Gorakhpur : : UP News | UP Web News

Web News

www.upwebnews.com

*200 फीट ऊंची टंकी पर चढ़ी नाबालिग लड़की

March 27, 2026

*200 फीट ऊंची टंकी पर चढ़ी नाबालिग लड़की

Santosh Kumar Singh
Gorakhpur
27/03/2029

*बॉयफ्रेंड से शादी की जिद, सिंदूर-माला दिखाने पर उतरी नीचे; डेढ़ घंटे चला हंगामा*

गोरखपुर। झंगहा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक 15 वर्षीय नाबालिग लड़की अपने बॉयफ्रेंड से शादी की जिद को लेकर 200 फीट ऊंची पानी की टंकी पर चढ़ गई। लड़की टंकी के ऊपर से जोर-जोर से चिल्लाते हुए कह रही थी कि यदि उसकी शादी उसके बॉयफ्रेंड से नहीं कराई गई तो वह कूदकर अपनी जान दे देगी। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई और मौके पर सैकड़ों की संख्या में लोग जुट गए।
जानकारी के अनुसार, झंगहा थाना क्षेत्र की रहने वाली यह नाबालिग लड़की शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे अपने घर से करीब 500 मीटर दूर स्थित पानी की टंकी पर चढ़ गई। टंकी के ऊपर पहुंचते ही उसने नीचे खड़े लोगों को संबोधित करते हुए अपनी बात जोर-जोर से कहना शुरू कर दिया। लड़की की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचने लगे और देखते ही देखते वहां भारी भीड़ जमा हो गई।
मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने पहले खुद ही लड़की को समझाने का प्रयास किया। परिवार के लोग भी मौके पर पहुंचे और उसे नीचे उतरने के लिए मनाने लगे, लेकिन लड़की किसी की बात सुनने को तैयार नहीं थी। वह बार-बार टंकी की रेलिंग के पास जाकर कूदने की कोशिश करती, जिससे स्थिति और भी तनावपूर्ण हो गई।
करीब एक घंटे तक चले इस घटनाक्रम के बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही झंगहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लड़की को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास शुरू किए। पुलिसकर्मियों ने भी काफी देर तक उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन वह अपनी जिद पर अड़ी रही और पुलिस की बात मानने से इनकार कर दिया।
स्थिति को गंभीर होते देख पुलिस ने लड़की के 17 वर्षीय बॉयफ्रेंड को भी मौके पर बुलवाया। पुलिस ने लड़की को आश्वस्त किया कि उसकी शादी उसी लड़के से कराई जाएगी। हालांकि, इसके बाद भी लड़की पूरी तरह आश्वस्त नहीं हुई। अंततः उसे भरोसा दिलाने के लिए मौके पर सिंदूर, माला और शादी से जुड़े अन्य सामान मंगवाए गए। इन सबको देखकर लड़की का विश्वास बना और वह टंकी से नीचे उतरने के लिए तैयार हो गई।
जैसे ही लड़की नीचे उतरी, पुलिस और परिजनों ने राहत की सांस ली। हालांकि, नीचे आने के बाद जब पुलिस ने उसे समझाया कि वह अभी नाबालिग है और उसकी उम्र पढ़ाई की है, इसलिए अभी शादी करना उचित नहीं है, तो लड़की फिर से टंकी की ओर भागने लगी। स्थिति को भांपते हुए पुलिसकर्मियों ने तुरंत उसे पकड़ लिया और शांत कराया।
इसके बाद पुलिस दोनों—लड़की और उसके बॉयफ्रेंड—को थाने ले गई, जहां उनसे पूछताछ की गई और काउंसलिंग के जरिए समझाने का प्रयास किया गया। पुलिस ने दोनों को कानून और नाबालिग विवाह के दुष्परिणामों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
झंगहा थाना प्रभारी अनूप सिंह ने बताया कि करीब डेढ़ घंटे तक यह पूरा घटनाक्रम चला। काफी मशक्कत के बाद लड़की को सुरक्षित नीचे उतारा गया। उन्होंने बताया कि दोनों पक्षों को समझाने के बाद लड़की को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। लड़की अब इस बात पर सहमत हुई है कि वह बालिग होने के बाद ही शादी करेगी।
पुलिस ने बताया कि इस मामले में किसी तरह की कानूनी कार्रवाई की जरूरत नहीं पड़ी, क्योंकि प्राथमिकता लड़की की जान बचाना और स्थिति को शांतिपूर्वक नियंत्रित करना था। साथ ही, परिजनों को भी निर्देश दिया गया है कि वे लड़की पर विशेष ध्यान दें और उसकी काउंसलिंग कराएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो।
इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि किशोरावस्था में बच्चों को सही मार्गदर्शन और भावनात्मक सहयोग की कितनी आवश्यकता होती है। समय रहते परिवार और समाज द्वारा उचित संवाद और समझदारी से ऐसे मामलों को रोका जा सकता है।

गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं, पुलिस करे सख्त कार्रवाई: मुख्यमंत्री

