District : : UP News | UP Web News | Page 43

Web News

www.upwebnews.com

नव संवत्सर पर निकलेगी भव्य शोभायात्रा, रथ पूजन संपन्न

March 17, 2026

नव संवत्सर पर निकलेगी भव्य शोभायात्रा, रथ पूजन संपन्न

रथ पूजन के उपरांत जानकारी देते ब्राह्मण महासभा के सदस्य

हाथरस।नव संवत्सर के अवसर पर ब्राह्मण महासभा के तत्वावधान में 19 मार्च को भगवान परशुराम की ऐतिहासिक, भव्य एवं विशाल शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसे लेकर तैयारियां जोर-शोर से जारी हैं। इसी क्रम में शोभायात्रा में शामिल होने वाले प्रमुख रथ का जीर्णोद्धार पूर्ण होने के बाद विधि-विधान से पूजन किया गया।डॉ. विकास शर्मा ने बताया कि इस वर्ष शोभायात्रा को भव्य एवं आकर्षक स्वरूप दिया जाएगा। यात्रा में सुंदर व आकर्षक झांकियां मुख्य आकर्षण का केंद्र रहेंगी। रथ को विशेष रूप से सजाया जाएगा और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।कार्यक्रम में डॉ. जितेन्द्र स्वरूप फौजी, उदय वीर शर्मा, हरि शंकर शर्मा, ऋषि कौशिक, बृजमोहन शर्मा, राजेन्द्र चतुर्वेदी,  आचार्य हरिश दीक्षित, विशाल सारस्वत, जय शर्मा, तरुण शर्मा, संजीव उपाध्याय, करण शर्मा,मयंक शर्मा , उदित शर्मा सहित अनेक लोग मौजूद रहे।कार्यक्रम की अध्यक्षता ब्राह्मण महासभा के अध्यक्ष योगेन्द्र शर्मा ने की। आयोजकों ने समाज के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर शोभायात्रा को सफल बनाने की अपील की है।

काउंसलिंग से सुलझा पारिवारिक विवाद, महिला थाना की पहल से बना समझौता

दम्पति के साथ महिला थाना प्रभारी ऋतु तोमर

हाथरस।जनपद के महिला थाना में एक पारिवारिक विवाद का मामला संवेदनशीलता और सूझबूझ के साथ काउंसलिंग के जरिए शांतिपूर्ण तरीके से निस्तारित किया गया। कोतवाली गेट क्षेत्र के गांव किंदौली निवासी एक व्यक्ति द्वारा अपनी पुत्री के वैवाहिक जीवन में उत्पन्न हो रही समस्याओं को लेकर महिला थाना में लिखित शिकायत दी गई थी।शिकायत में आरोप लगाया गया था कि आवेदिका के पति एवं ससुरालीजन उसके साथ मारपीट करते हैं, गाली-गलौज करते हैं और अभद्र भाषा का प्रयोग कर उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करते हैं।मामले को गंभीरता से लेते हुए महिला थाना प्रभारी ऋतु तोमर के निर्देशन में दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया, जहां विस्तृत काउंसलिंग की गई। इस दौरान दोनों पक्षों की बातों को धैर्यपूर्वक सुना गया और आपसी विवाद के कारणों को समझते हुए समाधान निकालने का प्रयास किया गया।काउंसलिंग के दौरान पति एवं ससुरालीजनों ने भविष्य में किसी भी प्रकार की मारपीट या अभद्र व्यवहार न करने का आश्वासन दिया। वहीं महिला पक्ष ने भी रिश्ते को सुधारने की सहमति जताई। दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति बनने के बाद किसी ने भी पुलिस कार्रवाई की अपेक्षा नहीं जताई।महिला थाना पुलिस ने इस मामले को आपसी समझौते के आधार पर निस्तारित कर दिया। थाना प्रभारी के अनुसार पारिवारिक मामलों में काउंसलिंग के माध्यम से समाधान निकालना प्राथमिकता होती है, जिससे परिवार टूटने से बच सके और सामाजिक समरसता बनी रहे।

