District : : UP News | UP Web News | Page 32

Web News

www.upwebnews.com

मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं को किया गया जागरूक

March 20, 2026

मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं को किया गया जागरूक

मथुरा, अतुल कुमार जिंदल। मिशन शक्ति फेज-5.0 के द्वितीय चरण के अंतर्गत जनपद मथुरा में महिला सशक्तिकरण एवं जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, मथुरा के निर्देशन में थाना फरह एवं महिला थाना पुलिस द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं को जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को आत्मरक्षा के गुर, गुड टच एवं बैड टच की जानकारी देते हुए उनके अधिकारों और महिला संबंधी अपराधों से बचाव के उपाय बताए गए। पुलिस टीम ने बताया कि बस, रास्तों या सार्वजनिक स्थानों पर छेड़खानी जैसी घटनाओं से घबराने के बजाय तुरंत कार्रवाई करें और हेल्पलाइन नंबर 1090 पर संपर्क करें या नजदीकी थाने में जाकर एफआईआर दर्ज कराएं।
इसके साथ ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे व्हाट्सएप, ट्विटर, फेसबुक और इंस्टाग्राम का सावधानीपूर्वक उपयोग करने की सलाह दी गई। महिलाओं एवं बालिकाओं को साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की भी जानकारी दी गई।
अभियान के अंतर्गत यातायात नियमों के पालन के प्रति भी जागरूक किया गया तथा महिलाओं से अपील की गई कि वे स्वयं नियमों का पालन करें और अपने परिवार व आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करें।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों—1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, 1090 वीमेन पावर लाइन, 181 महिला हेल्पलाइन, 112 पुलिस आपातकालीन सेवा, 102 एवं 108 एम्बुलेंस सेवा, 1098 चाइल्ड लाइन, 101 अग्निशमन सेवा एवं 1930 साइबर हेल्पलाइन—की विस्तृत जानकारी भी प्रदान की गई।

डंपरों की रफ्तार पर लगेगा ब्रेक, हादसों पर सख्ती

Santosh Kumar Singh Gorakhpur
20/03/2026

**मंडलायुक्त, डीआईजी, एसएसपी व डीएम का कड़ा निर्देश—नियम तोड़ने पर कार्यदाई संस्थाएं होंगी जिम्मेदार*

 

गोरखपुर। जनपद में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों में मिट्टी ढोने वाले डंपरों से लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं को लेकर प्रशासन अब पूरी तरह सख्त नजर आ रहा है। बीते कुछ दिनों में डंपरों की चपेट में आकर कई लोगों की जान जाने की घटनाओं ने शासन-प्रशासन को गंभीर चिंता में डाल दिया है। इसी क्रम में मंडलायुक्त अनिल ढींगरा की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई, जिसमें डीआईजी रेंज एस. चनप्पा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ और जिलाधिकारी दीपक मीणा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कार्यदाई संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक का मुख्य उद्देश्य डंपरों के संचालन में हो रही अनियमितताओं, ओवरस्पीडिंग और सुरक्षा मानकों की अनदेखी को रोकना तथा आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना था। मंडलायुक्त अनिल ढींगरा ने बैठक में बेहद कड़े शब्दों में कहा कि विकास कार्यों के नाम पर किसी भी प्रकार की लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यदाई संस्थाओं को अपने अधीन संचालित सभी वाहनों पर सख्त निगरानी रखनी होगी और यह सुनिश्चित करना होगा कि सभी नियमों का पालन किया जाए।
मंडलायुक्त ने कहा कि यह लगातार देखने में आ रहा है कि मिट्टी ढोने वाले डंपर तेज रफ्तार में सड़कों पर दौड़ रहे हैं, जिससे आम नागरिकों की जान जोखिम में पड़ रही है। कई मामलों में यह भी पाया गया है कि वाहन चलाने वाले चालक प्रशिक्षित नहीं होते या उनके पास वैध हैवी ड्राइविंग लाइसेंस नहीं होता। इस तरह की लापरवाही सीधे-सीधे हादसों को न्योता देती है।
डीआईजी रेंज एस. चनप्पा ने कहा कि यातायात नियमों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि डंपरों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर ओवरस्पीडिंग, गलत रूट पर संचालन और नियमों की अनदेखी करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने बैठक में कहा कि पिछले पांच दिनों में डंपरों की चपेट में आकर लोगों का मौत होना अत्यंत गंभीर और चिंताजनक विषय है। उन्होंने कहा कि सभी कार्यदाई संस्थाएं अपने वाहनों की नियमित जांच कराएं और यह सुनिश्चित करें कि वाहन तकनीकी रूप से फिट हों।
वहीं जिलाधिकारी दीपक मीणा ने ड्राइवरों की योग्यता और जिम्मेदारी पर विशेष जोर देते हुए कहा कि केवल 18 वर्ष से अधिक आयु के और वैध हैवी लाइसेंस धारक ही डंपर चलाएं। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि कई मामलों में यह देखा गया है कि डंपर चालक बगल में बैठा रहता है और खलासी वाहन चला रहा होता है, जो न केवल अवैध है बल्कि अत्यंत खतरनाक भी है। ऐसी प्रवृत्ति पर तत्काल रोक लगाने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि सभी डंपर निर्धारित रूट पर ही संचालित होंगे। यदि कोई वाहन निर्धारित मार्ग से हटकर अन्य रास्तों पर चलता पाया जाता है तो उसके खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाएगी। इससे न केवल ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित होती है बल्कि दुर्घटनाओं की संभावना भी बढ़ जाती है।
बैठक में यह महत्वपूर्ण तथ्य भी सामने आया कि अधिकांश डंपर चालकों को “चक्कर” (ट्रिप) के आधार पर भुगतान किया जाता है, जिसके कारण वे अधिक कमाई के लालच में तेज गति से वाहन चलाते हैं और अधिक से अधिक चक्कर लगाने का प्रयास करते हैं। यही प्रवृत्ति सड़क हादसों का एक प्रमुख कारण बन रही है। इस पर मंडलायुक्त ने कार्यदाई संस्थाओं को अपनी भुगतान प्रणाली की समीक्षा करने और सुरक्षित ड्राइविंग को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
मंडलायुक्त अनिल ढींगरा ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि यदि भविष्य में किसी भी डंपर से दुर्घटना होती है और उसमें किसी व्यक्ति की मृत्यु होती है, तो उसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित कार्यदाई संस्था की होगी। ऐसे मामलों में न केवल एफआईआर दर्ज होगी, बल्कि संस्था के खिलाफ कड़ी प्रशासनिक कार्रवाई भी की जाएगी, जिसमें ब्लैकलिस्टिंग तक शामिल हो सकती है।
बैठक में एडीएम (वित्त) विनीत कुमार सिंह, पीडब्ल्यूडी के नोडल अधिकारी ए.के. सिंह, जिला खनन अधिकारी सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। सभी को निर्देश दिया गया कि वे अपने-अपने स्तर पर निगरानी व्यवस्था को और मजबूत करें तथा समय-समय पर औचक निरीक्षण कर यह सुनिश्चित करें कि सभी निर्देशों का पालन हो रहा है।
अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि आने वाले दिनों में जनपद भर में विशेष चेकिंग अभियान चलाया जाएगा, जिसमें डंपरों की गति, चालक की योग्यता, वाहन की फिटनेस और रूट परमिट की गहन जांच की जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन के इस कड़े रुख से यह स्पष्ट संदेश दिया गया है कि अब सड़क सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा। आम नागरिकों की सुरक्षा सर्वोपरि है और इसके लिए हर आवश्यक कदम उठाया जाएगा।

