Web News

www.upwebnews.com

होली पर रोडवेज चलाएगा बसें, सभी मार्गों पर मिलेंगी सुविधा

February 23, 2026

होली पर रोडवेज चलाएगा बसें, सभी मार्गों पर मिलेंगी सुविधा

मुरादाबाद, 23 फरवरी(उप्र समाचार सेवा)।
होली पर यात्री सुविधा को लेकर रोडवेज ने व्यापक तैयारी की है। विभिन्न मार्गों पर विभाग ने बसें चलाने का शेड्यूल तैयार किया है। 28 फरवरी से नौ मार्च तक भारी संख्या में यात्रियों को सफर के लिए देखते हुए अलग-अलग रूटों पर 274 ट्रिप में बसें चलेंगीं।
मुरादाबाद रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक अनुराग यादव ने जानकारी दी। बताया कि इस बार दो मार्च से चार मार्च तक होली का पर्व मनेगा। इसे लेकर बड़ी संख्या में यात्रियों का आवागमन होगा। बसों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए 28 फरवरी से 9 मार्च तक कई फेरों में बसें चलेंगी।
दिल्ली-कौशांबी-रामनगर के अलावा दिल्ली -कौशांबी -हल्द्वानी, दिल्ली-कौशांबी -टनकपुर आदि रूटों पर पर्याप्त संख्या में बसें चलाई जाएंगी।
दिल्ली-गोरखपुर, दिल्ली- लखनऊ, दिल्ली-संभल, कौशांबी-मुरादाबाद, दिल्ली – रायपुर के अलावा धामपुर – कालागढ़ रूट पर भी बसें संचालित होगी।
आरएम के अनुसार हरिद्वार -रुपईडीहा, हरिद्वार -लखनऊ, हरिद्वार से बरेली, कानपुर के लिए मंडल के विभिन्न डिपो से बसें चलेंगीं।
उन्होंने बताया कि बस डिपो पर त्योहार के चलते विभागीय अधिकारियों को प्रभारी और पर्यवेक्षको व स्टाफ की ड्यूटियां लगाई गई है।
बस संचालन के लिए सभी सूचनाएं व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर साझा की जाएगी।

जनसुनवाई में डीएम दीपक मीणा की सख्ती

Santosh Kumar Singh Gorakhpur
23/02/2026

*सुबह 10 बजे कार्यालय पहुंचकर फरियादियों की समस्याएं सुनीं, त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश; शासन कर रहा ऑनलाइन निगरानी*

गोरखपुर। शासन के निर्देशानुसार जिलाधिकारी दीपक मीणा ने सोमवार सुबह ठीक 10 बजे कलेक्ट्रेट स्थित अपने कार्यालय पहुंचकर जनसुनवाई की। निर्धारित समय पर शुरू हुई जनसुनवाई में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों ने अपनी समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। डीएम ने एक-एक प्रार्थना पत्र को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को मौके पर ही त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि आमजन की समस्याओं का समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों का निस्तारण समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण ढंग से सुनिश्चित किया जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी।
जनसुनवाई के दौरान राजस्व, पुलिस, विकास, समाज कल्याण, नगर निगम, बिजली, आपूर्ति और शिक्षा विभाग से संबंधित शिकायतें प्रमुख रूप से सामने आईं। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे शिकायतकर्ता से सीधे संपर्क कर वस्तुस्थिति की जांच करें और निर्धारित समय सीमा के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करें।
इस दौरान फर्टिलाइजर सैनिक स्कूल परिसर के अंदर दुकान लगाने वाले दुकानदारों का एक प्रतिनिधिमंडल भी जिलाधिकारी से मिला। दुकानदारों ने स्कूल परिसर में लगाए गए स्टॉल एवं दुकानों की व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने की मांग उठाई। उन्होंने बताया कि उचित स्थान निर्धारण, सुरक्षा व्यवस्था और आधारभूत सुविधाओं के अभाव में उन्हें कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
जिलाधिकारी ने उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक जांच कर समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि कहीं अव्यवस्था है तो उसे तत्काल दुरुस्त किया जाए, ताकि किसी प्रकार की असुविधा या सुरक्षा संबंधी समस्या उत्पन्न न हो।
डीएम ने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि विद्यालय परिसर जैसे संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरती जाए और नियमों के अनुरूप ही दुकान या स्टॉल संचालित हों। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप व्यवस्था, अनुशासन और पारदर्शिता सर्वोपरि है।
जिलाधिकारी ने बताया कि शासन स्तर से जनसुनवाई और शिकायत निस्तारण की ऑनलाइन निगरानी की जा रही है। पोर्टल के माध्यम से यह देखा जा रहा है कि फरियादियों की शिकायतों पर प्रशासन किस प्रकार कार्रवाई कर रहा है और उनका समाधान कितनी प्रभावशीलता से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि पोर्टल पर दर्ज शिकायतों का समयबद्ध और संतोषजनक निस्तारण हो।
उन्होंने अधिकारियों को चेताया कि लंबित शिकायतों को गंभीरता से लें और अनावश्यक रूप से प्रकरणों को लंबित न रखें। शिकायतकर्ता को समाधान की जानकारी समय से उपलब्ध कराई जाए, ताकि उन्हें बार-बार कार्यालय का चक्कर न लगाना पड़े।
जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी ने कई मामलों में संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही फोन कर आवश्यक निर्देश दिए। कुछ मामलों में तत्काल कार्रवाई के आदेश भी जारी किए गए। डीएम ने कहा कि प्रशासन की कार्यप्रणाली जनहित आधारित होनी चाहिए और आमजन को त्वरित न्याय व राहत मिलनी चाहिए।
जनसुनवाई में अपर जिलाधिकारी, संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। प्रशासन द्वारा यह संदेश दिया गया कि आमजन की समस्याओं का समाधान सर्वोच्च प्राथमिकता है और शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शी व जवाबदेह व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

