Etah : : UP News | UP Web News | Page 3

Web News

www.upwebnews.com

एटा में शराब ठेके की कैंटीन में लगी भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख

March 22, 2026

एटा में शराब ठेके की कैंटीन में लगी भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख

एटा 22 मार्च उप्रससे। जिले के कोतवाली नगर क्षेत्र स्थित आगरा रोड पर एक देसी शराब के ठेके की कैंटीन में भीषण आग लग गई। अज्ञात कारणों से लगी इस आग में कैंटीन में रखा लाखों रुपये का फ्रिज और अन्य कीमती सामान जलकर राख हो गया। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग लगने के बाद आसपास अफरा-तफरी का माहौल बन गया। धुएं का गुबार और आग की लपटें देखकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका। धीरे-धीरे आग ने पूरी कैंटीन को अपनी चपेट में ले लिया।

अग्निशमन प्रभारी जितेंद्र कुमार चौरसिया ने बताया कि आग लगने की सूचना मिली थी तुरंत फायर ब्रिगेड को मौके पर भेजा। दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर नियंत्रण पाया। आग बुझाने के अभियान में फायरमैन निशांत शर्मा, जितेंद्र गुर्जर, अभय और जितिन चौधरी के साथ चालक सुखबीर गौतम भी शामिल थे।

March 21, 2026

एटा में रसोई गैस की कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई

घरेलू सिलेंडर के व्यवसायिक प्रयोग पर होगी कड़ी कार्यवाही – जिला पूर्ति अधिकारी
एटा 21 मार्च उप्रससे। जनपद में रसोई गैस की कालाबाजारी पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा आम उपभोक्ताओं को समय से गैस सिलेंडर की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी प्रेम रंजन सिंह के निर्देशन में जिला पूर्ति विभाग पूर्ण सतर्कता एवं सक्रियता के साथ कार्य कर रहा है।

शनिवार को जिला पूर्ति अधिकारी कमलेश कुमार गुप्ता के नेतृत्व में पूर्ति निरीक्षकों एवं अन्य संबंधित अधिकारियों की टीम द्वारा जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में संचालित होटल, रेस्टोरेंट, ढाबा, स्वीट शॉप एवं मैरिज होमों पर सघन छापेमारी अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान यह सुनिश्चित किया गया कि कहीं भी घरेलू गैस सिलेंडर का प्रयोग व्यावसायिक गतिविधियों में न किया जा रहा हो। छापेमारी के दौरान अधिकांश प्रतिष्ठानों पर कमर्शियल गैस सिलेंडर का उपयोग पाया गया, जबकि कुछ स्थानों पर कोयला एवं लकड़ी के माध्यम से कार्य संचालित होते हुए पाया गया। अधिकारियों द्वारा सभी संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि किसी भी स्थिति में घरेलू गैस सिलेंडर का उपयोग व्यावसायिक कार्यों में न किया जाए।

जिला पूर्ति अधिकारी कमलेश कुमार गुप्ता ने बताया कि यदि कोई भी व्यक्ति या प्रतिष्ठान घरेलू गैस सिलेंडर का दुरुपयोग करते हुए पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 की धारा 3/7 के अंतर्गत कठोर विधिक कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।
उन्होंने यह भी बताया कि जनपद में गैस आपूर्ति की सतत निगरानी की जा रही है, डिमांड एवं आपूर्ति की एजेंसी पर जाकर नियमित जांच की जा रही है तथा आम उपभोक्ताओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी गैस एजेंसियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
जिला पूर्ति अधिकारी ने आमजन से अपील की है कि रिफिल बुकिंग के उपरांत एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर द्वारा होकर के माध्यम से होम डिलीवरी कर सिलेंडर पहुंचा जा रहा है गैस एजेंसी या उसके गोदाम के आसपास अनावश्यक भीड़ न लगाये,यदि कहीं भी घरेलू गैस सिलेंडर के दुरुपयोग या कालाबाजारी की सूचना प्राप्त हो, तो तत्काल संबंधित विभाग को अवगत कराएं, ताकि समय रहते प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जा सके।

March 20, 2026

ग्राहक को लेकर दुकानदारों में मारपीट, घायल

एटा के बाबूगंज मार्केट में ग्राहकों को लेकर दुकानदारों में जमकर हुई मारपीट, 5 पर केस दर्ज

एटा 20 मार्च उप्रससे। शहर के बाबूगंज मार्केट में ग्राहकों को लेकर दो दुकानदारों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट हो गई। इस दौरान लाठी-डंडे भी चले, जिसमें एक पक्ष के दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

