Hathras : : UP News | UP Web News

Web News

www.upwebnews.com

हाथरस में प्रेम प्रसंग को लेकर फायरिंग, युवक घायल

March 26, 2026

हाथरस में प्रेम प्रसंग को लेकर फायरिंग, युवक घायल

हाथरस, हाथरस जनपद के थाना हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव ओड़पुरा बरवाना में प्रेम प्रसंग के चलते एक युवक पर फायरिंग का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार गांव निवासी सुभाष पुत्र जगदीश का गांव की ही एक युवती से प्रेम संबंध चल रहा था, जिसे लेकर युवती के परिजन उससे रंजिश रखने लगे थे। बताया जा रहा है कि गुरुवार को सुभाष अपने भाई के लिए दवा लेने जा रहा था, तभी युवती के परिजनों ने उसे घेर लिया और पहले मारपीट की। इसके बाद फायरिंग कर दी, जिसमें गोली सुभाष की कमर को छूते हुए निकल गई। घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।

पुलिस और बदमाश में हुई मुठभेड़, बदमाश फारुख घायल, लूटी रकम व अवैध तमंचा बरामद

हाथरस। थाना सहपऊ और थाना हाथरस जंक्शन पुलिस की संयुक्त टीम ने शराब के ठेकों पर हुई लूट और लूट के प्रयास की घटनाओं का खुलासा करते हुए एक शातिर बदमाश को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान बदमाश फारुख के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में पकड़ लिया गया।
घटना के अनुसार 19 मार्च 2026 को ग्राम सिखरा स्थित देशी शराब के ठेके से बदमाशों ने गेट तोड़कर नकदी लूट ली थी। इसके अलावा 22 मार्च को थाना हाथरस जंक्शन क्षेत्र के ग्राम एहन में भी ठेके पर लूट का प्रयास किया गया था। दोनों मामलों में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देश पर गठित टीमों ने कार्रवाई करते हुए 25 मार्च की रात चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया। बदमाश के न रुकने पर पीछा किया गया, जिस दौरान उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग में बदमाश फारुख घायल हो गया और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर शराब के ठेकों की रेकी कर योजनाबद्ध तरीके से लूट की घटनाओं को अंजाम देता था। पुलिस ने उसके कब्जे से 5,000 रुपये (लूटे हुए), एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, एक अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं।
फारुख के खिलाफ पहले भी आपराधिक मामले दर्ज हैं और उसके गैंग के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है। पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस मुठभेड़ में दो शातिर बदमाश घायल,ग्राहक सेवा केंद्र लूट कांड का हुआ खुलासा

हाथरस। जनपद हाथरस में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए ग्राहक सेवा केंद्र संचालक से हुई लूट की घटना का खुलासा कर दिया है। एसओजी टीम और थाना सिकंद्राराऊ पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें से दो बदमाश पुलिस मुठभेड़ के दौरान गोली लगने से घायल हो गए।
बताया गया कि 18 मार्च 2026 को अमित पुत्र मेघ सिंह निवासी टटी डंडिया अपने ग्राहक सेवा केंद्र से पैसे लेकर घर लौट रहे थे, तभी काली स्कॉर्पियो सवार बदमाशों ने उनकी बाइक में टक्कर मारकर उन्हें गिरा दिया और रुपयों से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद थाना सिकंद्राराऊ में मामला दर्ज कर पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देशन में चार टीमों का गठन किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने 350 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और स्कॉर्पियो वाहन को ट्रेस कर आरोपियों की पहचान की। 25 मार्च को चेकिंग के दौरान जब पुलिस ने संदिग्ध स्कॉर्पियो को रोकने का प्रयास किया, तो बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने घेराबंदी कर यश कसाना और विशाल को गोली लगने के बाद गिरफ्तार कर लिया, जबकि विक्की को कॉम्बिंग के दौरान पकड़ा गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो गाड़ी, 3 तमंचे (315 बोर), 5 जिंदा कारतूस, 3 खोखा कारतूस और लूटे गए 50,000 रुपये बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ विभिन्न जनपदों में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस द्वारा आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

