Sarvesh : : UP News | UP Web News | Page 76

Web News

www.upwebnews.com

एलपीजी संबंधी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए कंट्रोल रूम स्थापित

March 13, 2026

एलपीजी संबंधी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए कंट्रोल रूम स्थापित

Santosh Kumar Singh
Gorakhpur
13/03/2026

*जिलाधिकारी ने ई-डिस्ट्रिक्ट कार्यालय में शुरू कराया कंट्रोल रूम, सुबह 6 से रात 8 बजे तक रहेगा सक्रिय*

गोरखपुर।जिलाधिकारी गोरखपुर दीपक मीणा ने जनसाधारण को एलपीजी गैस की आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं का त्वरित समाधान उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ई-डिस्ट्रिक्ट कार्यालय में एक विशेष कंट्रोल रूम स्थापित कराया है। इसका उद्देश्य कुकिंग गैस सिलेंडर की आपूर्ति में आने वाली दिक्कतों और उपभोक्ताओं की शिकायतों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करना है।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में एलपीजी गैस की सुचारू आपूर्ति बनाए रखने के लिए यह व्यवस्था की गई है, ताकि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। कंट्रोल रूम में प्राप्त होने वाली शिकायतों को संबंधित गैस एजेंसियों एवं अधिकारियों तक तुरंत पहुंचाकर समाधान कराया जाएगा।
इसके लिए कंट्रोल रूम का दूरभाष नंबर 0551-2201052 जारी किया गया है, जो प्रतिदिन सुबह 6:00 बजे से रात 8:00 बजे तक कार्यरत रहेगा।
जिलाधिकारी ने जनसामान्य से अपील की है कि यदि एलपीजी गैस सिलेंडर की आपूर्ति, बुकिंग, वितरण या अन्य किसी प्रकार की समस्या हो तो वे इस नंबर पर संपर्क कर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं, जिसका शीघ्र समाधान कराया जाएगा।

पांच साल की बच्ची के अपहरण-छेड़छाड़ में सात साल की सजा

मझोला में नौ साल पुरानी घटना, पाँक्सो कोर्ट-फर्स्ट की कोर्ट का निर्णय, दोषी पर 25 हजार जुर्माना

Post on 13.3.26
Friday, Moradabad
Rajesh Bhatia
मुरादाबाद,(उप्र समाचार सेवा)।
मझोला क्षेत्र में पांच साल की मासूम को अगवा करने और छेड़छाड़ में दोषी को सात साल की सजा मिली है। विशेष न्यायाधीश पाँक्सो कोर्ट-1 अविनाश चंद्र मिश्र ने साक्ष्य के आधार पर दोषी मानते हुए सजा और 25 हजार रुपए का जुर्माना लगाया।
नाबालिग छेड़छाड़ व अपहरण किए जाने का मामला नौ साल पुराना है। वादी ने 17 सितंबर, 2017 को मामले की रिपोर्ट मझोला थाने में दर्ज कराईं थीं। तहरीर में कहा कि बेटा-बेटी घटना की शाम को सरकारी स्कूल में चल रहीं रामलीला देखने गए थे। लेकिन काफी देर बाद भी वापस न लौटे तो तलाश शुरु की। गांव में कुछ लोगों ने आरोपी जानी पुत्र जितेंद्र पाल को देखा। गांव वाले अचानक गुम हुईं बच्ची की ढूंढने निकले। इस दौरान ग्रामीणों ने आरोपी को बच्ची संग देखा। इस पर युवक को रास्ते में पकड़ लिया गया। परिजन व अन्य लोगों ने उसे थाना पुलिस को सौंपा।
केस की सुनवाई पाँक्सो कोर्ट-1 में हुई।विशेष लोक अभियोजक अभिषेक भटनागर व मनोज वर्मा ने बताया कि मामले में पुलिस रिपोर्ट व पीड़िता समेत अन्य बयान दर्ज हुए। अदालत में दोनों पक्षों की सुनवाई के बाद जानी को दोषी ठहराया। सात साल व 25 हजार रुपए जुर्माने की सजा सुनाई गई है।

