Web News

www.upwebnews.com

गैस एजेंसियों पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई

March 12, 2026

गैस एजेंसियों पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई

Santosh Kumar Singh
Gorakhpur
12/03/2026

*कालाबाजारी और अनियमितता के आरोप में दो गैस एजेंसियों के संचालकों पर एफआईआर*

गोरखपुर। जिले में रसोई गैस की कालाबाजारी और अनियमितता की शिकायतों पर प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए दो गैस एजेंसियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई शुरू की है। जांच के दौरान सिलेंडरों की अवैध बिक्री और स्टॉक में गड़बड़ी पाए जाने पर संबंधित एजेंसियों के संचालकों, परिवहन ठेकेदार और कर्मचारियों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।
पहला मामला आशीष इंडेन गैस सर्विस, पीपीगंज से जुड़ा है। जानकारी के अनुसार 10 मार्च 2026 को बाटलिंग प्लांट गीडा से उक्त गैस एजेंसी के लिए 525 भरे हुए गैस सिलेंडर ट्रक संख्या WB 29C 1718 के माध्यम से भेजे गए थे। आरोप है कि गैस एजेंसी द्वारा इन सिलेंडरों को अपने गोदाम में उतारने के बजाय ट्रक को नौसढ़ चौराहे के पास रोडवेज के पीछे खड़ा कर दिया गया और वहां से सिलेंडरों को अवैध तरीके से अधिक कीमत पर बेचा जाने लगा।
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची जांच टीम ने इस गड़बड़ी को पकड़ लिया। इसके बाद 11 मार्च को गैस एजेंसी के गोदाम की जांच की गई, जहां स्टॉक में भी गड़बड़ी पाई गई। इस मामले में गैस एजेंसी के मालिक पवन वर्मा, संबंधित परिवहन ठेकेदार मैसर्स प्रेस्टिज मूवर्स, ट्रक चालक अली मोहम्मद तथा गैस एजेंसी के कर्मचारियों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम 1966 की धारा 3/7 तथा भारतीय दंड संहिता की सुसंगत धाराओं के तहत थाना गोरखनाथ में प्राथमिकी दर्ज कराई जा रही है।
दूसरा मामला कन्हैया इंडेन गैस सर्विस, नौसढ़ से संबंधित है। 10 मार्च 2026 को नौसढ़ चौराहे के पास रोडवेज के पीछे एक पिकअप वाहन संख्या UP 53 GT 5254 में भरे घरेलू कुकिंग गैस सिलेंडर लावारिस हालत में पाए गए। वाहन पर कन्हैया इंडेन गैस सर्विस से संबंधित बैनर भी लगा हुआ था।
मौके पर मौजूद लोगों ने जांच टीम को बताया कि उक्त वाहन के माध्यम से गैस सिलेंडरों को ऊंचे दाम पर बेचा जा रहा था। हालांकि जांच टीम को देखकर गैस एजेंसी के कर्मचारी मौके से फरार हो गए। इसके बाद 11 मार्च को संबंधित गैस एजेंसी के गोदाम की जांच की गई, जहां घरेलू गैस सिलेंडरों के स्टॉक में अनियमितता और गड़बड़ी पाई गई।
जांच में यह भी सामने आया कि घरेलू उपयोग के गैस सिलेंडरों का दुरुपयोग किया जा रहा था। इस मामले में मैसर्स कन्हैया इंडेन गैस सर्विस के प्रोपराइटर के खिलाफ भी आवश्यक वस्तु अधिनियम 1965 की धारा 3/7 तथा भारतीय दंड संहिता की सुसंगत धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कराई जा रही है।
प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि रसोई गैस जैसी आवश्यक वस्तु की कालाबाजारी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि किसी गैस एजेंसी या उससे जुड़े व्यक्ति द्वारा नियमों का उल्लंघन किया गया तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही जिले में गैस वितरण व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