Santosh Kumar Singh Gorakhpur
27/03/2026

*दबंगई से जुड़े मामलों पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने पुलिस अधिकारियों को दिए निर्देश*

*जमानत पर रिहा होकर वादी को धमकाने वालों की निरस्त कराएं जमानत: सीएम योगी*

*जनता दर्शन में मुख्यमंत्री ने सुनीं 200 लोगों की समस्याएं, समाधान का दिया भरोसा*

*गोरखपुर, 27 मार्च।* मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर प्रवास के दौरान लगातार दूसरे दिन शुक्रवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन में विभिन्न जिलों से आए लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान कमजोर वर्ग के लोगों को कतिपय दबंगों द्वारा डराने, धमकाने की शिकायत पर मुख्यमंत्री ने पुलिस अधिकारियों से दो टूक कहा, ‘गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं की जाएगी, ऐसे तत्वों के खिलाफ तत्काल कड़ी कार्रवाई की जाए। यदि कोई अभियुक्त जमानत पर छूटने के बाद वादी को धमका रहा हो तो उसकी जमानत निरस्त कराने की कार्यवाही की जाए।’

गोरखनाथ मंदिर के महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर आयोजित जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने करीब 200 लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने सबके प्रार्थना पत्रों को संबंधित अधिकारियों को संदर्भित करते हुए त्वरित और संतुष्टिपरक निस्तारण का निर्देश दिया और कहा कि हर व्यक्ति की समस्या का समाधान, सरकार का संकल्प है। अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि बिना भेदभाव सबको न्याय मिले। हर पात्र को जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिले, जरूरतमंदों के समुचित इलाज की व्यवस्था हो, जमीन कब्जाने वाले भू माफिया व दबंगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई हो। अधिकारियों को निर्देशित करने के साथ ही सीएम योगी ने लोगों को भरोसा दिलाया कि सरकार हर पीड़ित की समस्या का समाधान कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

जनता दर्शन में गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए आर्थिक मदद की गुहार लेकर आए लोगों से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि धन के अभाव में किसी का इलाज नहीं रुकेगा। अस्पताल से इलाज का एस्टीमेट मिलते ही सरकार धन उपलब्ध करा देगी। जनता दर्शन में परिजनों के साथ आए बच्चों को मुख्यमंत्री ने दुलारा और उन्हें चॉकलेट के साथ अपना आशीर्वाद भी दिया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पखारे चरण, कराया भोज

Santosh Kumar Singh Gorakhpur
27/03/2026

*गोरखनाथ मंदिर में कन्या पूजन:

गोरखपुर। चैत्र नवरात्र के पावन अवसर पर गोरखनाथ मंदिर में पीठाधीश्वर एवं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पारंपरिक विधि-विधान के साथ कन्या पूजन किया। इस दौरान उन्होंने छोटी-छोटी कन्याओं के चरण पखारकर उनका पूजन-अर्चन किया और उन्हें भोजन कराकर आशीर्वाद प्राप्त किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधिवत मंत्रोच्चारण के बीच कन्याओं को चुनरी ओढ़ाई, तिलक लगाया और श्रद्धा भाव से उनके चरण धोए। इसके बाद कन्याओं को प्रसाद स्वरूप भोजन परोसा गया। मंदिर परिसर में इस धार्मिक आयोजन का विशेष महत्व रहा और बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस कार्यक्रम के साक्षी बने।
इस अवसर पर योगी आदित्यनाथ ने कहा कि नवरात्र में कन्या पूजन भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा का महत्वपूर्ण अंग है, जिसमें नारी शक्ति को देवी स्वरूप मानकर सम्मान दिया जाता है। उन्होंने सभी प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना भी की।
गोरखनाथ मंदिर में हर वर्ष की तरह इस बार भी नवरात्र के दौरान विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान और पूजन कार्यक्रम भव्य रूप से आयोजित किए जा रहे हैं, जिसमें श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है।

Gorakhpur पेड़ से लटका मिला युवक का शव

Santosh Kumar Singh Gorakhpur
27/03/2026

**शाहपुर क्षेत्र में सनसनी, पुलिस ने जताई आत्महत्या की आशंका*

गोरखपुर। शाहपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक अज्ञात युवक का शव पेड़ से लटका हुआ मिला। घटना बौलिया कॉलोनी स्थित पोखरे के पास की है, जहां स्थानीय लोगों ने शव को देखकर तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही शाहपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। युवक के गले में फंदा लगा हुआ था, जिससे प्रथम दृष्टया आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है। मौके पर फारेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य एकत्र किए।
घटना की जानकारी मिलते ही एसपी सिटी निमिष पाटील भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मौके पर मौजूद लोगों से शव की पहचान कराने की कोशिश की गई, लेकिन किसी ने भी युवक को पहचानने से इनकार कर दिया। पुलिस अब आसपास के थानों में युवक की फोटो भेजकर पहचान कराने का प्रयास कर रही है।
एसपी सिटी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी हो सकेगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी है।

