Lucknow : : UP News | UP Web News | Page 27

Web News

www.upwebnews.com

वरिष्ठ पत्रकार शंकरदास और डा प्रसून शुक्ल बने एनयूजे एक्जीक्यूटिव मेंबर

January 6, 2026

वरिष्ठ पत्रकार शंकरदास और डा प्रसून शुक्ल बने एनयूजे एक्जीक्यूटिव मेंबर

लखनऊ, 06 जनवरी 2026, उत्तर प्रदेश एसोसिएशन ऑफ जर्नलिस्ट्स (उपज) के वरिष्ठ सदस्य शंकरदास (बरेली) और डा प्रसून शुक्ल (नोएडा) को नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स (इंडिया) में राष्ट्रीय कार्यसमिति का विशेष आमंत्रित सदस्य मनोनीत किया गया है।

इस आशय का पत्र एनयूजे के राष्ट्रीय महासचिव त्रियुग नारायण तिवारी ने अध्यक्ष सुरेश शर्मा के परामर्श के बाद जारी किया है। इस मनोनयन पर उपज के प्रदेश अध्यक्ष सर्वेश कुमार सिंह और महामंत्री आनंद कर्ण ने प्रसन्नता व्यक्त की है और दोनों सदस्यों को बधाई दी है।

सीएचसीसी ने सराही यूपी विधान सभा की कार्यप्रणाली

कनाडा से भी अधिक प्रभावशाली है उत्तर प्रदेश विधान सभा की कार्यप्रणाली : सीएचसीसी प्रतिनिधिमंडल

लखनऊ। कैनेडियन हिंदू चैंबर ऑफ कॉमर्स (सीएचसीसी) के 25 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने आज उत्तर प्रदेश विधान सभा में विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना से शिष्टाचार भेंट की। प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने कहा कि कार्य संस्कृति, तकनीकी नवाचार और विधायी दक्षता के दृष्टिकोण से उत्तर प्रदेश विधान सभा कनाडा की कई विधायी संस्थाओं से भी अधिक प्रभावशाली, सशक्त और अनुकरणीय प्रतीत होती है।

इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल को विधान सभा परिसर का विस्तृत भ्रमण कराया गया, जिसमें सदन की कार्यप्रणाली, विधायी प्रक्रियाओं तथा संस्थागत ढांचे से अवगत कराया गया।
भ्रमण एवं संवाद के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने उत्तर प्रदेश विधान सभा की सुव्यवस्थित कार्यसंस्कृति, आधुनिक तकनीकी व्यवस्थाओं, डिजिटल पहलों और पारदर्शी संचालन की मुक्त कंठ से सराहना की।
विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना UP Vidhan Sabha Ahyaksh Satish Mahana  ने प्रतिनिधिमंडल को विधान सभा में लागू किए गए आधुनिकीकरण प्रयासों, डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन, ई-विधान प्रणाली तथा पारदर्शिता और सुशासन को सुदृढ़ करने के लिए उठाए गए विभिन्न कदमों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश विधान सभा लोकतांत्रिक मूल्यों को केंद्र में रखते हुए नवाचार और आधुनिक तकनीक को अपनाकर प्रभावी एवं उत्तरदायी विधायी भूमिका का निर्वहन कर रही है।
इस अवसर पर विधायन, सार्वजनिक नीति, निवेश-अनुकूल वातावरण, ईज़ ऑफ डूइंग बिज़नेस और डिजिटल गवर्नेंस जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सार्थक विचार-विमर्श हुआ।
प्रतिनिधिमंडल ने उत्तर प्रदेश सरकार की प्रगतिशील नीतियों, पारदर्शी प्रशासन तथा दीर्घकालिक विकास दृष्टि की प्रशंसा करते हुए इसे निवेश और व्यापार के लिए अनुकूल बताया।
सीएचसीसी प्रतिनिधिमंडल ने माननीय अध्यक्ष द्वारा प्रदान किए गए समय, मार्गदर्शन और खुले संवाद के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार की संस्थागत सहभागिता भारत, विशेषकर उत्तर प्रदेश और कनाडा के बीच व्यापार, निवेश और नीतिगत सहयोग को नई दिशा देगी।
प्रतिनिधिमंडल ने आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी उत्तर प्रदेश सरकार एवं विधान सभा के साथ संवाद और सहयोग निरंतर जारी रहेगा, जिससे आर्थिक विकास, नवाचार और समावेशी प्रगति के साझा लक्ष्यों को प्राप्त किया जा सकेगा।
सीएचसीसी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व अध्यक्ष डॉ. अजय प्रकाश मिश्रा ने किया। 25 सदस्यीय कैनेडियन हिंदू चैंबर ऑफ कॉमर्स (सीएचसीसी) के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व नरेश चावड़ा ने अध्यक्ष के रूप में किया। प्रतिनिधिमंडल में कुशाग्र दत्त शर्मा अध्यक्ष (प्रेसिडेंट), राकेश कांतारिया ट्रेड मिशन चेयर, अमित चौधरी सह-अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष के रूप में शामिल रहे। इसके अतिरिक्त फल्गुन भंडेरी, आनंद आचार्य एवं विपुल रबारी राष्ट्रीय निदेशक के रूप में प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा रहे।
इस अवसर पर प्रमुख सचिव विधानसभा श्प्रदीप कुमार दुबे समेत सभी अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