परंपरागत मुख्यमंत्री के जुलूस को लेकर प्रशासन अलर्ट

Santosh Kumar Singh
Gorakhpur
23/02/2026

घंटाघर क्षेत्र का डीआईजी एस. चनप्पा, डीएम दीपक मीणा व एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने किया निरीक्षण; चलते-चलते व्यापारियों से की बातचीत, रमजान को लेकर विशेष सुरक्षा के निर्देश*

गोरखपुर। होली के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा घंटाघर क्षेत्र में परंपरागत रूप से खेले जाने वाले फूलों की होली शोभायात्रा को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस महकमा पूरी तरह सतर्क है। शोभायात्रा में सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए डीआईजी गोरखपुर परिक्षेत्र एस. चनप्पा, जिलाधिकारी दीपक मीणा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने घंटाघर एवं आसपास के इलाकों का संयुक्त निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल, जुलूस मार्ग, प्रमुख चौराहों, छतों की स्थिति, बैरिकेडिंग, पार्किंग व्यवस्था और आपातकालीन निकास मार्गों का गहन अवलोकन किया। अधिकारियों ने निर्देश दिया कि सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रहे और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
डीआईजी एस. चनप्पा ने कहा कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए बहुस्तरीय सुरक्षा घेरा बनाया जाएगा। पर्याप्त संख्या में पुलिस बल, पीएसी एवं सादी वर्दी में पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। संवेदनशील बिंदुओं पर विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से लगातार मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाएगी।
जिलाधिकारी दीपक मीणा ने नगर निगम एवं संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि घंटाघर क्षेत्र में साफ-सफाई, सड़क मरम्मत, स्ट्रीट लाइट और पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम स्थल और जुलूस मार्ग पर किसी प्रकार का अतिक्रमण न रहे तथा भीड़ प्रबंधन के लिए पर्याप्त इंतजाम किए जाएं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने स्पष्ट किया कि जुलूस मार्गों पर प्रभावी बैरिकेडिंग की जाए और छतों पर अनधिकृत रूप से लोगों के चढ़ने पर रोक लगाई जाए। कार्यक्रम समाप्ति के बाद भी कुछ समय तक पुलिस बल तैनात रहेगा ताकि किसी भी प्रकार की हुड़दंग या अप्रिय घटना की संभावना न रहे।
निरीक्षण के दौरान अधिकारी चलते-चलते स्थानीय व्यापारियों से भी बातचीत करते रहे। व्यापारियों से सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को लेकर सुझाव लिए गए। अधिकारियों ने उनसे अपील की कि वे प्रशासन का सहयोग करें, दुकानों के सामने अनावश्यक सामान न रखें और अपने प्रतिष्ठानों के सीसीटीवी कैमरे सक्रिय रखें। व्यापारियों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया और बेहतर व्यवस्था के लिए धन्यवाद भी दिया।
इस वर्ष होली का पर्व रमजान के पवित्र महीने में पड़ रहा है। इसे देखते हुए अधिकारियों ने विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। धार्मिक स्थलों के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी और सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी।
निरीक्षण के दौरान एसपी सिटी अभिनव त्यागी, सिटी मजिस्ट्रेट उत्कर्ष श्रीवास्तव, अपर नगर आयुक्त दुर्गेश मिश्रा, क्षेत्राधिकारी कोतवाली ओमकार दत्त तिवारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे होली का त्योहार प्रेम, सौहार्द और परंपरागत उत्साह के साथ मनाएं तथा किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें। प्रशासन की प्राथमिकता है कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम सहित संपूर्ण होली पर्व शांतिपूर्ण, सुरक्षित और भाईचारे के माहौल में संपन्न हो।

