डॉ. अभिनव सक्सेना और विशेषज्ञों की टीम ने दीं निशुल्क सेवाएँ
( संजीव गुप्त द्वारा )
शाहजहाँपुर। जनपद के प्रमुख आयुर्वेदिक केंद्र ‘अमृतसिद्धि आयुर्वेदा’ (लोधीपुर) में आज एक दिवसीय विशेष निशुल्क चिकित्सा शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस शिविर की मुख्य कमान सुप्रसिद्ध आयुर्वेद एवं पंचकर्म विशेषज्ञ डॉ. अभिनव सक्सेना (Ex-Assistant Professor) ने संभाली, जिनके साथ देश के विभिन्न राज्यों से आए विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने अपनी सेवाएँ दीं।
वरिष्ठ चिकित्सकों का मिला मार्गदर्शन
शिविर में मुख्य चिकित्सक डॉ. अभिनव सक्सेना के साथ बेंगलुरु से आए डॉ. यशवंत एच (शल्य तंत्र विशेषज्ञ), पेन मैनेजमेंट विशेषज्ञ डॉ. अजीत सिंह और केरल के डॉ. अर्जुन अशोकन ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इन विशेषज्ञों ने नाड़ी परीक्षण के माध्यम से मरीजों के रोगों की जड़ तक पहुँचकर उन्हें उचित परामर्श दिया।
जटिल रोगों का हुआ निशुल्क उपचार
सुबह 10 बजे से शुरू हुए इस शिविर में पाचन तंत्र (IBS, गैस, एसिडिटी), हड्डी एवं जोड़ रोग (सर्वाइकल, गठिया), त्वचा रोग और शल्य रोगों (बवासीर, भगंदर, फिशर) से संबंधित सैकड़ों मरीजों का पंजीकरण किया गया। शिविर की खास बात यह रही कि यहाँ मरीजों को परामर्श के साथ-साथ निशुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं और सीमित मरीजों के लिए निशुल्क BMD (बोन डेंसिटी) जांच की सुविधा भी उपलब्ध रही।
बिना बड़े ऑपरेशन के उपचार की सलाह
डॉ. अभिनव सक्सेना ने मरीजों को संबोधित करते हुए कहा कि आयुर्वेद में बिना किसी बड़े ऑपरेशन के गंभीर बीमारियों का स्थाई उपचार संभव है। उन्होंने पंचकर्म की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए बताया कि शरीर के शुद्धिकरण से रोगों को दूर रखा जा सकता है। शिविर के दौरान मरीजों को पंचकर्म सुविधाओं पर 20% की विशेष छूट का लाभ भी दिया गया।
स्थानीय निवासियों ने अमृतसिद्धि आयुर्वेदा के इस प्रयास की सराहना की और डॉ. सक्सेना व उनकी टीम के प्रति आभार व्यक्त किया।

