Regional : : UP News | UP Web News | Page 26

Web News

www.upwebnews.com

एटा में शराब ठेके की कैंटीन में लगी भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख

March 22, 2026

एटा में शराब ठेके की कैंटीन में लगी भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख

एटा 22 मार्च उप्रससे। जिले के कोतवाली नगर क्षेत्र स्थित आगरा रोड पर एक देसी शराब के ठेके की कैंटीन में भीषण आग लग गई। अज्ञात कारणों से लगी इस आग में कैंटीन में रखा लाखों रुपये का फ्रिज और अन्य कीमती सामान जलकर राख हो गया। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग लगने के बाद आसपास अफरा-तफरी का माहौल बन गया। धुएं का गुबार और आग की लपटें देखकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका। धीरे-धीरे आग ने पूरी कैंटीन को अपनी चपेट में ले लिया।

अग्निशमन प्रभारी जितेंद्र कुमार चौरसिया ने बताया कि आग लगने की सूचना मिली थी तुरंत फायर ब्रिगेड को मौके पर भेजा। दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर नियंत्रण पाया। आग बुझाने के अभियान में फायरमैन निशांत शर्मा, जितेंद्र गुर्जर, अभय और जितिन चौधरी के साथ चालक सुखबीर गौतम भी शामिल थे।

घर में युवक ने फांसी लगाकर की खुदकुशी, परिवार में मचा कोहराम

Moradabad Samachar

मुरादाबाद समाचार

-सिविल लाइंस क्षेत्र की घटना
-घटना से परिवार सदमे में, कोहराम मचा

Post on 22.3.26
Sunday, Moradabad
Rajesh Bhatia

मुरादाबाद।(उप्र समाचार सेवा)
शहर के सिविल लाइंस क्षेत्र में युवक ने फंदा लगाकर आत्म -हत्या कर ली। घटना का कारण अभी स्पष्ट नहीं है। लेकिन माना जख रहा है कि सरकारी नौकरी की चाह में पूरी न होने से युवक अवसाद में घिर गया और फांसी लगा ली। युवक की मौत का पता सुबह चला तो परिवार में हड़कंप मच गया।
आत्महत्या की घटना थाना सिविल लाइंस में मैथोडिस्ट चर्च कॉलोनी की है। युवक निखिल उर्फ मिंटू (25) ने शनिवार की रात को आत्महत्या कर ली। परिजनों के अनुसार युवक का बड़ा भाई विमल कांठ रोड डेंटल कॉलेज में शिक्षक है। निखिल ने इंटरमीडिएट की परीक्षा पास की।हाल ही में दिल्ली से फूड विभाग में सरकारी नौकरी के अस्थाई रूप लगा। वह दिल्ली से ट्रेनिंग लेकर लौटा। परिजनों के अनुसार वह काफी समय से सरकारी नौकरी पाने की तैयारी कर रहा था। घटना से पहले निखिल का सामान्य था। रात में
उसने मोबाइल पर किसी से बात की। मां के खाने के कहने पर वह कुछ देर में आने की बात कहकर मकान की तीसरी मंजिल पर अपने कमरे में चला गया। सुबह तक जब कमरे से उसकी आवाज नहीं आईं। तो देखा गया। दरवाजा खोला गया तो निखिल का शव लटका मिला। चादर को फंदा बनाकर युवक ने खुदकुशी कर ली। यह नजारा देख परिवार में चीख – पुकार मच गई।
घटना की सूचना पर थाना सिविल लाइंस प्रभारी मनीष सक्सेना पुलिस टीम लेकर पहुंचे और कमरे का मुआयना किया। कमरे के हालात और अन्य साक्ष्यों की जांच की।घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, ताकि हर पहलू की जांच की सकें।

परिवार में कोहराम, घटना ने झकझोरा
घटना का कारण अवसाद तो नहीं।
मुरादाबाद।
मृतक निखिल के परिजनों का कहना है कि वह काफी समय से सरकारी नौकरी पाने के लिए प्रयासरत था। नौकरी न मिलने की संभावनाओं के चलते वह
संभवतः अवसाद का शिकार हो गया। हालांकि घटना से परिवार
सदमे में है। घटना से क्षेत्र में आसपास भी सनसनी मच गई। घटना ने परिवार को झकझोरा है।

