Mathura : : UP News | UP Web News | Page 19

Web News

www.upwebnews.com

मथुरा में बनेगा देश का पहला राष्ट्रीय गो-संस्कृति म्यूजियम, आस्था-आध्यात्म और विज्ञान का होगा संगम

February 15, 2026

मथुरा में बनेगा देश का पहला राष्ट्रीय गो-संस्कृति म्यूजियम, आस्था-आध्यात्म और विज्ञान का होगा संगम

Land Inspection for Cow Museum in Mathura

मथुरा में गो संस्कृति म्यूजियम के लिए भूमि देखते हुए अधिकारी

– उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद की पहल, जमीन का किया गया वेटरनेरी यूनिवर्सिटी में चयन
– यह म्यूजियम गोवंश के धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक महत्व के साथ-साथ वैज्ञानिक दृष्टि से गाय और उसके उत्पादों की उपयोगिता को आम जनमानस तक पहुंचाएगा
Posted on 15.02.2026 Time 04.19 PM Sunday, Mathura
मथुरा। उत्तर प्रदेश पंडित दीन दयाल उपाध्याय पशु चिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय के परिसर में देश का पहला राष्ट्रीय गो-संस्कृति म्यूजियम स्थापित किया जाएगा। इस महत्वाकांक्षी परियोजना की पहल उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद द्वारा की गई है, जिसके लिए विश्वविद्यालय परिसर में भूमि का चयन कर लिया गया है।
यह म्यूजियम गोवंश के धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक महत्व के साथ-साथ वैज्ञानिक दृष्टि से गाय और उसके उत्पादों की उपयोगिता को आम जनमानस तक पहुंचाएगा। परंपरा और विज्ञान के इस अनूठे संगम के माध्यम से गो-संरक्षण, गो-पालन और गो-आधारित जीवनशैली की समग्र समझ विकसित की जाएगी।
शनिवार को ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष  शैलजाकांत मिश्र, मंडलायुक्त  नगेंद्र प्रताप, जिलाधिकारी  सीपी सिंह, परिषद के मुख्य कार्यपालक अधिकारी  सूरज पटेल तथा मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष  लक्ष्मी एन , परिषद के पर्यावरण सलाहाकर  मुकेश शर्मा, वेटरनेरी यूनिवर्सिटी से डा. अमित शुक्ला
ने प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण कर परियोजना की रूपरेखा पर चर्चा की।
मंडलायुक्त  नगेंद्र प्रताप ने बताया कि म्यूजियम में डिजिटल और प्रतीकात्मक स्वरूप में गोवंश के 100 मॉडल प्रदर्शित किए जाएंगे। इसमें देश में पाई जाने वाली सभी प्रमुख गोवंशीय नस्लों के साथ-साथ लुप्तप्राय प्रजातियों को भी शामिल किया जाएगा, ताकि भावी पीढ़ी को भारत की समृद्ध गो-परंपरा का समग्र परिचय मिल सके।
म्यूजियम का एक प्रमुख आकर्षण गाय के दूध और उससे बनने वाले उत्पादों—दूध, दही, पनीर, घी आदि की प्रदर्शनी होगी। यहां इन उत्पादों की वैज्ञानिक, पोषणात्मक और आयुर्वेदिक उपयोगिता को आधुनिक तकनीकों के माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा। इसके अतिरिक्त परिसर में दुग्ध उत्पाद पार्लर भी विकसित किया जाएगा, जहां आगंतुकों को शुद्ध दुग्ध उत्पाद उपलब्ध होंगे।
परियोजना के अंतर्गत गाय को भारतीय संस्कृति में प्राप्त “माता” का स्थान सनातन परंपरा में उसकी आध्यात्मिक भूमिका को यहाँ विशेष रूप से रेखांकित किया जाएगा। इसके माध्यम से यहाँ बताया जाएगा कि गो-संरक्षण केवल आर्थिक या कृषि विषय नहीं, बल्कि धार्मिक साधना, सात्त्विक जीवनशैली और लोककल्याण से गहराई से जुड़ा हुआ है। श्री मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप ने बताया कि माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप राष्ट्रीय स्तर पर विकसित किया जा रहा यह गो-संस्कृति म्यूजियम ब्रज क्षेत्र की पहचान को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा और गो-आधारित अर्थव्यवस्था को वैज्ञानिक मानकों पर समझने व अपनाने की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगा।