January 5, 2026

प्रधानमंत्री और गृह मंत्री से मिले सीएम योगी आदित्यनाथ

नई दिल्ली, 05 जनवरी 2026, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज दिल्ली में प्रधान मंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, पार्टी अध्यक्ष जे.पी. नडड्डा और कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की। उनकी यह मुलाकात राजनीति शिष्टाचार के अन्तर्गत हुई। किन्तु माना जा रहा है राष्ट्रीय नेतृत्व के साथ योगी जी ने प्रदेश की राजनीति पर भी चर्चा की। इसमें संभावित मंत्रिमंडल विस्तार और संगठन में फेरबदल भी शामिल है।

हमारा व्यवहार परस्पर आत्मीयता व समरसतापूर्ण होना चाहिए: स्वान्त रंजन

हिन्दू समाज को तोड़ने का काम कर रहे तथाकथित राजनेता: क्षेत्र प्रचारक अनिल

तथाकथित राजनेताओं ने हमारे देवी देवताओं व महापुरूषों को जातियों में बांटा

हिन्दव: सोदरा सर्वे के उदघोष के साथ हिन्दू सम्मेलन शुरू

लखनऊ,04 जनवरी। शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा लखनऊ विभाग के चारों जिलों में रविवार को भव्य हिन्दू सम्मेलन का आयोजन किया गया। वक्ताओं ने सामाजिक समरसता, परिवार प्रबोधन, पर्यावरण संरक्षण, स्व का बोध और नागरिक कर्तव्य के विषयों को रखा। सम्मेलन में सभी जाति बिरादरी के महिला,पुरूष,बाल व युवाओं की सहभागिता रही। लखनऊ दक्षिण भाग की आनन्द बस्ती में आयोजित हिन्दू सम्मेलन को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय प्रचारक प्रमुख स्वान्त रंजन जी ने कहा कि
मिलजुलकर साथ रहना सीखें। हमारा व्यवहार परस्पर आत्मीयता व समरसतापूर्ण होना चाहिए। सम्पूर्ण हिन्दू समाज को जोड़कर चलना है। समाज को तोड़ने के प्रयत्न चल रहे हैं। हिन्दू समाज की कुरीतियों को दूर करने के लिए मिलकर प्रयत्न करना चाहिए।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पूर्वी उत्तर प्रदेश के क्षेत्र प्रचारक अनिल जी ने रविवार को गंगोत्री इन्क्लेव में आयोजित हिन्दू सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि हिन्दू समाज को टुकड़े —टुकेड़े में तोड़ने का काम देश के तथाकथित राजनेताओं के द्वारा किया जा रहा है। तथाकथित राजनेताओं ने हमारे देवी देवताओं को बांटा। इससे भी पेट नहीं भरा तो इन्होंने महापुरूषों का भी जाति में बंटवारा कर दिया। क्षेत्र प्रचारक ने कहा कि महापुरूषों ने सर्व समाज के लिए काम किया। हम सब को मिलकर सभी महापुरूषों की जयंती मनानी चाहिए।
अनिल जी ने कहा कि दुनिया के ​किसी भी देश में जाति की पार्टी नहीं है। दु​निया में एकमात्र देश भारत है जहां हर जाति की पार्टी बनाई जा रही है। समाज को तोड़ने के षड़यंत्र को समझना होगा। क्षेत्र प्रचारक ने कहा कि बाबा साहब डा. आम्बेडकर ने कहा था कि शिक्षित बनो, संगठित बनो। किसी एक जाति के लिए नहीं कहा था। लेकिन उनके भाषण को तोड़मरोड़ कर सुनाया जाता है। दुनिया में हिन्दुओं को संरक्षण देने वाला एक मात्र देश भारत है। हम सब को जाति के बंधनों से ऊपर उठकर संगठित होना पड़ेगा।