March 21, 2026

शांभवी चौधरी बनीं छात्र प्रकोष्ठ की राष्ट्रीय अध्यक्ष

लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने सौंपी बड़ी जिम्मेदारी
नई दिल्ली। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने संगठन विस्तार और युवा सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए शांभवी चौधरी को छात्र प्रकोष्ठ का राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया है। यह नियुक्ति पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान के निर्देशानुसार की गई है।
जारी मनोनयन पत्र के अनुसार, शांभवी चौधरी की उत्कृष्ट शैक्षिक योग्यता, प्रभावशाली वक्तृत्व कला, कर्मठता और सशक्त नेतृत्व क्षमता को ध्यान में रखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। पार्टी नेतृत्व को विश्वास है कि उनके नेतृत्व में छात्र प्रकोष्ठ की गतिविधियों में नई ऊर्जा और गति आएगी।
पार्टी ने अपेक्षा जताई है कि शांभवी चौधरी छात्रों को पार्टी की नीतियों और विचारधारा से जोड़ते हुए उन्हें संगठित करेंगी तथा शैक्षणिक संस्थानों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। साथ ही छात्र हितों की रक्षा और उनके उत्थान के लिए निरंतर कार्य करेंगी।
यह मनोनयन पत्र पार्टी के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव अब्दुल खालिक द्वारा जारी किया गया है। उनकी नियुक्ति पर पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों में खुशी की लहर है। वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष पवन वर्मा सहित अन्य पदाधिकारियों ने इस नियुक्ति पर हर्ष व्यक्त करते हुए पार्टी नेतृत्व के निर्णय की सराहना की है।

मुख्यमंत्री ने निराश्रित गो-आश्रय स्थलों की व्यवस्थाओं की समीक्षा की

उ0प्र0 गो-सेवा आयोग की बैठक सम्पन्न
 
प्रत्येक गोशाला में ’भूसा बैंक’ की स्थापना तथा गोवंश
की दैनिक संख्या का अनिवार्य रजिस्टर मेनटेन करने के निर्देश
 
सी0एस0आर0 फण्ड का प्रभावी उपयोग करते हुए सभी गो-आश्रय स्थलों में सी0सी0टी0वी0 कैमरों की स्थापना की जाए
प्रदेश में वर्तमान में 7,527 गो-आश्रय स्थलों में 12.39 लाख से अधिक गोवंश संरक्षित
लखनऊ : 21 मार्च, 2026, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने आज यहां अपने सरकारी आवास पर उत्तर प्रदेश गो-सेवा आयोग की बैठक में निराश्रित गो-आश्रय स्थलों की व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए प्रत्येक गोशाला में ’भूसा बैंक’ की स्थापना पर विशेष जोर दिया। उन्होंने स्थानीय किसानों के साथ समन्वय स्थापित कर हरे चारे की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा प्राकृतिक खेती से जुड़े किसानों को गो-आश्रय स्थलों से जोड़ने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री जी ने उत्तर प्रदेश गो-सेवा आयोग के पदाधिकारियों एवं पशुधन विभाग के अधिकारियों को नियमित रूप से गो-आश्रय स्थलों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। आयोग के पदाधिकारियों को 2-2 के समूह में मण्डलवार भ्रमण कर ’भूसा बैंक’ की स्थापना और गोचर भूमि के विस्तार कार्य को गति देने को कहा गया है। प्रत्येक भ्रमण की रिपोर्ट मुख्यमंत्री कार्यालय को उपलब्ध कराई जाएगी। आयोग के भ्रमण में वरिष्ठ विभागीय अधिकारी भी होंगे। साथ ही, विभागीय मंत्री के नेतृत्व में राज्यव्यापी निरीक्षण और मुख्यालय स्तर से निदेशक द्वारा मासिक औचक निरीक्षण भी सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में मुख्यमंत्री जी को अवगत कराया गया कि प्रदेश में वर्तमान में 7,527 गो-आश्रय स्थलों में 12.39 लाख से अधिक गोवंश संरक्षित हैं। इनमें 6,433 अस्थायी स्थलों में 9.89 लाख, 518 वृहद गो-संरक्षण केन्द्रों में 1.58 लाख, 323 कान्हा गो-आश्रयों में 77,925 तथा 253 कांजी हाउस में 13,576 गोवंश संरक्षित हैं। मुख्यमंत्री सहभागिता योजना के तहत 1.14 लाख लाभार्थियों को 1.83 लाख गोवंश सुपुर्द किए गए हैं, जिनके सत्यापन एवं समुचित भरण-पोषण के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि गो-संरक्षण केवल आस्था का विषय नहीं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था, प्राकृतिक खेती और सतत् विकास का मजबूत आधार है। इस दृष्टि से गो-आश्रय स्थलों के संचालन में पारदर्शिता, तकनीक और जनसहभागिता को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने डी0बी0टी0 प्रणाली के माध्यम से समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित करने और प्रत्येक गो-आश्रय स्थल पर गोवंश की दैनिक संख्या का अनिवार्य रजिस्टर संचालित करने के निर्देश भी दिए।
मुख्यमंत्री जी ने सभी गो-आश्रय स्थलों में सी0सी0टी0वी0 कैमरों की स्थापना एवं सतत् मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए और इसके लिए सी0एस0आर0 फण्ड के प्रभावी उपयोग की सम्भावनाओं पर बल दिया। उन्होंने कहा कि पारदर्शिता और तकनीक आधारित निगरानी से व्यवस्थाएं और सुदृढ़ होंगी।
मुख्यमंत्री जी ने गो-रक्षा एवं गो-आश्रय स्थलों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में उत्कृष्ट कार्य करने वाली विभूतियों को सम्मानित करने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि गोसेवा भारतीय सांस्कृतिक परम्परा का अभिन्न अंग है और इस क्षेत्र में समर्पित लोगों का सार्वजनिक सम्मान किया जाना चाहिए।
मुख्यमंत्री जी को भूसा एवं साइलेज की उपलब्धता के सम्बन्ध में अवगत कराया गया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए टेण्डर प्रक्रिया समयबद्ध रूप से पूरी की जा रही है। निगरानी व्यवस्था के तहत 74 जनपदों में 5,446 गो-आश्रय स्थलों पर 7,592 सी0सी0टी0वी0 कैमरे स्थापित किए जा चुके हैं। 52 जनपदों में कमाण्ड एण्ड कण्ट्रोल रूम स्थापित हैं, जबकि शेष में प्रक्रिया प्रगति पर है।
गोचर भूमि के प्रभावी उपयोग के लिए 61,118 हेक्टेयर से अधिक भूमि उपलब्ध है, जिसमें से 10,641.99 हेक्टेयर को गो-आश्रय स्थलों से जोड़ा गया है तथा 7,364.03 हेक्टेयर में हरे चारे का विकास किया जा चुका है।
प्रदेश में 97 गोबर गैस संयंत्र संचालित हैं, जो स्वच्छ ऊर्जा एवं आय सृजन का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं। मुख्यमंत्री जी ने इनके विस्तार पर जोर दिया। साथ ही, विभिन्न जनपदों में स्वयं सहायता समूहों एवं एन0जी0ओ0 द्वारा गो-पेण्ट, वर्मी कम्पोस्ट, गो-दीप सहित अन्य उत्पादों के निर्माण को आत्मनिर्भरता का सफल मॉडल बताया। मुजफ्फरनगर का गो-अभयारण्य इस दिशा में एक उत्कृष्ट उदाहरण के रूप में उभर रहा है।
वृहद गो-संरक्षण केन्द्रों की प्रगति की समीक्षा में अवगत कराया गया कि 630 स्वीकृत केन्द्रों में से 518 पूर्ण हो चुके हैं, जबकि शेष निर्माणाधीन हैं। पशु स्वास्थ्य के क्षेत्र में खुरपका-मुंहपका, गलाघोटू एवं लम्पी स्किन डिजीज के विरुद्ध व्यापक टीकाकरण अभियान संचालित किए जा रहे हैं और पशुपालकों को निरन्तर प्रशिक्षित किया जा रहा है।
इस अवसर पर पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री श्री धर्मपाल सिंह, उत्तर प्रदेश गो-सेवा आयोग के अध्यक्ष श्री श्याम बिहारी गुप्ता व पदाधिकारीगण तथा अपर मुख्य सचिव पशुधन विभाग सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

