Web News

www.upwebnews.com

ब्रज तीर्थ विकास परिषद की 8वीं बोर्ड बैठक संपन्न, विकास योजनाओं पर हुई व्यापक चर्चा

March 7, 2026

ब्रज तीर्थ विकास परिषद की 8वीं बोर्ड बैठक संपन्न, विकास योजनाओं पर हुई व्यापक चर्चा

मथुरा।
योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद की आठवीं बोर्ड बैठक शनिवार को वृंदावन स्थित गीता शोध संस्थान एवं रासलीला अकादमी परिसर में आयोजित की गई। बैठक यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के क्षेत्रीय कार्यालय सभागार में सम्पन्न हुई, जिसमें ब्रज क्षेत्र के विकास, पर्यटन और विरासत संरक्षण से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर चर्चा की गई।
बैठक के प्रारंभ में स्वामी हरिदास प्रेक्षागृह, गीता शोध संस्थान, रासलीला अकादमी, मुक्ताकाशीय मंच, मीराबाई अतिथि गृह तथा पर्यटन थाना एवं आवासीय परिसर की प्रगति से संबंधित वीडियो प्रस्तुति दिखाई गई। इसके साथ ही परिषद की 22 अक्टूबर 2024 को हुई सातवीं बोर्ड बैठक के निर्णयों की पुष्टि भी की गई।
मुख्यमंत्री ने मथुरा–वृंदावन रेल मार्ग के 11.80 किलोमीटर लंबे ट्रैक को फोरलेन सड़क के रूप में विकसित करने के प्रस्ताव पर चर्चा करते हुए लोक निर्माण विभाग, परिषद और जिला प्रशासन को रेलवे विभाग से समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने रेपिड ट्रांजिट सिस्टम की व्यवहारिकता का अध्ययन कराने को भी कहा।
बैठक में छाता क्षेत्र के ग्राम अजीजपुर में प्रस्तावित वाटर म्यूजियम के लिए चिन्हित भूमि को सिंचाई विभाग से परिषद को हस्तांतरित करने की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा ब्रज की प्रसिद्ध 84 कोस परिक्रमा की अंतर्वेदी और बहिर्वेदी परिक्रमा के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर कार्य प्रारंभ कराने पर भी जोर दिया गया।
गोवर्धन परिक्रमा क्षेत्र में नौ प्राचीन कुंडों के पुनर्जीवन की परियोजना, ब्रज क्षेत्र के वनों से प्रोसोपिस ज्यूलीफ्लोरा को हटाकर स्थानीय प्रजातियों के वृक्ष लगाने और 36 वनों के इको-रेस्टोरेशन प्रोजेक्ट पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने आगामी वर्षा ऋतु में वन महोत्सव के दौरान व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाने के निर्देश दिए।
बैठक में मथुरा, वृंदावन और गोवर्धन में मल्टीलेवल कार पार्किंग बनाने, वृंदावन–मथुरा–गोकुल को जोड़ते हुए यमुना नदी पर जलमार्ग विकसित करने, पीपीपी मॉडल पर क्रूज और नौका संचालन शुरू करने तथा वृंदावन के विभिन्न मार्गों पर रोपवे विकसित करने जैसे प्रस्तावों पर भी विचार किया गया।
साथ ही गोवर्धन के परासौली में सूरदास ब्रजभाषा अकादमी की स्थापना, वृंदावन के बेगमपुर क्षेत्र में 12 हेक्टेयर पार्किंग और श्री बांके बिहारी मंदिर तक 1.50 किलोमीटर लंबी एलिवेटेड सड़क के निर्माण की योजना पर भी चर्चा हुई। परिषद द्वारा वित्तीय वर्ष 2026–27 के लिए 259 करोड़ रुपये से अधिक की 15 विकास परियोजनाओं को भी स्वीकृति प्रदान की गई।
मुख्यमंत्री ने परिक्रमा मार्गों पर बेहतर लाइटिंग, स्वच्छता, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पर्याप्त पार्किंग, जनसुविधाएं और पुलिस पेट्रोलिंग व्यवस्था को मजबूत किया जाए तथा सीसीटीवी कैमरों से निगरानी बढ़ाई जाए।
बैठक के अंत में परिषद के मुख्य कार्यपालक अधिकारी सूरज पटेल द्वारा प्रस्तुत डोनेशन मैनेजमेंट डिजिटल सिस्टम का मुख्यमंत्री ने शुभारंभ किया।
बैठक में केंद्रीय और प्रदेश स्तर के कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे, जिनमें हेमा मालिनी, लक्ष्मी नारायण चौधरी, जयवीर सिंह, संदीप सिंह सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल थे।

वृंदावन में खुला हाईटेक पर्यटन थाना, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया उद्घाटन

