Gorakhpur : : UP News | UP Web News | Page 2

Web News

www.upwebnews.com

राजकुमार चौहान हत्याकांड का खुलासा और तेज, दो और आरोपी गिरफ्तार

March 27, 2026

राजकुमार चौहान हत्याकांड का खुलासा और तेज, दो और आरोपी गिरफ्तार

Santosh Kumar Singh
Gorakhpur
26/03/2026

*अवैध असलहे, कारतूस, चाकू व मोबाइल बरामद; साजिश में सहयोग और हथियार उपलब्ध कराने का खुलासा*

गोरखपुर। चिलुआताल थाना क्षेत्र में 17 मार्च को हुए बहुचर्चित राजकुमार चौहान हत्याकांड में पुलिस ने कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए दो और अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। इस गिरफ्तारी के साथ ही पुलिस ने हत्या की साजिश में सहयोग और हथियारों की सप्लाई से जुड़े अहम तथ्यों का खुलासा किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त अवैध पिस्टल, जिंदा कारतूस, आलाकत्ल चाकू और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, इस पूरे मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक उत्तरी के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी कैम्पियरगंज के पर्यवेक्षण में चिलुआताल थाना पुलिस, एसओजी और स्वाट टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार अभियुक्तों में मनीष यादव पुत्र सदानन्द यादव निवासी बरगदवां थाना चिलुआताल तथा सचिन यादव पुत्र सुबाष यादव निवासी लक्षीपुर यादव टोला थाना गोरखनाथ शामिल हैं। पुलिस ने मनीष यादव के पास से .32 बोर की पिस्टल, मैगजीन, दो जिंदा कारतूस और एक मोबाइल बरामद किया है। वहीं सचिन यादव की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त अवैध पिस्टल, दो मैगजीन, दो जिंदा कारतूस, आलाकत्ल चाकू और मोबाइल फोन बरामद किया गया।
साजिश में भूमिका और हथियारों का कनेक्शन
विवेचना के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि हत्या में प्रयुक्त पिस्टल मनीष यादव द्वारा कुछ माह पूर्व मुख्य आरोपी राज चौहान उर्फ निरहू को उपलब्ध कराई गई थी। मनीष यादव का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है, जिसमें वह हरियाणा में अवैध असलहा तस्करी के मामले में पहले गिरफ्तार होकर जेल जा चुका है। इससे यह स्पष्ट हुआ कि वह असलहों की आपूर्ति में संलिप्त रहा है।
वहीं, पहले से गिरफ्तार अभियुक्त राज चौहान उर्फ निरहू और विपिन यादव से पूछताछ में खुलासा हुआ कि वारदात को अंजाम देने के बाद उन्होंने पिस्टल और चाकू को छिपाने के लिए अपने साथी सचिन यादव को सौंप दिया था। इसके बाद पुलिस ने सचिन यादव को हिरासत में लेकर उसकी निशानदेही पर हथियारों की बरामदगी की।
जांच में यह भी सामने आया कि राज चौहान, विपिन यादव और सचिन यादव आपस में परिचित थे और सभी एक ही व्यक्ति अंकित यादव के डंपर पर चालक के रूप में काम करते थे। इसी दौरान इनके बीच घनिष्ठता बढ़ी और आपराधिक साजिश को अंजाम दिया गया।
17 मार्च 2026 की सुबह करीब 6:15 बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि अज्ञात हमलावरों ने राजकुमार चौहान को गोली मार दी है। उन्हें गंभीर हालत में बीआरडी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी।
मृतक के परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने नामजद और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। घटनास्थल का निरीक्षण, सीसीटीवी फुटेज की जांच, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) विश्लेषण और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने लगातार कार्रवाई करते हुए पहले ही कई अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है, जबकि एक बाल अपचारी को भी अभिरक्षा में लिया गया है।
आपराधिक इतिहास और आगे की कार्रवाई
गिरफ्तार अभियुक्त मनीष यादव के खिलाफ गोरखपुर और हरियाणा में मारपीट, धमकी और आर्म्स एक्ट के तहत कई मुकदमे दर्ज हैं। वहीं सचिन यादव के खिलाफ भी इस हत्याकांड में मुकदमा दर्ज है।
पुलिस का कहना है कि मामले में अभी भी अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है और उन्हें जल्द गिरफ्तार करने के लिए टीमें लगी हुई हैं। साथ ही, पूरे नेटवर्क और साजिश के अन्य पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस हत्याकांड के सभी आरोपियों को कानून के दायरे में लाकर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

