Regional : : UP News | UP Web News | Page 32

Web News

www.upwebnews.com

डंपरों की रफ्तार पर लगेगा ब्रेक, हादसों पर सख्ती

March 20, 2026

डंपरों की रफ्तार पर लगेगा ब्रेक, हादसों पर सख्ती

Santosh Kumar Singh Gorakhpur
20/03/2026

**मंडलायुक्त, डीआईजी, एसएसपी व डीएम का कड़ा निर्देश—नियम तोड़ने पर कार्यदाई संस्थाएं होंगी जिम्मेदार*

 

गोरखपुर। जनपद में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों में मिट्टी ढोने वाले डंपरों से लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं को लेकर प्रशासन अब पूरी तरह सख्त नजर आ रहा है। बीते कुछ दिनों में डंपरों की चपेट में आकर कई लोगों की जान जाने की घटनाओं ने शासन-प्रशासन को गंभीर चिंता में डाल दिया है। इसी क्रम में मंडलायुक्त अनिल ढींगरा की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई, जिसमें डीआईजी रेंज एस. चनप्पा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ और जिलाधिकारी दीपक मीणा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कार्यदाई संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक का मुख्य उद्देश्य डंपरों के संचालन में हो रही अनियमितताओं, ओवरस्पीडिंग और सुरक्षा मानकों की अनदेखी को रोकना तथा आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना था। मंडलायुक्त अनिल ढींगरा ने बैठक में बेहद कड़े शब्दों में कहा कि विकास कार्यों के नाम पर किसी भी प्रकार की लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यदाई संस्थाओं को अपने अधीन संचालित सभी वाहनों पर सख्त निगरानी रखनी होगी और यह सुनिश्चित करना होगा कि सभी नियमों का पालन किया जाए।
मंडलायुक्त ने कहा कि यह लगातार देखने में आ रहा है कि मिट्टी ढोने वाले डंपर तेज रफ्तार में सड़कों पर दौड़ रहे हैं, जिससे आम नागरिकों की जान जोखिम में पड़ रही है। कई मामलों में यह भी पाया गया है कि वाहन चलाने वाले चालक प्रशिक्षित नहीं होते या उनके पास वैध हैवी ड्राइविंग लाइसेंस नहीं होता। इस तरह की लापरवाही सीधे-सीधे हादसों को न्योता देती है।
डीआईजी रेंज एस. चनप्पा ने कहा कि यातायात नियमों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि डंपरों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर ओवरस्पीडिंग, गलत रूट पर संचालन और नियमों की अनदेखी करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने बैठक में कहा कि पिछले पांच दिनों में डंपरों की चपेट में आकर लोगों का मौत होना अत्यंत गंभीर और चिंताजनक विषय है। उन्होंने कहा कि सभी कार्यदाई संस्थाएं अपने वाहनों की नियमित जांच कराएं और यह सुनिश्चित करें कि वाहन तकनीकी रूप से फिट हों।
वहीं जिलाधिकारी दीपक मीणा ने ड्राइवरों की योग्यता और जिम्मेदारी पर विशेष जोर देते हुए कहा कि केवल 18 वर्ष से अधिक आयु के और वैध हैवी लाइसेंस धारक ही डंपर चलाएं। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि कई मामलों में यह देखा गया है कि डंपर चालक बगल में बैठा रहता है और खलासी वाहन चला रहा होता है, जो न केवल अवैध है बल्कि अत्यंत खतरनाक भी है। ऐसी प्रवृत्ति पर तत्काल रोक लगाने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि सभी डंपर निर्धारित रूट पर ही संचालित होंगे। यदि कोई वाहन निर्धारित मार्ग से हटकर अन्य रास्तों पर चलता पाया जाता है तो उसके खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाएगी। इससे न केवल ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित होती है बल्कि दुर्घटनाओं की संभावना भी बढ़ जाती है।
बैठक में यह महत्वपूर्ण तथ्य भी सामने आया कि अधिकांश डंपर चालकों को “चक्कर” (ट्रिप) के आधार पर भुगतान किया जाता है, जिसके कारण वे अधिक कमाई के लालच में तेज गति से वाहन चलाते हैं और अधिक से अधिक चक्कर लगाने का प्रयास करते हैं। यही प्रवृत्ति सड़क हादसों का एक प्रमुख कारण बन रही है। इस पर मंडलायुक्त ने कार्यदाई संस्थाओं को अपनी भुगतान प्रणाली की समीक्षा करने और सुरक्षित ड्राइविंग को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
मंडलायुक्त अनिल ढींगरा ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि यदि भविष्य में किसी भी डंपर से दुर्घटना होती है और उसमें किसी व्यक्ति की मृत्यु होती है, तो उसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित कार्यदाई संस्था की होगी। ऐसे मामलों में न केवल एफआईआर दर्ज होगी, बल्कि संस्था के खिलाफ कड़ी प्रशासनिक कार्रवाई भी की जाएगी, जिसमें ब्लैकलिस्टिंग तक शामिल हो सकती है।
बैठक में एडीएम (वित्त) विनीत कुमार सिंह, पीडब्ल्यूडी के नोडल अधिकारी ए.के. सिंह, जिला खनन अधिकारी सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। सभी को निर्देश दिया गया कि वे अपने-अपने स्तर पर निगरानी व्यवस्था को और मजबूत करें तथा समय-समय पर औचक निरीक्षण कर यह सुनिश्चित करें कि सभी निर्देशों का पालन हो रहा है।
अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि आने वाले दिनों में जनपद भर में विशेष चेकिंग अभियान चलाया जाएगा, जिसमें डंपरों की गति, चालक की योग्यता, वाहन की फिटनेस और रूट परमिट की गहन जांच की जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन के इस कड़े रुख से यह स्पष्ट संदेश दिया गया है कि अब सड़क सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा। आम नागरिकों की सुरक्षा सर्वोपरि है और इसके लिए हर आवश्यक कदम उठाया जाएगा।

