UP-Samachar : : UP News | UP Web News | Page 10

Web News

www.upwebnews.com

विकास नहीं तो वोट नहीं ग्रामीणों ने किया चुनाव बहिष्कार का एलान

March 14, 2026

विकास नहीं तो वोट नहीं ग्रामीणों ने किया चुनाव बहिष्कार का एलान

मैनपुरी, 14 मार्च 26, जनपद की तहसील भोगांव के अंतर्गत आने वाले ग्राम जमथरी में विकास कार्यों की अनदेखी से नाराज ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा है। बुनियादी सुविधाओं के अभाव और प्रशासन की उदासीनता के विरोध में ग्रामीणों ने एकजुट होकर आगामी चुनाव के पूर्ण बहिष्कार का संकल्प लिया है।
​”नल नहीं तो वोट नहीं” के नारों से गूँजा गांव
​ग्रामीणों ने गांव की गलियों में जमकर विरोध प्रदर्शन किया और जिला प्रशासन व सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। ग्रामीणों का मुख्य मुद्दा गांव में नल (पेयजल व्यवस्था) का न होना है। प्रदर्शन के दौरान “नल नहीं तो वोट नहीं” जैसे नारों के साथ ग्रामीणों ने स्पष्ट कर दिया है कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं, तो वे इस बार मतदान प्रक्रिया का हिस्सा नहीं बनेंगे।
​भेदभाव का आरोप यादव बाहुल्य होने की मिल रही सजा
​नाराज ग्रामीणों का कहना है कि यह क्षेत्र यादव बाहुल्य है, जिसके चलते गांव के साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है। उनका आरोप है कि राजनीतिक कारणों से न तो गांव में नल लगाए जा रहे हैं और न ही अन्य कोई विकास कार्य कराए जा रहे हैं। बुनियादी सुविधाओं के लिए तरस रहे ग्रामीणों ने प्रशासन पर जानबूझकर उपेक्षा करने का गंभीर आरोप लगाया है।

टीएमयू दीक्षांत समारोह-2026: केंद्रीय मंत्री ने 6041 छात्रों को बांटी डिग्री

36 शोधार्थियों को पीएचडी व 311 को मैडल

विद्यार्थियों के चेहरे खिले, प्रांगण में उत्साह व उत्सव का माहौल

केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा बोले- राष्ट्र निर्माण में शिक्षा ही मजबूत नींव, युवाओं को नवाचार और शोध की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए
Post on 14.3.26
Saturday, Moradabad
Rajesh Bhatia

मुरादाबाद,(उप्र समाचार सेवा)।
शनिवार को तीर्थांकर महावीर यूनिवर्सिटी (टीएमयू )के दीक्षांत समारोह में करीब साढ़े छह हजार विद्यार्थियों को डिग्रियां हासिल हुई।डिग्रियां मिलने के बाद विद्यार्थियों के चेहरे खिल उठे।
दिल्ली रोड पर (Teerthanker Mahaveer University) टीएमयू में दीक्षांत समारोह का आयोजन भव्य रूप से हुआ। समारोह में विद्यार्थियों को डिग्रियां मिली। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय स्वास्थ्य,परिवार कल्याण मंत्री और रसायन एवं उर्वरक मंत्री जेपी नड्डा रहे। जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में यूपी के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक समेत कई प्रमुख मंत्री और जनप्रतिनिधि शामिल हुए। विवि में मुख्य अतिथि को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। कार्यक्रम में 36 पीएचडी डिग्री,108 गोल्ड मेडल, 105 सिल्वर व 98 को कांस्य पदक प्रदान किए गए।


साथ ही लोक गायिका मालिनी अवस्थी व जेपी नड्डा को मानद डॉक्टरेट से भी सम्मानित किया गया। समारोह में विद्यार्थी और अभिभावकों उत्साह देखने को मिला।
इस स्मारोह में उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक, भाजपा के पूर्व अध्यक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह, मंत्री बलदेव सिंह औलख गुलाबी देवी और कुंदरकी से विधायक रामवीर सिंह,एमएलसी डॉ जयपाल सिंह व्यस्त,शहर विधायक रितेश गुप्ता,महापौर विनोद अग्रवाल, एमएलसी हरि सिंह ढिल्लों सहित अन्य जन प्रतिनिधि रहे।
समारोह में विवि के कुलाधिपति सुरेश जैन,वाइस चेयरमैन मनीष जैन, एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर अक्षत जैन, विश्वविद्यालय में परिवार के सदस्य और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं रहीं।