समाज से मिल रहा प्रतिसाद प्रेरणादायी: सी. आर. मुकुंद

समालखा में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा की बैठक प्रारंभ

केरल राज्य में हजारों मुस्लिम एवं ईसाई परिवारों में किया गृहसंपर्क- परिवारों ने किया स्वागत-अभिनंदन

पट्टीकल्याणा (समालखा), 13 मार्च 2026।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा की बैठक आज विधिवत रूप से प्रारंभ हो गई। सुबह नौ बजे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पूजनीय सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत जी एवं माननीय सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले जी ने भारत माता के चित्र पर पुष्पार्चन कर बैठक का शुभारंभ किया। हरियाणा के पट्टीकल्याणा (समालखा) में स्थित माधव सृष्टि परिसर में तीन दिवसीय बैठक आयोजित की गई है। रा. स्व. संघ के सह सरकार्यवाह सी. आर. मुकुंद जी ने पत्रकारों को प्रतिनिधि सभा के शुभारंभ सहित विभिन्न विषयों एवं गतिविधियों की जानकारी दी। उनके साथ अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर जी भी उपस्थित रहे।


सी. आर. मुकुंद जी ने बताया कि संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर आयोजित प्रतिनिधि सभा की बैठक में देशभर से लगभग 1400 से अधिक प्रतिनिधियों की उपस्थिति अपेक्षित है। बैठक की शुरुआत में दिवंगत हुए विभिन्न प्रतिष्ठित व्यक्तित्वों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इनमें प्रमुख रूप से शिवकथाकार सतगुरुदास महाराज, पर्यावरणविद डॉ. माधव गाडगिल, पूर्व केंद्रीय गृहमंत्री एवं लोकसभा अध्यक्ष शिवराज पाटिल, पर्यावरण के लिए समर्पित सालुमरदा थिमक्का, पुरातत्वविद के. एन. दीक्षित, महाराष्ट्र के तत्कालीन उपमुख्यमंत्री अजीत पवार, अभिनेता धर्मेंद्र देओल, तमिल फिल्म निर्माता एवीएम सरवनन, मिजोरम के पूर्व राज्यपाल स्वराज कौशल, शिक्षाविद विनय हेगड़े, कम्युनिस्ट नेता आर नल्लकणु, वरिष्ठ पत्रकार एवं संपादक प्रफुल्ल गोविंद बरुआ के नाम सम्मिलित हैं।
सह सरकार्यवाह जी ने पत्रकारों को बताया कि देश भर में संघ शताब्दी वर्ष के कार्यक्रम चल रहे हैं, जिनमें समाज की सज्जन शक्ति के सहयोग और सहभाग ने स्वयंसेवकों का उत्साहवर्धन किया है। शताब्दी वर्ष के कार्यक्रमों की शुरुआत 02 अक्तूबर 2025 को नागपुर में पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद जी एवं सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत जी के सान्निध्य में हुई। इससे एक दिन पूर्व भारत सरकार ने संघ शताब्दी वर्ष के उपल्क्ष्य संघ पर डाक टिकट और स्मारक सिक्का जारी किया था।
उन्होंने बताया कि संघ के शताब्दी वर्ष में दो प्रकार के कार्यक्रमों की योजना की गई, जिनमें एक संगठन विस्तार और दूसरा समाज की सज्जन शक्ति को सदभाव, समरसता के लिए संगठित करने का उद्देश्य रखा गया। इस दृष्टि से गृह संपर्क अभियान चल रहा है, जिसके अन्तर्गत अभी तक देश के कुछ प्रांतों में ही 10 करोड़ घरों तथा 3 लाख 90 हजार गांवों तक संपर्क किया जा चुका है और अन्य प्रांतों में यह अभियान जारी है। गृह सम्पर्क में वर्ग और समुदाय के किसी पूर्वाग्रह के बिना घरों में जाकर परिवारों से मिलकर संघ के विषय में संवाद किया गया। सिर्फ केरल राज्य का ही उदाहरण लें तो वहां 55 हजार से ज्यादा मुस्लिम घरों में तथा 54 हजार से ज्यादा ईसाई परिवारों में सम्पर्क किया गया और इन सभी परिवारों ने स्वयंसेवकों का स्वागत किया।
