संग्रह नहीं, बल्कि हमारे जीवन का मार्गदर्शन करने वाली एक महान धरोहर है । यह हमें परिवार, रिश्तों और मानवीय मूल्यों का महत्व सिखाती है । जिस घर में माता-पिता और बुजुर्गों का साया होता है, वह घर वास्तव में सौभाग्यशाली होता है, क्योंकि बुजुर्ग हमारे संस्कार, अनुभव और आशीर्वाद का सबसे बड़ा स्रोत होते हैं । भारतीय संस्कृति में विवाह केवल एक समझौता नहीं, बल्कि एक पवित्र और अटूट बंधन माना जाता है । जब भारतीय नारी सात फेरे लेती है, तो वह हर फेरे में भगवान से अगले सात जन्मों तक उसी जीवनसाथी का साथ मांगती है । यही हमारी परंपरा की विशेषता है । नारी शक्ति हमारे समाज की सबसे बड़ी ताकत है। जब नारी सशक्त होती है, तभी परिवार, समाज और राष्ट्र मजबूत बनता है । हमारे त्योहार भी हमें प्रेम, सौहार्द और भाईचारे का संदेश देते हैं । होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि दिलों को जोड़ने का पर्व है । हेल्प यू एजुकेशनल एंड चैरिटेबल ट्रस्ट के प्रबंध न्यासी डॉ हर्ष वर्धन अग्रवाल , न्यासी डॉ रूपल  अग्रवाल को मेरा बहुत आशीर्वाद और शुभकामनाए | आप  सेवा और सहयोग की भारतीय परंपरा को आगे बढ़ाते हुए समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने हेतु जो कार्य कर रहे है वह निश्चित ही प्र्शंशनीय है । आइए, हम सभी संकल्प लें कि अपनी संस्कृति, अपने संस्कार और अपने पारिवारिक मूल्यों को सहेजकर रखेंगे, क्योंकि यही हमारी असली पहचान और सबसे बड़ी ताकत  है।“

विशिष्ट अतिथि माननीय श्री पवन सिंह चौहान ने सभी को होली की बधाई देते हुए कहा कि होली का पर्व आपसी प्रेम, सौहार्द और सामाजिक एकता का प्रतीक है। समाज में सकारात्मक परिवर्तन और समावेशी विकास के लिए महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। यह आयोजन उन महिलाओं के सम्मान का मंच है जिन्होंने अपने कार्यों से समाज को प्रेरित किया है तथा समाज में सेवा, समर्पण और सशक्तिकरण की मिसाल प्रस्तुत की है। सभी सम्मानित महिलाओ को हार्दिक शुभकामनाए |हेल्प यू एजुकेशनल एंड चैरिटेबल ट्रस्ट,लखनऊ मैनेजमेंट एसोसिएशन तथा सेक्टर-25 इंदिरा नगर रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के पदाधिकारियों को कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु बहुत बहुत साधुवाद एवं बधाई |

कार्यक्रम मे सेक्टर-25 इंदिरा नगर रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ एस के श्रीवास्तव तथा सभी सम्मानित महिलाओ ने अपने अपने विचार व्यक्त किए |

सांस्कृतिक कार्यक्रम के अंतर्गत गणेश वंदना, भगवान नृसिंह होलिका दहन का मंचन,  तथा एमिटी विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा महिला सशक्तिकरण पर आधारित नाट्य प्रस्तुति, काव्य-पाठ एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित सभी को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम मे संचालिका सुश्री मनीषा पांडे द्वारा विभिन्न मनोरंजक खेल भी आयोजित किए गए जिसमे विजेता प्रतिभागियो को पुरस्कृत किया गया |अंत में सभी अतिथियों एवं क्षेत्रवासियों ने फूलों की होली खेलकर प्रेम, सौहार्द और सामाजिक एकता का संदेश दिया।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. अलका निवेदन एवं सुश्री मनीषा पांडे ने किया। कार्यक्रम के अंत मे डॉ रूपल अग्रवाल ने सभी का आभार व्यक्त किया | कार्यक्रम मे हेल्प यू एजुकेशनल एंड चैरिटेबल ट्रस्ट की आंतरिक सलाहकार समिति के सदस्यों डॉ शैली महाजन, डॉ प्राची श्रीवास्तव, सीए प्रियंका गर्ग, डॉ नीता सक्सेना, श्रीमती पल्लवी आशीष, डॉ राधा बिष्ट, श्री पंकज अवस्थी, एडवोकेट श्री कुलदीप पांडे, श्री विनय सिंह मानेक, सेक्टर-25 इंदिरा नगर रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन की उपाध्यक्ष श्रीमती सुनीता जिंदल, श्रीमती सरिता शर्मा, कोषाध्यक्ष श्री जगदीश प्रसाद गुप्ता तथा लखनऊ मैनेजमेंट एसोसिएशन YMF के समन्वयक सीए देवेश अग्रवाल सहित अन्य प्रतिष्ठित लोगो की गरिमामई उपस्थिति रही |

