District : : UP News | UP Web News | Page 42

Web News

www.upwebnews.com

कंटेनर में 11 हजार लाइन का करंट दौड़ा, बालक की मौत, युवक घायल

March 17, 2026

कंटेनर में 11 हजार लाइन का करंट दौड़ा, बालक की मौत, युवक घायल

घटना के बाद मौके पर एसडीएम सहित पुलिस फोर्स पहुंचा

फिरोजाबाद। शिकोहाबाद के ग्राम शोभनपुर के पास रोड पर खड़े कंटेनर से हाइटेंशन लाइन का तार छू जाने से एक मासूम बालक की मौत हो गई जबकि एक युवक गंभीर रूप से झुलस गया। घटना से परिवार में हाहाकार मच गया। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझा बुझाकर शांत किया। पुलिस आगे की कार्यवाही में जुटी हुई है।
थाना शिकोहाबाद क्षेत्र के गांव शोभनपुर गांव में सड़क किनारे कंटेनर खड़ा हुआ था। उसके ऊपर से हाइटेंशन लाइन गुजर रही थी। उससे तार कंटेनर से छू गया। इसी दौरान कैंटर के सहारे हिमांशु (12) दीपेंद्र निवासी नगला कोल्हू, उधम उर्फ राजा (20) पुत्र विजेन्द्र निवासी शोभनपुर उसकी चपेट में आ गए। जिससे दोनों लोगों के शरीर से आग की लपटे उठने लगे। इसी दौरान एक महिला ने किसी तरह से युवक के शरीर से तार को अलग किया। लेकिन मासूम बालक की बुरी तरह से झुलस गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना से गांव में अफरा तफरी मच गई। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने घायल राजा को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार विभागीय अधिकारियों को हाइटेंशन लाइन को ऊंचा करने की मांग की थी लेकिन अधिकारियों ने कोई ध्यान नहीं दिया। जिसके कारण घटना घटित हुई। पहले भी घटना होने से बच चुकी है। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझा बुझाकर शांत किया। वहीं पुलिस आगे की कार्यवाही करने में जुटी हुई है।

मृतक बालक कक्षा 6 में पढ़ता था। उसका छोटा भाई 5 वर्ष का है जबकि मां कीर्ति का रो रोकर बुरा हाल हो रहा था। परिवार के लोग ढाढस बधा रहे थे। पिता किसान है।

बालक की हाइटेंशन लाइन की चपेट में आने के बाद एसडीएम डॉ गजेन्द्र पाल सिंह पीड़ित परिवार के साथ मिलने पहुंचे। पीड़ित किसान को सरकारी अनुदान दिलाने का आश्वासन दिया।

ट्रेनों में 112 बेटिकट समेत 306 केस पकड़े,1.47 लाख की वसूली


-मंगलवार को मुरादाबाद रेलवे स्टेशन पर चला किलेबंदी टिकट चेकिंग अभियान
-बीस चेकिंग स्टाफ ने खंगाली राज्यरानी समेत 21 ट्रेनें

Post on 17.3.26
Tuesday, Moradabad
Rajesh Bhatia

मुरादाबाद।(उप्र समाचार सेवा)।
ट्रेनों में अवैध यात्रियों की धर पकड़ के लिए मंगलवार को मुरादाबाद स्टेशन पर किलेबंदी टिकट चेकिंग अभियान चला। मंडल भर से जुटे टिकट चेकिंग स्टाफ ने सघन चेकिंग अभियान में बीस से ज्यादा ट्रेनें खंगाली। इस दौरान ट्रेन में सफर करते 112 बेटिकट यात्री पकड़े गए। जबकि 189 अनियमित यात्रा व गन्दगी फैलाते यात्रियों से किराया व जुर्माना वसूला। पूरे दिन में चेकिंग टीम ने 306 केस पकड़े। अभियान में 1.47 लाख रुपए का राजस्व मिला।
सीनियर डीसीएम आदित्य गुप्ता का कहना है कि यात्री सुविधा व सुरक्षा और राजस्व बढ़ाने के लिए समय-समय पर टिकट चेकिंग अभियान चलाए जाते हैं। मंगलवार को इसी के मद्देनजर किलेबंदी टिकट चेकिंग अभियान चला। आनेजाने वाली 21 ट्रेनों में सघन चेकिंग की गई। ट्रेन में सफर करते बेटिकट व अनियमित यात्रियों को पकड़ा गया। इन यात्रियों पर किराया और जुर्माना लगाया। अभियान में कुल 306 मामले पकड़े गए। कुल एक लाख 47 हजार रुपए का राजस्व अर्जित किया।

ये ट्रेनें -राज्यरानी, आला हजरत,
राप्ती गंगा, जनसाधारण,काशी , पोरबन्दर, अवध आसाम, श्रमजीवी एक्सप्रेस समेत अन्य ट्रेनें रहीं।

चेकिंग टीम।
किलेबंदी टिकट चेकिंग में सीआईटी स्टेशन विजयंत शर्मा, भावेश शर्मा समेत बीस टिकट चेकिंग स्टाफ के अलावा जीआरपी-आरपीएफ स्टाफ रहा।

