Hathras : : UP News | UP Web News | Page 2

Web News

www.upwebnews.com

शहीद दिवस पर श्रद्धांजलि सभा, क्रांतिकारियों को किया नमन

March 23, 2026

शहीद दिवस पर श्रद्धांजलि सभा, क्रांतिकारियों को किया नमन

शहीदों को नमन करते साहित्यकार

हाथरस। शहीद दिवस के अवसर पर ब्रज कला केन्द्र के बैनर तले अमर शहीद भगत सिंह, राजगुरु एवं सुखदेव की 95वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ शहीद पार्क में स्थापित तीनों क्रांतिकारियों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर किया गया।कार्यक्रम का आयोजन आशु कवि अनिल बोहरे की अध्यक्षता एवं चंद्रगुप्त विक्रमादित्य के संयोजन एवं संचालन में संपन्न हुआ। इस दौरान आशु कवि अनिल बोहरे ने अपनी पंक्तियों के माध्यम से शहीदों को नमन करते हुए कहा,

“भगत सुख राज ने स्वतंत्रता का मार्ग प्रशस्त किया,
स्वतंत्रता संग्राम आंदोलन को निज बलिदान किया।”

चंद्रगुप्त विक्रमादित्य , श्याम बाबू चिंतन,पूरन सागर,रोशनलाल वर्मा ,प्रभू दयाल दीक्षित ‘प्रभू’ ,वीना गुप्ता एडवोकेट,देवेन्द्र शर्मा ‘पूपू पंडित’ ने भी भगत सिंह के त्याग को याद करते हुए अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की।इस अवसर पर गिर्राज सिंह गहलोत एवं आमना बेगम सहित अन्य वक्ताओं ने कहा कि शहीदों के बलिदान से ही आज हम गर्व के साथ जीवन जी रहे हैं।कार्यक्रम में जयशंकर पारासर, पंडित ऋषि कुमार कौशिक, हरीशंकर वर्मा, कपिल नरूला, पीयूष अग्निहोत्री, संतोष उपाध्याय सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

हाथरस: घर से निकलते ही युवक को मारी गोली, गंभीर

युवक की हालत गंभीर क्षेत्र में फैली दहशत

हाथरस। गांव बरसे में घर से निकलते ही एक युवक को हमलावरों ने सरेआम गोली मार दी। जिससे युवक घायल हो गया, घायल युवक की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है और उसे बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है।
सोमवार को मिली जानकारी के अनुसार रामवीर सिंह का पुत्र रंजीत अपने घर से बाहर निकल रहा था, तभी अज्ञात हमलावरों ने उस पर फायर झोंक दिया। गोली लगते ही रंजीत लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। गोली चलने की आवाज और घटना की जानकारी होने पर परिजन घर से निकल आए और घायल रंजीत को तुरंत स्थानीय अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया है। रंजीत की हालत अभी भी नाजुक बताई जा रही है। घायल रंजीत ने होश में रहते हुए बयान दिया है कि उसे पिस्टल से गोली मारी गई है। उसने नामजद युवक पर गोली चलाने का आरोप लगाया है। पुलिस अब इस नाम के आधार पर मामले की छानबीन कर रही है। हैरानी की बात यह है कि परिजनों ने किसी भी पुरानी रंजिश या दुश्मनी की स्पष्ट जानकारी होने से इनकार किया है। परिवार में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में दहशत का माहौल है और लोग सुरक्षा को लेकर डरे हुए हैं। हालांकि पूछताछ के लिए पुलिस ने एक युवक को हिरासत में भी लिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और हमलावर की तलाश जारी है।

