Mathura : : UP News | UP Web News | Page 7

Web News

www.upwebnews.com

मथुरा में पुलिस भर्ती परीक्षा में नकल कराने वाले गिरोह का पर्दाफाश, एक गिरफ्तार

March 15, 2026

मथुरा में पुलिस भर्ती परीक्षा में नकल कराने वाले गिरोह का पर्दाफाश, एक गिरफ्तार


मथुरा। उत्तर प्रदेश पुलिस उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस भर्ती परीक्षा में फर्जीवाड़ा और नकल कराने की साजिश रचने वाले एक गिरोह का एसटीएफ ने पर्दाफाश किया है। एसटीएफ मेरठ की फील्ड यूनिट ने शनिवार रात थाना राया क्षेत्र से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जो अभ्यर्थियों से मोटी रकम लेकर ब्लूटूथ डिवाइस के जरिए परीक्षा पास कराने का लालच दे रहा था।
एसटीएफ मेरठ यूनिट के उपनिरीक्षक संजय कुमार को सर्विलांस और मुखबिर के माध्यम से सूचना मिली थी कि ग्राम हवेली निवासी अनुज कुमार कस्बा राया में अभ्यर्थियों से ठगी करने और परीक्षा में नकल कराने के उद्देश्य से अपने साथी से मिलने आने वाला है। सूचना के आधार पर एसटीएफ टीम ने बलदेव रोड स्थित रजनी लाइब्रेरी के पास घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी अनुज कुमार ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए। उसने बताया कि वह गोपाल रावत नामक व्यक्ति के संपर्क में था। गोपाल रावत अभ्यर्थियों को परीक्षा पास कराने के नाम पर प्रति अभ्यर्थी 22 लाख रुपये लेने की बात करता था। योजना के तहत परीक्षा से पहले 3 लाख रुपये लिए जाते थे, जबकि परीक्षा के बाद 5 लाख रुपये, अभ्यर्थी के मूल शैक्षणिक प्रमाण पत्र, ब्लैंक चेक और शपथ पत्र भी लिए जाने की बात सामने आई है।
आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि उनका प्लान परीक्षा केंद्र पर ब्लूटूथ डिवाइस उपलब्ध कराकर बाहर से पेपर हल करवाने का था, ताकि अभ्यर्थियों को नकल कराकर पास कराया जा सके।
एसटीएफ ने आरोपी के पास से वन प्लस कंपनी का एक स्मार्टफोन बरामद किया है, जिसमें अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड, व्हाट्सएप चैट और अन्य परीक्षाओं के कुल छह एडमिट कार्ड मिले हैं। इसके अलावा व्हाट्सएप पर आठ महत्वपूर्ण चैट और लेनदेन से जुड़े विवरण भी बरामद किए गए हैं।
इस मामले में थाना राया में आरोपी अनुज कुमार, गोपाल रावत और उनके अन्य अज्ञात साथियों के खिलाफ उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अध्यादेश 2024 की धारा 11(6), 11(7) तथा भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 338, 336(3) और 61(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
मुख्य आरोपी गोपाल रावत फिलहाल फरार है और पुलिस उसकी तलाश में दबिश दे रही है।

भागवत कथा में नंदोत्सव की धूम, जमकर थिरके श्रद्धालु

News Posted on 15.03.2026 Sunday Time 06.26 PM, Mathura,  Vrandavan Report by Atul Kumar
बलदेव, 15 मार्च 26 (उप्र समाचार सेवा) कस्बा स्थित रीढ़ा मोहल्ला में चल रही श्रीमद्भागवत कथा में भागवत प्रवक्ता आचार्य मनीष गर्गाचार्य  ने श्रीकृष्ण जन्मोत्सव और नंदोत्सव का प्रसंग सुनाया। उन्होंने बताया कि कंस के अत्याचारों से पृथ्वी को मुक्त कराने के लिए भगवान श्रीकृष्ण ने देवकी के आठवें पुत्र के रूप में जन्म लिया। कथा स्थल पर  नंदोत्सव बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया, जिसमें भक्तजन भजनों की धुन पर झूमते नजर आए।
इस दौरान भगवान के बाल रूप की सजीव झांकी सजाई गई थी। भगवान के जन्म पर बधाई गीत भी गाए गए। पूरे समय श्रद्धालु भजनों पर झूमते रहे।
इस अवसर पर परीक्षित श्याम सुन्दर अग्रवाल,रेखा अग्रवाल,अमन अग्रवाल,रवेंद्र सिंह,उमेश अग्रवाल,पूर्व ब्लॉक प्रमुख यतेंद्र सिकरवार,चंद्रभान प्रधान,विनय अग्रवाल,अखिलेश पाठक,अवधेश दुबे,रिंकू सोनी, हरिओम सेठ,देवकीनंदन ,हरिमोहन , विनोद कुमार,बांकेलाल,रवि अग्रवाल,देव अग्रवाल,सतेंद्र ,संजीव अग्रवाल,योगेंद्र आचार्य,धीरज आचार्य,बच्चू सिंह,पवन गोयल,युवा समाजसेवी सुजीत वर्मा आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

