Sarvesh : : UP News | UP Web News | Page 81

Web News

www.upwebnews.com

गैस वितरण व्यवस्था पर प्रशासन सख्त, डीएम दीपक मीणा और एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने किया औचक निरीक्षण

March 12, 2026

गैस वितरण व्यवस्था पर प्रशासन सख्त, डीएम दीपक मीणा और एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने किया औचक निरीक्षण

Santosh Kumar Singh
Gorakhpur
12/03/2026

गोरखपुर। जनपद में घरेलू गैस की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था को पारदर्शी एवं सुचारु बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में जिलाधिकारी दीपक मीणा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने गुरुवार को मोहद्दीपुर स्थित सुशीला गैस एजेंसी तथा ट्रांसपोर्ट नगर स्थित गंगा गैस गोदाम का औचक निरीक्षण जिला पूर्ति अधिकारी रामेंद्र प्रताप सिंह के साथ किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने गैस गोदामों में उपलब्ध स्टॉक, गैस सिलेंडरों की आपूर्ति तथा उपभोक्ताओं को किए जा रहे वितरण की पूरी स्थिति की गहन जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान डीएम दीपक मीणा ने एजेंसी संचालकों से स्पष्ट रूप से पूछा कि आज कितने गैस सिलेंडर गोदाम पर आए, कितने सिलेंडरों का वितरण किया गया और वर्तमान में कितना स्टॉक शेष है। उन्होंने कहा कि गैस वितरण की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी होनी चाहिए और किसी भी उपभोक्ता को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। जिलाधिकारी ने एजेंसी संचालकों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि जिन उपभोक्ताओं ने गैस बुक कराई है, उन्हें समय से गैस उपलब्ध कराई जाए और अधिक से अधिक होम डिलीवरी सुनिश्चित की जाए।
डीएम ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसी भी एजेंसी द्वारा अवैध तरीके से गैस सिलेंडर की बिक्री या वितरण में अनियमितता पाई गई तो संबंधित एजेंसी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रशासन गैस वितरण व्यवस्था पर लगातार निगरानी बनाए हुए है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने भी सुरक्षा और कानून व्यवस्था को लेकर आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि जनपद के सभी गैस गोदामों पर पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है ताकि कहीं भी अव्यवस्था या कालाबाजारी की स्थिति उत्पन्न न हो सके। एसएसपी ने बताया कि जनपद के 87 गैस गोदामों पर पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है जिससे वितरण प्रक्रिया शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संचालित हो सके।
वहीं जिलाधिकारी दीपक मीणा ने बताया कि जनपद के सभी 87 गैस गोदामों के लिए अलग-अलग नोडल अधिकारी भी नियुक्त किए गए हैं। ये नोडल अधिकारी गैस वितरण की पूरी प्रक्रिया की निगरानी करेंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या अनियमितता न हो। उन्होंने कहा कि सभी स्थानों पर टोकन व्यवस्था के माध्यम से गैस का वितरण कराया जाएगा ताकि उपभोक्ताओं को लाइन में अव्यवस्था का सामना न करना पड़े।
डीएम ने स्पष्ट किया कि टोकन प्रणाली के तहत जो उपभोक्ता पहले गोदाम पर आएगा उसे पहले गैस सिलेंडर मिलेगा और बाद में आने वाले उपभोक्ताओं को क्रम के अनुसार गैस दी जाएगी। इससे वितरण प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी रहेगी और किसी प्रकार की धक्का-मुक्की या विवाद की स्थिति उत्पन्न नहीं होगी।
जिलाधिकारी ने यह भी बताया कि जनपद में गैस की पर्याप्त उपलब्धता है और किसी भी उपभोक्ता को परेशान होने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रशासन लगातार गैस कंपनियों और एजेंसियों के संपर्क में है और जरूरत के अनुसार सिलेंडरों की आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।
डीएम दीपक मीणा ने आम जनता से अपील करते हुए कहा कि लोग केवल अपनी जरूरत के अनुसार ही गैस की बुकिंग कराएं और अनावश्यक रूप से अधिक सिलेंडर लेने का प्रयास न करें। उन्होंने कहा कि घबराहट या अफवाहों के कारण यदि लोग अधिक मात्रा में गैस बुक कराते हैं तो इससे वितरण व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।
उन्होंने लोगों से यह भी आग्रह किया कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और पैनिक क्रिएट करने से बचें। प्रशासन की ओर से गैस आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और सभी उपभोक्ताओं को गैस उपलब्ध कराई जा रही है।
जिलाधिकारी ने सख्त लहजे में कहा कि यदि कोई व्यक्ति गैस को लेकर अफवाह फैलाता हुआ पाया गया या वितरण व्यवस्था में बाधा डालने की कोशिश करता है तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ऐसे मामलों पर कड़ी नजर बनाए हुए है।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने गोदामों में रखे गैस सिलेंडरों की संख्या, रिकॉर्ड रजिस्टर, वितरण सूची और होम डिलीवरी व्यवस्था की भी जांच की। उन्होंने एजेंसी संचालकों को निर्देश दिया कि गैस वितरण से संबंधित सभी रिकॉर्ड नियमित रूप से अपडेट किए जाएं और प्रशासन को समय-समय पर जानकारी उपलब्ध कराई जाए।
जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के औचक निरीक्षण से गैस एजेंसियों में हड़कंप की स्थिति देखने को मिली। वहीं प्रशासन की सख्ती के बाद गैस वितरण व्यवस्था को लेकर उपभोक्ताओं में भी भरोसा बढ़ा है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनपद में गैस वितरण व्यवस्था को पूरी तरह व्यवस्थित, पारदर्शी और उपभोक्ता हित में संचालित किया जाएगा।