बाबूगंज स्थित कपड़े की दुकानों के मालिकों के बीच ग्राहकों को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी बात पर एक बार फिर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते रुद्र रूप में बदल गयी। जिसमें समीर (20) पुत्र हबीब और शादाब (35) पुत्र असद गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका मेडिकल परीक्षण कराया गया।

घायल फैजल ने आरोप लगाया कि पड़ोसी दुकानदार अक्सर उनके ग्राहकों के साथ जबरदस्ती करते हैं और गाली-गलौज करते हैं। उन्होंने बताया कि उनकी दुकान पर आने वाले ग्राहकों को जबरन खींचा जाता है और विरोध करने पर मारपीट की जाती है। फैजल के अनुसार, उनके कर्मचारियों के साथ भी बदसलूकी और मारपीट की गई है।

प्रेमपाल सिंह प्रभारी कोतवाली नगर ने बताया कि दोनों पक्ष दुकानदार हैं और किसी बात को लेकर उनके बीच विवाद हुआ था। पुलिस ने आरोपी पक्ष के खिलाफ शांति भंग के आरोप में कार्रवाई की है। पांच नामजद लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस फिलहाल सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।

एटा में बाइक फिसलने से युवक की मौत

एटा में दोस्त से मिलने जाते समय बाइक अनियंत्रित होकर विद्युत पोल से टकराई, मौत

एटा 20 मार्च उप्रससे। जनपद के मिरहची थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में युवक की मौत हो गई। कल्याणपुर के पास बाइक अनियंत्रित होकर विद्युत पोल से टकरा गई, जिससे युवक आनंद (18) पुत्र अशोक निवासी अमांपुर जनपद कासगंज की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वह अपने एक दोस्त से मिलने मिरहची जा रहा था।

परिजनों ने बताया कि आनंद अमांपुर से कल्याणपुर होते हुए मिरहची की ओर जा रहा था, तभी रास्ते में उसकी बाइक अनियंत्रित हो गई और सीधे विद्युत पोल से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि उसे संभलने का मौका नहीं मिला। घटना की सूचना मिलते ही मिरहची थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर मुख्यालय भेज कर पोस्टमार्टम कराया।

थाना प्रभारी नीतू वर्मा ने बताया कि यह हादसा बाइक के अनियंत्रित होने से हुआ है। मामले की जांच की जा रही है। इस घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

March 18, 2026

एटा में स्कॉर्पियो ने 3 लोगों को रौंदा, मौत, ड्राइवर गंभीर घायल

एटा 18 मार्च उप्रससे। एटा के सकरौली थाना क्षेत्र में बालगढ़ी के पास बुधवार को तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जब एक अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने मोटरसाइकिल सवार दंपति को टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में महिला समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि स्कॉर्पियो चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। इस हादसे ने इलाके में शोक की लहर दौड़ा दी है

सकरौली थाना क्षेत्र में 18 मार्च को दोपहर करीब 2:30 बजे फिरोजाबाद-जलेसर मार्ग पर गांव बालगढ़ी के पास एक भीषण सड़क हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार, एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो पहले सकरौली चौराहे पर एक ईको वाहन को टक्कर मारकर भाग रही थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, भागते समय स्कॉर्पियो ने सामने से आ रहे मोटरसाइकिल सवार दंपति को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक उछलकर सड़क किनारे खाई में जा गिरी, और स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए। जिससे बबलू शर्मा (32) निवासी टूंडला, रचना(30) निवासी सकरौली और दिगंबर (55) निवासी नगला पार थाना रिजावली फिरोजाबाद की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं स्कॉर्पियो चालक सतेंद्र कुमार (30) पुत्र करन पाल, निवासी नगला पार, थाना रिजावली, फिरोजाबाद गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी नित्यानंद पांडे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर तत्काल घायलों को अपनी जीप से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जलेसर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने तीन को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल कार चालक को प्राथमिक इलाज के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया है।

स्कॉर्पियो कार जलेसर से रिजावली की ओर जा रही थी। रास्ते में पैदल जा रहे व्यक्ति को बचाने के प्रयास में चालक ने नियंत्रण खो दिया और वाहन अनियंत्रित होकर बाइक सवारों सहित पैदल यात्री को टक्कर मारते हुए निकल गया।

थाना प्रभारी नित्यानंद पांडे ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए मुख्यालय भेज दिया गया है, घायल चालक का इलाज जारी है।

« Newer PostsOlder Posts »