March 26, 2026

लाइन लगाने की जरूरत नहीं, घर पहुंचेगा गैस सिलेंडर: सीएम योगी

Santosh Kumar Singh
Gorakhpur
26/03/2026

*अफवाहों पर ध्यान न दें, आवश्यकता पड़ने पर ही पेट्रोल-डीजल लेने जाएं*

*कुछ लोग अफवाहों के जरिए खराब करना चाहते हैं राज्य का माहौल*

*वैश्विक हालात के बीच सरकार के साथ मिलकर चलने की अपील*

*गोरखपुर, 26 मार्च।* मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य की जनता को आश्वस्त करते हुए कहा कि रसोई गैस सिलेंडर लेने के लिए एजेंसी के बाहर लाइन लगाने की आवश्यकता नहीं है, निर्धारित समय पर बुकिंग कराएं, सिलेंडर आपके घर पहुंच जाएगा। इसी तरह आवश्यकता होने पर ही पेट्रोल-डीजल लेने जाएं, फिलिंग सेंटरों पर लाइन लगाने की कोई जरूरत नहीं है। कुछ लोग अफवाहें फैला कर राज्य का माहौल खराब करना चाहते हैं, अव्यवस्था फैलाना चाह रहे हैं। लोगों को अफवाहों पर ध्यान नहीं देना चाहिए।

मुख्यमंत्री गुरुवार को गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण क्षेत्र (गीडा) में सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि गल्फ वॉर के पहले अगर किसी के घर रसोई गैस का सिलेंडर एक महीने चलता था, तो वह आज पांचवें या छठे दिन ही सिलेंडर लेने क्यों पहुंच रहा है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि निर्धारित समय पर ही बुकिंग कराएं, आपकी बारी आने पर रसोई गैस आपके घर तक पहुंच जाएगी। सरकार ने सभी जिला प्रशासन के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। जैसे पहले गैस सिलेंडरों की होम डिलीवरी होती थी, वैसे ही अब भी होगी। इसके लिए एजेंसी के बाहर लाइन लगाने की कोई जरूरत नहीं है। पेट्रोल-डीजल लेने तभी जाएं, जब आवश्यकता हो, लाइन लगाने की आवश्यकता नहीं है। कुछ लोगों द्वारा साजिश के तहत फैलाई जा रही अफवाहों पर ध्यान नहीं देना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर हम उतावलेपन में आकर किसी अफवाह में, दुष्प्रचार के चक्कर में पड़ते हैं तो हमारी राष्ट्रभक्ति पर लोग संदेह करेंगे। हमको यह सतर्कता रखनी होगी। हमें अपने राष्ट्रीय नेतृत्व पर विश्वास रखकर धन्यवाद देना चाहिए कि भारत में सबकुछ अच्छा है। उत्साहपूर्वक उत्सव मनाए जा रहे हैं। नवरात्रि के कार्यक्रम हो रहे हैं। कल रामनवमी है, कल 12 बजे रामजन्मभूमि पर सूर्य भगवान भी भगवान श्रीराम का राजतिलक करेंगे।

*वैश्विक संकट के बीच संयम व सहयोग जरूरी*
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज ईरान-अमेरिका/इज़राइल युद्ध से पूरी दुनिया प्रभावित है। दुनिया में हाहाकार, अराजकता, अव्यवस्था है, लेकिन भारत के अंदर हम प्रधानमंत्री मोदी जी के यशस्वी नेतृत्व में बेखौफ व सुरक्षित हैं, विकास यात्रा को भी बढ़ा रहे हैं। लेकिन, यह युद्ध लंबा खिंचा तो हर व्यक्ति प्रभावित होगा। हमको भी मानसिक रूप से तैयार होना होगा। अफवाहों पर ध्यान नहीं देना होगा। जब आपत्ति या चुनौती आती है तो उसका मुकाबला करने के लिए हर व्यक्ति को सरकार के साथ कदम से कदम मिलाकर चलना होगा, यही सच्ची राष्ट्रभक्ति होती है। जब हम किसी भी राष्ट्रीय मुद्दे पर सरकार के साथ मिलकर काम करते हैं तो बेहतर परिणाम सामने आएंगे। देशहित में अगर सरकार ने कोई कदम उठाया तो हम उसके लिए खुद को तैयार करेंगे।

विकास की रफ्तार को कई गुना बढ़ा सकती है टेक्नोलॉजी : मुख्यमंत्री

Santosh Kumar Singh
Gorakhpur
26/03/2026

*सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क्स ऑफ इंडिया के गोरखपुर सेंटर का सीएम योगी ने किया लोकार्पण*

*तकनीकी से परहेज कर दुर्गति की ओर नहीं जाना, करना है प्रगति का अनुसरण : मुख्यमंत्री*

