Hathras : : UP News | UP Web News | Page 3

Web News

www.upwebnews.com

भाजपा शीर्ष नेतृत्व के आशीर्वाद से नामित सभासदों का भव्य स्वागत,

March 20, 2026

भाजपा शीर्ष नेतृत्व के आशीर्वाद से नामित सभासदों का भव्य स्वागत,

गौरव आर्य के आवास पर हुआ सम्मान समारोह
हाथरस में भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष गौरव आर्य के वसुंधरा एंक्लेव स्थित आवास पर एक भव्य स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश शासन द्वारा नामित हाथरस नगर पालिका के सभासद—आर.सी. गोला, मूलचंद वार्ष्णेय, संजय सक्सेना, सुनीता वर्मा—तथा नगर मंडल के जिला प्रतिनिधि विनीत शर्मा (वंशी पंडित) का फूल-मालाओं, दुपट्टा एवं पगड़ी पहनाकर जोरदार स्वागत किया गया।
इस अवसर पर सभी नव-नामित सभासदों ने भाजपा शीर्ष नेतृत्व, जिला संगठन एवं जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी दी गई है, उसे वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निभाएंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा और आम जनमानस की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का हर संभव प्रयास किया जाएगा।
सभासदों ने कहा कि वे सरकार की मंशा के अनुरूप कार्य करते हुए “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” के सिद्धांत को आगे बढ़ाएंगे। साथ ही उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि मुख्यमंत्री द्वारा संचालित नगर पालिका से जुड़ी सभी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का कार्य किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान यह भी कहा गया कि सभी सभासदों के द्वार जनता के लिए 24 घंटे खुले रहेंगे और कोई भी नागरिक अपनी समस्या लेकर कभी भी उनसे संपर्क कर सकता है, जिसका समाधान प्राथमिकता के साथ कराने का प्रयास किया जाएगा।

मेला देखकर लौटे युवक की संदिग्ध मौत, पेड़ के नीचे मिला शव

हत्या की आशंका से सनसनी
हाथरस जनपद के हसायन कोतवाली क्षेत्र में एक 25 वर्षीय युवक का शव पेड़ के नीचे मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान सराय गांव निवासी प्रमोद के रूप में हुई है, जो मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। जानकारी के अनुसार, प्रमोद बीती रात अपने परिवार के साथ मेला देखने गया था और घर लौटने के बाद दोबारा कहीं चला गया।
सुबह उसका शव जरेरा गांव के पास पेड़ के नीचे पड़ा मिला, जिसके बाद ग्रामीणों में दहशत फैल गई। मृतक की गर्दन पर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों ने साफ तौर पर हत्या की आशंका जताते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हाथरस में बेमौसम बारिश का कहर, गेहूं की फसलें बर्बादी के कगार पर

हाथरस। जनपद के सादाबाद क्षेत्र की न्याय पंचायत कजरोटी में गुरुवार रात अचानक मौसम ने करवट ली, जिससे किसानों की चिंता कई गुना बढ़ गई। तेज हवाओं के साथ शुरू हुई बेमौसम बारिश ने खेतों में खड़ी गेहूं की पकी फसल को भारी नुकसान पहुंचाया है। यह बारिश उस समय हुई जब किसान कटाई की तैयारी में जुटे थे, ऐसे में यह नुकसान उनके लिए बड़ा झटका साबित हो रहा है।
गुरुवार रात करीब 10 बजे शुरू हुई बारिश और तेज हवाओं का सिलसिला शुक्रवार सुबह तक जारी रहा। इस दौरान कई खेतों में गेहूं की फसल जमीन पर बिछ गई, जिससे उत्पादन के साथ-साथ गुणवत्ता पर भी असर पड़ा है। कई जगहों पर गेहूं की बालियां टूटकर गिर गईं और दाने झड़ गए, जिससे किसानों को आर्थिक रूप से भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है।
सादाबाद क्षेत्र में आलू की खुदाई का कार्य भी तेजी से चल रहा था, लेकिन बारिश के कारण यह काम पूरी तरह ठप हो गया है। खेतों में पानी भर जाने से खुदाई में देरी होगी और यदि पानी लंबे समय तक भरा रहा तो जमीन के अंदर ही आलू सड़ने का खतरा बढ़ जाएगा। किसानों का कहना है कि अभी बड़ी संख्या में खेतों में खुदाई बाकी है, जिससे उनकी परेशानी और बढ़ गई है।
मौसम विभाग द्वारा ओलावृष्टि की चेतावनी जारी किए जाने से किसानों की चिंता और बढ़ गई है। किसानों का कहना है कि यदि अब ओले गिरते हैं, तो बची-खुची फसल भी पूरी तरह बर्बाद हो जाएगी और लागत निकालना भी मुश्किल हो जाएगा। लगातार बदलते मौसम ने खेती-किसानी को बड़ा झटका दिया है।