साइबर ठगों पर पुलिस की सख्ती, पीड़ित के ₹33,325 वापस दिलाए गए

Santosh Kumar Singh
Gorakhpur
17/03/2026

गोरखपुर। थाना राजघाट पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ त्वरित कार्रवाई करते हुए ऑनलाइन क्रेडिट कार्ड धोखाधड़ी के एक मामले में पीड़ित को बड़ी राहत दिलाई है। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए ₹33,325 (तैतीस हजार तीन सौ पच्चीस रुपये) की ठगी गई रकम वापस कराई।

मामला उस समय सामने आया जब आवेदक ने बताया कि उसके एक्सिस बैंक के क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने के नाम पर साइबर ठगों ने उसके साथ धोखाधड़ी कर ली और ₹33,325 ट्रांसफर कर लिए। पीड़ित ने तत्काल राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर शिकायत दर्ज कराई और थाना राजघाट को भी सूचना दी।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गोरखपुर के निर्देश पर चलाए जा रहे साइबर अपराध नियंत्रण अभियान के तहत, पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन व पुलिस अधीक्षक अपराध के मार्गदर्शन में राजघाट थाना पुलिस और साइबर सेल टीम ने तेजी से कार्रवाई की। जांच में पता चला कि ठगी की रकम से ऑनलाइन गोल्ड की खरीददारी की गई थी।

साइबर नोडल उपनिरीक्षक वैभव विश्वकर्मा ने संबंधित कंपनी के नोडल अधिकारी से समन्वय स्थापित कर संदिग्ध ट्रांजैक्शन को समय रहते रुकवाया और डिलीवरी भी रोक दी गई। इसके बाद आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर पीड़ित के खाते में पूरी रकम वापस करा दी गई।

इस सराहनीय कार्यवाही में प्रभारी निरीक्षक पंकज गुप्ता, वरिष्ठ उपनिरीक्षक अरविंद राय, उपनिरीक्षक वैभव विश्वकर्मा और कंप्यूटर ऑपरेटर हेड कांस्टेबल राम प्रकाश चौधरी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल या लिंक के झांसे में न आएं और क्रेडिट कार्ड या बैंक संबंधी जानकारी साझा करने से बचें। किसी भी साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तुरंत NCRP पोर्टल या नजदीकी थाने में शिकायत दर्ज कराएं।

ट्रैक्टर-ट्रॉला की टक्कर में किसान की मौत, गुस्साए ग्रामीणों ने वाहन फूंका

हाथरस।जंक्शन क्षेत्र के जलेसर रोड पर गंगोली के पास सोमवार देर रात दर्दनाक हादसे में 46 वर्षीय दुष्यंत सारस्वत की मौके पर ही मौत हो गई। बताया गया है कि दुष्यंत खेत की जुताई के लिए ट्रैक्टर लेकर जा रहे थे, तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार आलू से लदे ट्रैक्टर-ट्रॉला ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह ट्रैक्टर के नीचे दब गए। गंभीर हालत में अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और गुस्साए लोगों ने टक्कर मारने वाले ट्रैक्टर-ट्रॉला में आग लगा दी। आग तेजी से फैलने पर मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची दमकल टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।हादसे के चलते सड़क पर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात संभाले, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपी चालक घटना के बाद से फरार बताया जा रहा है।

नव संवत्सर पर निकलेगी भव्य शोभायात्रा, रथ पूजन संपन्न

रथ पूजन के उपरांत जानकारी देते ब्राह्मण महासभा के सदस्य

हाथरस।नव संवत्सर के अवसर पर ब्राह्मण महासभा के तत्वावधान में 19 मार्च को भगवान परशुराम की ऐतिहासिक, भव्य एवं विशाल शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसे लेकर तैयारियां जोर-शोर से जारी हैं। इसी क्रम में शोभायात्रा में शामिल होने वाले प्रमुख रथ का जीर्णोद्धार पूर्ण होने के बाद विधि-विधान से पूजन किया गया।डॉ. विकास शर्मा ने बताया कि इस वर्ष शोभायात्रा को भव्य एवं आकर्षक स्वरूप दिया जाएगा। यात्रा में सुंदर व आकर्षक झांकियां मुख्य आकर्षण का केंद्र रहेंगी। रथ को विशेष रूप से सजाया जाएगा और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।कार्यक्रम में डॉ. जितेन्द्र स्वरूप फौजी, उदय वीर शर्मा, हरि शंकर शर्मा, ऋषि कौशिक, बृजमोहन शर्मा, राजेन्द्र चतुर्वेदी,  आचार्य हरिश दीक्षित, विशाल सारस्वत, जय शर्मा, तरुण शर्मा, संजीव उपाध्याय, करण शर्मा,मयंक शर्मा , उदित शर्मा सहित अनेक लोग मौजूद रहे।कार्यक्रम की अध्यक्षता ब्राह्मण महासभा के अध्यक्ष योगेन्द्र शर्मा ने की। आयोजकों ने समाज के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर शोभायात्रा को सफल बनाने की अपील की है।

« Newer PostsOlder Posts »