उन्होंने बताया कि देश भर में अभी तक 36000 से अधिक स्थानों पर हिन्दू सम्मेलनों का आयोजन हो चुका है, जिनमें शहरी, ग्रामीण, दुर्गम जनजातीय क्षेत्र सहित सभी प्रकार के स्थान सम्मिलित हैं। इसमें अरुणाचल के एक दुर्गम क्षेत्र में आयोजित हिन्दू सम्मेलन का उदाहरण उल्लेखनीय है, जहां लोगों ने कहा कि वे पहली बार इस प्रकार की आत्मीयता अनुभव कर रहे हैं। हिन्दू सम्मेलनों का आयोजन निरंतर जारी है।
सह सरकार्यवाह जी ने कहा कि समाज हित के लिए सज्जन शक्ति को संगठित करने की दृष्टि से प्रमुख नागरिक संगोष्ठियां आयोजित की गईं हैं। दोनों प्रकार के कार्यक्रमों के माध्यम से समाज के भीतर पंच परिवर्तन के व्यापक लक्ष्य के लिए वातावरण बन रहा है। पंच परिवर्तन में सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण चेतना, स्व एवं स्वदेशी के लिए गर्व, परिवार व्यवस्था के संरक्षण तथा नागरिक कर्तव्यों के लिए जागरुकता शामिल हैं। इन परिवर्तनों के माध्यम से ही देश और समाज को महान बनाया जा सकता है।
संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत जी भी इन विषयों पर समाज के साथ सीधा संवाद स्थापित करने के लिए चारों महानगरों सहित राज्यों की राजधानियों में कार्यक्रमों में सहभाग कर रहे हैं। सरसंघचालक जी ने केवल चार महानगरों में आयोजित कार्यक्रमों में नागरिकों के साथ संवाद करते हुए एक हजार से अधिक प्रश्नों के उत्तर दिए तथा इस प्रश्नोत्तर में 20 घंटे से अधिक का समय लगा।
उन्होंने कहा कि संघ कार्य का निरंतर विस्तार हो रहा है और पिछले एक वर्ष में नए स्थानों पर नई शाखाओं का संचालन प्रारंभ हुआ है। संघ का प्रयास है कि आने वाले समय में गांवों और कस्बों में अधिक से अधिक शाखाएं प्रारंभ हों और समाज जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सके।
नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में शांति और विकास के लिए सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों का भी संघ ने स्वागत किया। सी. आर. मुकुंद जी ने कहा कि इसी प्रकार मणिपुर में भी शांति और स्थायित्व की स्थिति बहाल होना संतोषजनक है और इसमें संघ के स्वयंसेवकों की भी भूमिका उल्लेखनीय है। पड़ोसी देश बांग्लादेश में हिन्दुओं की स्थिति को लेकर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने आशा जताई कि वहां हिन्दू समाज के साथ परिस्थितियां बेहतर होंगी।
उन्होंने कहा कि संघ का उद्देश्य समाज की सज्जन शक्ति को एकत्रित कर राष्ट्र निर्माण के कार्य में आगे बढ़ना है। संघ का यह शताब्दी वर्ष कार्यक्रम अक्तूबर 2026 तक विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से जारी रहेगा। संघ विश्व में शांति एवं सबकी कुशलता की कामना करता है।
प्रेस वार्ता के दौरान अखिल भारतीय सह प्रचार प्रमुख नरेंद्र ठाकुर जी एवं प्रदीप जोशी जी सहित अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।
संघ कार्य का विस्तार
प्रतिवेदन में प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार पिछले वर्ष 51,740 स्थानों पर 83,129 शाखाएं संचालित थीं जो अब बढ़कर 55,683 स्थानों पर 88,949 शाखाओं का आंकड़ा हो गया है। इस प्रकार एक वर्ष में 3943 नए स्थान जुड़े हैं और शाखाओं की संख्या 5820 की वृद्धि हुई है।
हिन्दू सम्मेलनों के माध्यम से पंच परिवर्तन का आह्वान
प्रतिवेदन के अनुसार देश में अब तक 37,048 हिन्दू सम्मेलनों का आयोजन किया जा चुका है, जिनमें लगभग साढ़े तीन करोड़ लोगों ने सहभाग किया है। यह सम्मेलन शहरी, ग्रामीण, जनजातीय और दुर्गम क्षेत्रों में भी आयोजित हुए हैं। इनमें प्रमुखता से समाज में सामाजिक समरसता, पर्यावरण चेतना, कुटुम्ब प्रबोधन, स्व का बोध तथा नागरिक कर्तव्यों की पालना के लिए पंच परिवर्तन के लिए आह्वान किया गया।