श्रीकृष्ण जन्मभूमि के गर्भगृह की सच्चाई जनता के सामने लाएंगे : महेंद्र प्रताप

वृंदावन। प्रज्ञान मिशन के तत्वावधान में फोगला आश्रम में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में महेंद्र प्रताप सिंह ने श्रीकृष्ण जन्मभूमि प्रकरण को लेकर अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में एच.एच. परमहंस प्रज्ञानंद जी महाराज का सानिध्य प्राप्त हुआ।
महेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि श्रीकृष्ण जन्मभूमि का वास्तविक गर्भगृह स्थल अपने मूल स्वरूप में वापस आएगा और वहां भगवान का भव्य मंदिर स्थापित होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह आंदोलन किसी प्रकार के टकराव का नहीं, बल्कि संवैधानिक एवं कानूनी प्रक्रिया के माध्यम से सत्य की स्थापना का प्रयास है।
उन्होंने कहा कि यह संघर्ष न्यायालय से लेकर जमीन तक शांतिपूर्ण तरीके से लड़ा जा रहा है और इसका उद्देश्य समाज में जागरूकता फैलाना है। “चलो गांव की ओर” एवं “श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति ज्योति यात्रा” जैसे अभियानों के माध्यम से इस विषय को देश-विदेश तक पहुंचाया जा रहा है।
महेंद्र प्रताप सिंह ने ऐतिहासिक संदर्भों का उल्लेख करते हुए वैज्ञानिक एवं पुरातात्विक जांच की आवश्यकता पर भी बल दिया, ताकि तथ्यों को और स्पष्ट किया जा सके। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने उपस्थित श्रद्धालुओं को जन्मभूमि के वास्तविक गर्भगृह स्थल पर मंदिर निर्माण के समर्थन में संकल्प दिलाया और शांतिपूर्ण तरीके से अभियान को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर संत स्वामी ब्रह्मानंद, स्वामी कृष्णानंद गिरी, भास्कर शास्त्री, कुसुम मिश्रा, रीना मुखर्जी, देवाशीष, भूषण पाटिल सहित देश-विदेश से आए श्रद्धालु बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। संत प्रज्ञानंद जी महाराज ने भी इस मांग का समर्थन करते हुए कहा कि वे इस विषय को अपने कार्यक्रमों में प्रमुखता से उठाएंगे।

मथुरा में विकास कार्यों व अनियमितताओं पर समीक्षा बैठक संपन्न

मथुरा, 17 मार्च 2026। उत्तर प्रदेश विधान परिषद की विकास प्राधिकरणों, आवास विकास परिषद, जिला पंचायतों एवं नगर निगमों में व्याप्त अनियमितताओं पर अंकुश लगाने एवं जांच के संबंध में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कुँवर महाराज सिंह ने की।
बैठक में समिति सदस्य एवं विधान परिषद के सदस्य विजय बहादुर पाठक और पवन कुमार सिंह उपस्थित रहे। वहीं जनपद से योगेश नौहवार एवं ओम प्रकाश सिंह भी शामिल हुए।
अधिकारियों में नगर आयुक्त जग प्रवेश, मुख्य विकास अधिकारी पूजा गुप्ता, जिला पंचायत राज अधिकारी धनंजय जायसवाल, जिला विकास अधिकारी गरिमा खरे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में नगर निगम मथुरा-वृंदावन की व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। नगर आयुक्त ने बताया कि नगर निगम द्वारा दो विद्यालय—हजारीमल सोमानी नगर निगम इंटर कॉलेज एवं नगर निगम बालिका इंटर कॉलेज—संचालित किए जा रहे हैं, जहां शिक्षकों के कई पद रिक्त हैं, हालांकि भवन, पेयजल एवं शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हैं।
संचारी रोग नियंत्रण के तहत नगर निगम द्वारा एंटी लार्वा छिड़काव के लिए 272 हैंड स्प्रे मशीन एवं 10 फॉगिंग मशीनों का उपयोग किया जा रहा है। निगम के पास कुल 462 वाहन हैं, जिनमें से 367 संचालित अवस्था में हैं, जबकि 95 खराब हैं।
पिछले पांच वर्षों में विकास प्राधिकरण द्वारा 204 कॉलोनियां नगर निगम को हस्तांतरित की गई हैं। निगम क्षेत्र में 119 पार्क हैं, जिनका रखरखाव निगम द्वारा किया जा रहा है, हालांकि उनसे कोई आय प्राप्त नहीं हो रही है।
नगर निगम द्वारा जल निकासी, सीवर व्यवस्था, ठोस कचरा प्रबंधन और बायोमेडिकल वेस्ट के निस्तारण को लेकर भी जानकारी दी गई। साथ ही नागरिकों की शिकायतों के समाधान के लिए 24×7 कंट्रोल रूम, मोबाइल एप एवं सोशल मीडिया के माध्यम से व्यवस्थाएं संचालित की जा रही हैं।
जिला पंचायत से संबंधित जानकारी में बताया गया कि मथुरा में 11749.73 वर्ग मीटर खाली भूमि उपलब्ध है, जिस पर कोई अवैध कब्जा नहीं है। इसके अलावा जिला पंचायत के स्वामित्व में कार्यालय, आवासीय भवन, अस्पताल, कांजी हाउस, डाक बंगला एवं 333 दुकानें संचालित हैं।

