Web News

www.upwebnews.com

मथुरा रामघाट से निकली 5वीं डांक कांवड़ यात्रा श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न

February 16, 2026

मथुरा रामघाट से निकली 5वीं डांक कांवड़ यात्रा श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न

मथुरा। श्याम सुंदर कॉलोनी निवासी संजय चौधरी एवं तरुण वर्मा के संयोजन में आयोजित 5वीं डांक कांवड़ यात्रा इस वर्ष भी गहन आस्था, उत्साह और धार्मिक गरिमा के साथ संपन्न हुई। पावन तीर्थस्थल रामघाट से कांवड़ियों ने विधि-विधान के साथ पवित्र जल भरकर भगवान शिव के जयघोष के बीच पदयात्रा प्रारंभ की। यात्रा के शुभारंभ से पूर्व विधिवत पूजा-अर्चना की गई तथा समस्त श्रद्धालुओं ने क्षेत्र की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की।
‘बोल बम’ और ‘हर-हर महादेव’ के उद्घोष से संपूर्ण वातावरण शिवमय हो उठा। यात्रा मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं एवं सामाजिक संगठनों द्वारा कांवड़ियों का पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया गया। कई स्थानों पर शीतल पेयजल, फल एवं प्रसाद की व्यवस्था भी की गई, जिससे कांवड़ियों को विशेष सहयोग मिला। महिलाओं और युवाओं की सहभागिता ने यात्रा में अलग ही उत्साह भर दिया।
मथुरा पहुंचने पर कांवड़ियों ने विधिवत जलाभिषेक कर भगवान शिव का रुद्राभिषेक एवं विशेष पूजन किया। श्रद्धालुओं ने परिवार और समाज की उन्नति की कामना करते हुए भक्ति भाव से आराधना की। संपूर्ण यात्रा अनुशासन, एकता और सौहार्द का प्रतीक बनी रही।
यात्रा में संजय चौधरी, तरुण वर्मा, लोकेश वर्मा, विराट सोनी, बंटी वर्मा, यशवीर वर्मा, प्रिंस सोनी, वंशिका सोनी, प्रियंका सोनी, कृष्णा चौधरी, योगेश, योगेंद्र चौधरी, पवन वर्मा, जीतू वर्मा, मयंक वर्मा, करन चौधरी, कान्हा चौधरी, शैलेश सारस्वत एवं केशव वर्मा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
स्थानीय प्रशासन द्वारा यात्रा को सकुशल संपन्न कराने हेतु व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। पुलिस बल यात्रा मार्ग पर तैनात रहा और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखा गया। शांतिपूर्ण और भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुई इस कांवड़ यात्रा ने क्षेत्र में धार्मिक आस्था और सामाजिक एकता का संदेश दिया।

अलीगढ़ कोर्ट में बम सूचना के बाद हाथरस न्यायालय में बढ़ी सतर्कता

हाथरस। जिला एवं सत्र न्यायालय अलीगढ़ में बम की सूचना मिलने के बाद जिला एवं सत्र न्यायालय हाथरस परिसर में भी अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही अलीगढ़ में पुलिस प्रशासन ने एहतियातन कोर्ट परिसर खाली करा दिया। घटना की जानकारी हाथरस पहुंचते ही यहां के अधिवक्ताओं में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई।
हाथरस के अधिवक्ताओं ने मोबाइल के माध्यम से अलीगढ़ के अपने संपर्की अधिवक्ताओं से कुशल-क्षेम पूछी और स्थिति की जानकारी ली। साथ ही पुलिस-प्रशासन से हाथरस न्यायालय में सुरक्षा के कड़े इंतजाम करने की मांग की।
अधिवक्ताओं ने याद दिलाया कि 21 फरवरी 2008 को हाथरस न्यायालय परिसर में दिन-दहाड़े पांच हत्याएं हुई थीं। इससे पूर्व एक बम कांड में साइकिल स्टैंड कर्मी सहित दो लोगों की मौत हो चुकी है। इसके अलावा भी न्यायालय परिसर में कई गंभीर घटनाएं और सुरक्षा चूक की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। एक मामले में आरोपी पर हमला करने आए व्यक्ति को रंगे हाथ पकड़ लिया गया था।
अलीगढ़ की घटना के बाद अधिवक्ताओं ने कहा कि पूर्व की घटनाओं को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत किया जाना बेहद आवश्यक है। उनका कहना है कि पहले भी पुलिस-प्रशासन को ज्ञापन दिया जा चुका है और अब पुनः अधिकारियों से मिलकर न्यायालय परिसर की सुरक्षा दुरुस्त करने की मांग की जाएगी।