*2014 से पहले की सरकारों ने युवाओं के स्केल को नहीं दिया महत्व : सीएम योगी*

गोरखपुर, 26 मार्च। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि टेक्नोलॉजी विकास की रफ्तार को कई गुना बढ़ा सकती है। हमारी गति को प्रगति में बदल सकती है। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रदेश सरकार ने कई कार्यक्रम शुरू किए हैं। बजट में टेक्नोलॉजी पर विशेष ध्यान देने का प्रयास किया है।

सीएम योगी गुरुवार को गीडा (गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण) में सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क्स ऑफ इंडिया (एसटीपीआई) के गोरखपुर सेंटर के लोकार्पण समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जब हम तकनीक नहीं अपनाते, उससे परहेज करते हैं तो प्रतिस्पर्धा में नहीं होते हैं। और, जब प्रतिस्पर्धा में नहीं होते हैं तो प्रगति की जगह दुर्गति की ओर जाते हैं। हमें प्रगति की ओर नहीं जाना है बल्कि प्रगति का अनुसरण करना है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हमारे युवाओं में बहुत टैलेंट है। उसके टैलेंट को जब हम टेक्नोलॉजी के साथ जोड़ते हैं तो वह अपनी प्रतिभा को कई गुना तेजी के साथ आगे बढ़ाने में सफल होता है। यही कार्य प्रधानमंत्री नरेंद्र ने पिछले 11 वर्षों में देश में किया है। सीएम योगी ने कहा कि दुनिया की सबसे बड़ी युवा आबादी भारत में है। यहां युवाओं में स्केल तो था लेकिन उसे वर्ष 2014 के पहले की सरकारों ने महत्व नहीं दिया। स्केल को स्किल में बदलने का प्रयास नहीं किया, कोई प्लेटफार्म नहीं उपलब्ध करवाया। परिणाम था कि युवा हतोत्साहित होता था, पलायन करता था। युवाओं के मन में निराशा थी। पर, 2014 के बाद एक-एक करके हर एक क्षेत्र में परिवर्तन देखने को मिल रहा है। न केवल भारत सरकार के स्तर पर बल्कि हर जनपद स्तर पर युवाओं के स्केल को स्किल में बदलने के लिए अनेक कार्यक्रम प्रारंभ हुए। उन कार्यक्रमों की श्रृंखला में एसटीपीआई का गोरखपुर केंद्र भी अत्यंत महत्वपूर्ण कड़ी है। इसका शुभारंभ वासन्तिक नवरात्र की अष्टमी तिथि पर होना शुभ लक्षण है और हम सब का ध्यान आकर्षित करता है कि वास्तव में इसका भविष्य उज्जवल है।

*एसटीपीआई से मिलेगी युवाओं के सपनों को नई उड़ान*
मुख्यमंत्री ने कहा कि एसटीपीआई का गोरखपुर सेंटर गोरखपुर और पूर्वी उत्तर प्रदेश के युवाओं के सपनों को नई उड़ान देगा। सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क की सबसे बड़ी विशेषता है कि स्टार्टअप चलाने वाला व्यक्ति केवल अपना कंप्यूटर लेकर वहां जाएगा। उसे जगह, विद्युत कनेक्शन और अन्य जन सुविधाओं की चिंता नहीं करनी है। देश और दुनिया में जहां कहीं भी सॉफ्टवेयर की टेक्नोलॉजी आज अपनी धमक दिखा रही है, उसके पीछे यही मॉडल सब जगह सफल हुए हैं। गोरखपुर में पहली बार इसे शुरू किया जा रहा है। प्लग एंड प्ले मॉडल पर यहां के युवाओं को अपने स्टार्टअप के लिए प्लेटफार्म उपलब्ध हुआ है।

*15 अप्रैल को होगा पूर्वी यूपी के पहले सेंटर आफ एक्सीलेंस का शुभारंभ*
मुख्यमंत्री ने कहा कि 15 अप्रैल को गोरखपुर में पूर्वी उत्तर प्रदेश के पहले सेंटर आफ एक्सीलेंस का शुभारंभ भी हो जाएगा। यह सेंटर आफ एक्सीलेंस महाराणा प्रताप इंस्टिट्यूट ऑफ़ टेक्नोलॉजी (एमपीआईटी) में बना है। ये सभी कार्यक्रम दिखाते हैं कि अब केवल हार्डवेयर में ही नहीं, बल्कि सॉफ्टवेयर में भी पूर्वी उत्तर प्रदेश का युवा अपनी प्रतिभा का परिचय वैश्विक मंच पर देने में सफल हो पाएगा। उन्होंने कहा कि पिछले 11 वर्ष के अंदर स्टार्टअप संस्कृति को आगे बढ़ाने का परिणाम है कि उत्तर प्रदेश में बीस हजार से अधिक स्टार्टअप काम कर रहे हैं और इनमें से आधे महिलाओं द्वारा संचालित किया जा रहे हैं। यानी महिलाएं भी इस फील्ड में अच्छा कर सकती हैं। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति के अंदर प्रतिभा है लेकिन उसके अपने हुनर को मंच चाहिए।

