Haridwar : : UP News | UP Web News

Web News

www.upwebnews.com

पत्रकारों ने दी गणेश शंकर विद्यार्थी को श्रद्धांजलि

March 25, 2026

पत्रकारों ने दी गणेश शंकर विद्यार्थी को श्रद्धांजलि

गणेश शंकर विद्यार्थी का बलिदान स्मृतियों में जीवित रहेगा-धर्मेंद्र चैधरी
हरिद्वार, 25 मार्च। गणेश शंकर विद्यार्थी के बलिदान दिवस पर प्रेस क्लब सभागार में अध्यक्ष धर्मेंद्र चैधरी एवं प्रेस क्लब के पत्रकारों ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि देते हुए नमन किया। सभागार में गोष्ठी को संबोधित करते हुए अध्यक्ष धर्मेंद्र चैधरी ने कहा कि गणेश शंकर विद्यार्थी का बलिदान स्मृतियों में जीवित रहेगा। महान स्वतंत्रता सेनानी गणेश शंकर विद्यार्थी के जीवन दर्शन से प्रेरणा मिलती है। उन्होंने राष्ट्र की एकता अखंडता को बनाए रखने में अपना जीवन समर्पित किया। उन्होंने हिंदू, मुस्लिम, सिख, इसाई एकता सौहार्द को बनाए रखा। दंगों में फंसे निर्दाेष लोगों को बचाने में अपनी जान की बाजी लगा दी। धर्मेंद्र चैधरी ने बताया कि उनके द्वारा प्रताप नाम से साप्ताहिक अखबार का संपादन भी किया। अपनी लेखनी के माध्यम से समाज को जागरूक करने में निर्णायक भूमिका निभाई। इस दौरान ललितेंद्र नाथ, बालकृष्ण शास्त्री, संजय आर्य, राहुल वर्मा, सुनीलदत्त पांडे, विजेंद्र हर्ष, शैलेंद्र ठाकुर, मनोज खन्ना, सूर्यकांत बेलवाल, सुनील पाल, सुमित सैनी, पुलकित शुक्ला, सुमेश खत्री, शाहनवाज, सुमित यश कल्याण आदि पत्रकार मौजूद रहे।

March 23, 2026

एसएसपी से की दो उपनिरीक्षकों पर मुकद्मा दर्ज करने की मांग

हरिद्वार, 23 मार्च। बागपत निवासी निश्चय राणा ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर गंग नहर थाने में तैनात रहे दो उपनिरीक्षकों पर मुकद्मा दर्ज करने की मांग की है। प्रैस क्लब में पत्रकारवार्ता के दौरान निश्चय राणा ने बताया कि वर्ष 2012 में बागपत में कुछ लोगों ने उनके पिता की हत्या कर दी थी। उन्होंने केस की मजबूती से पैरवी की। जिसके चलते पांच लोगों को अदालत ने आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। जबकि दो आरोपी अभी फरार हैं। निश्चय राणा ने बताया कि केस की पैरवी करने के कारण उन पर उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड सहित अलग-अलग राज्यों में कई मुकद्मे दर्ज कराए गए। जो कि जांच में झूठे पाए गए। उन्होंने बताया कि कुछ समय पूर्व उन पर रानीपुर कोतवाली में सामूहिक दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया गया था। लेकिन पुलिस की जांच में वह मुकदमा फर्जी निकला। इसके बाद 2023 में उनके छोटे भाई निवेश राणा के खिलाफ रूड़की के गंगनहर थाने में मुकद्मा दर्ज कराया गया। निश्चय राणा ने मुकद्मे की जांच कर रहे दो उपनिरीक्षकों पर केस बंद करने के नाम पर उनसे बड़ी रकम लेने का आरोप लगाते हुए कहा कि शिकायत करने पर दोनो पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया था। निश्चय राणा ने बताया कि उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर दोनों पुलिसकर्मियों पर भ्रष्टाचार का केस दर्ज करने और सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। जिस पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने उन्हें कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।

हरिद्वार: आश्रम को खुर्दबुर्द करने का आरोप लगाया

हरिद्वार, 23 मार्च। भूपतवाला निवासी स्वामी गोपालाचार्य ने आश्रम को खुर्दबुर्द करने का आरोप लगाया है। प्रैस क्लब में पत्रकारों से वार्ता करते हुए स्वामी गोपालाचार्य ने आरोप लगाया कि आश्रम और मंदिर से मूर्ति हटाकर जिम का संचालन किया जा रहा है। स्वामी गोपालाचार्य ने बताया कि उनके गुरू ब्रह्मलीन स्वामी मधुसूदनाचार्य ने श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर राजीव नयन आनंद आश्रम का निर्माण किया था। गुरूदेव के ब्रह्मलीन होने के बाद कुछ लोगों ने आश्रम और मंदिर से मूर्तियां हटा दी हैं और जिम का संचालन कर रहे हैं। पूजा पाठ के कार्यो को भी बाधित किया जा रहा है। उन्होंने प्रबंधक एवं ट्रस्टीयों पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुए कहा कि आश्रम और मंदिर की संपत्ति को बेचने की तैयारी की जा रही है। स्वामी गोपालाचार्य ने कहा कि इस संबंध में जिलाधिकारी से भी शिकायत की गयी है। प्रशासन को पूरे मामले की जांच कर उचित कार्यवाही करनी चाहिए। स्वामी गोपालाचार्य ने कहा कि आश्रम और मंदिर को बचाने के लिए वे संघर्ष करते रहेंगे।