ग्राहक को लेकर दुकानदारों में मारपीट, घायल

एटा के बाबूगंज मार्केट में ग्राहकों को लेकर दुकानदारों में जमकर हुई मारपीट, 5 पर केस दर्ज

एटा 20 मार्च उप्रससे। शहर के बाबूगंज मार्केट में ग्राहकों को लेकर दो दुकानदारों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट हो गई। इस दौरान लाठी-डंडे भी चले, जिसमें एक पक्ष के दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

बाबूगंज स्थित कपड़े की दुकानों के मालिकों के बीच ग्राहकों को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी बात पर एक बार फिर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते रुद्र रूप में बदल गयी। जिसमें समीर (20) पुत्र हबीब और शादाब (35) पुत्र असद गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका मेडिकल परीक्षण कराया गया।

घायल फैजल ने आरोप लगाया कि पड़ोसी दुकानदार अक्सर उनके ग्राहकों के साथ जबरदस्ती करते हैं और गाली-गलौज करते हैं। उन्होंने बताया कि उनकी दुकान पर आने वाले ग्राहकों को जबरन खींचा जाता है और विरोध करने पर मारपीट की जाती है। फैजल के अनुसार, उनके कर्मचारियों के साथ भी बदसलूकी और मारपीट की गई है।

प्रेमपाल सिंह प्रभारी कोतवाली नगर ने बताया कि दोनों पक्ष दुकानदार हैं और किसी बात को लेकर उनके बीच विवाद हुआ था। पुलिस ने आरोपी पक्ष के खिलाफ शांति भंग के आरोप में कार्रवाई की है। पांच नामजद लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस फिलहाल सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।

एटा में बाइक फिसलने से युवक की मौत

एटा में दोस्त से मिलने जाते समय बाइक अनियंत्रित होकर विद्युत पोल से टकराई, मौत

एटा 20 मार्च उप्रससे। जनपद के मिरहची थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में युवक की मौत हो गई। कल्याणपुर के पास बाइक अनियंत्रित होकर विद्युत पोल से टकरा गई, जिससे युवक आनंद (18) पुत्र अशोक निवासी अमांपुर जनपद कासगंज की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वह अपने एक दोस्त से मिलने मिरहची जा रहा था।

परिजनों ने बताया कि आनंद अमांपुर से कल्याणपुर होते हुए मिरहची की ओर जा रहा था, तभी रास्ते में उसकी बाइक अनियंत्रित हो गई और सीधे विद्युत पोल से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि उसे संभलने का मौका नहीं मिला। घटना की सूचना मिलते ही मिरहची थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर मुख्यालय भेज कर पोस्टमार्टम कराया।

थाना प्रभारी नीतू वर्मा ने बताया कि यह हादसा बाइक के अनियंत्रित होने से हुआ है। मामले की जांच की जा रही है। इस घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

बनारस के यूपी कॉलेज में दिनदहाड़े गोली मारकर छात्र की हत्या

कॉलेज के क्लास में तबातोड़ फायरिंग से सनसनी…

वाराणसी। उत्तर प्रदेश के वाराणसी जनपद में शुक्रवार की दोपहर उदय प्रताप कॉलेज में बी.ए के छात्र सूर्य प्रताप सिंह को क्लास के अंदर घुसकर गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्यारे ने छात्र पर करीब 4 राउंड फायरिंग कर मौके से फरार हो गया। लहुलुहान अवस्था में घायल हुए छात्र को मौके पर पहुंची पुलिस ट्रामा सेंटर के गई, जहां डॉक्टरों ने छात्र को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद आक्रोशित छात्रों ने कॉलेज में प्रदर्शन शुरू कर दिया, तो वही मौके पर कमिश्नरेट पुलिस के अधिकारियों के साथ कई थानों की पुलिस फोर्स तैनात की गई।

« Newer PostsOlder Posts »