*एमएमएमयूटी में बनेगा ग्रीन हाइड्रोजन एनर्जी का सेंटर ऑफ़ एक्सीलेंस*
मुख्यमंत्री ने ग्रीन हाइड्रोजन एनर्जी को भविष्य की ऊर्जा बताते हुए कहा कि सरकार गोरखपुर के मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (एमएमएमयूटी) में ग्रीन हाइड्रोजन एनर्जी का सेंटर ऑफ एक्सीलेंस बनवा रही है। इसके लिए 50 करोड़ रुपये उपलब्ध कराए गए हैं।एनर्जी के लिए हमें किसी अन्य देश पर निर्भर न रहना पड़े, इसके लिए ग्रीन हाइड्रोजन एनर्जी इसका एक माध्यम बनने वाली है। सीएम ने कहा कि हम लोग जापान गए थे। जापान के साथ हमारी बातचीत हुई है। जापान में ग्रीन हाइड्रोजन टेक्नोलॉजी काफी एडवांस्ड स्टेज में है। हम उनसे मिल करके इस कार्यक्रम को आगे बढ़ाएंगे। टेक्नोलॉजी को आने में थोड़ा समय लगता है। इनोवेशन को रिसर्च एंड डेवलपमेंट में बदलने में थोड़ा समय लगता है।

*संभावनाओं के अनुरूप विकसित किए जा रहे सेंटर ऑफ एक्सीलेंस*
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में जिस क्षेत्र में जो संभावनाएं हैं, उसी को देखकर सेंटर आफ एक्सीलेंस विकसित किए जा रहे हैं। आईआईटी कानपुर में मेडिटेक के लिए एक सेंटर आफ एक्सीलेंस, एसजीपीजीआई लखनऊ में भी एक सेंटर आफ एक्सीलेंस विकसित करने की कार्यवाही को आगे बढ़ाया गया है। कानपुर में लेदर और कानपुर में ड्रोन टेक्नोलॉजी का, नोएडा, ग्रेटर नोएडा में रोबोटिक्स का सेंटर आफ एक्सीलेंस विकसित करने के लिए धनराशि उपलब्ध करवाई गई है। एग्रीकल्चर के फील्ड में भी टेक्नोलॉजी कहां पर उपयोगी हो सकती है, इसके लिए सरकार विश्व बैंक के साथ मिलकर पूर्वी उत्तर प्रदेश के 28 जिलों और बुंदेलखंड के सात जिलों में एग्रीटेक पर काम कर रही है। ऐसे ही स्टार्टअप डेयरी, मत्स्य फलन और अन्य फील्ड में भी स्थापित हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि सॉफ्ट स्किल ने अस्पताल और एम्बुलेंस सेवाओं को भी आसान किया है।

*नौ वर्षों में गोरखपुर के विकास में हुआ एक लाख करोड़ रुपये का निवेश*
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान गोरखपुर के विकास और इसकी उपलब्धियां की भी विस्तार से चर्चा की उन्होंने बताया कि बीते नौ वर्षों में गोरखपुर के विकास में एक लाख करोड रुपये का निवेश हुआ है। यहां एम्स, खाद कारखाना, पिपराइच चीनी मिल बनी। बीआरडी मेडिकल कॉलेज में सुपर स्पेशलिटी ब्लॉक बना। आयुष विश्वविद्यालय, कई पॉलिटेक्निक और इंजीनियरिंग संस्थान बने। स्केल डेवलपमेंट के केंद्र बने। चारों ओर हाईवे और फोरलेन की कनेक्टिविटी हुई। गोरखपुर से अंदर की सड़कों को लेकर, अन्य तमाम प्रकार की सुविधाओं को लेकर काम हुए। गोरखपुर में एक लाख करोड रुपये लगने से लाखों नौजवानों के लिए नौकरी और रोजगार की संभावना भी आगे बढ़ी है।

