Web News

www.upwebnews.com

Varanasi News: पीएम मोदी ने 6350 करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया

April 28, 2026

Varanasi News: पीएम मोदी ने 6350 करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया

Posted on 28.04.2026, Time 09.45 PM Tuesday, Varanasi PM Narendra Modi

वाराणसी, 28 अप्रैल 2026, प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने आज शाम यहां छह हजार तीन सौ 50 करोड रूपए की विकास परियोजनाओं का शुभारंभ और शिलान्‍यास किया। ये परियोजनायें रेल, सड़क, जल स्‍वास्‍थ्‍य, पर्यटन और शहरी बुनियादी ढांचा क्षेत्र की हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने महिला सम्‍मेलन में भी भागीदारी की।

श्री मोदी ने कहा कि देश की महिला शक्ति विकसित भारत का सबसे सशक्‍त स्‍तम्‍भ है और सरकार देश के नीति निर्माण में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रधानमंत्री ने कहा कि लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं के लिए आरक्षण लागू करना प्रमुख लक्ष्‍य है।

श्री मोदी ने दो नयी अमृत भारत एक्‍सप्रेस रेलगाडियों को झंडी दिखाकर रवाना किया और गंगा नदी पर रेल-सड़क पुल के निर्माण सहित वाराणसी -पंडित दीन दयाल उपाध्‍याय जंक्‍शन की तीसरी और चौथी रेललाइन परियोजना की आधारशिला रखी। अमृत भारत रेलगाडियां बनारस को पुणे में हडपसर से और अयोध्‍या को मुम्‍बई में लोकमान्‍य तिलक टर्मिनस से जोड़ेंगी।

इनसे किफायती और आधुनिक यात्रा विकल्‍प उपलब्‍ध होगा तथा उत्‍तर प्रदेश, मध्‍य प्रदेश और महाराष्‍ट्र के बीच संपर्क बढ़ेगा। बनारस-पुणे रेल सेवा से काशी विश्‍वनाथ धाम तक पहुंच आसान होगी जबकि अयोध्‍या-मुम्‍बई सेवा से श्रीराम मंदिर तीर्थ क्षेत्र तक संपर्क बढेगा। इनके साथ ही अमृत भारत एक्‍सप्रेस रेलगाडियों की संख्‍या बढकर 66 हो गई है। तीसरी और चौथी रेल लाइन संबंधी परियोजना से काशी विश्‍वनाथ धाम, राष्‍ट्रीय राजमार्ग-19 तक पहुंच आसान होगी तथा पूर्वी उत्‍तर प्रदेश और बिहार के बीच रेल संपर्क मजबूत होगा।

श्री मोदी कल वाराणसी में श्री काशी विश्‍वनाथ मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना करेंगे। यात्रा के दूसरे चरण में वे कल हरदोई जाएंगे और गंगा एक्‍सप्रेस-वे का उद्घाटन करेंगे। पांच सौ 94 किलोमीटर के इस एक्‍सप्रेस-वे पर 36 हजार करोड रूपए की लागत आई है।

गोरखपुर में दर्दनाक हादसा पतंग उड़ाते समय किशोर के सीने-गर्दन के आर-पार हुआ सरिया

Santoah Kumar Singh Gorakhpur
28/04/2026

गोरखपुर : गोरखपुर के तिवारीपुर थाना क्षेत्र के इलाहीबाग लाला टोली में सोमवार सुबह एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया। 14 साल का किशोर छत पर पतंग उड़ा रहा था, तभी अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह छत पर निकले लोहे के सरिए पर गिर पड़ा।
हादसा इतना गंभीर था कि सरिया किशोर के सीने और गर्दन के आर-पार हो गया। चीख-पुकार सुनकर जब मां मौके पर पहुंचीं तो बेटे की हालत देख बदहवास हो गईं।

2 घंटे तक चला रेस्क्यू

परिवार के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और सरिया काटने वाले को बुलाया गया। करीब 2 घंटे की मशक्कत के बाद सरिए को काटकर किशोर को उसी हालत में जिला अस्पताल पहुंचाया गया।

3 घंटे चला ऑपरेशन

अस्पताल में डॉक्टरों की टीम ने तुरंत ऑपरेशन शुरू किया। करीब 3 घंटे तक चले जटिल ऑपरेशन के बाद किशोर के शरीर से सरिया सफलतापूर्वक निकाला गया। फिलहाल उसकी हालत गंभीर बनी हुई है और डॉक्टरों की निगरानी में इलाज जारी है।

सावधानी जरूरी

इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। छतों पर खुले सरिए और असुरक्षित निर्माण को लेकर लोगों में चिंता बढ़ गई है।
विशेषज्ञों का कहना है कि अधूरी छतों पर निकले सरियों को कवर करना बेहद जरूरी है, ताकि इस तरह के हादसों से बचा जा सके।