February 14, 2026

Posted on 14.02.2026 Time 07.45 PM Saturday, Mathura Vrandavan Atul Kumar Jindal 
मथुरा, 14 फरवरी।वृंदावन में बांके बिहारी मंदिर के एक गोस्वामी ने श्रद्धालु को सिर में डंडा मारकर लहूलुहान कर दिया।  गोस्वामी से बचाने के लिए श्रद्धालु की पत्नी राहगीरों से मदद मांगती रही।
शनिवार को हुई यह घटना राधा बल्लभ मंदिर के पास की बताई जा रही है। दरअसल, घायल व्यक्ति मंदिर जाते समय सड़क पर एक व्यक्ति से झगड़ रहे गोस्वामी से बीच-बचाव कर दिया था, जिससे वह नाराज हो गया।
घटना का वीडियो भी सामने आया है। पुलिस ने आरोपी गोस्वामी को हिरासत में लेकर बांके बिहारी पुलिस चौकी भेज दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार शनिवार को बांके बिहारी मंदिर के शयन भोग पुजारी मनोज गोस्वामी किसी काम से जुगल घाट की तरफ जा रहे थे। दूसरी तरफ गाजीपुर से आए श्रद्धालु कुशेंद्र यादव अपनी पत्नी के साथ बांके बिहारी के दर्शन कर राधावल्लभ मंदिर जा रहे थे।इस दौरान गोस्वामी का राधा बल्लभ मंदिर की सीढ़ियों वाले रास्ते के पास एक युवक से झगड़ा हो गया। उधर से गुजर रहे कुशेंद्र ने बीच-बचाव किया तो उग्र गोस्वामी ने अपने डंडे से उसी पर हमला कर दिया।

ब्रज में रंगोत्सव की तैयारी को लेकर कैबिनेट मंत्री की अध्यक्षता में हुई महत्वपूर्ण बैठक, दिए आवश्यक निर्देश 

