Regional : : UP News | UP Web News | Page 6

Web News

www.upwebnews.com

हत्या के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर धरना,

March 26, 2026

हत्या के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर धरना,

कांग्रेस नेता चंद्रगुप्त विक्रमादित्य पीड़ित परिवार के साथ बैठे
हाथरस। जनपद के मुरसान क्षेत्र के गांव बिशुनदास में युवक रितेश उर्फ छोटू की हत्या के मामले में अब तक पुलिस द्वारा कोई ठोस कार्रवाई न किए जाने से क्षेत्र में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। पीड़ित परिवार न्याय की मांग को लेकर लगातार अधिकारियों के दफ्तरों के चक्कर लगा रहा है।
इसी क्रम में बुधवार को जिलाधिकारी कार्यालय पर सैकड़ों ग्रामीणों एवं परिजनों ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष एवं कासगंज कोऑर्डिनेटर चंद्रगुप्त विक्रमादित्य भी पीड़ित परिवार के समर्थन में धरने पर बैठ गए। धरने के दौरान पुलिस क्षेत्राधिकारी से उनकी तीखी नोकझोंक भी हुई।
चंद्रगुप्त विक्रमादित्य ने कहा कि पीड़ित परिवार गहरे सदमे और भय के माहौल में जी रहा है, लेकिन प्रशासन की ओर से अभी तक संतोषजनक कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था पर जनता का विश्वास बनाए रखना प्रशासन की जिम्मेदारी है और यदि समय रहते आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो लोगों का भरोसा पुलिस व्यवस्था से उठ जाएगा।
उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा अन्याय के खिलाफ और पीड़ितों के साथ खड़ी रही है। निर्दोष परिवार को न्याय दिलाने के लिए लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने आज परिवार से फोन पर वार्ता भी की लेकिन अभी तक पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं कि इस पर प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा तथा जनपद स्तर पर बड़ा जनआंदोलन किया जाएगा।
धरना प्रदर्शन में पीड़ित परिवार एवं गांव के सैकड़ों ग्रामीणों के साथ राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के जिला अध्यक्ष कुलदीप कुमार सिंह, प्रदेश महिला उपाध्यक्ष बीना गुप्ता एडवोकेट, महिला जिला अध्यक्ष कृष्ण गुप्ता, शहर अध्यक्ष आमना बेगम, पंडित अविनाश चंद्र पचौरी, पंडित ऋषि कुमार कौशिक, जयशंकर पाराशर, हरिशंकर वर्मा, कपिल नरूला सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

पुलिस और बदमाश में हुई मुठभेड़, बदमाश फारुख घायल, लूटी रकम व अवैध तमंचा बरामद

हाथरस। थाना सहपऊ और थाना हाथरस जंक्शन पुलिस की संयुक्त टीम ने शराब के ठेकों पर हुई लूट और लूट के प्रयास की घटनाओं का खुलासा करते हुए एक शातिर बदमाश को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान बदमाश फारुख के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में पकड़ लिया गया।
घटना के अनुसार 19 मार्च 2026 को ग्राम सिखरा स्थित देशी शराब के ठेके से बदमाशों ने गेट तोड़कर नकदी लूट ली थी। इसके अलावा 22 मार्च को थाना हाथरस जंक्शन क्षेत्र के ग्राम एहन में भी ठेके पर लूट का प्रयास किया गया था। दोनों मामलों में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देश पर गठित टीमों ने कार्रवाई करते हुए 25 मार्च की रात चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया। बदमाश के न रुकने पर पीछा किया गया, जिस दौरान उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग में बदमाश फारुख घायल हो गया और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर शराब के ठेकों की रेकी कर योजनाबद्ध तरीके से लूट की घटनाओं को अंजाम देता था। पुलिस ने उसके कब्जे से 5,000 रुपये (लूटे हुए), एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, एक अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं।
फारुख के खिलाफ पहले भी आपराधिक मामले दर्ज हैं और उसके गैंग के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है। पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस मुठभेड़ में दो शातिर बदमाश घायल,ग्राहक सेवा केंद्र लूट कांड का हुआ खुलासा

हाथरस। जनपद हाथरस में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए ग्राहक सेवा केंद्र संचालक से हुई लूट की घटना का खुलासा कर दिया है। एसओजी टीम और थाना सिकंद्राराऊ पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें से दो बदमाश पुलिस मुठभेड़ के दौरान गोली लगने से घायल हो गए।
बताया गया कि 18 मार्च 2026 को अमित पुत्र मेघ सिंह निवासी टटी डंडिया अपने ग्राहक सेवा केंद्र से पैसे लेकर घर लौट रहे थे, तभी काली स्कॉर्पियो सवार बदमाशों ने उनकी बाइक में टक्कर मारकर उन्हें गिरा दिया और रुपयों से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद थाना सिकंद्राराऊ में मामला दर्ज कर पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देशन में चार टीमों का गठन किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने 350 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और स्कॉर्पियो वाहन को ट्रेस कर आरोपियों की पहचान की। 25 मार्च को चेकिंग के दौरान जब पुलिस ने संदिग्ध स्कॉर्पियो को रोकने का प्रयास किया, तो बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने घेराबंदी कर यश कसाना और विशाल को गोली लगने के बाद गिरफ्तार कर लिया, जबकि विक्की को कॉम्बिंग के दौरान पकड़ा गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो गाड़ी, 3 तमंचे (315 बोर), 5 जिंदा कारतूस, 3 खोखा कारतूस और लूटे गए 50,000 रुपये बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ विभिन्न जनपदों में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस द्वारा आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