मथुरा। ब्रज तीर्थ धाम में देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ किया गया है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को वृंदावन में नवनिर्मित हाईटेक पर्यटन थाने का भव्य उद्घाटन किया। यह थाना तीर्थयात्रियों और पर्यटकों को सुरक्षा के साथ-साथ आधुनिक सुविधाएं और त्वरित सहायता प्रदान करने वाला अत्याधुनिक केंद्र होगा।
अनेक भाषाओं के जानकार पुलिसकर्मी और आधुनिक सुविधाएं
नया पर्यटन थाना देशी-विदेशी पर्यटकों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विकसित किया गया है। यहां तैनात पुलिसकर्मी अंग्रेजी सहित कई विदेशी और प्रांतीय भाषाओं में दक्ष हैं, जिससे वे बाहर से आने वाले पर्यटकों की समस्याओं को आसानी से समझकर उनका समाधान कर सकें। थाने में 24×7 सहायता केंद्र और एक विशाल स्वागत हॉल बनाया गया है, जहां श्रद्धालु विश्राम कर आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।
‘सेफ सिटी’ प्रोजेक्ट के तहत स्मार्ट सर्विलांस
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए इस थाने को ‘सेफ सिटी’ प्रोजेक्ट के अंतर्गत अत्याधुनिक सीसीटीवी सर्विलांस और स्मार्ट निगरानी प्रणाली से जोड़ा गया है। यहां एक साइबर सेल भी स्थापित किया गया है, जो डिजिटल ठगी और सोशल मीडिया से जुड़े अपराधों पर नजर रखेगा। पर्यटकों के साथ होने वाली चोरी या ठगी जैसी घटनाओं की रिपोर्टिंग और त्वरित जांच अब इसी थाने से सुनिश्चित की जाएगी।
सूचना केंद्र में मिलेगी पूरी जानकारी
पर्यटन थाने के भीतर ही एक सूचना केंद्र स्थापित किया गया है, जहां श्रद्धालुओं को क्षेत्र के प्रमुख होटलों, गेस्ट हाउसों, धर्मशालाओं और मंदिरों की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही होटलों और धर्मशालाओं के पंजीकरण की सुविधा भी यहीं मिलेगी, जिससे यात्रियों को सुरक्षित और प्रमाणित ठहरने की व्यवस्था मिल सकेगी।
महिलाओं और दिव्यांगों के लिए विशेष व्यवस्था
इस पर्यटन थाने में महिलाओं की सुरक्षा के लिए विशेष महिला हेल्प डेस्क बनाई गई है। वहीं दिव्यांगजनों की सुविधा के लिए रैम्प और आधुनिक शौचालयों की व्यवस्था भी की गई है, जिससे सभी श्रद्धालुओं को सुगम ब्रज यात्रा का अनुभव मिल सके।
उद्घाटन से पूर्व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गीता शोध संस्थान एवं रासलीला अकादमी परिसर में निर्माणाधीन स्वामी हरिदास प्रेक्षागृह का निरीक्षण भी किया और अधिकारियों को निर्माण कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।

छड़ियों की मार के आगे बेबस हुए हुरियारे, चौमुंहा हुरंगे में उमड़ा उत्साह

चौमुंहा (मथुरा)। ब्रजभूमि में होली का उत्साह अभी भी पूरे शबाब पर है। इसी क्रम में कस्बा चौमुंहा के ऐतिहासिक तकिया मैदान में भव्य हुरंगे का आयोजन किया गया। सतरंगी गुलाल और रंगों की उड़ती बौछारों के बीच जब हुरियारिनों ने छड़ियां बरसानी शुरू कीं तो हुरियारे उनके जोश के आगे बेबस नजर आए। इस पारंपरिक उत्सव को देखने के लिए क्षेत्रीय लोगों के साथ-साथ दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं की भी भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
हुरंगे की शुरुआत होते ही कस्बे के मारूफ, दाऊद, मनी, जुझार और थमू थोक की हुरियारिनें अपने-अपने दल के साथ मैदान में उतरीं। ब्रज के लोकगीतों और ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच हुरियारों ने जब हुरियारिनों पर रसिया के रंग डाले, तो जवाब में हुरियारिनों ने प्रेम से भरी अपनी छड़ियों से उन्हें जमकर छकाया। हुरियारों की ढालें भी हुरियारिनों के उत्साह के आगे फीकी पड़ती नजर आईं।
कार्यक्रम की भव्यता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता था कि मुख्य मंच पर क्षेत्र के गणमान्य लोगों का जमावड़ा लगा रहा। विशिष्ट अतिथियों का साफा पहनाकर और माला अर्पित कर स्वागत किया गया। आयोजन समिति ने हुरंगे में सक्रिय भागीदारी करने वाली और बेहतर कौशल दिखाने वाली विजेता महिलाओं को इनाम देकर सम्मानित किया। साथ ही सभी प्रतिभागी हुरियारिनों का मुंह मीठा कराने के लिए मिठाइयों का वितरण किया गया।
नगर पंचायत चेयरमैन सुषमा सिसोदिया ने कहा कि ब्रज की यह प्राचीन संस्कृति और हुरंगे की परंपरा हमारी अमूल्य धरोहर है। चौमुंहा का तकिया मैदान सदियों से इस परंपरा का साक्षी रहा है। वहीं समाजसेवी कालू पहलवान ने कहा कि हुरंगा केवल एक खेल नहीं बल्कि आपसी प्रेम, सौहार्द और भाईचारे का संदेश देने वाला उत्सव है। चेयरमैन प्रतिनिधि कारे बाबा ने भी प्राचीन संस्कृति को समाज में भाईचारे की भावना को जीवंत रखने वाला बताया।
देर शाम तक चले इस उत्सव में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर स्थानीय प्रशासन भी मुस्तैद रहा। शांतिपूर्ण और हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुए इस आयोजन ने एक बार फिर ब्रज की होली के अनूठे रंगों से सभी को सराबोर कर दिया।
इस अवसर पर देवो काका, नारायण सिंह, ऋतिक सिसोदिया, हरेंद्र सिंह, पुष्पेंद्र, सौदान सिंह, लोकेश, भारतपाल मुंशी, भूपेंद्र पंडित, महावीर, बांके सिंह, राजू सिंह, जोली सेठ, पप्पू मुखिया सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