March 22, 2026

कार-बाइक टक्कर के बाद हुई तीखी नोकझोंक

पुलिस ने संभाला मोर्चा स्थिति को लिया नियंत्रण में

हाथरस। कस्बा में आगरा-अलीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग अलीगढ़ की ओर से आ रही एक बाइक सवार ने आगे चल रही कार में टक्कर मार दी, घटना के बाद कार चालक और बाइक चालक में नोंक झोंक हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले को संभालते हुए स्थिति को नियंत्रण में लिया।
रविवार को मिली जानकारीके अनुसार कार में शाहरुख पुत्र हाविव खां और डॉ. दानिश पुत्र महफूद खां निवासी अलीगढ़ अपने परिवार के साथ अलीगढ़ से आगरा की ओर जा रहे थे। वहीं बाइक सवार अमीर खान पुत्र लाल मोहम्मद भी हाथरस की ओर जा रहा था। बताते हैं कि जैसे ही दोनों वाहन न्यू बिजलीघर कालोनी के निकट पहुंचे तो पीछे से चल रहे बाइक सवार ने कार को टक्कर मार दी। जिससे कार सवार और बाइक सवार में काफी नोंक झोंक हो गई, दोनों एक दूसरे के ऊपर अरोप प्रत्यारोप लगाने लगे। देखते ही देखते मौके पर स्थानीय लोगों और राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही डायल 112 की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने मौके से बाइक सवार को हिरासत में लेकर सासनी कोतवाली ले आई। सासनी कोतवाली प्रभारी अवधेश कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और जांच के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दू नववर्ष पर सांस्कृतिक उत्सव एवं भरत मुनि सम्मान समारोह आयोजित  

Posted on 22.03.2026 Time 09.18 PM

गायत्री शक्तिपीठ की मुख्य प्रबंध ट्रस्टी चंद्रकांता शर्मा व पालिकाध्यक्ष श्वेता दिवाकर का स्वागत करते आयोजक

हाथरस। संस्कार भारती के तत्वावधान में विनोद विहार कॉलोनी स्थित गायत्री शक्तिपीठ पर हिन्दू नववर्ष संवत्सर 2083 उत्सव एवं भरत मुनि सम्मान समारोह आयोजित किया गया। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के जिला कार्यवाह रामकिशन जी की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम की मुख्य अतिथि नगरपालिकाध्यक्ष हाथरस श्वेता दिवाकर एवं विशिष्ट अतिथि आरएसएस के जिला प्रचारक जयकिशोर जी एवं गायत्री शक्तिपीठ की मुख्य प्रबंध ट्रस्टी चंद्रकांता शर्मा जी रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला कार्यवाह रामकिशन जी, जिला प्रचारक जयकिशोर जी, पालिकाध्यक्ष श्वेता दिवाकर, तुलसी दीदी के नाम से विख्यात समाजसेवी अलका वार्ष्णेय, जेल विजिटर अनु विमल एवं आशुकवि अनिल बौहरे ने मां सरस्वती के छवि चित्र पर पुष्पांजलि कर किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि नगरपालिकाध्यक्ष श्वेता दिवाकर ने कहा कि  आज के दौड़ते-भागते जीवन में बच्चों को उनके संस्कारों से जोड़ना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि संस्कार ही वह आधारशिला हैं, जिन पर एक सशक्त परिवार और समाज का निर्माण होता है। बिना संस्कारों के बच्चे दिशाहीन हो जाते हैं, उन्हें न तो अपनी संस्कृति का ज्ञान रहता है और न ही जीवन के मूल्यों की पहचान।  गायत्री शक्तिपीठ की मुख्य प्रबंध ट्रस्टी चंद्रकांता शर्मा ने कहा कि  आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता यह है कि हम अपने बेटों को उत्तम संस्कार दें। उन्होंने कहा कि जब बेटे संस्कारवान होंगे, तभी बेटियों के लिए एक भयविहीन और सम्मानजनक समाज का निर्माण हो सकेगा। उन्होंने कहा कि संस्कार ही व्यक्ति को नर से नारायण बनाने की राह दिखाते हैं और परिवार में यदि माता-पिता स्वयं संस्कारों के प्रति जागरूक हों, तो बच्चे स्वतः ही उस परंपरा को आगे बढ़ाते हैं।  इस मौके पर काव्यगोष्ठी का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बालकवि पुनीत उपाध्याय ने ‘तान कर सीना तिरंगा लग रहा आसमान से, भारत हमारा वतन है मुझे प्यार हिंदुस्तान से’, आशुकवि अनिल बौहरे ने ‘जूता चरित्र में महान है, जन्म से मृत्यु तक दांये पाँव का जूता दांये का तथा बांये पाँव का जूता बांये का रहता है’, कोषाध्यक्ष श्याम बाबू चिंतन ने ‘ऐसो दूजो देवता देखौ नाहीं तात, बिन मांगे इक माँ दुआ देती है दिन रात’, प्रभुदयाल दीक्षित ने ‘नारी लक्ष्मी,सरस्वती,नारी दुर्गा शक्ति, नारी पूजा साधना, नारी श्रद्धा भक्ति’, संस्कार भारती के जिलाध्यक्ष चेतन उपाध्याय ने ‘विजय पर्व है विक्रम का यह वीर भोग्या वसुंधरा’ कवितायें सुनाईं। इस मौके पर पंडित हाथरसी, पूरन सागर ने भी काव्य पाठ किया। इससे पूर्व कार्यक्रम में जिला महामंत्री एआर शर्मा एवं संगठन मंत्री मधुलता शर्मा ने अतिथियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया। इस अवसर पर भाजपा नेत्री सुनीता मिश्रा, विधा संयोजक सुनीता उपाध्याय, रेनू जैन, समाजसेवी बीके शर्मा, दीप्ति वार्ष्णेय, अजय गौड़, किशन उपाध्याय, जीवन लाल शर्मा, मुकेश शर्मा, कल्पना गुप्ता आदि उपस्थित थे।