ग्राहक को लेकर दुकानदारों में मारपीट, घायल

एटा के बाबूगंज मार्केट में ग्राहकों को लेकर दुकानदारों में जमकर हुई मारपीट, 5 पर केस दर्ज

एटा 20 मार्च उप्रससे। शहर के बाबूगंज मार्केट में ग्राहकों को लेकर दो दुकानदारों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट हो गई। इस दौरान लाठी-डंडे भी चले, जिसमें एक पक्ष के दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

बाबूगंज स्थित कपड़े की दुकानों के मालिकों के बीच ग्राहकों को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी बात पर एक बार फिर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते रुद्र रूप में बदल गयी। जिसमें समीर (20) पुत्र हबीब और शादाब (35) पुत्र असद गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका मेडिकल परीक्षण कराया गया।

घायल फैजल ने आरोप लगाया कि पड़ोसी दुकानदार अक्सर उनके ग्राहकों के साथ जबरदस्ती करते हैं और गाली-गलौज करते हैं। उन्होंने बताया कि उनकी दुकान पर आने वाले ग्राहकों को जबरन खींचा जाता है और विरोध करने पर मारपीट की जाती है। फैजल के अनुसार, उनके कर्मचारियों के साथ भी बदसलूकी और मारपीट की गई है।

प्रेमपाल सिंह प्रभारी कोतवाली नगर ने बताया कि दोनों पक्ष दुकानदार हैं और किसी बात को लेकर उनके बीच विवाद हुआ था। पुलिस ने आरोपी पक्ष के खिलाफ शांति भंग के आरोप में कार्रवाई की है। पांच नामजद लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस फिलहाल सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।

एटा में बाइक फिसलने से युवक की मौत

एटा में दोस्त से मिलने जाते समय बाइक अनियंत्रित होकर विद्युत पोल से टकराई, मौत

एटा 20 मार्च उप्रससे। जनपद के मिरहची थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में युवक की मौत हो गई। कल्याणपुर के पास बाइक अनियंत्रित होकर विद्युत पोल से टकरा गई, जिससे युवक आनंद (18) पुत्र अशोक निवासी अमांपुर जनपद कासगंज की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वह अपने एक दोस्त से मिलने मिरहची जा रहा था।

परिजनों ने बताया कि आनंद अमांपुर से कल्याणपुर होते हुए मिरहची की ओर जा रहा था, तभी रास्ते में उसकी बाइक अनियंत्रित हो गई और सीधे विद्युत पोल से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि उसे संभलने का मौका नहीं मिला। घटना की सूचना मिलते ही मिरहची थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर मुख्यालय भेज कर पोस्टमार्टम कराया।

थाना प्रभारी नीतू वर्मा ने बताया कि यह हादसा बाइक के अनियंत्रित होने से हुआ है। मामले की जांच की जा रही है। इस घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

बनारस के यूपी कॉलेज में दिनदहाड़े गोली मारकर छात्र की हत्या

कॉलेज के क्लास में तबातोड़ फायरिंग से सनसनी…

वाराणसी। उत्तर प्रदेश के वाराणसी जनपद में शुक्रवार की दोपहर उदय प्रताप कॉलेज में बी.ए के छात्र सूर्य प्रताप सिंह को क्लास के अंदर घुसकर गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्यारे ने छात्र पर करीब 4 राउंड फायरिंग कर मौके से फरार हो गया। लहुलुहान अवस्था में घायल हुए छात्र को मौके पर पहुंची पुलिस ट्रामा सेंटर के गई, जहां डॉक्टरों ने छात्र को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद आक्रोशित छात्रों ने कॉलेज में प्रदर्शन शुरू कर दिया, तो वही मौके पर कमिश्नरेट पुलिस के अधिकारियों के साथ कई थानों की पुलिस फोर्स तैनात की गई।