प्रापर्टी डीलर की हत्या में तीन दोस्तों को उम्रकैद

-कटघर के दुर्गेश नगर में 12 साल पुराने मामला
-अदालत ने लगाया दोषियों को 20-20 हजार का जुर्माना
-होली की शाम को हुईं घटना
-आरोपियों ने दर्शाया सड़क दुघर्टना,पर साक्ष्य बने सजा का आधार

Post on 12.3.26
Thursday, Moradabad
Rajesh Bhatia

मुरादाबाद,(उप्र समाचार सेवा)।
गुरुवार को एडीजे कोर्ट ने युवक की हत्या में तीन दोस्तों को उम्रकैद की सजा सुनाई है। कोर्ट ने दोषियों पर 20-20 हजार रुपए का जुर्माना भी लगाया।

कटघर थाना क्षेत्र में बारह साल पुराने मामले की सुनवाई एडीजे -आठ राकेश कुमार गौतम की अदालत में हुईं। कोर्ट में पुलिस ने विवेचना के आधार पर दुर्गेश नगर निवासी पंकज चौहान की हत्या में शामिल तीन दोस्तों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया। केस की सुनवाई एडीजे कोर्ट में हुई।
एडीजीसी समर्थ शुक्ला के अनुसार मृतक की पत्नी ने रिपोर्ट दर्ज कराई। तहरीर में कहा कि पंकज और अन्य युवकों में दोस्ती थीं। होली के दिन 16 मार्च, 2014 की शाम को ये लोग पंकज को घर से ले गए। रात ग्यारह बजे पंकज घर पर छोड़ गए। पंकज के सिर में गंभीर चोट थीं। साथियों ने घटना की वजह रोड एक्सीडेंट बताई। उसे अस्पताल ले गए।जहां डाक्टरों ने मृत बताया। प्रियंका की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच की। पंकज के साथियों के खिलाफ आरोप पत्र की सुनवाई हुई। बचाव पक्ष ने सड़क दुघर्टना बताते हुए तर्क दिए।अभियोजन पक्ष की पैरवी व साक्ष्य के आधार पर अदालत ने अमित, चीकू व रोहित को दोषी करार देते हुए उम्रकैद व बीस बीस हजार रुपए जुर्माने की सजा सुनाई।

–डाक्टर समेत 12 गवाहों के हुए बयान–
एडीजीसी का कहना है कि शुरु में गैर इरादतन हत्या में मुकदमा दर्ज हुआ।पर डाक्टर के चोटों को लेकर दिए बयान और अन्य की गवाही सजा में मजबूत साक्ष्य बनीं।

*सड़क दुघर्टना में घायल बता शव घर में फेंक गए आरोपी*

चारों दोस्त प्रापर्टी डीलिंग के धंधे में शामिल थे। होली के दिन शाम को घूमने गए। जहां रात में पंकज को मरणासन्न अवस्था में घर डाल गए। प्रियंका पति को लेकर सांई अस्पताल पहुंची। जहां उसे मृत बताया। अस्पताल का कहना था कि कुछ लोग युवक को लेकर अस्पताल लाएं पर उसकी हालत गंभीर देख जिला अस्पताल ले जाने को कहा गया।

14 से सोलह कोच से चलेगी लखनऊ देहरादून वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन

-शनिवार से बढ़े हुए कोचों संग होगी रवाना
ट्रेन में यात्रियों को कंफर्म बर्थ की सुविधा,अब चेयरकार के 14 और दो एक्जीक्यूटिव क्लास

Post on 12.3.26
Thursday, Moradabad
Rajesh Bhatia

मुरादाबाद,(उप्र समाचार सेवा)।
लखनऊ से देहरादून के बीच संचालित वंदे भारत (Vande Bharat) एक्सप्रेस ट्रेन में अब सोलह कोच होंगे। इससे ट्रेन में सफर करने वालों की यात्रा और भी सुविधाजनक होग। ज्यादा कोच से यात्रियों को इस ट्रेन में आसानी से बर्थ मिले सकेगी।
रेलवे के अनुसार यात्रियों की मांग को देखते हुए मंत्रालय ने कोचों में वृद्धि का फैसला लिया गया है। अभी इस ट्रेन में छह चेयरकार और दो एक्जीक्यूटिव क्लास है। यात्रियों के सुगम आवागमन को देखते हुए वंदे भारत ट्रेन में आठ कोच और बढ़ाए गए हैं। अब एक्जीक्यूटिव के दो व चेयरकार के चौदह कोच होंगे।