गाजियाबाद-मुरादाबाद के बीच तीसरी परीक्षा स्पेशल ट्रेन

14-15 मार्च को चलेगी, ट्रेन के होंगे दो फेरे
Post on 13.3.26
Friday, Moradabad
Rajesh Bhatia

मुरादाबाद,(उप्र समाचार सेवा)।
यूपी पुलिस भर्ती व प्रोन्नति परीक्षा को लेकर रेलवे ने तीसरी ट्रेन के संचालन की तैयारी की है। परीक्षार्थियों के आवागमन के लिए गाजियाबाद मुरादाबाद के बीच स्पेशल ट्रेन चलेगी।
सीनियर डीसीएम आदित्य गुप्ता के अनुसार मंडल में तीसरी परीक्षा स्पेशल ट्रेन गाजियाबाद से मुरादाबाद के बीच चलेगी। गाजियाबाद से शुक्रवार को सुबह दस बजे चलेगी। ट्रेन हापुड़,गजरौला व अमरोहा होते हुए मुरादाबाद दोपहर 12 बजे पहुंचेगी। यह ट्रेन शाम छह बजे वापसी में गाजियाबाद के लिए रवाना होगी। गाजियाबाद में ट्रेन रात 9.15 बजे पहुंचने का समय निर्धारित किया गया है।

रामगढ़ताल इलाके में हुए गोलीकांड का गोरखपुर पुलिस ने किया खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार

Santosh Kumar Singh
Gorakhpur
13/03/2026

गोरखपुर : रामगढ़ताल थाना क्षेत्र में रुपए के लेनदेन को लेकर युवक को गोली मारने वाले आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है । पुलिस ने इस घटना में शामिल चार युवकों को गिरफ्तार किया है जिनके पास से एक पिस्टल एक तमंचा और घटना में प्रयुक्त एक्सयूवी कार भी बरामद किया है ।

आपको बताते चले कि 10 मार्च को रामगढ़ ताल इलाके में कुछ युवकों ने रुपयों के लेनदेन में प्रियांशु सिंह नामक युवक को गोली मार दी थी गोली युवक के पैर में लगी थी। गम्भीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के सम्बन्ध में पीड़ित द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर हमलावरों की तलाश शुरू कर दी । इस मामले में पुलिस ने चार युवकों पंकज शाही , सर्वेश उर्फ राहुल सिंह , लालू यादव और युवराज सिंह को गिरफ्तार किया है । पकड़े गए सभी आरोपियों पर पहले भी कई मुकदमे विभिन्न थानों में दर्ज है ।

घटना का खुलासा करते हुए एसपी सिटी अभिनव त्यागी ने बताया कि घटना में प्रयुक्त असलहे आरोपियों ने बेतियाहाता निवासी आर्थक सिंह से खरीदा था । आर्थक सिंह भाजपा नेता आदित्य सिंह का पुत्र है । यह वही आर्थक सिंह है जिसने कोतवाली थाना क्षेत्र के आर्यनगर में सपा छात्र नेता के घर पर अपने साथियों के साथ सरेआम फायरिंग किया था ।
पकड़े गए सभी आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने विधिक कार्यवाही कर जेल भेज दिया है।

« Newer PostsOlder Posts »