होली पर यात्रियों का सफर आसान बनाएगी 62 स्पेशल ट्रेनें

पटना, हावड़ा, अमदाबाद के लिए भी होली स्पेशल

Post on 23.2.26
Monday, Time 6.30 PM
Moradabad, Rajesh Bhatia

मुरादाबाद, 23 फरवरी(उप्र समाचार सेवा)।
होली पर घर पहुंचने के लिए यात्रियों के लिए विशेष ट्रेनें सुविधाजनक बनेगी। आसान सफर के लिए मंडल में 62 स्पेशल ट्रेनें दौड़ाने की तैयारी की गई है। सुदूर क्षेत्रों तक चलने वाली ट्रेनें यात्रियों को सुविधा प्रदान करेगी। हावड़ा, पटना, अमदाबाद समेत अन्य जगहों के लिए विशेष ट्रेनें चलाईं जा रही है। यात्रियों की सुविधा को देखते हुए रिजर्व और अनरिजर्व ट्रेनों का संचालन किया गया है।
होली पर अक्सर ट्रेनों में भीड़ के चलते मारामारी के हालात रहते हैं। मुख्यालय भीड़ की डिमांड या वेटिंग को देखते हुए उसी रूट पर ट्रेन संचालित करता है। इस बार भी कमोवेश भीड़भाड़ के हालात बनेंगे। इसे देखते हुए रेल प्रशासन ने स्पेशल ट्रेनों को चलाने की तैयारी की है।
मुरादाबाद मंडल में देहरादून, योगनगरी ऋषिकेश समेत विभिन्न स्टेशनों से होती हुई लंबी दूरी की 62 विशेष ट्रेनें चलाई जा रही है।

सीनियर डीसीएम आदित्य गुप्ता के अनुसार उत्तर, पश्चिम, दक्षिण क्षेत्रों के लिए ट्रेनों का कार्यक्रम जारी किया गया है।पटना, हावड़ा, मुजफ्फरपुर, अमदाबाद, साबरमती के अलावा दक्षिण क्षेत्रों के लिए भी स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही है। होली पर 62 विशेष ट्रेनों से यात्रियों का सफर आरामदायक बनेगा। खास यह यात्री सुविधा के लिए रिजर्व और अनरिजर्व ट्रेनें संचालित की गई है।

देहरादून के वरिष्ठ पत्रकार रामप्रताप मिश्र साकेती नहीं रहे

Ram Pratap Mishra Saketi, Senior Journalist Dehradun

Posted on 23.02.2026, Monday, Time 07.59 PM, Dehradun, Ram Pratap Mishra Saketi, Ayodhya

देहरादून। वरिष्ठ पत्रकार मेरे सहयोगी रहे रामप्रताप मिश्र साकेती नहीं रहे। उनके निधन का समाचार जानकार बहुत कष्ट हुआ। बहुत ही स्पष्ट विचार, धुन के पक्के, अति स्वाभिमानी और गैर समझौतावादी साकेती का जीवन सीधा सपाट और विवाद रहित था। वे मेरे साथ 1988 में जुड़े थे, जब हम देहरादून में विश्व मानव दैनिक के प्रभारी थे। अखाड़ा बाजार के नारायण मार्केट में तीसरी मंजिल के कार्यालय में वे मिलने आए थे और फिर उसी दिन हमारे साथ संवाददाता के रूप में जुड़ गए थे। 100 कांवली रोड उनका पता था, जो उनकी पहचान बन गया था, क्योंकि वे बाहरी पत्र पत्रिकाओं में नियमित छपते थे और साथ ये पता भी। उन्होंने मेरे देहरादून रहने तक इस अखबार में काम किया। फिर दैनिक जागरण से जुड़े। जब मैं पाञ्चजन्य से जुड़ा तो वे देहरादून से पाञ्चजन्य का सहयोग करते थे। वे उत्तराखण सूचना विभाग से भी कुछवर्ष जुड़े रहे।
संप्रति भारतीय जनता पार्टी उत्तराखंड की पत्रिका देवकमल का संपादन कर रहे थे। देहरादून के मित्रों से मिली जानकारी के अनुसार उनका निधन कल बुलंदशहर में हुआ, जहां उनका बेटा नौकरी में है। साकेती जी मूल रूप से अयोध्या जनपद के निवासी थे। लगभग 45 साल पहले वे अयोध्या से देहरादून आ गए थे और यहीं के होकर रह गए।
साकेती जी को विनम्र श्रद्धांजलि। ईश्वर से प्रार्थना है कि उनकी आत्मा को सद्गति प्रदान करे। ॐ शांति शांति शांति।

« Newer PostsOlder Posts »