UP-Samachar : : UP News | UP Web News

Web News

www.upwebnews.com

जिलाधिकारी ने श्री राम नवमी पर देवरहा बाबा गो-आश्रय स्थल का किया निरीक्षण

March 27, 2026

जिलाधिकारी ने श्री राम नवमी पर देवरहा बाबा गो-आश्रय स्थल का किया निरीक्षण

Mathura Vrandavan News, UP News, UP News Portal, Uttar Pradesh News
मथुरा 27 मार्च 26 ,श्री राम नवमी के पावन अवसर पर जिलाधिकारी  चंद्र प्रकाश सिंह ने राल स्थित ब्रह्मऋषि श्री देवरहा बाबा गो-आश्रय स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विधि-विधान एवं मंत्रोच्चारण के साथ गौ-पूजन किया तथा आश्रय स्थल में संरक्षित गौवंशों को गुड़ एवं हरा चारा खिलाया।
जिलाधिकारी ने गौशाला परिसर में संचालित गौधाम गुरुकुल (स्कूल) के बच्चों को मिष्ठान वितरित किया। गुरुकुल में लगभग 80 छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं। उन्होंने कक्षाओं का निरीक्षण करते हुए बच्चों द्वारा बनाए गए शिल्प एवं हस्तकला का अवलोकन किया और उनसे पढ़ाई व भोजन की व्यवस्था के बारे में जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी  चंद्र प्रकाश सिंह एवं अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) डॉ. पंकज कुमार वर्मा ने गौशाला में श्रमदान करते हुए साफ-सफाई भी की। जिलाधिकारी ने स्वयं झाड़ू लगाकर परिसर को स्वच्छ रखने का संदेश दिया।
जिलाधिकारी ने बताया कि ब्रह्मऋषि श्री देवरहा बाबा गो-आश्रय स्थल में लगभग 8600 गौवंश संरक्षित हैं। 136 एकड़ क्षेत्रफल में फैली इस गौशाला में गौवंशों के लिए 27 शेड उपलब्ध हैं। उन्होंने गौ उत्पाद केंद्र का भी निरीक्षण किया, जहां गोबर व गौमूत्र से बने साबुन, फेसवॉश, दीपक, फिनाइल, घी और धूपबत्ती आदि उत्पाद तैयार किए जा रहे हैं।
उन्होंने अपर जिलाधिकारी डॉ. पंकज कुमार वर्मा को निर्देश दिए कि इन उत्पादों का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए तथा केंद्र पर आधारित एक डॉक्यूमेंट्री भी तैयार कराई जाए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने गो-आश्रय स्थल की व्यवस्थाओं—भूसा, हरा चारा, पेयजल, साफ-सफाई, स्वास्थ्य सेवाएं एवं शेड—का गहनता से निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने निर्देशित किया कि गौवंश के लिए पर्याप्त हरा चारा और स्वच्छ पेयजल की निरंतर उपलब्धता सुनिश्चित की जाए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। साथ ही पशुओं के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार के भी निर्देश दिए।