March 13, 2026

चलती स्कॉर्पियो में लगी आग, देखते ही देखते बनी आग का गोला, तीन लोगों ने कूदकर बचाई जान

मथुरा। दिल्ली–आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर थाना हाईवे क्षेत्र में जयगुरुदेव पेट्रोल पंप के पास शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे उस समय हड़कंप मच गया, जब दौड़ रही एक स्कॉर्पियो में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते इंजन से धुआं निकलने लगा और कुछ ही देर में गाड़ी आग का गोला बन गई।
बताया जा रहा है कि शॉर्ट सर्किट के कारण इंजन से धुआं और आग की लपटें निकलने लगीं, जिससे वाहन में सवार तीन लोगों में अफरा-तफरी मच गई। गनीमत यह रही कि जैसे ही धुआं निकला, चालक और उसमें सवार अन्य लोग तुरंत गाड़ी से कूद गए और अपनी जान बचा ली। इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक स्कॉर्पियो पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी। बताया जा रहा है कि यह गाड़ी छोटी कोसी निवासी केदार की थी।
घटना के दौरान सुरक्षा की दृष्टि से कुछ समय के लिए दिल्ली–आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर ट्रैफिक रोकना पड़ा, जिससे वाहनों की लंबी कतार लग गई। बाद में आग बुझने के बाद यातायात को सामान्य कर दिया गया।

सुहाग नगरी के धार्मिक स्थलों की बदलेगी तस्वीर, योगी सरकार ने विकास के लिए खोला खजाना

फिरोजाबाद के तीन प्रमुख मंदिरों- नरसिंह धाम, जैन मंदिर और हनुमान मंदिर का होगा सुंदरीकरण*

*- उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत को सहेजने के लिए के लिए संकल्पित योगी सरकार*

फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार प्रदेश की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत को सहेजने के अपने संकल्प को निरंतर धरातल पर उतार रही है। इसी कड़ी में सुहाग नगरी फिरोजाबाद के प्राचीन मंदिरों और धार्मिक स्थलों के सुंदरीकरण व पर्यटन विकास के लिए सरकार ने खजाना खोल दिया है। जिले के तीन प्रमुख आस्था केंद्रों भगवान श्री नरसिंह धाम, छदामी लाल जैन मंदिर और पसीने वाले हनुमान जी मंदिर के सुंदरीकरण और पर्यटन विकास के लिए करोड़ों की धनराशि स्वीकृत की गई है।

*नरसिंह धाम और जैन मंदिर को मिलेगी नई भव्यता*
धार्मिक पर्यटन विकास योजना के अंतर्गत मंछना स्थित प्राचीन भगवान श्री नरसिंह धाम के लिए 112.34 लाख रुपये की राशि मंजूर की गई है। यहां श्रद्धालुओं के लिए आधुनिक विश्राम गृह, बेहतर प्रकाश व्यवस्था और सुलभ पहुंच मार्ग का निर्माण कराया जाएगा। वहीं अपनी बेजोड़ वास्तुकला के लिए मशहूर छदामी लाल जैन मंदिर के लिए 128.32 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इन विकास कार्यों से जैन समाज के इस प्रमुख केंद्र की भव्यता और अधिक बढ़ेगी, जिससे देश- विदेश के पर्यटक यहां आकर्षित होंगे।

*सिद्ध ‘पसीने वाले हनुमान जी’ मंदिर का होगा कायाकल्प*
जन आस्था के बड़े केंद्र सिद्ध पसीने वाले हनुमान जी मंदिर के लिए भी योगी सरकार ने 100.03 लाख रुपये का बजट आवंटित किया है। मंदिर परिसर में भक्तों की बढ़ती संख्या को देखते हुए मूलभूत सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। मंदिर के सौंदर्यीकरण के साथ- साथ यहां आने वाले श्रद्धालुओं के लिए पेयजल और स्वच्छता के विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं, ताकि दर्शन की प्रक्रिया सुगम और शांतिपूर्ण हो सके।

*श्रद्धालुओं को मिलेगा सुखद आध्यात्मिक अनुभव*
पर्यटन अधिकारी विशाल श्रीवास्तव ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी की मंशा के अनुरूप जनपद के प्रमुख धार्मिक स्थलों को पर्यटन सर्किट से जोड़ने की तैयारी है। स्वीकृत बजट से इन मंदिरों में अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप सुविधाएं विकसित की जाएंगी। हमारा उद्देश्य श्रद्धालुओं को केवल धार्मिक ही नहीं, बल्कि एक सुखद आध्यात्मिक अनुभव प्रदान करना है। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से स्थानीय स्तर पर होटल, परिवहन और गाइड जैसे क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