कृष्णानगर की इंद्रलोक कॉलोनी के इंद्रेश्वर महादेव मंदिर परिसर में आयोजित हिन्दू सम्मेलन को संबोधित करते हुए क्षेत्र प्रचार प्रमुख सुभाष जी ने अपने उद्बोधन में हिंदू समाज की एकता, संगठन और सांस्कृतिक मूल्यों की रक्षा का आहवान किया। उन्होंने सामाजिक समरसता, पारिवारिक मूल्यों, राष्ट्र निर्माण में समाज की भूमिका तथा वर्तमान सामाजिक चुनौतियों जैसे विषयों पर विस्तार से विचार रखा।

सरस्वती विद्या मंदिर सेक्टर क्यू अलीगंज में मारूति बस्ती के हिन्दू सम्मेलन को संबोधित करते हुए इतिहास संकलन समिति के अखिल भारतीय सह संगठन मंत्री संजय श्रीहर्ष ने कहा कि संघ स्थापना काल से हिन्दू समाज की एकता अखण्डता एवं सम्प्रभुता के लिए कार्य कर रहा है। हमने सदैव वसुधैव कुटुम्बकम का पूर्णतया पालन किया है।

उत्तर भाग के लवकुशनगर की रामकृष्ण बस्ती में आयोजित हिन्दू सम्मेलन में सह क्षेत्र प्रचार प्रमुख मनोजकांत जी ने वर्तमान सामाजिक चुनौतियों पर प्रकाश डालते हुए संगठित हिंदू समाज की आवश्यकता समझाते हुए समाज को जागरूक और सक्रिय रहने का आह्वान किया।

सुभाष नगर की सदर बस्ती के हिन्दू सम्मेलन को संबोधित करते हुए सामाजिक समरसता गतिविधि के प्रान्त प्रमुख राजकिशोर ने कहा कि हमारे मंदिर जन जागृति का केन्द्र बनने चाहिए। पंच परिवर्तन व्यक्ति परिवार तथा समाज के आचरण में अभिव्यक्त हो। उन्होंने कहा कि हिन्दू समाज से विषमता दूर होनी चाहिए। सामाजिक समरसता के लिए संघ आज देशभर में काम कर रहा है।

जियामऊ स्थित कल्याण मण्डप में हिन्दू महासम्मेलन को संबोधित करते हुए विभाग कार्यवाह अमितेश ने कहा कि कहीं भाषा के नाम पर कहीं जाति के नाम पर देश को बांटने के षड़यंत्र हो रहे हैं। संगठित हिन्दू समाज ही सभी समस्याओं का समाधान कर सकता है।
विभाग प्रचारक अनिल जी ने रैदास नगर और प्रान्त बाल कार्य प्रमुख आशुतोष जी ने लकड़ मण्डी में आयोजित हिन्दू सम्मेलन को मुख्य वक्ता के तौर पर संबोधित किया।
हनुमान गढ़ी अयोध्या के महंत राजू दास,बावन मंदिर अयोध्या के महंत वैदेही वल्लभ शरण महाराज,महंत दिव्या गिरि,अमृत चैतन्य ने अलग—अलग स्थानों पर हिन्दू सम्मेलन की अध्यक्षता की।