गोरखपुर में उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न,

Santosh Kumar Singh
Gorakhpur
15/03/2026

24 केंद्रों पर दो दिनों में 36 हजार अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा*

*हर दिन दो पालियों में 18 हजार और प्रत्येक पाली में 9 हजार परीक्षार्थी हुए शामिल, वरिष्ठ अधिकारी रहे लगातार भ्रमणशील*

गोरखपुर। उत्तर प्रदेश पुलिस उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा 14 और 15 मार्च को गोरखपुर जनपद के 24 परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक निगरानी के बीच सकुशल संपन्न हो गई। दो दिनों तक चली इस परीक्षा में कुल 36 हजार अभ्यर्थियों ने भाग लिया। प्रत्येक दिन दो पालियों में परीक्षा आयोजित की गई, जिसमें हर दिन लगभग 18 हजार अभ्यर्थी शामिल हुए, जबकि प्रत्येक पाली में करीब 9 हजार परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने के बाद प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने राहत की सांस ली।
परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलविहीन बनाने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने व्यापक तैयारियां की थीं। सभी 24 परीक्षा केंद्रों पर कड़ी निगरानी रखी गई और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। हर परीक्षा केंद्र पर स्टैटिक मजिस्ट्रेट और सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई थी, जो परीक्षा के दौरान पूरे समय केंद्रों की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए थे।
परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को रोकने के लिए प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी लगातार भ्रमणशील रहे। एडीजी जोन गोरखपुर मुथा अशोक जैन ,डीआईजी रेंज एस. चनप्पा, मंडलायुक्त अनिल कुमार, जिलाधिकारी दीपक मीणा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ कोस्तुभ स्वयं विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करते रहे और व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे। अधिकारियों ने केंद्रों पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों की जांच प्रक्रिया, सीसीटीवी निगरानी और प्रवेश व्यवस्था का निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए।
परीक्षा के नोडल अधिकारी एडीएम सिटी अंजनी कुमार सिंह ने बताया कि परीक्षा को पूरी तरह पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन द्वारा पहले से ही विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई थी। सभी केंद्रों पर मजिस्ट्रेटों की तैनाती के साथ-साथ पुलिस बल को भी सतर्क रखा गया था, जिससे परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो।
परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों के प्रवेश से पहले सघन जांच व्यवस्था की गई थी। अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र और पहचान पत्रों की बारीकी से जांच की गई। इसके अलावा मेटल डिटेक्टर और मैन्युअल चेकिंग के माध्यम से भी तलाशी ली गई। परीक्षा केंद्रों के अंदर मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया गया था।
पुलिस प्रशासन की ओर से परीक्षा केंद्रों के आसपास भी कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। प्रत्येक केंद्र पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। संवेदनशील केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया था और स्थानीय थानों की पुलिस लगातार गश्त करती रही। इसके अलावा संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए खुफिया तंत्र को भी सक्रिय रखा गया था।
अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए परीक्षा केंद्रों के आसपास यातायात व्यवस्था को भी सुचारु रखा गया। ट्रैफिक पुलिस की तैनाती कर यातायात को नियंत्रित किया गया, जिससे बाहर से आने वाले परीक्षार्थियों को अपने केंद्रों तक पहुंचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
दोनों दिनों में आयोजित परीक्षा के दौरान कहीं से भी किसी प्रकार की गड़बड़ी या अव्यवस्था की सूचना नहीं मिली। परीक्षा केंद्रों पर व्यवस्थाएं संतोषजनक रहीं और अभ्यर्थियों ने शांतिपूर्वक परीक्षा दी।
जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सभी विभागों के बेहतर समन्वय, सतर्कता और कड़ी निगरानी के चलते इतनी बड़ी परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराई जा सकी। परीक्षा समाप्त होने के बाद अधिकारियों ने व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के सहयोग की सराहना भी की।
प्रशासन का कहना है कि आगे भी इसी प्रकार की पारदर्शी व्यवस्था और कड़ी निगरानी के साथ सभी प्रतियोगी परीक्षाओं को संपन्न कराया जाएगा, ताकि परीक्षाओं की निष्पक्षता और विश्वसनीयता बनी रहे।