नववर्ष व नवरात्रि पर कलेक्ट्रेट में प्रदर्शनी का उद्घाटन, योजनाओं की दी जानकारी

हाथरस। प्रदेश सरकार के नौ वर्ष पूर्ण होने तथा नवरात्रि के प्रथम दिवस के अवसर पर कलेक्ट्रेट परिसर में बाल विकास एवं पुष्टाहार, महिला कल्याण और समाज कल्याण विभाग द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का उद्घाटन नगर पालिका अध्यक्ष श्वेता चौधरी ने फीता काटकर किया।इस अवसर पर उन्होंने पांच गर्भवती महिलाओं को पोषण पोटली वितरित की और शिशुओं का अन्नप्राशन कराया। साथ ही प्रदर्शनी का अवलोकन कर विभिन्न विभागीय योजनाओं की जानकारी ली।कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत कन्याओं का पूजन कर उन्हें चुनरी ओढ़ाई गई और उपहार भेंट किए गए।दिव्यांगजन विभाग की ओर से पांच बच्चों को श्रवण यंत्र वितरित किए गए, वहीं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के तहत ओ-लेवल के छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र भी दिए गए।कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों, कर्मचारियों और लाभार्थियों को नवरात्रि की शुभकामनाएं भी दी गईं।इस दौरान अपर जिलाधिकारी न्यायिक, जिला विकास अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी सहित अन्य अधिकारी एवं लाभार्थी उपस्थित रहे।

March 19, 2026

वर्ष प्रतिपदा उत्सव पर संघ ने लिया पंच परिवर्तन का संकल्प

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए हरिगढ़ विभाग सह प्रचार प्रमुख राजनारायण सिंह
हाथरस। वर्ष प्रतिपदा के अवसर पर सरस्वती विद्या मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यकर्ताओं ने समाज निर्माण और राष्ट्र उत्थान के लिए पंच परिवर्तन को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए हरिगढ़ विभाग सह प्रचार प्रमुख राजनारायण सिंह ने कहा कि संघ ने बिना किसी ऊंच-नीच, जाति-पांति और द्वेषभाव के समाज को संगठित करने का कार्य किया है। यही कारण है कि संघ के कार्यों की देश ही नहीं, बल्कि विश्व स्तर पर भी सराहना हो रही है। उन्होंने नवसंवत्सर 2083 की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह दिन अत्यंत पावन है और सभी को अपने लक्ष्य की प्राप्ति के लिए निरंतर प्रयासरत रहना चाहिए।कार्यक्रम का शुभारंभ संघ संस्थापक केशवराव बलिराम हेडगेवार को प्रणाम कर किया गया। वक्ताओं ने बताया कि वर्ष 1925 में स्थापित संघ आज एक विशाल स्वरूप ले चुका है और समाज को सकारात्मक दिशा देने के साथ राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।उन्होंने कहा कि संघ अपने शताब्दी वर्ष की ओर बढ़ते हुए कुटुंब प्रबोधन, सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण, स्वदेशी और नागरिक कर्तव्य जैसे पंच परिवर्तन पर कार्य कर रहा है, जिन्हें प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में अपनाना चाहिए।कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजसेवी एवं व्यवसायी देवेंद्र वार्ष्णेय ने की, जबकि संचालन नगर कार्यवाह भानु द्वारा किया गया।इस अवसर पर जिला प्रचारक जयकिशोर , नगर प्रचारक शिवम  , विभाग सह कार्यवाह अजय कुलश्रेष्ठ , विभाग सह सम्पर्क प्रमुख दुर्गेश गुप्ता , जिला संघचालक डॉ यूएस गौड़, जिला सेवा प्रमुख योगेश बागड़ी , जिला बौद्धिक प्रमुख पवन शर्मा ,जिला व्यवस्था प्रमुख मनीष अग्रवाल ,जिला प्रचार प्रमुख आशीष सेंगर , नगर संघचालक डॉ पीपी सिंह ,सह नगर कार्यवाह अमित गौतम , आनंद गोयल विपिन , लक्ष्मीकांत दीक्षित , प्रबल प्रताप , शुभम एलानी ,वीरेंद्र माहौर , संदीप वार्ष्णेय , प्रदीप यादव , अजय , सतीश बेंक वाले , लोकेंद्रनाथ शर्मा , देवेश समाधिया , रूपेश उपध्याय , अनिल गुप्ता ,देवेन्द्र मोहता आदि सहित काफी संख्या में स्वयंसेवक उपस्थित रहे।

« Newer PostsOlder Posts »