लखनऊ के चारों भागों में हुए हिन्दू सम्मेलन
लखनऊ उत्तर भाग के हनुमान नगर, लवकुश नगर, विवेकानंद नगर, केशव नगर, महर्षी नगर, सुहेलदेव नगर, भाऊराव नगर और जानकी नगर में हिन्दू सम्मेलन कार्यक्रम आयोजित किया गया जिसमें लगभग 4000 स्वयंसेवक सम्मिलित हुए।
दक्षिण भाग के सरस्वती नगर, सवाद नगर, सुभाष नगर, संत रैदास नगर, वासुदेव नगर, माधव नगर, आनंद नगर, केशव नगर, गोकुल नगर और श्रीकृष्णा नगर में हिन्दू सम्मेलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमें लगभग 3000 लोग शामिल हुए।
पश्चिम भाग के शत्रुघ्न नगर, बजरंग नगर, लक्ष्मण नगर में हिन्दू सम्मेलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमें लगभग 1500 लोग शामिल हुए। लखनऊ पूरब भाग के श्रद्धानंद नगर , दयानंद नगर, सरदार पटेल नगर, बलिराम नगर में हिन्दू सम्मेलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमें लगभग 3000 लोग शामिल हुए।

सह विभाग कार्यवाह ब्रजेश जी ने बताया कि लखनऊ की सभी बस्तियों में हिन्दू सम्मेलन होगा। आज प्रथम दिन था। 31 जनवरी तक हिन्दू सम्मेलन होंगे। हिन्दू सम्मेलन कार्यक्रम के दौरान अनुशासन, एकता और देशभक्ति की अद्भुत झलक देखने को मिली। सभी जगह संघ साहित्य की भी स्टाल लगाये गये थे। कई स्थानों पर समरसता भोज का भी आयोजन किया गया। हिन्दू सम्मेलन की शुरूआत सामूहिक वंदे मातरम और समापन भारत माता की आरती के साथ हुआ।
जियामऊ ​के हिन्दू सम्मेलन में संघ की अखिल भारतीय कार्यकारिणी के सदस्य श्रीमान प्रेम कुमार जी, लखनऊ कैंसर संस्थान की निदेशक डा.निर्मला पंत,बृजनन्दन राजू,नगर कार्यवाह संदीप चतुर्वेदी,विजय विश्वकर्मा,डा.उमेश राय,शशिकांत प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

January 4, 2026

यूपी के 18 ए आरटीओ के तबादले

♦लखनऊ। उत्तर प्रदेश परिवहन विभाग में बड़ा फेरबदल हुआ है. ट्रांसपोर्ट कमिश्नर के निर्देश पर प्रदेश के विभिन्न जिलों में तैनात 18 सहायक संभागीय परिवहन अधिकारियों (ARTO)के तत्काल प्रभाव से तबादले कर दिए गए हैं. ​ट्रांसपोर्ट कमिश्नर द्वारा जारी सूची में प्रशासन और प्रवर्तन दोनों इकाइयों के अधिकारियों को इधर-उधर किया गया है. इस फेरबदल में लखनऊ, गाजियाबाद, आगरा और कानपुर कई महत्वपूर्ण जिलों की कमान बदली गई है. लखनऊ में यातायात नियमों के उल्लंघन और ओवरलोडिंग पर लगाम लगाने के लिए आलोक कुमार यादव को एआरटीओ प्रवर्तननियुक्त किया गया है.

1.चम्पा लाल, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन), सिद्धार्थ नगर
2.अशोक कुमार श्रीवास्तव, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन), गाजियाबाद
3.कौशल कुमार सिंह,सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन), सोनभद्र
4.हरिओम, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन), बदायूँ
5.वैभव सोती,सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) द्वितीय दल बरेली
6.आलोक कुमार यादव,सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) द्वितीय दल लखनऊ
7. सतेन्द्र कुमार सिंह, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) द्वितीय दल मथुरा
8.मानवेन्द्र प्रताप सिंह, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन), सहारनपुर
9.विन्ध्यांचल कुमार, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन), प्रथम दल कानपुर
10.विनय कुमार सिंह,सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन), आगरा
11.कृष्ण कुमार यादव, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन), फर्रुखाबाद
12.उमेश चन्द्र कटियार,सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) रायबरेली
13.गुलाब चन्द्र,सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) द्वितीय दल अयोध्या
14.देवदत्त कुमार,सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्राविधिक) मेरठ
15.विपिन कुमार,सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) बागपत
16.हरिओम,सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) द्वितीय दल शाहजहाँपुर
17.प्रतीक मिश्रा,सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) द्वितीय दल फतेहपुर
18.नीतू शर्मा,सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) द्वितीय दल बुलंदशहर

« Newer PostsOlder Posts »