*गीडा में दिखती है नवनिर्माण की नई प्रगति*
सीएम योगी ने कहा कि गीडा ने पिछले नौ वर्ष में नवनिर्माण की नई प्रगति को देश और दुनिया के सामने रखा है। एक समय था जब गीडा में दो उद्योग लगे थे। उन दो उद्योगों में केवल 29 से 30 करोड रुपये की पूंजी लगी थी। जबकि पिछले नौ वर्ष में यहां लगभग 350 से अधिक उद्योग लगे हैं, 17000 करोड रुपये से अधिक का निवेश हुआ है। 50000 से अधिक नौजवानों को नौकरी और रोजगार की संभावना अकेले गीडा ने विकसित की है। उन्होंने कहा कि गीडा में प्लग एंड प्ले के जिस मॉडल पर सॉफ्टवेयर पार्क विकसित हुआ है, ऐसे ही यहां पर सरकार फ्लैटेड फैक्ट्री के कार्यक्रम को लेकर आई है। गीडा में प्लास्टिक पार्क भी विकसित हो रहा है। अच्छी-अच्छी फैक्ट्रियां आज यहां पर लग रही हैं। ये फैक्ट्रियां यहां के नौजवानों के सपनों को नई उड़ान देने में एक महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन करेंगी।

*एसटीपीआई को धन्यवाद दिया सीएम ने*
गोरखपुर में सेंटर खोलने के लिए मुख्यमंत्री ने एसटीपीआई की पूरी टीम को धन्यवाद दिया। साथ ही अपील की कि इस सेंटर को पूर्वी उत्तर प्रदेश के तकनीकी और उच्च शिक्षा संस्थानों से जोड़ें ताकि स्टार्टअप संस्कृति को सरलता से आगे बढ़ाया जा सके।

*ईरान-अमेरिका युद्ध से दुनिया में हाहाकार पर भारत सुरक्षित और विकास पथ पर*
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ईरान और अमेरिका-इजरायल के बीच जारी युद्ध के प्रभावों की भी चर्चा की। कहा कि इस युद्ध से मध्य पूर्व एशिया पूरा उससे प्रभावित है। पूरी दुनिया ही लगभग प्रभावित है। दुनिया में हाहाकार है, अव्यवस्था और अराजकता है। पर, पीएम मोदी के शानदार और यशस्वी नेतृत्व में भारत सुरक्षित भी हैं और अपनी विकास की यात्रा को आगे बढ़ा रहा है।

*अफवाहों पर ध्यान न दें, सरकार के साथ कदम से कदम मिलाकर चलें*
सीएम योगी ने कहा ईरान और अमेरिका-इजरायल के बीच युद्ध लंबा खिंचा तो हर व्यक्ति प्रभावित होगा। हमें उसके लिए मानसिक रूप से उसके लिए तैयार रहना होगा। अफवाहों पर ध्यान नहीं देना होगा। उन्होंने कहा कि जब कोई चुनौती आती है तो उसका मुकाबला करने के लिए व्यक्ति को सरकार के साथ कदम से कदम मिलाकर चलने के लिए खुद को तैयार करना होगा। यही सच्ची राष्ट्रभक्ति होगी। उन्होंने कहा कि जब हम सरकार के साथ किसी भी राष्ट्रीय मुद्दे पर काम करते हैं तो अच्छे परिणाम हम सबके सामने आएंगे। राष्ट्रभक्ति यह कहती है कि देश के हित में सरकार ने कोई कदम उठाया है तो हम लोग उसके लिए अपने आप को तैयार रखें।

*बारी आने पर घर पहुंच जाएगा रसोई गैस का सिलिंडर*
मुख्यमंत्री ने रसोई गैस और पेट्रोलियम पदार्थों को लेकर उठ रही अफवाहों पर भी लोगों को सचेत किया। कहा कि खाड़ी युद्ध से पहले किसी के घर में एक महीने तक रसोई गैस का सिलिंडर चल जाता था तो वह अब पांचवें, छठे दिन ही सिलिंडर लेने क्यों पहुंच रहा है। जब नंबर आएगा तो उसके पांच दिन पहले जाएं, अपना रजिस्ट्रेशन कराएं तो घर तक रसोई गैस पहुंच जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के अंदर जिला प्रशासन से यह व्यवस्था करने को कहा गया है कि जैसे पहले होम डिलीवरी होती थी वैसे ही हो। लाइन लगाने की आवश्यकता नहीं है। सीएम ने कहा कि कुछ लोग अफवाह फैला कर माहौल खराब करना चाहते हैं। कुछ लोग हैं अव्यवस्था पैदा करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने पैनिक होने से बचने की सलाह दी और कहा कि जब आपकी बारी आएगी तो आप तक रसोई गैस पहुंच जाएगी। जब आवश्यकता हो तभी आप डीजल, पेट्रोल लेने के लिए जाएं। इसमें लाइन लगाने की आवश्यकता क्या है। उन्होंने कहा कि अगर हम उतावलेपन में आकर दुष्प्रचार और अफवाह के चक्कर में पड़ते हैं तो लगता है कि हम लोगों की राष्ट्रभक्ति पर कोई संदेह है। हमें अपने राष्ट्रीय नेतृत्व को इस बात के लिए धन्यवाद देना चाहिए कि भारत के अंदर सब कुछ अच्छा है। उत्साह के माहौल में उत्सव मनाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कल रामनवमी है। रामनवमी का कार्यक्रम उत्साह पूर्ण तरीके से मनाया जाएगा। अयोध्या में कल 12 बजे श्रीराम जन्मभूमि पर सूर्य भगवान भी भगवान राम का राजतिलक करेंगे। यह नया भारत विरासत और विकास पर विश्वास करता है।