March 16, 2026

माता पिता की गुहार: बेटे के हत्यारों को गिरफ्तार करो

माता पिता ने लगायी बेटे की हत्या में शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार करने की गुहार
हरिद्वार, 16 मार्च। विष्णु लोक कालोनी निवासी दिव्यांग ई रिक्शा चालक मनीष की हत्या के मामले में मृतक के माता पिता ने पुलिस से पूरे मामले की गहराई से जांच कर हत्या में शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार करने की गुहार लगायी है। मृतक ई रिक्शा चालक के पिता रामाश्रय एवं माता रानी ने प्रैस क्लब में पत्रकारों से वार्ता करते हुए बताया कि मनीष एक फरवरी से लापता था। इसके बाद उन्होंने पुलिस में उसकी गुमशुदगी दर्ज करायी। गुमशुदगी दर्ज कराने के बाद जब पुलिस ने जांच की तो पता चला कि ज्वालापुर निवासी अयान ने काॅल करने के बहाने मनीष का मोबाइल लेकर भाग गया था। जब मनीष ने उसके घर जाकर मोबाइल वापस मांगा और पुलिस में जाने की धमकी दी तो अयान ने अपने साथी बिलाल के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी और शव प्लास्टिक के कट्टे में भरकर झाड़ियों में फेंक दिया था। इसके बाद पुलिस ने मनीष का शव बरामद करने के साथ अयान को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। लेकिन बिलाल को अब तक गिरफ्तार नहीं किया गया है। मृतक मनीष माता पिता ने आरोप लगाया कि मनीष की हत्या केवल मोबाइल फोन की वजह से नहीं हुई। बल्कि षड़यंत्र के तहत की गयी है। इसमें अयान तथा बिलाल के अलावा कई अन्य लोग शामिल हैं। इसलिए पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर उन्हें सजा दिलाए। मृतक के माता पिता ने कहा कि वे मेहनत मजदूरी कर परिवार चलाते हैं। मनीष की हत्या के बाद उसके तीन बच्चों के पालन पोषण की जिम्मेदारी भी उन पर आ गयी है।

जिम्मेदार विपक्ष की भूमिका निभा रही कांग्रेस-रवि बहादुर


हरिद्वार, 16 मार्च। ज्वालापुर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक रवि बहादुर ने कहा कि कांग्रेस प्रदेश में जिम्मेदार विपक्ष की भूमिका निभा रही है। हाल ही में गैरसैंण में संपन्न हुए विधानसभा के बजट सत्र में कांग्रेस ने जनहित के तमाम मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। कांग्रेस नेताओं के साथ प्रैस क्लब में पत्रकारों से वार्ता करते हुए विधायक रवि बहादुर ने कहा कि कांग्रेस के दबाव के चलते विधानसभा सत्र पूरे पांच दिन चला और कांग्रेस विधायक सदन में सरकार को घेरने में कामयाब रहे। एकजुट विपक्ष ने सत्ता पक्ष को जनहित से जुड़े मुद्दों पर जवाब देने के लिए मजबूर किया। बजट को निराशाजनक बताते हुए उन्होंने कहा कि बजट में युवा, महिलाओं, बेरोजगार, किसानों की समस्याओं को नजरअंदाज किया गया है। पलायन जैसी समस्या का भी कोई समाधान बजट में दिखाई नहीं देता है। अगले वर्ष हरिद्वार में कुंभ मेला होना है। लेकिन राज्यपाल के अभिभाषण में कुंभ मेले की चर्चा के दौरान हरिद्वार का नाम तक नहीं लिया गया। वरिष्ठ कांग्रेस नेता अशोक शर्मा ने कहा कि बजट सत्र में कांग्रेस विधायकों ने जनता से जुड़े तमाम मुद्दे और सरकार की विफलता को उजागर करने में कामयाब रहे। मनोज सैनी ने कहा कि विपक्ष को दुश्मन के रूप में देख रही सरकार का रूख जनभावनाओं के अनुरूप नहीं है। जनता गैस की किल्लत से जूझ रही है। सरकार और प्रशासन के तमाम दावों के बावजूद गैस एजेंसियों पर रोजाना लंबी लाईनें लग रही हैं। सोम त्यागी ने कहा कि भाजपा के पास हिंदू मुसलमान के अलावा कोई मुद्दा नहीं है। लेकिन प्रदेश की जनता अब भाजपा के बहकावे में आने वाली नहीं है। वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री पूनम भगत ने कहा कि कांग्रेस जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर संघर्ष करती रहेगी। प्रैसवार्ता में वरिष्ठ कांग्रेस नेता संजय सैनी, विकास चंद्रा, विभाषा सिन्हा, विशाल प्रधान, आशु, राजीव चैधरी, समर्थ अग्रवाल, समीर त्यागी, महरूफ सलमानी सहित कई कांग्रेस नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Older Posts »