Mathura : : UP News | UP Web News | Page 18

Web News

www.upwebnews.com

रामाश्रम सत्संग मथुरा का तीन दिवसीय भव्य आध्यात्मिक समारोह संपन्न

February 20, 2026

रामाश्रम सत्संग मथुरा का तीन दिवसीय भव्य आध्यात्मिक समारोह संपन्न

मथुरा। भगवान श्रीकृष्ण की पावन नगरी मथुरा में शिवरात्रि के पावन अवसर पर रामाश्रम सत्संग मथुरा द्वारा आयोजित तीन दिवसीय भव्य आध्यात्मिक समारोह  सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। श्रद्धा, भक्ति और ज्ञान से ओतप्रोत इस समारोह में देश-विदेश से हजारों श्रद्धालु साधकों ने आत्मिक लाभ प्राप्त किया। समारोह के दौरान आध्यात्म के विविध आयामों—भक्ति, ध्यान, योग, आत्मचिंतन और जीवन मूल्यों—पर देश के अलग-अलग भागों से पधारे आचार्यों ने सारगर्भित व्याख्यान दिए। विद्वानों के प्रेरणादायक प्रवचनों से उपस्थित श्रद्धालुओं का ज्ञानवर्धन हुआ तथा उनकी जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया। तीनों दिन वातावरण भक्ति-संगीत, सत्संग और ध्यान साधना से गुंजायमान रहा। कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ विदेशों से भी श्रद्धालु पहुंचे। विशाल संख्या में उपस्थित भक्तों ने शिवरात्रि के इस पावन पर्व पर आध्यात्मिक ऊर्जा का अनुभव किया। आयोजन की सुव्यवस्थित व्यवस्थाओं और अनुशासित संचालन की सभी ने सराहना की। रामाश्रम सत्संग मथुरा के वर्तमान गुरु एवं संचालक परम संत आलोक कुमार जी के मार्गदर्शन में यह समारोह अत्यंत सफल रहा।
उन्होंने अपने उद्बोधन में जीवन में सकारात्मक चिंतन, संयम, सेवा और समर्पण के महत्व पर प्रकाश डाला। उनके अनुसार, “आध्यात्म केवल ग्रंथों तक सीमित नहीं, बल्कि जीवन जीने की एक कला है, जो मनुष्य को भीतर से प्रकाशित करती है।

February 19, 2026

नहर में गिरी तेज रफ्तार कार, चार युवकों की मौत

मथुरा।  मगोर्रा थाना क्षेत्र के नगला देविया मोड़ पर बुधवार देर रात तेज रफ्तार फ्रॉन्क्स कार अनियंत्रित होकर नहर में गिर गई। इस हादसे में कार सवार चारों युवकों की डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने क्रेन की मदद से कार को बाहर निकाला। हालांकि इससे पहले ग्रामीणों ने दो युवकों को बाहर निकाल लिया था, लेकिन तब तक चारों युवकों की मौत हो गई। मौत की खबर से परिजनों के घर कोहराम मच गया और रो रो कर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने चारों शवों पोस्टमार्टम गृह भेज दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, देर रात चारों युवक फ्रॉन्क्स कार (UP 85 CV 9856) से महावन से गोवर्धन होते हुए बाईपास मार्ग से डीग जा रहे थे। रास्ते में मोड़ आने के कारण ड्राइवर आगे का रास्ता सही से नहीं देख पाया। अचानक मोड़ आने से चालक ने नियंत्रण खो दिया और कार सीधे नहर में जा गिरी।
गाड़ी के नहर में गिरने की आवाज सुनते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। पुलिस के पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोगों ने गाड़ी से दो युवकों को बाहर निकाला, लेकिन उनकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस और दमकल टीम ने क्रेन की मदद से गाड़ी को बाहर निकाला।
इसमें से दो और युवकों को बाहर निकाला गया, लेकिन वे भी बचाए नहीं जा सके। हादसे के बाद पुलिस ने चारों युवकों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए। पुलिस के मुताबिक मगोर्रा क्षेत्र के रहने वाले चार हम उम्र युवक कार में सवार होकर गोवर्धन होते हुए डीग क्षेत्र में एक सगाई समारोह में शामिल होने जा रहे थे। कस्बा महावन के मोहल्ला बलदेव गढ़ निवासी राहुल (23) उनके चचेरे भाई मोहित (21) और अमित (23) एवं अन्य दोस्त गुलशन के साथ बुधवार शाम राजस्थान के डीग जिले के लिए निकले थे।एसपी देहात ने बताया कि दुर्घटना सभी साक्ष्य इकट्ठा कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
*सड़क सुरक्षा पर  उठे सवाल*
सड़क सुरक्षा की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। राष्ट्रीय राजमार्गों और ग्रामीण सड़कों पर सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। ब्रेकर, चेतावनी बोर्ड, रिफ्लेक्टर और अन्य सुरक्षा उपकरणों की स्थापना न केवल दुर्घटनाओं को रोकने में सहायक होती है, बल्कि जीवन की रक्षा भी करती है।