*सीएम योगी के मार्गदर्शन में यूपी बनेगा आईटी का अग्रणी प्रदेश : अजीत पाल*
समारोह में प्रदेश सरकार के आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग के राज्यमंत्री अजीतपाल सिंह ने कहा कि
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश को आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स का अग्रणी राज्य बनाने की दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है। यूपी में बड़ी-बड़ी कंपनियां निवेश कर रही हैं और इससे युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य ऐसा विकास करना है जिसमें हर वर्ग, हर क्षेत्र की भागीदारी सुनिश्चित हो। श्री सिंह में कहा कि पूर्वांचल के युवाओं के लिए यह सॉफ्टवेयर पार्क महत्वपूर्ण उपलब्धि बनेगा। यहां के युवाओं को आईटी के क्षेत्र में नए अवसर प्राप्त होंगे और अपने क्षेत्र में ही रोजगार करने का अवसर प्राप्त होगा। गोरखपुर के युवा वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान बना सकेंगे।

*निस्वार्थ संत के सीएम बनने से यूपी में आया रामराज्य: रविकिशन*
एसटीपीआई गोरखपुर सेंटर के लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए सांसद रविकिशन शुक्ल ने कहा कि एक निस्वार्थ संत के मुख्यमंत्री बनने से उत्तर प्रदेश में रामराज्य आया है। सीएम योगी के मार्गदर्शन में यूपी में 50 लाख करोड़ रुपये का निवेश आया है। यूपी बीमारू राज्य से उत्तम प्रदेश बना है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का स्वागत करते हुए सहजनवा के विधायक प्रदीप शुक्ल ने कहा कि विकास के प्रतिमान गढ़ रहे गीडा में सीएम योगी के मार्गदर्शन में सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क के रूप में नई सौगात मिली है।

*आठ साल में तीन गुना हुआ यूपी से सॉफ्टवेयर एक्सपोर्ट: अरविंद कुमार*
समारोह में मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए एसटीपीआई के महानिदेशक अरविंद कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में यूपी में निवेश आ रहा है और यह सॉफ्टवेयर क्षेत्र के लोगों की भी पसंद बन रहा है। उन्होंने कहा कि गोरखपुर में बना यह सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क जनपद और प्रदेश के युवाओं को आईटी के क्षेत्र में गुणवत्ता तथा निर्यात बढ़ाने में सहयोग प्रदान करेगा। अरविंद कुमार ने एसटीआईपी के उद्देश्यों के बारे में भी जानकारी दी। बताया कि अबतक 70 सेंटर बन चुके हैं। गोरखपुर में एसटीपीआई का यह छठवां सेंटर है। यूपी में दो और सेंटर भी लगभग बन गए हैं। उन्होंने कहा कि देश मे सॉफ्टवेयर एक्सपोर्ट 19 लाख करोड़ रुपये का है और यह विश्व में नम्बर एक है। इसमें एसटीआईपी से रजिस्टर्ड यूनिट का योगदान 11 लाख करोड़ का है। एसटीआईपी के महानिदेशक ने सॉफ्टवेयर क्षेत्र में यूपी के बढ़ते कदम की चर्चा करते हुए बताया कि यूपी से बीते आठ सालों में सॉफ्टवेयर एक्सपोर्ट तीन गुना हो गया है।
इस अवसर पर प्रदेश सरकार में मत्स्य विभाग के मंत्री डॉ. संजय निषाद, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं एमएलसी डॉ. धर्मेंद्र सिंह, विधायक फतेह बहादुर सिंह, श्रीराम चौहान, राजेश त्रिपाठी, विपिन सिंह, महेंद्रपाल सिंह, सरवन निषाद, राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारू चौधरी, मुख्यमंत्री के प्रशासनिक सलाहकार अवनीश अवस्थी, भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय, जिलाध्यक्ष जनार्दन तिवारी, महानगर संयोजक राजेश गुप्ता आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