अफवाह के चलते पेट्रोल पंपों पर उमड़ी भीड़

लखनऊ । राजधानी समेत प्रदेश के कई शहरों में अफवाह के चलते पेट्रोल पंपों पर भारी भीड़ उमड़ गई है। लखनऊ, गोरखपुर, वाराणसी व इलाहाबाद समेत कई शहरो में पेट्रोल पंपों पर वाहनों की लाइन लगी हुई है। राजधानी लखनऊ स्थित सभी पेट्रोल पंपों पर इस समय करीब करीब 200 वाहन पेट्रोल के लिए खड़े हैं।

लाइन लगाने की जरूरत नहीं, घर पहुंचेगा गैस सिलेंडर: सीएम योगी

Santosh Kumar Singh
Gorakhpur
26/03/2026

*अफवाहों पर ध्यान न दें, आवश्यकता पड़ने पर ही पेट्रोल-डीजल लेने जाएं*

*कुछ लोग अफवाहों के जरिए खराब करना चाहते हैं राज्य का माहौल*

*वैश्विक हालात के बीच सरकार के साथ मिलकर चलने की अपील*

*गोरखपुर, 26 मार्च।* मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य की जनता को आश्वस्त करते हुए कहा कि रसोई गैस सिलेंडर लेने के लिए एजेंसी के बाहर लाइन लगाने की आवश्यकता नहीं है, निर्धारित समय पर बुकिंग कराएं, सिलेंडर आपके घर पहुंच जाएगा। इसी तरह आवश्यकता होने पर ही पेट्रोल-डीजल लेने जाएं, फिलिंग सेंटरों पर लाइन लगाने की कोई जरूरत नहीं है। कुछ लोग अफवाहें फैला कर राज्य का माहौल खराब करना चाहते हैं, अव्यवस्था फैलाना चाह रहे हैं। लोगों को अफवाहों पर ध्यान नहीं देना चाहिए।

मुख्यमंत्री गुरुवार को गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण क्षेत्र (गीडा) में सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि गल्फ वॉर के पहले अगर किसी के घर रसोई गैस का सिलेंडर एक महीने चलता था, तो वह आज पांचवें या छठे दिन ही सिलेंडर लेने क्यों पहुंच रहा है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि निर्धारित समय पर ही बुकिंग कराएं, आपकी बारी आने पर रसोई गैस आपके घर तक पहुंच जाएगी। सरकार ने सभी जिला प्रशासन के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। जैसे पहले गैस सिलेंडरों की होम डिलीवरी होती थी, वैसे ही अब भी होगी। इसके लिए एजेंसी के बाहर लाइन लगाने की कोई जरूरत नहीं है। पेट्रोल-डीजल लेने तभी जाएं, जब आवश्यकता हो, लाइन लगाने की आवश्यकता नहीं है। कुछ लोगों द्वारा साजिश के तहत फैलाई जा रही अफवाहों पर ध्यान नहीं देना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर हम उतावलेपन में आकर किसी अफवाह में, दुष्प्रचार के चक्कर में पड़ते हैं तो हमारी राष्ट्रभक्ति पर लोग संदेह करेंगे। हमको यह सतर्कता रखनी होगी। हमें अपने राष्ट्रीय नेतृत्व पर विश्वास रखकर धन्यवाद देना चाहिए कि भारत में सबकुछ अच्छा है। उत्साहपूर्वक उत्सव मनाए जा रहे हैं। नवरात्रि के कार्यक्रम हो रहे हैं। कल रामनवमी है, कल 12 बजे रामजन्मभूमि पर सूर्य भगवान भी भगवान श्रीराम का राजतिलक करेंगे।

*वैश्विक संकट के बीच संयम व सहयोग जरूरी*
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज ईरान-अमेरिका/इज़राइल युद्ध से पूरी दुनिया प्रभावित है। दुनिया में हाहाकार, अराजकता, अव्यवस्था है, लेकिन भारत के अंदर हम प्रधानमंत्री मोदी जी के यशस्वी नेतृत्व में बेखौफ व सुरक्षित हैं, विकास यात्रा को भी बढ़ा रहे हैं। लेकिन, यह युद्ध लंबा खिंचा तो हर व्यक्ति प्रभावित होगा। हमको भी मानसिक रूप से तैयार होना होगा। अफवाहों पर ध्यान नहीं देना होगा। जब आपत्ति या चुनौती आती है तो उसका मुकाबला करने के लिए हर व्यक्ति को सरकार के साथ कदम से कदम मिलाकर चलना होगा, यही सच्ची राष्ट्रभक्ति होती है। जब हम किसी भी राष्ट्रीय मुद्दे पर सरकार के साथ मिलकर काम करते हैं तो बेहतर परिणाम सामने आएंगे। देशहित में अगर सरकार ने कोई कदम उठाया तो हम उसके लिए खुद को तैयार करेंगे।

« Newer PostsOlder Posts »