अंतरराज्यीय महिला टप्पेमार गिरोह का पर्दाफाश, दो गिरफ्तार

टप्‍पेबार गिरोह की शातिर महिलाएं पुलिस हिरासत में

हाथरस। कोतवाली पुलिस ने ‘यक्ष ऐप’ की मदद से अंतरराज्यीय महिला टप्पेमार गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो महिलाओं को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। दोनों ने एक वृद्ध व्यक्ति से रुपये लूटने का प्रयास किया था और पकड़े जाने पर झूठा आरोप लगाने की कोशिश भी की।प्रभारी निरीक्षक अवधेश कुमार सिंह के अनुसार घटना 13 मार्च की दोपहर करीब डेढ़ बजे की है। गांव सिकंदरपुर के रहने वाले एवं वर्तमान में इगलास रोड निवासी करीब 60 वर्षीय नरायन प्रसाद उर्फ रामकुमार पंजाब नेशनल बैंक से लगभग तीन लाख रुपये निकालकर घर जा रहे थे। बैंक के बाहर पहले से घात लगाए बैठी दो महिलाओं ने उनके बैग में ब्लेड मारकर रुपये निकालने का प्रयास किया। शोर मचाने पर आसपास के लोगों ने दोनों महिलाओं को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।पुलिस ने ‘यक्ष ऐप’ के जरिए बैंक से घटनास्थल तक के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिससे पूरी घटना स्पष्ट हो गई। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम करीना और ज्योति बताए, जो मध्य प्रदेश के राजगढ़ की रहने वाली हैं, और वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी महिलाएं शातिर किस्म की अपराधी हैं। करीना पर आगरा, मथुरा, वाराणसी और उन्नाव में आठ मुकदमे दर्ज हैं, जबकि ज्योति पर लखनऊ, कानपुर और आगरा में सात मामले दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि ‘यक्ष ऐप’ अपराधियों की धरपकड़ में कारगर साबित हो रहा है। इस कार्रवाई से न केवल पीड़ित को न्याय मिला, बल्कि अंतरराज्यीय गिरोह की सक्रियता पर भी अंकुश लगा है।

« Newer PostsOlder Posts »