*एसटीपीआई सेंटर का निरीक्षण कर स्टार्टअप वाले युवाओं से संवाद किया मुख्यमंत्री ने*
एसटीपीआई गोरखपुर सेंटर की पट्टिका का अनावरण और फीता काटकर लोकार्पण करने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सेंटर भवन का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं, सुविधाओं और कार्यप्रणाली की विस्तार से जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने यहां स्टार्टअप शुरू करने वाले युवाओं और आईटी प्रोफेशनल्स से संवाद किया और उनके नव उद्यमों के बारे में चर्चा की। सीएम योगी ने सेंटर भवन में रामलला की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर प्रभु की आराधना भी की। साथ ही एसटीपीआई गोरखपुर सेंटर के परिसर में रुद्राक्ष का पौधा रोपित किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। मंच पर जाने से पहले सीएम योगी ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर गीडा की परियोजनाओं की जानकारी ली।

*साढ़े तीन एकड़ क्षेत्रफल में बीस करोड़ रुपये की लागत से बना है सॉफ्टवेयर पार्क*
गीडा में मुख्यमंत्री के हाथों लोकार्पित हुआ सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क साढ़े तीन एकड़ क्षेत्रफल में बीस करोड़ रुपये की लागत से बना है। एसटीपीआई के गोरखपुर केंद्र में 50 सीटर प्लग एंड प्ले कार्यक्षेत्र को विकसित किया गया है। साथ ही 6000 वर्गफुट में रॉ इंक्यूबेशन स्पेस, इतने ही क्षेत्रफल में सेमी फर्निश्ड इंक्यूबेशन स्पेस, 54 व्यक्तियों की क्षमता वाला ऑडिटोरियम, अत्याधुनिक कांफ्रेंस रूम, अत्याधुनिक नेटवर्क ऑपरेशन्स सिस्टम, कैफेटेरिया और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हैं। यह केंद्र आईटी, आईटीईएस (इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी एनेबल्ड सर्विस), बीपीओ (बिजनेस प्रोसेस आउटसोर्सिंग) और स्टार्टअप्स को बढ़ावा देने के लिए हाई-स्पीड इंटरनेट और बुनियादी ढांचा प्रदान करेगा। यह केंद्र योगी सरकार की तरफ से प्रदेश के टियर-टू शहरों में तकनीकी उद्यमिता को बढ़ावा देने की योजना का हिस्सा है। यह केंद्र (आईटी पार्क) युवाओं को स्टार्टअप से जोड़ने से महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। यहां डाटा क्लेक्शन, सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट, रिमोट इंफ्रास्ट्रक्चर मैनेजमेंट जैसे स्टार्टअप शुरू होने की उम्मीद है। इससे आईटी आधारित उद्यमिता में रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

जनता की हर समस्या का त्वरित समाधान कराएं अधिकारी: मुख्यमंत्री

Santosh Kumar Singh
Gorakhpur
26/03/2026

*जनता दर्शन में 200 लोगों की समस्याएं सुनीं सीएम योगी आदित्यनाथ ने*

*लोगों से बोले सीएम – चिंता मत करिए, आपकी समस्या पर सुनिश्चित कराएंगे प्रभावी कार्रवाई*

गोरखपुर, 26 मार्च। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर प्रवास के दौरान गुरुवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन में लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता की हर समस्या का त्वरित समाधान कराएं। समस्या से जुड़ी शिकायत को संवेदनशीलता से लेकर संतुष्टिप्रद निस्तारण सुनिश्चित कराने में कोई कोताही नहीं होनी चाहिए। जनता दर्शन में पहुंचे लोगों को मुख्यमंत्री ने आश्वस्त करते हुए कहा, चिंता मत करिए। सरकार आपकी हर समस्या पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित कराएगी।

गुरुवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन के दौरान सीएम योगी करीब 200 लोगों से मिले। महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर लगी कुर्सियों पर बैठाए गए लोगो तक मुख्यमंत्री खुद पहुंचे और एक-एक कर उनकी समस्याओं को सुना। इत्मीनान से बात सुनते हुए उनके प्रार्थना पत्र लिए। पास में खड़े अधिकारियों को समस्या समाधान हेतु आवश्यक दिशानिर्देश दिए। अलग-अलग मामलों से जुड़े समस्याओं के निस्तारण के लिए उन्होंने संबंधित प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों को प्रार्थना पत्र संदर्भित कर निर्देशित किया कि सभी समस्याओं का निस्तारण समयबद्ध, निष्पक्ष और संतुष्टिपरक होना चाहिए।