एटा: पत्नी ने ही रची थी पति की हत्या की साजिश, प्रेमी सहित गिरफ्तार

एटा में पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर की पति की हत्या का पुलिस ने किया खुलासा, शादी के बहाने ले जाकर रास्ते में शराब और स्प्रे की ओवरडोज देखकर खेत में फेंका

एटा 16 फरवरी उप्रससे। जनपद में स्टांप विक्रेता हेमंत (45) की हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। जांच में सामने आया कि मृतक की पत्नी ने अपने प्रेमी और उसके साथी के साथ मिलकर साजिश रची। प्रेमी के साथ पत्नी ने पति की हत्या की। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामला निवासी आवास विकास कॉलोनी के जैथरा थाना क्षेत्र का है।

14 फरवरी की सुबह करीब 7:30 बजे पीआरवी को सूचना मिली कि ग्राम अंगरैया से बंधा रोड की ओर शराब के ठेके के सामने गेहूं के खेत में एक व्यक्ति का शव पड़ा है। थाना जैथरा पुलिस मौके पर पहुंची और शव की पहचान हेमंत पुत्र विष्णु दयाल के रूप में हुई। वह मूल रूप से विच्छंद पहाड़पुर (थाना जैथरा) का रहने वाला था। कचहरी परिसर में स्टांप विक्रेता था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। 15 फरवरी को मृतक के भाई की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया।
जांच में सामने आया कि मृतक की पत्नी के सुमित कुमार निवासी शांतिनगर, एटा से अवैध संबंध थे। सुमित का मृतक के घर आना-जाना था। इसी दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और हेमंत को रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली। कुछ समय पहले आरोपी सुमित की पत्नी ने मृतक की पत्नी से नाजायज संबंधों को लेकर आत्महत्या की थी

13 फरवरी को सुमित ने वैगनआर कार किराए पर ली। हेमंत को शादी समारोह में शामिल होने का झांसा देकर एटा से बेवर और फिर अलीगंज की ओर ले जाया गया। एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद लौटते समय रास्ते में दो स्थानों पर उसे शराब पिलाई गई। इसके बाद जहरीला स्प्रे अधिक मात्रा में शराब में मिलाकर उसकी हत्या कर दी गई। आरोपियों ने शव को ग्राम अंगरैया के पास खेत में फेंक दिया और फरार हो गए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में गठित टीम ने मोबाइल सर्विलांस और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर 16 फरवरी को सुमित कुमार (39), अजय पुत्र बनवारी लाल निवासी शांति नगर नगला पोता तथा मृतक की पत्नी को गिरफ्तार कर लिया। घटना में प्रयुक्त कार, तीन खाली शराब की पउआ और जहरीले स्प्रे की डिब्बी भी बरामद की गई है। आरोपी सुमित करीब आठ दिनों से गूगल पर जहरीले स्प्रे के बारे में जानकारी जुटाता रहा था। आरोपी मृतक और पत्नी की गूगल टाइमलाइन मिलाने पर खुलासा हुआ।

वर्जन
अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पाण्डेय ने बताया कि मुख्य आरोपी सुमित की पत्नी की कुछ माह पहले मौत हो चुकी थी। जिसके बाद उसके और हेमंत की पत्नी के बीच संबंध बने। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले का खुलासा करते हुए आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।

हिस्ट्रीशीटर ने डॉक्टर से मांगी 15 लाख की रंगदारी, पैसे ना देने पर सपरिवार जान से मारने की दी धमकी