*सनातन संस्कृति का सम्मान*
कई दशकों से उपेक्षित पड़े इन प्राचीन स्थलों की सुध लेने पर फिरोजाबाद के संतों और स्थानीय नागरिकों में भारी उत्साह है। उत्तर प्रदेश सरकार के इस कदम को सनातन संस्कृति के संवर्धन के रूप में देखा जा रहा है। स्थानीय लोगों का मानना है कि इन मंदिरों के आधुनिक स्वरूप में आने से फिरोजाबाद की पहचान केवल कांच उद्योग तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि यह धार्मिक पर्यटन के नक्शे पर भी प्रमुखता से उभरेगा।

मुख्यमंत्री ने एलपीजी माँग और आपूर्ति की स्थिति की समीक्षा की
लखनऊ : 12 मार्च, 2026, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में रसोई गैस (एल0पी0जी0) की निर्बाध और सुचारु आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में एल0पी0जी0 की उपलब्धता को लेकर किसी भी प्रकार की घबराहट की स्थिति न बनने दी जाए तथा आमजन को समय-समय पर सही और तथ्यात्मक जानकारी उपलब्ध करायी जाए।

मुख्यमंत्री आज यहाँ अपने सरकारी आवास पर शासन के वरिष्ठ अधिकारियों और तेल कम्पनियों के उच्च अधिकारियों के साथ आहूत एक बैठक में प्रदेश में एल0पी0जी0 की वर्तमान माँग और आपूर्ति की स्थिति की विस्तृत समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने निर्देश दिए कि किसी भी स्तर पर एल0पी0जी0 की कृत्रिम कमी उत्पन्न न होने पाए। जिन उपभोक्ताओं ने एल0पी0जी0 की बुकिंग करायी है, उन्हें निर्धारित नियमों के अनुसार समयबद्ध ढंग से रसोई गैस सिलेण्डर की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। साथ ही, उपभोक्ताओं को उनकी अगली रिफिल की सम्भावित तिथि के सम्बन्ध में भी समुचित जानकारी उपलब्ध करायी जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थिति उतनी गम्भीर नहीं है, जितना कि अफवाहों के माध्यम से प्रचारित करने का प्रयास किया जा रहा है। तेल कम्पनियाँ प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित करते हुए एल0पी0जी0 की आपूर्ति और वितरण की वास्तविक स्थिति के बारे में आमजन को नियमित रूप से अवगत कराएं। केन्द्र सरकार भी आपूर्ति एवं वितरण व्यवस्था को सामान्य बनाए रखने के लिए आवश्यक प्रयास कर रही है।
मुख्यमंत्री ने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि यदि कोई वितरक एजेंसी अथवा निजी व्यक्ति कालाबाजारी या जमाखोरी में लिप्त पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध तत्काल एफ0आई0आर0 दर्ज कर कठोरतम कार्रवाई की जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि आवश्यकता पड़ने पर एल0पी0जी0 वितरक केन्द्रों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाए, ताकि कहीं भी अव्यवस्था की स्थिति न बने और वितरण कार्य सुचारु रूप से सम्पन्न हो सके।
अधिकारियों ने बैठक में अवगत कराया कि प्रदेश में पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है तथा इनके वितरण में किसी प्रकार की कोई कमी नहीं है। वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए विकल्प के रूप में प्रदेश को 80 लाख लीटर केरोसिन आवंटित किया गया है। मुख्यमंत्री जी ने निर्देश दिए कि इसे विकल्प के रूप में रखा जाए और आवश्यकता के अनुसार इसका यथोचित वितरण सुनिश्चित किया जाए।
मुख्यमंत्री ने छात्रावासों, धर्मशालाओं, अस्पतालों, होटलों तथा विभिन्न व्यापारिक प्रतिष्ठानों से संवाद स्थापित कर उन्हें वैकल्पिक ईंधन के उपयोग के लिए भी प्रेरित करने के निर्देश दिए। खाद्य एवं रसद विभाग में कण्ट्रोल रूम स्थापित करने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि प्रत्येक जनपद की स्थिति की सतत् निगरानी की जाए। जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, जिला पूर्ति अधिकारी तथा तेल कम्पनियों के स्थानीय प्रतिनिधि आपसी समन्वय से एल0पी0जी0 की समुचित आपूर्ति और वितरण सुनिश्चित कराएं।

« Newer PostsOlder Posts »