फैमिली आईडी योजना की प्रगति को लेकर समीक्षा बैठक

Santosh Kumar Singh
Gorakhpur
12/03/2026

एक परिवार एक पहचान’ के तहत सभी परिवारों का पंजीकरण कराने के निर्देश*

गोरखपुर। जिले में गोरखपुर फैमिली आईडी (परिवार पहचान पत्र) योजना की प्रगति को लेकर जिलाधिकारी दीपक मीणा ने नगर निगम गोरखपुर के सदन हाल में एक महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि जनपद के प्रत्येक परिवार को विशिष्ट परिवार पहचान दिलाने के लिए अभियान चलाकर पंजीकरण कार्य में तेजी लाई जाए।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना “एक परिवार एक पहचान” का उद्देश्य प्रत्येक परिवार को एक विशिष्ट पहचान उपलब्ध कराना है, जिससे उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ आसानी से मिल सके। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि इस योजना के तहत जिले के अधिक से अधिक परिवारों का पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने बताया कि इस योजना के अंतर्गत प्रत्येक परिवार को एक विशेष फैमिली आईडी प्रदान की जाएगी, जिससे उस परिवार की पहचान सुनिश्चित होगी और सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ सीधे संबंधित परिवार तक पहुंच सकेगा। उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था से सरकारी योजनाओं में पारदर्शिता बढ़ेगी और पात्र लोगों को समय पर लाभ मिल सकेगा।
उन्होंने बताया कि फैमिली आईडी के माध्यम से परिवारों को खाद्य सुरक्षा योजना, पेंशन योजनाएं, छात्रवृत्ति, शिक्षा से जुड़ी योजनाएं सहित अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में आसानी होगी। इसके साथ ही परिवार के एक सदस्य को रोजगार से जोड़ने की दिशा में भी यह व्यवस्था उपयोगी साबित होगी।
बैठक में यह भी बताया गया कि इस योजना के अंतर्गत परिवार के पति-पत्नी, बच्चों तथा अन्य आश्रित सदस्यों को भी शामिल किया जाएगा, ताकि पूरे परिवार का एकीकृत डाटा तैयार हो सके। इससे सरकार को योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन और जरूरतमंदों की पहचान करने में मदद मिलेगी।
जिलाधिकारी दीपक मीणा ने गोरखपुर के सभी निवासियों से अपील की कि वे अपने परिवार की विशिष्ट पहचान प्राप्त करने के लिए जल्द से जल्द पंजीकरण कराएं। उन्होंने बताया कि इसके लिए नजदीकी जन सेवा केंद्रों (CSC) पर पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध है, जहां जाकर परिवार के सदस्य आवश्यक दस्तावेजों के साथ आसानी से पंजीकरण करा सकते हैं।
बैठक में नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि फैमिली आईडी योजना के तहत पंजीकरण कार्य को तेजी से पूरा कराने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे, ताकि जिले के सभी परिवारों को इस योजना का लाभ मिल सके।

डिजिटल अरेस्ट के नाम पर ठगी करने वाला गिरफ्तार

Santosh Kumar Singh
Gorakhpur
12/03/2026

*व्हाट्सएप कॉल कर खुद को अधिकारी बताकर बैंक खातों से उड़ाए थे पैसे*

गोरखपुर। साइबर अपराध के मामलों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत गोरखपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। साइबर अपराध थाना पुलिस ने डिजिटल अरेस्ट के नाम पर ठगी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कोस्तुभ के निर्देशन में साइबर अपराधों की रोकथाम और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन, पुलिस अधीक्षक अपराध के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी अपराध के पर्यवेक्षण में साइबर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में वादिनी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात व्यक्तियों ने व्हाट्सएप कॉल कर स्वयं को सरकारी अधिकारी बताते हुए उसे “डिजिटल अरेस्ट” का भय दिखाया। आरोपियों ने उसे डराकर उसके बैंक खातों से आरटीजीएस (RTGS) के माध्यम से रकम ट्रांसफर करा ली। पीड़िता की तहरीर के आधार पर साइबर अपराध थाना गोरखपुर में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।
मामले की जांच के दौरान साइबर थाना पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान विकास विश्वकर्मा पुत्र राधेश्याम विश्वकर्मा निवासी गणेशपुरी कॉलोनी नासिरपुर, थाना चितईपुर जनपद वाराणसी के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 111(2), 318(4) तथा आईटी एक्ट की धारा 66D के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मामले से जुड़े अन्य आरोपियों की भी तलाश कर रही है।
इस घटना के बाद पुलिस ने आम लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि साइबर अपराधी अक्सर खुद को पुलिस, बैंक अधिकारी या अन्य सरकारी अधिकारी बताकर लोगों को डराने या लालच देने की कोशिश करते हैं। ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की व्यक्तिगत जानकारी, ओटीपी, यूपीआई पिन या बैंक से जुड़ी जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए।
पुलिस ने यह भी कहा है कि किसी भी संदिग्ध कॉल, लिंक या मैसेज से सतर्क रहें और ठगी की आशंका होने पर तुरंत कॉल या चैट बंद कर दें। यदि कोई साइबर ठगी का शिकार होता है तो तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 या cybercrime.gov.in पोर्टल पर शिकायत दर्ज कर सकता है।

कानपुर में मेगा ब्लॉक, मंडल की चार पैसेंजर ट्रेनें रद्द

-2 अप्रैल से 12 मई तक रेल यातायात प्रभावित
-कानपुर जम्मूतवी एक्सप्रेस ट्रेन का रूट भी बदलेगा
मुरादाबाद नहीं आएगी ट्रेन, कानपुर सेंट्रल, इटावा होकर दिल्ली, अंबाला चलेगी