मथुरा । उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के सभागार में माननीय मंत्री गन्ना विकास एवं चीनी मिलें  लक्ष्मी नारायण चौधरी  की अध्यक्षता में रंगोत्सव 2026 की तैयारियों के संबंध में बैठक हुई संपन्न। बैठक में  महापौर  विनोद अग्रवाल  उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजा कांत मिश्र , मंडलायुक्त नगेन्द्र प्रताप , पुलिस उपमहानिरीक्षक शैलेश कुमार पाण्डेय, सांसद प्रतिनिधि जनार्दन शर्मा , जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह , वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार , नगर आयुक्त  जग प्रवेश , मथुरा वृन्दावन विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष लक्ष्मी एन , उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के मुख्य कार्यपालक अधिकारी सूरज पटेल , अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व डॉ0 पंकज कुमार वर्मा , अपर जिलाधिकारी प्रशासन अमरेश कुमार , एस0पी0 ग्रामीण  सुरेश चंद्र रावत जी, उप जिलाधिकारी गोवर्धन  प्राजक्ता त्रिपाठी  सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
24 फरवरी को फाग आमंत्रण नंदगाँव एवं लडडू होली बरसाना, दिनांक 25 फरवरी को लठामार होली बरसाना, दिनांक 26 फरवरी को लठामार होली नन्दगाँव एवं रंग लठामार होली गॉव रावल, दिनांक 27 फरवरी को श्री कृष्णजन्म स्थान मंदिर में रंगो की होली, वृन्दावन के श्री बॉके बिहारी जी मन्दिर में रंगो की होली तथा मथुरा श्री द्वारिकाधीश जी मंदिर में कुंज की होली, दिनांक 1 मार्च को छड़ीमार होली गोकुल, दिनांक 3 मार्च को चतुर्वेदी समाज का डोला मथुरा तथा होलिका दहन, गॉव फालैन (ब्रह्म मुहूर्त), दिनांक 4 मार्च को धुलेंडी मथुरा जनपद, दिनांक 5 मार्च को दाऊजी का हुरंगा बल्देव, ग्राम जाँब का हुरंगा, चरकुला मुखराई एवं नन्द गांव का हुरंगा, दिनांक 6 मार्च को गॉव बठैन का हुरंगा एवं गिडोह का हुरंगा, दिनांक 9 मार्च को छडीमार होली महावन तथा दिनांक 12 मार्च 2026 को श्री रंग जी मन्दिर वृन्दावन में होली का आयोजन होगा।
बरसाना में आयोजित विश्व प्रसिद्ध लडडू होली तथा लठामार होली की तैयारियों के सम्बन्ध में अवगत कराया गया कि मेला क्षेत्र में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजनों से सम्बन्धित मंचो, साज-सज्जा, प्रवेश द्वार, सेल्फी पॉइन्ट आदि का निर्माण एवं लाइव प्रसारण आदि की व्यवस्था पर्यटन विभाग एवं उ०प्र० ब्रज तीर्थ विकास परिषद द्वारा समन्वय स्थापित कर किया जायेगा। श्री राधा बिहारी इंटर कॉलेज में दो दिवसीय सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा।
रंगोत्सव 2026 के अन्तर्गत जनपद मथुरा के विभिन्न स्थलों पर प्रवेश द्वारों की स्थापना की जाएगी, जिसमें बरसाना में 05, नन्दगाँव में 04, रावल में 02, गोकुल में 02, बल्देव में 02, फालैन में 02, महावन में 01 तथा मथुरा में 05 कुल 23 द्वार बनाए जाएंगे। रंगोत्सव 2026 के अन्तर्गत बरसाना, नन्दगाँव, फालैन एवं मथुरा जनपद के विभिन्न प्रमुख स्थलों पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन हेतु 25 छोटे स्टेज बनाए जाएंगे। रंगोत्सव 2026 के अन्तर्गत जनपद मथुरा के विभिन्न प्रमुख स्थलों पर 12 सेल्फी प्वाइंट की स्थापना की जाएगी, जिसमें बरसाना में 5, नंदगांव में 2, गोकुल में 1, महावन में 1, बलदेव में 1, रावल ने 1 तथा फ़ालैन में 1 सेल्फी प्वाइंट बनाया जाएगा।
जनपद मथुरा के विभिन्न प्रमुख मन्दिरों पर प्रकाश व्यवस्था/विद्युत सजावट का कार्य किया जाएगा, जिसमें गाजीपुर मन्दिर, संकेत मन्दिर, श्री राधारानी मन्दिर रावल, नन्दकिला नन्दभवन गोकुल, श्री प्रहलाद मन्दिर (प्रहलाद कुण्ड) ग्राम फालैन, होली दरवाजा (होलीगेट) मथुरा, विश्राम घाट मथुरा, ठाकुर श्री दाऊजी मन्दिर बल्देव तथा नन्दभवन चौरासी खम्भा मन्दिर महावन शामिल है। फसाड लाईटिंग का कार्य श्री राधारानी जी मन्दिर बरसाना तथा श्री नन्द मन्दिर नन्दगाँव में किया जाएगा।
बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने अवगत कराया कि बरसाना को 7 जोन व 18 सेक्टर में विभाजित किया गया है। बरसाना हेतु 56 पार्किंग स्थल तथा 94 बैरियर बनाए जा रहे है। 13 स्थलों पर स्वास्थ्य केंद्र तथा 05 दो पहिया एम्बुलेंस लगाई जाएंगी। बरसाना में 5 वॉचटावर तथा 5 स्थानों पर अग्निशमन व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में कैबिनेट मंत्री ने निर्देश दिए कि सभी कर्मचारी एवं अधिकारी श्रद्धालुओं, पर्यटकों एवं दर्शनार्थियों से विनम्र रहे। अपनी भाषा को मृदुल रखे तथा सेवा-भाव से ड्यूटी का निर्वहन करे। उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष  ने कहा कि होटल एवं पार्किंग संचालकों के साथ बैठक करे। होटल एवं पार्किंग संचालक सभी श्रद्धालुओं से आग्रह करे कि वे अपने जूता-चप्पल होटल या अपनी गाड़ी में उतार कर दर्शन हेतु जाए, क्योंकि दर्शन हेतु एकल मार्ग की व्यवस्था है।
मंडलायुक्त  नगेन्द्र प्रताप ने निर्देश दिए कि नकली गुलाल बेचने वालों पर सख्त कार्यवाही सुनिश्चित करें तथा कही पर भी नकली गुलाल नहीं बिकना चाहिए।  मंत्री ने निर्देश दिए कि प्रमुख मार्गों, गलियों एवं चौकों की पेंटिंग की जाए, लाइटिंग एवं साज सज्जा की उत्कृष्ट व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। मंडलायुक्त  ने अधिशासी अभियंता सिंचाई को निर्देश दिए कि गोवर्धन ड्रेन/नहरों की सफाई को ससमय पूर्ण करे।
कैबिनेट मंत्री ने खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के अधिकारियों को निर्देश दिए कि दूषित एवं मिलावटी प्रदार्थों को नष्ट कराए। सभी दुकानों एवं रेस्टोरेंट संचालकों के साथ बैठक करते हुए निर्देशित करे कि नकली सामान नहीं बिकना चाहिए। गुणवत्तापूर्व भोजन एवं अच्छे स्वास्थ्य के प्रति सभी को सजक करे। उन्होंने सख्त निर्देश दिए कि किसी भी दुकान एवं रेस्टोरेंट संचालक का उत्पीड़न / शोषण नहीं होना चाहिए।
मंत्री ने निर्देश दिए कि भंडारा लगाने वालों को सफाई हेतु निर्देशित किया जाए तथा उक्त स्थानों पर सफाई कर्मियों की ड्यूटी लगाई जाए। जगह-जगह पर कूडादान लगाए जाए। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को सड़कों की मरम्मत, कुंडो की बैरिकेडिंग, पुलिस बैरियर, वॉचटॉवर, पार्किंग आदि के व्यवस्था ससमय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने जिला पंचायत राज अधिकारी को सुदृढ़ साफ सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिला पंचायत राज अधिकारी ने अवगत कराया कि सफाई हेतु 294 सफाई कर्मचारी एवं 35 सुपरवाइजर की ड्यूटी लगाई गई है। जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि लटके हुए तारों को एकत्रित कराए, विद्युत खंभों व ट्रांसफार्मर की प्लास्टिक रैपिंग सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि बरसाना के लोक निर्माण विभाग के सभागार में स्थापित कंट्रोल रूम पर विद्युत विभाग के अधिकारियों की ड्यूटी लगाए तथा मेला क्षेत्र में विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों पर टीम तैनात करे, जो तत्काल समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करें।
मंत्री ने निर्देशित किया कि सभी पार्किंग पर बड़े बड़े बैनर / होर्डिंग लगाए जाए जिसमें लिखा जाए कि सभी श्रद्धालु अपने जूता चप्पल गाड़ी/होटल आदि में उतार कर आएं। उन्होंने कहा कि पार्किंगों हेतु दिशा सूचक चिन्ह लगाए जाए तथा अधिकारी भ्रमण करते हुए पार्किंगों में लाइट, पेयजल, शौचालय, रैंप, साइनबोर्ड आदि की व्यवस्था सुनिश्चित करें। ए0आर0एम0 रोडवेज को निर्देशित किया गया कि बसों को एकल मार्ग व्यवस्था अनुसार संचालित कराए।
मंडलायुक्त  ने निर्देश दिए कि सीसीटीवी कैमरे, ड्रोन एवं पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम को सुचारू रखते हुए सम्पूर्ण मेला क्षेत्र पर पैनी निगरानी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि बैरियर एवं बैरिकेडिंग का कार्य समय से पूर्ण कराए। उन्होंने सक्रिय खोया पाया केंद्र एवं कंट्रोल रूम बनाने के निर्देश दिए।