February 16, 2026

राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ का वार्षिक चुनाव सम्पन्न

अशोक सोलंकी निर्विरोध अध्यक्ष और राजकुमार बने मंत्री
मथुरा (​चौमुहाँ)। बढ़ौता रोड स्थित सीएसआरवी विद्या आश्रम में राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ की ब्लॉक इकाई का त्रिवार्षिक निर्वाचन एवं शैक्षिक संगोष्ठी हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुई। चुनाव में लोकतांत्रिक प्रक्रिया का पालन करते हुए अशोक कुमार सोलंकी को निर्विरोध अध्यक्ष और राजकुमार सिंह को मंत्री चुना गया।
​चुनाव अधिकारी गोविंद सिंह चौहान और पर्यवेक्षक वीरेंद्र शर्मा की देखरेख में दोपहर 2 बजे मतदान प्रक्रिया शुरू हुई। अध्यक्ष और मंत्री पद के लिए एक-एक नामांकन आने के कारण दोनों को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया। इसके साथ ही कार्यकारिणी के अन्य महत्वपूर्ण पदों पर भी नियुक्तियां की गई। हरिओम शर्मा को संरक्षक, हरनारायण सिंह को ​वरिष्ठ उपाध्यक्ष, पृथ्वीराज पोइया को कोषाध्यक्ष चुना गया।
​नवनिर्वाचित अध्यक्ष अशोक सोलंकी ने पदभार ग्रहण करते हुए कहा, “संगठन ने मुझ पर जो भरोसा जताया है, मैं उस पर खरा उतरने का प्रयास करूँगा। शिक्षकों के मान-सम्मान से कोई समझौता नहीं होगा और उनके हितों के लिए पूरी निष्ठा से संघर्ष किया जाएगा।”
​कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित खंड शिक्षा अधिकारी कैलाश प्रसाद शुक्ला ने पदाधिकारियों को आशीर्वाद दिया और संगठन को भरोसा दिलाया कि शिक्षकों की विभागीय समस्याओं का त्वरित निराकरण किया जाएगा। हिंदू इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. गिर्राज सिंह ने भी नई टीम को शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष अंजना शर्मा, हेमराज, जिला महामंत्री इंद्रपाल सिंह, मनोज रावत, गोवर्धन दास गुप्ता, राजेश वर्मा, ऊषा पचौरी, वर्षा बघेल, रेखा दीक्षित, और लोकेश शर्मा सहित भारी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे

मथुरा रामघाट से निकली 5वीं डांक कांवड़ यात्रा श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न

मथुरा। श्याम सुंदर कॉलोनी निवासी संजय चौधरी एवं तरुण वर्मा के संयोजन में आयोजित 5वीं डांक कांवड़ यात्रा इस वर्ष भी गहन आस्था, उत्साह और धार्मिक गरिमा के साथ संपन्न हुई। पावन तीर्थस्थल रामघाट से कांवड़ियों ने विधि-विधान के साथ पवित्र जल भरकर भगवान शिव के जयघोष के बीच पदयात्रा प्रारंभ की। यात्रा के शुभारंभ से पूर्व विधिवत पूजा-अर्चना की गई तथा समस्त श्रद्धालुओं ने क्षेत्र की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की।
‘बोल बम’ और ‘हर-हर महादेव’ के उद्घोष से संपूर्ण वातावरण शिवमय हो उठा। यात्रा मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं एवं सामाजिक संगठनों द्वारा कांवड़ियों का पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया गया। कई स्थानों पर शीतल पेयजल, फल एवं प्रसाद की व्यवस्था भी की गई, जिससे कांवड़ियों को विशेष सहयोग मिला। महिलाओं और युवाओं की सहभागिता ने यात्रा में अलग ही उत्साह भर दिया।
मथुरा पहुंचने पर कांवड़ियों ने विधिवत जलाभिषेक कर भगवान शिव का रुद्राभिषेक एवं विशेष पूजन किया। श्रद्धालुओं ने परिवार और समाज की उन्नति की कामना करते हुए भक्ति भाव से आराधना की। संपूर्ण यात्रा अनुशासन, एकता और सौहार्द का प्रतीक बनी रही।
यात्रा में संजय चौधरी, तरुण वर्मा, लोकेश वर्मा, विराट सोनी, बंटी वर्मा, यशवीर वर्मा, प्रिंस सोनी, वंशिका सोनी, प्रियंका सोनी, कृष्णा चौधरी, योगेश, योगेंद्र चौधरी, पवन वर्मा, जीतू वर्मा, मयंक वर्मा, करन चौधरी, कान्हा चौधरी, शैलेश सारस्वत एवं केशव वर्मा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
स्थानीय प्रशासन द्वारा यात्रा को सकुशल संपन्न कराने हेतु व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। पुलिस बल यात्रा मार्ग पर तैनात रहा और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखा गया। शांतिपूर्ण और भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुई इस कांवड़ यात्रा ने क्षेत्र में धार्मिक आस्था और सामाजिक एकता का संदेश दिया।

आपसी झगड़े में भाभी की मौत, देवर घायल 

मथुरा । थाना नौहझील के अंतर्गत  गांव कटेलीया गांव में आरोपी देवर ने भाभी को धारदार हथियार से मौत के घाट उतार दिया।किसी बात को लेकर देवर ओर भाभी के बीच झगड़ा हो गया जिसके बाद मामला इतना बढ़ गया कि एक दूसरे पर धारदार हथियार से हमला कर दिया जिसमें वहीं भाभी के द्वारा भी उसपर वार किया गया जिसमें दोनों को गंभीर चोटें आई और घटना के वाद परिवार के लोगों ने दोनों को अस्पताल भेज दिया जहां पर भाभी की इलाज के दौरान मौत हो गई वहीं देवर की हालत नाजुक बनी है मगर जिस तरह से एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि परिवार के द्वारा पुलिस को सूचित नहीं किया और घटना से जुड़े सभी सबूत मिटाने की कोशिश की गई उससे कही न कहीं मृतक महिला के ससुराल वाले भी संदेह के घेरे में है वहीं पुलिस ने मुकदमा दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है ।
« Newer PostsOlder Posts »