रोजगार से जोड़ रही योगी सरकार:अग्निहोत्री

Mainpuri samachar UP Web News
Postted on 27.03.2026, Time 07.32 PM, Mainpuri, UP Samachar Sewa Daya Shankar Tiwari
मैनपुरी 27 मार्च 2026 – प्रदेश  सरकार के नव निर्माण के 09 वर्ष के अंतर्गत एक दिवसीय निःशुल्क वृहद रोजगार मेले का राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), करहल रोड में पूर्व मंत्री, विधायक भोगांव रामनरेश अग्निहोत्री ने फीता काटकर शुभारंभ करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है, प्रदेश सरकार मिशन रोजगार के तहत शिक्षित युवाओं को बिना किसी भेदभाव के उनकी योग्यता के आधार पर सरकारी विभागों में बड़े स्तर पर सरकारी नौकरी उपलब्ध कराने का कार्य कर रही है इसके अतिरिक्त अंतरराष्ट्रीय राष्ट्रीय कंपनियों में भी प्रत्येक जनपद में रोजगार मेले लगाकर युवाओं को नौकरियां प्रदान की जा रही हैं, विभिन्न लाभार्थीपरख योजनाओं में स्वतः रोजगार स्थापित करने के लिए भी बैंकों से सस्ती ब्याज पर ऋण उपलब्ध कराकर युवाओं को स्वावलंबी बनाने की दिशा में तेजी से कार्य हो रहा है। शासन के निर्देशों के क्रम में समय-समय पर रोजगार मेलों का आयोजन किया जा रहा है, जिससे अधिकाधिक युवाओं को रोजगार के अवसर प्राप्त हो सकें। उन्होंने कहा कि इन रोजगार मेलों के माध्यम से न केवल सरकारी क्षेत्र बल्कि निजी क्षेत्र में भी बड़ी संख्या में युवाओं को सेवायोजित होने का अवसर मिल रहा है। सरकार की प्राथमिकता है कि हर हाथ को काम मिले और कोई भी युवा बेरोजगार न रहे।
         उन्होंने चयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जिस भी संस्था या कंपनी में उनका चयन हो रहा है, वहां वे पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी एवं धैर्य के साथ कार्य करें तथा अपने कार्य से संस्था का विश्वास अर्जित करें। उन्होंने युवाओं को अपने कौशल का निरंतर विकास करने की भी सलाह दी, जिससे वे भविष्य में और बेहतर अवसर प्राप्त कर सकें।
  जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने कहा कि यह रोजगार मेला जनपद के युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर है, जहां एक ही स्थान पर 50 से अधिक प्रतिष्ठित नियोजक उपस्थित होकर रोजगार प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में निजी क्षेत्र में रोजगार की अपार संभावनाएं हैं और युवाओं को चाहिए कि वे इन अवसरों का पूरा लाभ उठाएं। उन्होंने यह भी कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से युवाओं को सीधे कंपनियों से जुड़ने का अवसर मिलता है, जिससे रोजगार प्राप्त करना सरल होता है।
       मुख्य विकास अधिकारी नेहा बंधु ने अपने संबोधन में कहा कि रोजगार सृजन की दिशा में इस प्रकार के रोजगार मेले अत्यंत सार्थक पहल हैं। उन्होंने कहा कि आज के समय में केवल शैक्षिक योग्यता ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि युवाओं को अपने कौशल (स्किल) को भी विकसित करना आवश्यक है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपने कौशल के अनुरूप उपलब्ध रोजगार के अवसरों को पहचानें और उनका लाभ उठाएं, जिससे वे आत्मनिर्भर बन सकें।
   वृहद रोजगार मेले में 50 से अधिक प्रतिष्ठित नियोजकों द्वारा प्रतिभाग किया गया, जिनमें विभिन्न क्षेत्रों की कंपनियां शामिल रहीं, कंपनियों द्वारा हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक, आईटीआई एवं डिप्लोमा धारक बेरोजगार अभ्यर्थियों का चयन विभिन्न पदों के लिए किया गया। चयनित अभ्यर्थियों को ₹8,000 से ₹35,000 प्रतिमाह के वेतनमान पर रोजगार प्रदान किया गया तथा उन्हें मौके पर ही ऑफर लेटर/नियुक्ति पत्र भी वितरित किए गए। मेले में 3,500 से अधिक बेरोजगार अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया, जिनमें से 1,465 अभ्यर्थियों का अंतिम रूप से चयन/शॉर्टलिस्ट किया गया।
      इस अवसर पर सहायक निदेशक (सेवायोजन), आगरा मण्डल, आगरा, चन्द्रचूड़ द्विवेदी, जिला सेवायोजन अधिकारी इटावा विकास मिश्रा, जिला सेवायोजन अधिकारी आगरा सौरभ, प्रधानाचार्य राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान रवि भूषण सहित, रवीश मिश्रा, हृदेश कुमार सक्सेना, बृजेश कुमार सिंह, साहिल कुमार, कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ प्रवक्ता कुं.आर.सी महिला महाविद्यालय  डॉ. अलका ने किया ।

गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं, पुलिस करे सख्त कार्रवाई: मुख्यमंत्री

Santosh Kumar Singh Gorakhpur
27/03/2026

*दबंगई से जुड़े मामलों पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने पुलिस अधिकारियों को दिए निर्देश*

*जमानत पर रिहा होकर वादी को धमकाने वालों की निरस्त कराएं जमानत: सीएम योगी*

*जनता दर्शन में मुख्यमंत्री ने सुनीं 200 लोगों की समस्याएं, समाधान का दिया भरोसा*