गोरखपुर, 16 फरवरी 2026, गोरखपुर में एक बार फिर रंगदारी का सिलसिला शुरू हुआ है । एक दशक बाद रंगदारी मांगने की घटना पुलिस के लिए चुनौती है । जिले में एक अस्पताल के संचालक डा. पंकज कुमार दीक्षित को फोन करके एक हिस्ट्रीशीटर ने 15 लाख रुपये की रंगदारी मांगी है । हिस्ट्रीशीटर पिछले कई दिनों से लगातार डॉ पंकज को उनके मोबाइल पर कॉल करके सपरिवार जान से मारने की धमकी देते हुए 15 लाख रुपए की रंगदारी मांग रहा है । फोन पर रंगदारी मांगने वाले ने डॉक्टर को अपने आपको हिस्ट्रीशीटर राहुल शर्मा बताया है। हिस्ट्रीशीटर की धमकी से डॉक्टर पंकज और उनका परिवार बहुत ही ज्यादा डरा हुआ है ।
डाक्टर पंकज कुमार दीक्षित आज दोपहर एसएसपी डा. कौश्तुभ से मिलकर उनको प्रार्थना पत्र देकर धमकी देने वाले पर जल्द से जल्द कार्रवाई करने और परिवार काे सुरक्षा देने की मांग की है । क्राइम ब्रांच व शाहपुर थाना पुलिस हिस्ट्रीशीटर की तलाश में छापेमारी कर रही है ।

शाहपुर के जंगल सालिकराम, शिवपुर सहबाजगंज में रहने वाले डा. पंकज कुमार दीक्षित ने एसएसपी को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि 12 फरवरी की रात 10:46 बजे उनके मोबाइल पर एक काल आया। कॉल करने वाले ने अपना नाम राहुल शर्मा बताते हुए 15 लाख रुपये की मांग कर दी।

फिल्म अभिनेत्री अमीषा पटेल के खिलाफ कोर्ट से गैर जमानती वारंट

Amisha Patel Actress

अमीषा पटेल

नौ फरवरी को मुरादाबाद में अपर सिविल जज की अदालत ने दिए आदेश

Posted on 16.06.2026 Time 07.46 PM Monday, Rajesh Bhatia, Amisha Patel 

मुरादाबाद,16 फरवरी(उप्र समाचार सेवा।
फिल्म अभिनेत्री अमीषा पटेल के खिलाफ मुरादाबाद की अदालत ने गैर जमानती वारंट जारी किए हैं। नौ फरवरी को अपर सिविल जज जूनियर डिवीजन ने यह आदेश दिए। कोर्ट में अगली सुनवाई 27 मार्च को होगी।
2017 में एक शादी समारोह में आने के लिए अभिनेत्री अमीषा पटेल को 11 लाख रुपए दिए गए। कटघर के निवासी इवेंट मैनेजर पवन वर्मा का कहना है कि समारोह में शामिल होने के लिए दो लाख रुपए की और मांग की गई। उन्होंने और पैसे देने में असमर्थता जताई। इस पर अभिनेत्री दिल्ली में आने के बाद वापस चलीं गईं। पर जब दी गई रकम की मांग की गई तो जवाब नहीं मिला। इस पर अधिवक्ता पवन शर्मा के जरिए 2017 में अभिनेत्री के खिलाफ परिवाद दायर किया गया। मैनेजर का कहना है कि अपनी फीस लेने के बाद भी इवेंट में न आने और पैसे न देने के लिए फिल्म अभिनेत्री के अलावा सुरेश परमार, राजकुमार गोस्वामी आदि को आरोपित किया गया। आरोप है कि 15 नवंबर, 17 को अभिनेत्री दिल्ली पहुंच गई पर दो लाख की और डिमांड की। डिमांड पूरी करने के इंकार पर समारोह में शामिल नहीं हुईं। इसे लेकर परिवाद दाखिल किया गया।
सोमवार को अधिवक्ता पवन शर्मा और मैनेजर पवन वर्मा ने बताया कि नौ फरवरी को अपर सिविल जज जू.डि. की अदालत ने मामले में संज्ञान लेते हुए अभिनेत्री के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किए हैं। अदालत में 27 मार्च को सुनवाई के लिए तलब किया गया है।

*लिखित समझौते के बाद सारी धनराशि लौटाई*

मुरादाबाद में अमीषा पटेल के वकील अभिषेक शर्मा का कहना है कि यह विवाद 2017 का है। पवन कुमार से लिखित समझौते के बाद सारी धनराशि उनके खाते में ट्रांसफर की जा चुकीं हैं। चार बार में आठ लाख रुपए की धनराशि अदा की गई है।

« Newer PostsOlder Posts »