जनगणना-2027 : दूसरे दिन प्रशिक्षण सत्र का हुआ आयोजन


( संजीव गुप्त द्वारा )
शाहजहांपुर 19 मार्च। जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में *भारत की जनगणना-2027* से संबंधित जनगणना-2027 के प्रथम चरण मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना से संबंधित चार्ज अधिकारियों का दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत आज द्वितीय दिवस पर प्रशिक्षण का आयोजन कलेक्ट्रेट सभागार में किया गया।
प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनरों द्वारा जनगणना के प्रथम चरण अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना से संबंधित महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की गई। चार्ज अधिकारियों को जनगणना कार्य की प्रक्रिया, दायित्वों तथा तकनीकी प्रावधानों के संबंध में विस्तार से प्रशिक्षित किया गया।
भारत की जनगणना 2027 के लिए समय सीमा, फ्रेम, जनगणना दो चरणों में आयोजित की जाएगी।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि कि जनगणना से जुड़े सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्ता एवं पारदर्शिता के साथ पूर्ण किए जाएं। उन्होंने जनगणना बिंदुओं पर शीघ्र कार्य प्रारंभ करने के निर्देश भी दिए।
एचएलबी काटने का कार्य 25 मार्च तक अनिवार्य रूप से पूर्ण कर लिया जाए। उन्होंने अधिकारियों को समयबद्ध एवं व्यवस्थित ढंग से कार्य संपादित करने के निर्देश दिए, ताकि जनगणना संबंधी तैयारियों में किसी प्रकार की देरी न हो। साथ ही उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्धारित स्थलों का पूर्व में स्थलीय निरीक्षण अवश्य कर लिया लें। निरीक्षण उपरांत वार्ड की सीमाओं एवं सड़कों का भली-भांति चिन्हांकन सुनिश्चित करें तथा सड़क सीमांकन के पश्चात ही इन्यूमरेटरों का निर्धारण किया, जिससे समस्त कार्य सुव्यवस्थित, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित रूप से संपादित हो सके।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि इन्यूमरेटरों के प्रशिक्षण के लिए प्रत्येक बैच में 50 कार्मिकों को प्रशिक्षण दिया जाए तथा प्रत्येक बैच हेतु दो फील्ड ट्रेनरों को नामित किया जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि प्रशिक्षण प्रारंभ होने से पूर्व सभी इन्यूमरेटरों के नियुक्ति पत्र तैयार कर लिए जाएं, तत्पश्चात प्रशिक्षण प्रदान किया जाए। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि इन्यूमरेटरों का समस्त प्रशिक्षण कार्यक्रम दिनांक 1 अप्रैल से 10 अप्रैल तक अनिवार्य रूप से पूर्ण कराया जाए। इसके अतिरिक्त सभी कार्मिकों को शीघ्र ड्यूटी आवंटित करने के भी निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि यह भी सुनिश्चित करे, कि एक इन्यूमरेटर को दो वार्डों में तैनात न किया जाए तथा इस व्यवस्था का विशेष रूप से पालन सुनिश्चित किया जाए।

साथ ही, सेल्फ एन्यूमरेटर व्यवस्था को लागू करने हेतु पृथक एवं विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जा रही है, जिससे अधिक से अधिक नागरिक स्वयं ऑनलाइन माध्यम से प्रपत्र भर सकें।
अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) ने अवगत कराया कि चार्ज अधिकारियों, सुपरवाइजरों एवं इन्यूमरेटरों की यूजर आईडी CMMS Portal पर बनाई जाएगी। ड्यूटी नामांकन से लेकर ड्यूटी आवंटन तक की समस्त प्रक्रिया CMMS Portal के माध्यम से ही संपन्न की जाएगी। इस हेतु एक टेस्ट साइट तैयार की गई है, जिसके माध्यम से चार्ज अधिकारियों को प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। टेस्ट साइट test.census.gov.in है, जिसमें यूजर आईडी एवं पासवर्ड के माध्यम से लॉगिन कर प्रशिक्षण प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि आधिकारिक पोर्टल census.gov.in है, जिस पर वास्तविक कार्य संपादित किए जाएंगे।
अपर जिलाधिकारी (वित्त व राजस्व) द्वारा जनपद के समस्त चार्ज अधिकारियों को जनगणना-2027 को सफलता पूर्वक संपन्न कराए जाने हेतु निर्देशित किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षक अधिकारियों द्वारा जनपद में जनगणना किए जाने से संबंधित समस्त बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व /जिला गणना अधिकारी श्री अरविंद जी की उपस्थित में समस्त चार्ज अधिकारियों को प्रशिक्षण प्रदान किया गया|

« Newer PostsOlder Posts »