March 21, 2026

अंतरराज्यीय महिला टप्पेमार गिरोह का पर्दाफाश, दो गिरफ्तार

टप्‍पेबार गिरोह की शातिर महिलाएं पुलिस हिरासत में

हाथरस। कोतवाली पुलिस ने ‘यक्ष ऐप’ की मदद से अंतरराज्यीय महिला टप्पेमार गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो महिलाओं को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। दोनों ने एक वृद्ध व्यक्ति से रुपये लूटने का प्रयास किया था और पकड़े जाने पर झूठा आरोप लगाने की कोशिश भी की।प्रभारी निरीक्षक अवधेश कुमार सिंह के अनुसार घटना 13 मार्च की दोपहर करीब डेढ़ बजे की है। गांव सिकंदरपुर के रहने वाले एवं वर्तमान में इगलास रोड निवासी करीब 60 वर्षीय नरायन प्रसाद उर्फ रामकुमार पंजाब नेशनल बैंक से लगभग तीन लाख रुपये निकालकर घर जा रहे थे। बैंक के बाहर पहले से घात लगाए बैठी दो महिलाओं ने उनके बैग में ब्लेड मारकर रुपये निकालने का प्रयास किया। शोर मचाने पर आसपास के लोगों ने दोनों महिलाओं को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।पुलिस ने ‘यक्ष ऐप’ के जरिए बैंक से घटनास्थल तक के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिससे पूरी घटना स्पष्ट हो गई। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम करीना और ज्योति बताए, जो मध्य प्रदेश के राजगढ़ की रहने वाली हैं, और वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी महिलाएं शातिर किस्म की अपराधी हैं। करीना पर आगरा, मथुरा, वाराणसी और उन्नाव में आठ मुकदमे दर्ज हैं, जबकि ज्योति पर लखनऊ, कानपुर और आगरा में सात मामले दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि ‘यक्ष ऐप’ अपराधियों की धरपकड़ में कारगर साबित हो रहा है। इस कार्रवाई से न केवल पीड़ित को न्याय मिला, बल्कि अंतरराज्यीय गिरोह की सक्रियता पर भी अंकुश लगा है।

« Newer PostsOlder Posts »