February 13, 2026

टीईटी को लेकर फिर बढ़ रही शिक्षकों में नाराजगी

मथुरा।
देश और प्रदेश के परिषदीय विद्यालयों के शिक्षकों के लिए सुप्रीम कोर्ट द्वारा शिक्षक पात्रता परीक्षा TET (टीईटी) अनिवार्य किए जाने के बाद केंद्र सरकार द्वारा राहत न दिए जाने से एक बार फिर शिक्षकों में नाराजगी बढ़ रही है। वर्तमान संसद के बजट सत्र में उन्हें राहत की उम्मीद थी लेकिन उन्हें निराशा हाथ लगी है। ऐसे में अलग-अलग शिक्षक संगठन फिर से आंदोलन की राह पर हैं।
एक तरफ जहां टीचर फेडरेशन ऑफ इंडिया (टीएफआई) की ओर से प्रदेश भर में शिक्षा राज्यमंत्री जयंत चौधरी का पुतला फूंका गया था। वहीं टीईटी अनिवार्यता के संबंध में सुप्रीम कोर्ट के फैसले को ही शिक्षा मंत्रालय द्वारा सही ठहराने पर शिक्षक नेताओं ने विरोध किया है।
*सुजीत वर्मा ने कहा कि* सर्वोच्च न्यायालय के टीईटी अनिवार्यता पर दिए गए आदेश के लगभग 6 महीने बाद भी केंद्र सरकार की ओर से शिक्षकों को राहत देने की प्रक्रिया नहीं शुरू की गई। उन्होंने कहा कि यह शिक्षकों के साथ धोखा व अन्याय है। इन शिक्षकों ने अपनी नियुक्ति के समय एनसीईटी द्वारा निर्धारित सभी अहर्ताएं पूरी कर नौकरी पाई है। आज उन पर नए नियम लगाना सही नहीं है।  ऐसे निर्णय का हम कड़ा विरोध करते हैं।
*शिक्षाविद्  जगदीश पाठक* ने कहा कि 20-25 वर्ष की सेवाएं दे चुके शिक्षक अब टीईटी में शामिल होंगे। 23 अगस्त 2010 के पहले नियुक्त शिक्षकों को इस अनिवार्यता से राहत दी जाए। उन्होंने सभी शिक्षक-कर्मचारी संगठनों से इस मुद्दे पर एकजुट होकर लड़ाई के लिए आने का आह्वान किया।
*शिक्षक नेता सुसेंद्र मित्तल* ने कहा कि अब केंद्र सरकार से आर-पार की लड़ाई लड़ी जाएगी। इसके लिए जल्द सभी संगठनों की बैठक कर व्यापक आंदोलन की घोषणा की जाएगी।

शादी समारोह में दहशत फैलाने वाले वाहनों को पुलिस ने किया जब्त 

मथुरा।थाना गोवर्धन पुलिस टीम द्वारा ग्राम देवसेरस थाना गोवर्धन मथुरा में शादी समारोह में मंहगी-मंहगी गाड़ियों को गांव में दौड़ाकर, हूटर बजाते हुए, डीजे को उच्चतम आवाज में बजाते हुए, तमंचा व अवैध हथियार को लहराकर, फायर करते हुए गांव में दहशत फैलाने वाले वाहनों में से 03 वाहनों को थाना गोवर्धन पुलिस द्वारा बरामद किया गया है तथा शेष वाहनों की तलाश की जा रही है ।
10 दिसंबर 2025 को थाना गोवर्धन क्षेत्रान्तर्गत ग्राम देवसरेस में स्थानीय निवासी की पुत्री की शादी थी, जिसमें ग्राम अंगरावली कामा राजस्थान से बारात आयी थी, जिसमें ज्यादातर लोग काफी महंगी-महंगी गाड़ियां लेकर आये थे, जिनके द्वारा गांव में गाड़ियों को गलियों में घुमाया गया था, तथा गाड़ियों के ऊपर छत पर बैठकर व खड़े होकर सनरुफ से निकलर अवैध असलाह तमंचा, पिस्टल लहराते हुए व हूटर बजाते हुए गलियों से बारात को निकाला गया था, जिनके भय से गांव के सीधे-साधे लोग दहशत में आ गये थे, तथा अपने-अपने घरों के खिड़की दरबाजे बन्द कर अपने-अपने घरों में छुप गये थे जिसके सम्बन्ध में गांव के कुछ लोगों द्वारा वीडियो भी बनाई गयी थी जो वायरल हो गयी । गोवर्धन पुलिस के द्वारा की गयी जांच में घटना का सही होना पाया गया इस घटना में कुछ वाहन प्रकाश में आये थे जिनके विरुद्ध थाना गोवर्धन जनपद मथुरा पर दिनांक 16दिसंबर 2025को मु0अ0सं0 645/2025 धारा 191(2)/191(3)/190 बीएनएस व 7 सीएलए एक्ट बनाम करीब 20 अज्ञात कार सवार व्यक्ति के विरुद्ध पंजीकृत किया गया था । गोवर्धन पुलिस द्वारा दर्ज अभियोग में विधिक कार्यवाही करते हुए 03 वाहन थार को बरामद किया गया ।
« Newer PostsOlder Posts »