Post on 12.3.26
Thursday, Moradabad
Rajesh Bhatia

मुरादाबाद,(उप्र समाचार सेवा)।
अगले महीने कानपुर रूट का सफर दुश्वारी भरा रहेगा। रेलवे ने कानपुर सेक्शन में पुल संख्या 110 पर मरम्मत व सुधार का काम कराएगा। इसके चलते 2 अप्रैल से 12 मई तक मेगा ब्लॉक से ट्रेन संचालन पर असर पड़ेगा। मुरादाबाद मंडल में संचालित चार पैसेंजर ट्रेनें रद्द रहेंगी। कानपुर-जम्मूतवी एक्सप्रेस भी बदले मार्ग से संचालित होगी।
सीनियर डीसीएम आदित्य गुप्ता के अनुसार मंडल में संचालित पैसेंजर(54325-26) कानपुर सेंट्रल-जम्मूतवी और बालामऊ –
कानपुर (54335-36) पैसेंजर 13 मई तक नहीं चलेगी।जबकि कानपुर-जम्मूतवी एक्सप्रेस 12469-70 ट्रेन 3 अप्रैल से 13 मई डायवर्ट होकर चलेगी।मेगा ब्लॉक के दौरान ट्रेन का उन्नाव, बालामऊ, हरदोई, बरेली, मुरादाबाद, सहारनपुर स्टेशनों पर ठहराव नहीं होगा।

बरेली में एल०पी०जी० गैस एवं पेट्रोल / डीजल से सम्बन्धित किसी प्रकार की कमी नही-जिलाधिकारी

  • गैस सिलेण्डरों की कालाबाजारी व जमाखोरी रोकने, गैस एजेन्सियों पर कड़ी निगरानी रखने व उनके दैनिक स्टॉक की मॉनीटरिंग करने के दिए निर्देश

बरेली 11 मार्च 26।जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में आज को प्रातः 10:00 बजे ही जिलाधिकारी कार्यालय कक्ष में जनपद के तीनों ऑयल कम्पनियों क्रमशः IOC, BPC व HPC व आपूर्ति विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक आहूत की गयी।

बैठक मे जनपद बरेली में एल०पी०जी० गैस एवं पेट्रोल / डीजल से सम्बन्धित किसी भी प्रकार की कमी न होने के सम्बन्ध में समीक्षा की गयी।

तीनों ऑयल कम्पनियों के अधिकारियों द्वारा जिलाधिकारी महोदय को अवगत कराया गया कि जनपद में एल०पी०जी० गैस सिलेण्डर एवं पेट्रोल / डीजल से सम्बन्धित किसी प्रकार कमी नही है। जनपद में पर्यात मात्रा में स्टॉक उपलब्ध है। भारत सरकार द्वारा गैस सिलेण्डर की रिफिल की अवधि 21 दिन से बढ़ाकर 25 दिन की गयी है। कालाबाजारी रोकने के लिए ओ०टी०पी० आधारित वितरण व्यवस्था लागू की गयी है।

मुख्यमंत्री जी द्वारा दिनांक 10.03.2026 को वीडियों कॉन्फरेन्सिंग के माध्यम से गैस सिलेण्डरों की कालाबाजारी व जमाखोरी रोकने हेतु गैस एजेन्सियों पर कड़ी निगरानी रखने, उनके दैनिक स्टॉक की मॉनीटरिंग करने तथा क्षेत्र में भ्रमण कर जांच करने सम्बन्धित ऑयल कम्पनियों के अधिकारियों व सम्बन्धित अन्य अधिकारियों को निर्देशित किया गया है।

अतः जिलाधिकारी द्वारा दिये गये निर्देशों के अनुपालन में जनपद बरेली के आम जनमानस को सूचित किया है कि जनपद में एल०पी०जी० गैस एवं पेट्रोल / डीजल से सम्बन्धित किसी भी प्रकार की कमी नही है। आम जनमानस को किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें। जनपद में आपूर्ति एवं वितरण सामान्य है।

बैठक में सौरभ दुबे अपर जिलाधिकारी (नगर), देश दीपक सिंह, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), तृप्ती उपजिलाधिकारी, मनीष कुमार सिंह जिला पूर्ति अधिकारी, बरेली, हिमांशु शर्मा वरिष्ठ मण्डल प्रबंधक आई०ओ०सी०, मुकेश कुमार आई०ओ०सी०, हर्षित आर्या, स्वानिल सूर्यवंशी आई०ओ०सी०, रितेष जैन, आई०ओ०सी०, सुशील कुमार वर्मा एच०पी०सी०, कार्तिक कुमार बी०पी०सी०, नितिन बिंदल आई०ओ०सी० तथा आशीष कुमार आपूर्ति लिपिक आदि उपस्थित रहे।

———-

« Newer PostsOlder Posts »