*गोरखपुर, 27 मार्च।* मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर प्रवास के दौरान लगातार दूसरे दिन शुक्रवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन में विभिन्न जिलों से आए लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान कमजोर वर्ग के लोगों को कतिपय दबंगों द्वारा डराने, धमकाने की शिकायत पर मुख्यमंत्री ने पुलिस अधिकारियों से दो टूक कहा, ‘गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं की जाएगी, ऐसे तत्वों के खिलाफ तत्काल कड़ी कार्रवाई की जाए। यदि कोई अभियुक्त जमानत पर छूटने के बाद वादी को धमका रहा हो तो उसकी जमानत निरस्त कराने की कार्यवाही की जाए।’

गोरखनाथ मंदिर के महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर आयोजित जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने करीब 200 लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने सबके प्रार्थना पत्रों को संबंधित अधिकारियों को संदर्भित करते हुए त्वरित और संतुष्टिपरक निस्तारण का निर्देश दिया और कहा कि हर व्यक्ति की समस्या का समाधान, सरकार का संकल्प है। अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि बिना भेदभाव सबको न्याय मिले। हर पात्र को जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिले, जरूरतमंदों के समुचित इलाज की व्यवस्था हो, जमीन कब्जाने वाले भू माफिया व दबंगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई हो। अधिकारियों को निर्देशित करने के साथ ही सीएम योगी ने लोगों को भरोसा दिलाया कि सरकार हर पीड़ित की समस्या का समाधान कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

जनता दर्शन में गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए आर्थिक मदद की गुहार लेकर आए लोगों से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि धन के अभाव में किसी का इलाज नहीं रुकेगा। अस्पताल से इलाज का एस्टीमेट मिलते ही सरकार धन उपलब्ध करा देगी। जनता दर्शन में परिजनों के साथ आए बच्चों को मुख्यमंत्री ने दुलारा और उन्हें चॉकलेट के साथ अपना आशीर्वाद भी दिया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पखारे चरण, कराया भोज

Santosh Kumar Singh Gorakhpur
27/03/2026

*गोरखनाथ मंदिर में कन्या पूजन:

गोरखपुर। चैत्र नवरात्र के पावन अवसर पर गोरखनाथ मंदिर में पीठाधीश्वर एवं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पारंपरिक विधि-विधान के साथ कन्या पूजन किया। इस दौरान उन्होंने छोटी-छोटी कन्याओं के चरण पखारकर उनका पूजन-अर्चन किया और उन्हें भोजन कराकर आशीर्वाद प्राप्त किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधिवत मंत्रोच्चारण के बीच कन्याओं को चुनरी ओढ़ाई, तिलक लगाया और श्रद्धा भाव से उनके चरण धोए। इसके बाद कन्याओं को प्रसाद स्वरूप भोजन परोसा गया। मंदिर परिसर में इस धार्मिक आयोजन का विशेष महत्व रहा और बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस कार्यक्रम के साक्षी बने।
इस अवसर पर योगी आदित्यनाथ ने कहा कि नवरात्र में कन्या पूजन भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा का महत्वपूर्ण अंग है, जिसमें नारी शक्ति को देवी स्वरूप मानकर सम्मान दिया जाता है। उन्होंने सभी प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना भी की।
गोरखनाथ मंदिर में हर वर्ष की तरह इस बार भी नवरात्र के दौरान विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान और पूजन कार्यक्रम भव्य रूप से आयोजित किए जा रहे हैं, जिसमें श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है।

सज्जनों का संरक्षण, दुर्जनों के लिए जीरो टॉलरेंस: सीएम योगी

Santosh Kumar Singh Gorakhpur
27/03/2026

*प्रदेशवासियों को वासंतिक नवरात्रि व श्रीरामनवमी की शुभकामनाएं दीं मुख्यमंत्री ने*

*यूपी में विरासत का सम्मान और विकास की गारंटी भी: सीएम योगी*

*गोरखपुर, 27 मार्च।* मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश में सुरक्षा के बेहतर माहौल के साथ सरकार रामराज्य की अवधारणा को साकार कर रही है। यहां हर सज्जन शक्ति का संरक्षण है, लेकिन दुर्जन के लिए जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाती है। समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के लिए संवेदना है, लेकिन भ्रष्टाचार व भ्रष्टाचारियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति है। यूपी में विरासत का सम्मान है और विकास की गारंटी भी।