एटा में तेज हवा और बारिश से फसलों को भारी नुकसान, किसान चिंतित

एटा 15 मार्च उप्रससे। जनपद में कस्बा सहित अलीगंज क्षेत्र में हुई तेज बारिश और हवाओं के कारण किसानों की फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। गेहूं की फसल गिरकर बिछ गई है, जबकि सरसों और तंबाकू की फसल पर भी इसका भारी असर पड़ा है। अचानक बदले मौसम से किसान काफी चिंतित दिखाई दे रहे हैं। क्षेत्र के किसानों के अनुसार तेज हवाओं के कारण गेहूं की फसल खेतों में गिर गई है। इस समय गेहूं की फसल पकने की स्थिति में है, ऐसे में फसल के बिछ जाने से दाना पतला होने की आशंका बढ़ गई है, जिससे पैदावार में भारी कमी आ सकती है। किसानों का कहना है कि यदि मौसम इसी तरह बना रहा तो गेहूं की उपज आधी रह सकती है। वहीं सरसों की फसल भी पूरी तरह पक चुकी थी। कुछ किसानों ने सरसों की कटाई कर ली थी, जबकि कई खेतों में अभी कटाई बाकी थी। बारिश के कारण खेतों में कटी पड़ी सरसों भीग गई है, जिससे दाने खराब होने का खतरा बढ़ गया है। वहीं जिन खेतों में अभी सरसों की कटाई नहीं हुई थी, वहां भी फसल गिरने से नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। सबसे अधिक नुकसान तंबाकू की फसल में बताया जा रहा है। किसानों का कहना है कि जो तंबाकू की पत्तियां पहले ही काट ली गई थीं, वे बारिश के कारण भीग गई हैं और उनका रंग बदल सकता है। इससे बाजार में उनकी कीमत आधी तक रह जाने की संभावना है। वहीं जो तंबाकू की फसल अभी खेतों में खड़ी है, उसमें भी करीब 25 प्रतिशत तक पैदावार घटने का अनुमान लगाया जा रहा है। किसानों का कहना है कि यदि इसी तरह लगातार बारिश और तेज हवाओं का सिलसिला जारी रहा तो खेती पर पूरी तरह निर्भर किसानों के सामने बड़ी आर्थिक समस्या खड़ी हो जाएगी। किसानों ने सरकार से फसलों के नुकसान का सर्वे कराकर मुआवजा दिलाने की मांग भी की है।

साधु के वेश में रह रहे इंजीनियर पति की बीच सड़क धुनाई

पत्नी ने लगाए गंभीर आरोप
मथुरा। जनपद के राया क्षेत्र में उस समय हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला, जब एक महिला ने साधु के वेश में जा रहे एक व्यक्ति को अपना पति बताते हुए बीच सड़क पर उसकी पिटाई कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
महिला का दावा है कि साधु के वेश में रह रहा व्यक्ति उसका पति है, जो करीब 15 वर्ष पहले उसे छोड़कर लापता हो गया था। महिला के अनुसार उसका पति पहले सॉफ्टवेयर इंजीनियर था। पीड़िता ने आरोप लगाया कि उसका पति साधु बनकर भक्ति का ढोंग कर रहा है और किसी अन्य महिला के साथ रह रहा है। साथ ही उसके पास आलीशान फ्लैट और गाड़ी होने का भी आरोप लगाया गया है।
घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने साधु के वेश में रह रहे व्यक्ति को हिरासत में ले लिया। थाना प्रभारी के अनुसार वायरल वीडियो और महिला द्वारा लगाए गए आरोपों के आधार पर मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
« Newer PostsOlder Posts »