अपराध व जमीन कब्जा किए जाने से संबंधी शिकायतों पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यदि कोई दबंग किसी की जमीन जबरन कब्जा कर रहा हो तो उसके खिलाफ कठोर से कठोर कार्रवाई की जाए। गरीबों को उजाड़ने वाले कतई न बख्शे जाएं। गरीबों की संपत्ति पर गरीबों का ही कब्जा सुनिश्चित होना चाहिए। जनता दर्शन में कई पारिवारिक विवाद के मामले भी आए थे। इस पर मुख्यमंत्री ने उभयपक्षों के बीच पहले संवाद और बात न बनने पर यथोचित विधिक कार्यवाही के निर्देश दिए।

जनता दर्शन में हर बार की तरह कुछ लोग इलाज के लिए आर्थिक मदद की गुहार लेकर आए थे। मुख्यमंत्री ने उन्हें भरोसा दिया कि धन के अभाव में किसी का इलाज नहीं रुकेगा। उन्होंने अफसरों को निर्देश दिया कि जो भी जरूरतमंद हैं, प्रशासन उनके उच्च स्तरीय इलाज का इस्टीमेट शीघ्रता से बनवाकर उपलब्ध कराए। इस्टीमेट मिलते ही सरकार तुरंत धन उपलब्ध कराएगी। जनता दर्शन में कुछ महिलाएं अपने बच्चों को लेकर आई थीं। मुख्यमंत्री ने इन बच्चों को खूब दुलारा और चॉकलेट के साथ आशीर्वाद दिया।

*मंदिर की गोशाला में गोवंश को दुलारकर खिलाया गुड़*
गोरखनाथ मंदिर प्रवास के दौरान गुरुवार सुबह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की दिनचर्या परंपरागत रही। उन्होंने प्रातःकाल गोरखनाथ मंदिर में शिवावतार गुरु गोरखनाथ का दर्शन-पूजन किया और अपने गुरु ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की समाधि स्थल पर जाकर मत्था टेका। सीएम योगी जब भी गोरखनाथ मंदिर में होते हैं तो गोसेवा उनकी दिनचर्या का अभिन्न हिस्सा रहती है। गुरुवार सुबह वह मंदिर परिसर का भ्रमण करते हुए मंदिर की गोशाला में पहुंचे और वहां कुछ समय व्यतीत किया। गोशाला में सीएम योगी ने चारों तरफ भ्रमण करते हुए गोवंश के माथे पर हाथ फेरा। उन्हें खूब दुलारा और अपने हाथों से उन्हें गुड़ खिलाया।

March 25, 2026

आयुष विश्वविद्यालय के निर्माण कार्यों में देरी पर मंडलायुक्त सख्त

Santosh Kumar Singh Gorakhpur
25/03/2026

गुणवत्ता के साथ जल्द पूरा करने के निर्देश, लापरवाही पर ब्लैकलिस्ट और एफआईआर की चेतावनी

गोरखपुर। मंडलायुक्त अनिल ढींगरा ने जिलाधिकारी दीपक मीणा के साथ महायोगी गुरु गोरक्षनाथ आयुष विश्वविद्यालय, भटहट का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान निर्माणाधीन ऑडिटोरियम का कार्य केवल 60 प्रतिशत ही पूरा पाया गया, जिस पर मंडलायुक्त ने कड़ी नाराजगी जताई।
उन्होंने कार्यदायी संस्था मेसर्स विजय निर्माण कंपनी को फटकार लगाते हुए निर्देश दिया कि बार-बार समय सीमा बढ़ाने की प्रवृत्ति बंद करते हुए ऑडिटोरियम का कार्य शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाए। इसके बाद पंचकर्म कियोस्क सहित अन्य अपूर्ण कार्यों का भी निरीक्षण किया गया।
समीक्षा बैठक में कुलपति प्रो. के. रामचंद्रा रेड्डी ने जलापूर्ति, विद्युत व्यवस्था, बॉयज और गर्ल्स हॉस्टल, लिफ्ट, पाथ-वे के पास नालियों पर कवर, मलबा हटाने, एडमिन बिल्डिंग की मरम्मत, मार्चरी और गेस्ट हाउस के अधूरे कार्यों की ओर ध्यान आकर्षित कराया।
मंडलायुक्त ने कार्यदायी संस्था और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को सभी लंबित कार्य जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए। विशेष रूप से छात्रावास को 24 घंटे के भीतर पूरी तरह क्रियाशील करने का आदेश दिया गया।
उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि निर्धारित समय सीमा में कार्य पूरा नहीं होने पर संबंधित फर्म को ब्लैकलिस्ट किया जाएगा और आवश्यकतानुसार एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
इस दौरान समीक्षा बैठक में कुलसचिव अजीत कुमार जायसवाल सहित कार्यदायी संस्था और पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता मनीष कुमार भी उपस्थित रहे।

« Newer PostsOlder Posts »