March 25, 2026

बरसै गोलीकांड: घायल युवक ने आगरा में तोड़ा दम, गांव में पसरा मातम

पिस्टल से चली गोली पेट में लगी थी, पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लेकर जांच तेज की

हाथरस। गांव बरसै में दो दिन पहले गोली लगने से घायल हुए युवक की उपचार के दौरान आगरा में मौत हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम कराने के बाद बुधवार को परिजनों को सौंप दिया। देर शाम गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार कर दिया गया।घटना 23 मार्च की है, जब गांव बरसै निवासी रामवीर सिंह का 26 वर्षीय पुत्र रंजीत घर से बाहर स्थित एक दुकान पर कोल्डड्रिंक पीने गया था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वहां पहले से दो युवक बैठे थे, जिनमें से एक के पास पिस्टल थी। इसी दौरान पिस्टल की मैगजीन निकालते समय अचानक गोली चल गई, जो सीधे रंजीत के पेट में जा लगी।गंभीर रूप से घायल रंजीत को परिजन तत्काल जिला अस्पताल ले गए, जहां हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने उसे आगरा रेफर कर दिया था। बुधवार को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।घायल अवस्था में रंजीत ने पुलिस को दिए बयान में पिस्टल से गोली मारे जाने की बात कही थी। हालांकि परिजनों ने किसी पुरानी रंजिश या दुश्मनी से इनकार किया है।घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी और एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई। प्रभारी निरीक्षक अवधेश कुमार सिंह ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। हिरासत में लिए गए युवक से पूछताछ जारी है और जल्द ही घटना की पूरी सच्चाई सामने लाई जाएगी। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

March 23, 2026

नवनिर्वाचित नगर अध्यक्ष व सभासदों का भव्य स्वागत

युवा जोश ग्रुप की टीम द्वारा नगरपालिका अध्यक्ष श्वेता चौधरी का विशेष सम्मान करते हुए

हाथरस। युवा जोश चैरिटेबल सोसायटी टीम हाथरस द्वारा नवनिर्वाचित नगर अध्यक्ष एवं सभासदों का भव्य स्वागत एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन भारत कलर लैब, जामा मस्जिद चौराहा पर किया गया।सोसायटी के अध्यक्ष योगेश वार्ष्णेय (सहपऊ वाले) एवं संरक्षक रमन गुप्ता के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में नवनिर्वाचित नगर अध्यक्ष विवेक गुप्ता, उत्तर प्रदेश शासन द्वारा मनोनीत सभासदों एवं नगरपालिका चेयरमैन श्वेता चौधरी का फूलमाला, दुपट्टा एवं प्रतीक चिन्ह देकर पारंपरिक रूप से सम्मान किया गया।इस अवसर पर आरसी गोला, संजय सक्सेना, सुनीता वर्मा, मूलचंद वार्ष्णेय एवं जिला प्रतिनिधि विनीत शर्मा को भी सम्मानित किया गया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए योगेश वार्ष्णेय एवं रमन गुप्ता ने नगर अध्यक्ष एवं सभासदों को शुभकामनाएं देते हुए उनके नेतृत्व में शहर के समग्र विकास की कामना की। युवा जोश ग्रुप की महिला टीम द्वारा नगरपालिका अध्यक्ष श्वेता चौधरी का विशेष सम्मान किया गया।कार्यक्रम में चंदन वार्ष्णेय, अनिल वार्ष्णेय, मोहित वार्ष्णेय, हेमंत गुप्ता, तरुण पंकज, रवि वार्ष्णेय, मुकेश गुप्ता, हर्ष वार्ष्णेय, देव उपाध्याय, नरेंद्र वार्ष्णेय, राघव वार्ष्णेय, सचिन वार्ष्णेय, कुनाल वार्ष्णेय, हरिराम वार्ष्णेय, ओम प्रकाश वर्मा, राहुल गुप्ता, स्वदेश वार्ष्णेय, हिमानी वार्ष्णेय, छवि वार्ष्णेय, तान्या वार्ष्णेय सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।

Older Posts »