रारह गांव में परंपरागत हुरंगे का आयोजन, छड़ी मार होली में उमड़ा उत्साह

मथुरा। मथुरा – भरतपुर बॉर्डर के पास स्थित ग्राम रारह में परंपरागत हुरंगे का भव्य आयोजन किया गया। वर्षों से चली आ रही इस परंपरा के अनुसार होली के अंतिम दिनों में गांव में जोरदार हुरंगे का आयोजन किया जाता है, जिसमें ग्रामीण बड़ी संख्या में भाग लेते हैं।
कार्यक्रम के दौरान विशेष छड़ी मार होली का आयोजन किया गया, जिसमें महिलाओं और पुरुषों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। परंपरा के अनुसार महिलाएं रंग और प्रेम का प्रतीक मानकर छड़ी के रूप में पुरुषों पर हल्की प्रहार करती हैं, जो आपसी प्रेम, सौहार्द और रंगोत्सव का संदेश देता है। इस अनोखी परंपरा को देखने के लिए आसपास के क्षेत्रों से भी लोग बड़ी संख्या में पहुंचे।
ग्रामीणों का कहना है कि रारह गांव में यह परंपरा वर्षों से चली आ रही है और हर वर्ष हजारों की संख्या में लोग इसमें भाग लेकर होली के उत्सव को खास बनाते हैं।
कार्यक्रम का आयोजन रारह गांव की पंचायत द्वारा किया गया। इस अवसर पर खिलना कुंतल, घनश्याम कुंतल, कुलदीप कुंतल, घुरे कुंतल, ऋतिक कुंतल, ऋषि कुंतल, दिनेश कुंतल सहित अनेक ग्रामीण मौजूद रहे।

चौमुहां में भव्य हुरंगे का आयोजन, हुरियारिनों को साड़ी देकर किया सम्मानित

समाजसेवी पूरन सिसौदिया के प्रयास से जीवंत हुई ब्रज की परंपरा
मथुरा(चौमुहां)। कस्बे के भरतिया रोड स्थित सरकारी गौशाला के समीप ब्रज की सांस्कृतिक परंपरा के अनुरूप भव्य हुरंगे का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन भाजपा नेता एवं समाजसेवी बिहारीलाल उर्फ पूरन सिसौदिया द्वारा किया गया, जो पिछले कई वर्षों से अपनी निजी निधि से इस परंपरा को जीवंत बनाए हुए हैं।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कैबिनेट मंत्री प्रतिनिधि नरदेव चौधरी उपस्थित रहे। हुरंगे के दौरान ब्रज की पारंपरिक होली और लोक संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिला, जहां हुरियारों और हुरियारिनों के बीच हंसी-ठिठोली और उमंग की बौछारों से माहौल सराबोर हो गया।
आयोजन के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली विजेता हुरियारिनों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। साथ ही आयोजन की गरिमा बढ़ाते हुए प्रत्येक प्रतिभागी हुरियारिन को एक-एक साड़ी भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि नरदेव चौधरी ने कहा कि ब्रज की होली और हुरंगा केवल उत्सव नहीं बल्कि हमारी गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत है। उन्होंने कहा कि पूरन सिसौदिया जैसे समाजसेवी अपनी मेहनत और संसाधनों से इन परंपराओं को संजोए हुए हैं, जो अत्यंत सराहनीय है।
आयोजक समाजसेवी व भाजपा नेता बिहारीलाल उर्फ पूरन सिसौदिया ने कहा कि ब्रज संस्कृति की सेवा करना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि हुरंगा ब्रज की ऐसी लोक परंपरा है जो ऊंच-नीच के भेदभाव को मिटाकर सभी को प्रेम के सूत्र में बांधती है।
इस अवसर पर क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही। कार्यक्रम देर शाम तक उत्साह और उल्लास के साथ चलता रहा।
इस मौके पर सतीश शर्मा, गुड्डू पहलवान, द्वारिकाधीश यादव, पूर्व चेयरमैन ओंकार सिंह, पवन, संजय सिंह, नेत्रपाल, कुलदीप, गिर्राज नेता, रवींद्र सिंह, देवेंद्र पहलवान, मानसिंह आदि मौजूद रहे।
« Newer PostsOlder Posts »