सीनियर डीसीएम आदित्य गुप्ता के अनुसार शनिवार 14 मार्च से ट्रेन बढ़े हुए कोचों के साथ दौड़ेंगी। कोच बढ़ने से सीटों की संख्या भी बढ़ी है। इससे यात्रियों को आसानी से बैठने की सुविधा मिलेगी।

हनी ट्रैप की महिला मुखिया समेत पांच गिरफ्तार

-गैंग में शामिल चार महिलाएं
-ठगी में महिला रिहाना को पकड़ा, 85 हजार रुपए की ठगी का आरोप
पुलिस ने आरोपियों से दस हजार कैश, तीन मोबाइल बरामद
Post on 12.3.26
Thursday, 2.38 pm
Moradabad, Rajesh Bhatia

मुरादाबाद,(उप्र समाचार सेवा)।
जाल‌ में फंसाकर वीडियो के जरिए ब्लैकमेल के आरोपियों को गिरफतार किया गया है। पुलिस ने हनी ट्रैप महिला की मुखिया रिहाना और चार लोगों को गिरफतार किया गया है। इन आरोपियों से दस हजार की नकदी और तीन मोबाइल भी बरामद किए हैं।
गुरुवार को एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने हनी ट्रैप मामले का खुलासा किया। पुलिस के अनुसार मुगलपुरा में बरबालान निवासी नौशाद ने 25 फरवरी, 2026 को तहरीर दी। आरोप लगाया कि घटना वाले दिन कुछ लोगों ने उसके साथ मारपीट की और जबरन कपड़े उतरवा कर वीडियो बना लिया। वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल किया। झूठे मुकदमे में फंसाने और जान से मारने की धमकी देते हुए 85 हजार रुपये ऐंठ लिए। तहरीर देते हुए थाने में विभिन्न धाराओं में मुकदमा कायम किया।
एसएसपी के निर्देश पर पुलिस ने केस की जांच शुरू की। जांच करते हुए पुलिस ने केस में गैंग की मुखिया रिहाना व अन्य लोगों को तलाश लिया। पुलिस ने मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार कर पेश किया। इन आरोपियों में गैंग मुखिया
घोसीपुरा निवासी फैसल की पत्नी रिहाना के अलावा ताजपुर माफी की चांद बी व शगुफ्ता, भोजपुर की इल्मा और भोजपुर में धरमपुरा सुलेमान को पकड़ा गया है। पुलिस ने आरोपियों से दस हजार कैश व तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
एसपी का कहना है कि गिरोह लोगों को फंसाकर ब्लैकमेल पैसे वसूलता था।

सीएचसी हसायन में अव्यवस्थाओं के बीच नवजात की मौत, पिता ने डीएम से की कार्रवाई की मांग

हाथरस। जनपद के हसायन स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में मूलभूत सुविधाओं के अभाव और स्वास्थ्य कर्मियों की कथित लापरवाही के कारण एक नवजात की मौत का मामला सामने आया है। पीड़ित पिता ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर अस्पताल प्रशासन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।कानऊ निवासी मनोज कुमार शर्मा ने अपनी शिकायत में बताया कि 1 मार्च 2026 की रात वह अपनी पत्नी रश्मि को प्रसव के लिए हसायन सीएचसी लेकर पहुंचे थे। आरोप है कि अस्पताल के शौचालयों में गंदगी का अंबार था और पानी की भी समुचित व्यवस्था नहीं थी। प्रसव पीड़ा के दौरान परिजनों ने जब ड्यूटी पर तैनात नर्स को बुलाने का प्रयास किया तो वह सोती हुई मिलीं। कई बार जगाने के बाद भी नर्स ने उपचार करने के बजाय परिजनों के साथ अभद्र व्यवहार किया।पीड़ित के अनुसार सुबह करीब 7 बजे बच्चे के जन्म के बाद उसकी सांसें कमजोर पड़ने लगीं। डॉक्टरों ने नवजात को हीटिंग देने की जरूरत बताई, लेकिन उस समय अस्पताल में बिजली नहीं थी और जनरेटर की कोई व्यवस्था भी उपलब्ध नहीं थी। मनोज कुमार का आरोप है कि जब उन्होंने खुद उच्च अधिकारियों को फोन किया तब जाकर बिजली की व्यवस्था हो सकी।इसके बाद अस्पताल ने नवजात की गंभीर हालत को देखते हुए उसे हाथरस रेफर कर दिया। वहां से अलीगढ़ के एक निजी अस्पताल और फिर हायर सेंटर भेजा गया। अंततः 4 मार्च की रात खुर्जा स्थित एक अस्पताल में इलाज के दौरान नवजात की मौत हो गई।घटना से आहत पिता मनोज कुमार ने जिलाधिकारी से मांग की है कि हसायन सीएचसी में जनरेटर, स्वच्छ शौचालय, बिजली और साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाए, ताकि भविष्य में किसी अन्य परिवार को ऐसी पीड़ा न झेलनी पड़े। साथ ही उन्होंने मामले में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

« Newer PostsOlder Posts »