फर्जी उप निरीक्षक बनकर लोगों पर रोब दिखाने वाला शातिर गिरफ्तार

मथुरा। थाना वृंदावन पुलिस ने पुलिस उप निरीक्षक की फर्जी वर्दी पहनकर लोगों पर रौब जमाने वाले एक शातिर युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से उप निरीक्षक की वर्दी समेत अन्य सामान भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए 13 मार्च 2026 को शाम करीब 7:04 बजे लक्ष्मण शहीद बिल्डिंग के बाहर रोड से आरोपी को गिरफ्तार किया गया। पकड़ा गया युवक शिवम पुत्र हरिपाल सिंह निवासी नगला अमरा थाना मुरसान, जनपद हाथरस (उम्र करीब 25 वर्ष) है। वह फर्जी उप निरीक्षक की वर्दी पहनकर लोगों पर रोब दिखा रहा था।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से खाकी रंग की उप निरीक्षक की वर्दी, दो यूपी पुलिस बैज, सीटी डोरी, पुलिस बेल्ट तथा एक जोड़ी ब्राउन रंग के जूते बरामद किए हैं।
इस संबंध में थाना वृंदावन पर मु.अ.सं. 166/2026 धारा 319(2)/204 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई को प्रभारी निरीक्षक संयज कुमार पांडेय, उप निरीक्षक देवेन्द्र सिंह (चौकी प्रभारी रंगजी) तथा कांस्टेबल विकास कुमार की टीम ने अंजाम दिया।

साधु के वेश में रह रहे इंजीनियर पति की बीच सड़क धुनाई

पत्नी ने लगाए गंभीर आरोप
मथुरा। जनपद के राया क्षेत्र में उस समय हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला, जब एक महिला ने साधु के वेश में जा रहे एक व्यक्ति को अपना पति बताते हुए बीच सड़क पर उसकी पिटाई कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
महिला का दावा है कि साधु के वेश में रह रहा व्यक्ति उसका पति है, जो करीब 15 वर्ष पहले उसे छोड़कर लापता हो गया था। महिला के अनुसार उसका पति पहले सॉफ्टवेयर इंजीनियर था। पीड़िता ने आरोप लगाया कि उसका पति साधु बनकर भक्ति का ढोंग कर रहा है और किसी अन्य महिला के साथ रह रहा है। साथ ही उसके पास आलीशान फ्लैट और गाड़ी होने का भी आरोप लगाया गया है।
घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने साधु के वेश में रह रहे व्यक्ति को हिरासत में ले लिया। थाना प्रभारी के अनुसार वायरल वीडियो और महिला द्वारा लगाए गए आरोपों के आधार पर मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।

कड़ी निगरानी में हुई उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा, डीएम-एसएसपी ने किया केंद्रों का निरीक्षण

मथुरा। उ०प्र० पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड, लखनऊ द्वारा आयोजित उप निरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों की सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा को सकुशल, निर्विघ्न, नकलविहीन एवं निष्पक्ष रूप से सम्पन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा।
जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने सीसीटीवी कंट्रोल रूम, सुरक्षा व्यवस्था और अभ्यर्थियों की प्रवेश प्रक्रिया का निरीक्षण किया तथा केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिए कि सभी सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही अभ्यर्थियों का बायोमेट्रिक सत्यापन कड़ाई से कराने के निर्देश भी दिए गए।
यह परीक्षा 14 एवं 15 मार्च 2026 को दो पालियों में आयोजित की जा रही है। पहली पाली प्रातः 10 बजे से 12 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से सायं 5 बजे तक आयोजित होगी।
जनपद मथुरा में यह परीक्षा 17 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जा रही है, जिसमें लगभग 6000 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। परीक्षा को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष रूप से सम्पन्न कराने के लिए प्रशासन द्वारा व्यापक सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था की गई है।
« Newer PostsOlder Posts »