कुटी में कुकर्म, आरोपी को भीड़ ने पीटा : : UP News | UP Web News

Web News

www.upwebnews.com

कुटी में कुकर्म, आरोपी को भीड़ ने पीटा

March 10, 2026

कुटी में कुकर्म, आरोपी को भीड़ ने पीटा

भजन कुटी में मासूम से कुकर्म का आरोप, वीडियो वायरल होने पर मचा हड़कंप
पुलिस के सामने ग्रामीणों ने आरोपी बाबा की पिटाई की, पिता की तहरीर पर जांच शुरू
मथुरा। जैंत थाना क्षेत्र के एक गांव में मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां भजन कुटी में रहने वाले एक व्यक्ति पर एक मासूम बच्चे के साथ कुकर्म करने का गंभीर आरोप लगा है। घटना से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पीड़ित के पिता ने आरोपी के खिलाफ थाना जैंत में तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़ित के पिता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 6 मार्च 2026 को उनका नाबालिग पुत्र घर के पास खेल रहा था। आरोप है कि गांव की लाठी वाली मढ़ी स्थित साधू बाबा भजन कुटी में रहने वाले कृष्ण दास नामक व्यक्ति ने बच्चे को सामान मंगाने के बहाने कुटी के अंदर बुला लिया। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि आरोपी ने बच्चे को डरा-धमकाकर कुटी के अंदर बंद कर दिया और उसके साथ कुकर्म किया। साथ ही बच्चे को धमकी दी कि यदि उसने किसी को इस बारे में बताया तो उसे जान से मार देगा।
बताया गया कि डर के कारण मासूम ने कई दिनों तक घर में इस घटना का जिक्र नहीं किया। लेकिन उसके व्यवहार में आए बदलाव और घबराहट को देखकर परिजनों को शक हुआ। जब परिवार वालों ने बच्चे से सख्ती से पूछताछ की तो उसने पूरी घटना बता दी।
बताया जा रहा है कि घटना का किसी ने वीडियो भी बना लिया था, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। जब यह वीडियो पीड़ित परिवार तक पहुंचा तो परिवार के होश उड़ गए। इसके बाद 9 मार्च को पीड़ित पिता ने थाना जैंत पहुंचकर आरोपी कृष्ण दास के खिलाफ नामजद तहरीर दी।
सूचना मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। बताया जाता है कि जब उत्तर प्रदेश पुलिस की टीम आरोपी को पकड़कर ले जा रही थी, उसी दौरान आक्रोशित ग्रामीणों ने उसे घेर लिया और पुलिस के सामने ही उसकी जमकर पिटाई कर दी। पुलिस ने किसी तरह आरोपी को ग्रामीणों से बचाकर अपने कब्जे में लिया।
फिलहाल पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद गांव में भारी आक्रोश व्याप्त है और ग्रामीण आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।