केएम विश्वविद्यालय में हुआ ओरिएंटेशन प्रोग्राम ‘परिचय-2026’ का आयोजन

मथुरा। केएम विश्वविद्यालय में पीजी रेजिडेंट्स बैच 2025 के विद्यार्थियों के लिए भव्य ओरिएंटेशन कार्यक्रम ‘परिचय-2026’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नए विद्यार्थियों को चिकित्सा शिक्षा की रूपरेखा, शैक्षणिक गतिविधियों और भविष्य की संभावनाओं से परिचित कराना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ विश्वविद्यालय के कुलाधिपति किशन चौधरी, कुलपति डा. एनसी प्रजापति, फॉरेन्सिक मेडिसिन विभाग के डा. शरद अग्रवाल, मेडिकल प्राचार्य डा. पीएन भिसे, स्किन बीडी विभाग के एचओडी डा. रामावतार बम्ब और मनोरोग विभाग के एचओडी डा. नामित गौतम ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया।
कुलाधिपति किशन चौधरी ने कार्यक्रम के दौरान पीजी विद्यार्थियों से परिचय प्राप्त करते हुए उन्हें प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि चिकित्सक का पेशा बेहद जिम्मेदारी और सेवा भाव से जुड़ा हुआ है। समाज डॉक्टर को भगवान के समान मानता है, इसलिए यह सुनिश्चित करना हर डॉक्टर की जिम्मेदारी है कि उसके पास आने वाला मरीज स्वस्थ होकर अपने घर लौटे। उन्होंने आशा जताई कि छात्र अच्छे डॉक्टर बनने के साथ-साथ अच्छे इंसान भी बनकर निकलें।
कुलपति डा. एनसी प्रजापति ने कहा कि डॉक्टर के लिए उसका मरीज ही भगवान होता है। तन, मन और समर्पण की भावना के साथ सेवा करना ही एक सच्चे चिकित्सक की पहचान है।
इस अवसर पर मेडिकल प्राचार्य डा. पीएन भिसे और फॉरेन्सिक मेडिसिन विभाग के डा. शरद अग्रवाल ने नवागत पीजी छात्रों को अनुशासन और चिकित्सा शिक्षा के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता डा. नामित गौतम ने की, जबकि मंच संचालन डा. खुशबू राठी ने किया। ओरिएंटेशन कार्यक्रम में मेडिकल सुपरिटेंडेंट डा. अभय सूद, मेडिसिन विभाग के एचओडी डा. आरके गुप्ता, स्त्रीरोग विभाग के एचओडी डा. धन सिंह, सर्जरी विभाग के एचओडी डा. अजय अग्रवाल, शिशु रोग विभाग के एचओडी डा. मनोज कुमार, अस्पताल की जनरल मैनेजर स्वाती शर्मा, विश्वविद्यालय के डिप्टी रजिस्ट्रार सुनील अग्रवाल सहित लगभग 75 पीजी रेजिडेंट्स चिकित्सक उपस्थित रहे।
« Newer PostsOlder Posts »