शादी समारोह में गाना बदलने के विवाद में डीजे कर्मी पर चाकू से हमला, दो गिरफ्तार

Santoah kumar Singh Gorakhpur
28/04/2026

गोरखपुर। गोरखपुर के शाहपुर थाना क्षेत्र के बिछिया पीएसी कैंप इलाके में शादी समारोह के दौरान डीजे पर गाना बदलने को लेकर हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। इस दौरान डीजे कर्मी पर चाकू से हमला कर दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, मोहल्ला बिछिया पीएसी कैंप निवासी कुशाग्र श्रीवास्तव डीजे का काम करते हैं। शनिवार देर रात भोला कुमार के यहां आयोजित एक शादी समारोह में उनकी डीजे बुकिंग थी। कार्यक्रम के दौरान उनका कर्मचारी रवि गुप्ता डीजे संचालन कर रहा था। इसी बीच मोहल्ले के ही अंकुर शर्मा और विजय कुमार यादव ने गाना बदलने को लेकर उससे विवाद शुरू कर दिया।
बताया जा रहा है कि दोनों युवक गाली-गलौज करते हुए तुरंत गाना बदलने की जिद करने लगे। समझाने के बावजूद विवाद बढ़ता गया और देखते ही देखते दोनों ने चाकू निकालकर रवि गुप्ता पर हमला कर दिया। हमले में उसके सीने में गंभीर चोट आई और वह मौके पर ही गिर पड़ा।
घायल को तत्काल बीआरडी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। बीच-बचाव करने पहुंचे कुशाग्र श्रीवास्तव पर भी आरोपियों ने हमला कर दिया, जिससे उनके हाथ में चोट आई।
घटना के बाद समारोह स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी ने बताया कि डीजे संचालक की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जा रही है।

नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर मंत्री संदीप सिंह की प्रेस वार्ता, विपक्ष पर साधा निशाना

महिलाओं की भागीदारी उनका अधिकार, विरोध करने वालों को चुनाव में मिलेगा जवाब
मथुरा, 26 अप्रैल 2026।  प्रभारी मंत्री एवं राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) बेसिक शिक्षा विभाग  संदीप सिंह ने वृंदावन स्थित गीता शोध संस्थान (यमुना एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के क्षेत्रीय कार्यालय) में नारी शक्ति वंदन अधिनियम-2023 और महिला जन-आक्रोश के संबंध में प्रेस वार्ता की।
उन्होंने कहा कि 16 और 17 अप्रैल 2026 को संसद में महत्वपूर्ण विधेयकों का विरोध कर विपक्षी दलों ने देश की आधी आबादी के साथ विश्वासघात किया है और अपनी महिला-विरोधी मानसिकता को उजागर किया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वक्तव्य का उल्लेख करते हुए कहा कि नीति-निर्माण में महिलाओं की भागीदारी उनका स्वाभाविक अधिकार है, कोई उपकार नहीं।
मंत्री संदीप सिंह ने कहा कि जो दल इस ऐतिहासिक अवसर में बाधा बने हैं, उन्हें आने वाले चुनावों में महिलाओं के आक्रोश का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने केंद्रीय गृहमंत्री श्री अमित शाह के बयान का हवाला देते हुए कहा कि परिसीमन से किसी भी राज्य को नुकसान नहीं होगा, बल्कि संतुलित प्रतिनिधित्व सुनिश्चित होगा।
उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दल कोटा के भीतर धर्म आधारित आरक्षण की मांग उठाकर प्रक्रिया को टालने की कोशिश कर रहे हैं, जो तुष्टिकरण की राजनीति का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार महिला सशक्तिकरण और लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
प्रेस वार्ता में राज्यसभा सांसद तेजवीर सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष किशन चौधरी, विधायक गोवर्धन मेघश्याम सिंह, एमएलसी ठाकुर ओम प्रकाश सिंह और महानगर अध्यक्ष हरिशंकर राजू यादव सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

मगोर्रा में सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा, पत्नी समेत 5 गिरफ्तार

मथुरा। थाना मगोर्रा क्षेत्र में हुए चर्चित भोहरेलाल हत्याकांड का पुलिस ने कुछ ही दिनों में खुलासा कर दिया है। इस मामले में चौंकाने वाला तथ्य सामने आया है कि हत्या की साजिश मृतक के अपने ही परिवार ने रची थी। पुलिस ने मृतक की पत्नी, उसके तीन बेटों और एक पड़ोसी समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
सीओ गोवर्धन अनिल कुमार सिंह ने बताया कि भोहरेलाल शराब पीने का आदी था और आए दिन नशे की हालत में घर आकर पत्नी व बच्चों के साथ मारपीट और गाली-गलौज करता था। लंबे समय से चल रही इस घरेलू हिंसा से परिवार बेहद परेशान था। घटना वाले दिन भी वह अपनी पत्नी के साथ बेरहमी से मारपीट कर रहा था।
पुलिस जांच के अनुसार, जब भोहरेलाल अपनी पत्नी को पीट रहा था, तभी उसके तीनों बेटों ने बीच-बचाव किया। इस दौरान हुई हाथापाई में उसके गले में पड़ी साफी (अंगोछा) कस गई, जिससे दम घुटने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद घबराए परिजनों ने कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए साक्ष्य मिटाने की साजिश रची। उन्होंने पड़ोसी की मदद से शव को गांव के पास स्थित तालाब किनारे फेंक दिया, ताकि इसे दुर्घटना का रूप दिया जा सके।
पुलिस को शुरुआत से ही परिवार के बयान पर संदेह था। मुखबिर की सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मगोर्रा पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए राहुल, रोहित, सौरभ (तीनों पुत्र), मृतक की पत्नी और पड़ोसी बृजेश को सोन चौराहे के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ हत्या और साक्ष्य मिटाने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। इस घटना ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है और घरेलू कलह के गंभीर परिणामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

« Newer PostsOlder Posts »