गोरखनाथ मंदिर में शुक्रवार को कन्या पूजन के बाद प्रदेशवासियों को वासंतिक नवरात्रि की नवमी तिथि एवं श्रीरामनवमी की शुभकामनाएं देते हुए सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में रामराज्य की अवधारणा से बिना भेदभाव शासन की योजनाओं का लाभ हर व्यक्ति तक पहुंचाया जा रहा है। पिछले 11 वर्ष में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश में 6 करोड़ से अधिक व्यक्तियों को गरीबी रेखा से ऊपर उठाकर उन्हें सम्मानजनक जीवनयापन करने के अवसर प्रदान किए गए हैं। हर क्षेत्र में विकास के साथ प्रदेश में 2 करोड़ 61 लाख गरीबों को शौचालय, 65 लाख परिवारों को पीएम-सीएम आवास योजना का लाभ मिला है। लगभग 10 करोड़ लोगों को पीएम-सीएम जन आरोग्य योजना में 5 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा कवर उपलब्ध कराया गया है। 15 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन की सुविधा दी गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चैत्र शुक्ल नवमी, वासंतिक नवरात्रि की सिद्धि प्रदान करने वाली, सुख-समृद्धि और सर्वत्र खुशहाली प्रदान करने वाली पावन तिथि है। वासंतिक नवरात्रि की नवमी तिथि पर मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम का पावन जन्मोत्सव भी रामनवमी के रूप में मनाया जाता है। प्रभु श्रीराम भारत के सनातन धर्म की परंपरा में भारतीय जीवन पद्धति के एक अत्यंत पवित्र आदर्श के रूप में हर सनातन धर्मावलंबी के लिए सदैव से प्रेरणा रहे हैं। जीवन के हर क्षेत्र में प्रभु श्रीराम का आदर्श जीवन चरित्र सबको प्रेरणा प्रदान करता है।

*प्रभु श्रीराम से प्रेरणा लेने वाले हर भारतीय को आज सुखद अनुभूति*
सीएम योगी ने कहा कि प्रभु श्रीराम के पावन जीवन चरित्र से प्रेरणा लेने वाला हर भारतीय आज सुखद अनुभूति कर रहा है। अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि पर भव्य मंदिर निर्माण के उपरांत 22 जनवरी 2024 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कर-कमलों से रामलला की भव्य-दिव्य प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम संपन्न हो चुका है। राम दरबार में प्रभु श्रीराम, माता जानकी, भरत जी, लक्ष्मण जी, शत्रुघ्न जी के साथ पवनसुत हनुमान जी विराजमान हो चुके हैं। 25 नवंबर 2025 को पीएम मोदी ने भव्य राम मंदिर में भारत के सनातन धर्म के प्रतीक केसरिया ध्वज के आरोहण का कार्य भी संपन्न किया था।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इसी नवरात्रि की प्रतिपदा पर 19 मार्च को माननीय राष्ट्रपति जी अयोध्या आईं और उन्होंने श्री रामजन्मभूमि मंदिर के ऊपरी तल में श्रीराम यंत्र की स्थापना की। अयोध्या में हुए इन कार्यों को देश और दुनिया के हर सनातन धर्मावलंबी ने अपनी आंखों से देखा है और आनंद की अनुभूति भी की है। हर सनातनी अपने जन्म और जीवन को धन्य-धन्य महसूस करता है। कई-कई पीढ़ियां जो कार्य नहीं देख पाईं, वह उन्होंने अपने जीवन में अपनी आंखों से देखा है।

*नवरात्रि मातृशक्ति के प्रति सनातन धर्म की श्रद्धा और सम्मान का प्रतीक*
सीएम योगी ने कहा कि सनातन धर्म के सभी व्रत और पर्व हम सबको जीवन में संकल्पित होने और आगे बढ़ने के लिए प्रेरणा प्रदान करते हैं। वासंतिक हो या शारदीय नवरात्रि, यह मातृशक्ति के प्रति सनातन धर्म की श्रद्धा और सम्मान का प्रतीक है। इसी को ध्यान में रखकर प्रदेश में डबल इंजन की सरकार मिशन शक्ति के माध्यम से नारी शक्ति की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए कार्यक्रम संचालित कर रही है। मातृ वंदना, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ जैसे कार्यक्रमों के साथ ही यूपी में
उत्तर प्रदेश पुलिस बल में 20 फीसदी महिला आरक्षण की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। उत्तर प्रदेश पुलिस बल में वर्तमान में 44,000 से अधिक महिला पुलिस अधिकारी और कार्मिक सफलतापूर्वक इस अभियान को आगे बढ़ाकर महिला सुरक्षा और स्वावलंबन में योगदान दे रही हैं।

Older Posts »