सज्जनों का संरक्षण, दुर्जनों के लिए जीरो टॉलरेंस: सीएम योगी

Santosh Kumar Singh Gorakhpur
27/03/2026

*प्रदेशवासियों को वासंतिक नवरात्रि व श्रीरामनवमी की शुभकामनाएं दीं मुख्यमंत्री ने*

*यूपी में विरासत का सम्मान और विकास की गारंटी भी: सीएम योगी*

*गोरखपुर, 27 मार्च।* मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश में सुरक्षा के बेहतर माहौल के साथ सरकार रामराज्य की अवधारणा को साकार कर रही है। यहां हर सज्जन शक्ति का संरक्षण है, लेकिन दुर्जन के लिए जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाती है। समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के लिए संवेदना है, लेकिन भ्रष्टाचार व भ्रष्टाचारियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति है। यूपी में विरासत का सम्मान है और विकास की गारंटी भी।

गोरखनाथ मंदिर में शुक्रवार को कन्या पूजन के बाद प्रदेशवासियों को वासंतिक नवरात्रि की नवमी तिथि एवं श्रीरामनवमी की शुभकामनाएं देते हुए सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में रामराज्य की अवधारणा से बिना भेदभाव शासन की योजनाओं का लाभ हर व्यक्ति तक पहुंचाया जा रहा है। पिछले 11 वर्ष में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश में 6 करोड़ से अधिक व्यक्तियों को गरीबी रेखा से ऊपर उठाकर उन्हें सम्मानजनक जीवनयापन करने के अवसर प्रदान किए गए हैं। हर क्षेत्र में विकास के साथ प्रदेश में 2 करोड़ 61 लाख गरीबों को शौचालय, 65 लाख परिवारों को पीएम-सीएम आवास योजना का लाभ मिला है। लगभग 10 करोड़ लोगों को पीएम-सीएम जन आरोग्य योजना में 5 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा कवर उपलब्ध कराया गया है। 15 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन की सुविधा दी गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चैत्र शुक्ल नवमी, वासंतिक नवरात्रि की सिद्धि प्रदान करने वाली, सुख-समृद्धि और सर्वत्र खुशहाली प्रदान करने वाली पावन तिथि है। वासंतिक नवरात्रि की नवमी तिथि पर मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम का पावन जन्मोत्सव भी रामनवमी के रूप में मनाया जाता है। प्रभु श्रीराम भारत के सनातन धर्म की परंपरा में भारतीय जीवन पद्धति के एक अत्यंत पवित्र आदर्श के रूप में हर सनातन धर्मावलंबी के लिए सदैव से प्रेरणा रहे हैं। जीवन के हर क्षेत्र में प्रभु श्रीराम का आदर्श जीवन चरित्र सबको प्रेरणा प्रदान करता है।

*प्रभु श्रीराम से प्रेरणा लेने वाले हर भारतीय को आज सुखद अनुभूति*
सीएम योगी ने कहा कि प्रभु श्रीराम के पावन जीवन चरित्र से प्रेरणा लेने वाला हर भारतीय आज सुखद अनुभूति कर रहा है। अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि पर भव्य मंदिर निर्माण के उपरांत 22 जनवरी 2024 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कर-कमलों से रामलला की भव्य-दिव्य प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम संपन्न हो चुका है। राम दरबार में प्रभु श्रीराम, माता जानकी, भरत जी, लक्ष्मण जी, शत्रुघ्न जी के साथ पवनसुत हनुमान जी विराजमान हो चुके हैं। 25 नवंबर 2025 को पीएम मोदी ने भव्य राम मंदिर में भारत के सनातन धर्म के प्रतीक केसरिया ध्वज के आरोहण का कार्य भी संपन्न किया था।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इसी नवरात्रि की प्रतिपदा पर 19 मार्च को माननीय राष्ट्रपति जी अयोध्या आईं और उन्होंने श्री रामजन्मभूमि मंदिर के ऊपरी तल में श्रीराम यंत्र की स्थापना की। अयोध्या में हुए इन कार्यों को देश और दुनिया के हर सनातन धर्मावलंबी ने अपनी आंखों से देखा है और आनंद की अनुभूति भी की है। हर सनातनी अपने जन्म और जीवन को धन्य-धन्य महसूस करता है। कई-कई पीढ़ियां जो कार्य नहीं देख पाईं, वह उन्होंने अपने जीवन में अपनी आंखों से देखा है।

*नवरात्रि मातृशक्ति के प्रति सनातन धर्म की श्रद्धा और सम्मान का प्रतीक*
सीएम योगी ने कहा कि सनातन धर्म के सभी व्रत और पर्व हम सबको जीवन में संकल्पित होने और आगे बढ़ने के लिए प्रेरणा प्रदान करते हैं। वासंतिक हो या शारदीय नवरात्रि, यह मातृशक्ति के प्रति सनातन धर्म की श्रद्धा और सम्मान का प्रतीक है। इसी को ध्यान में रखकर प्रदेश में डबल इंजन की सरकार मिशन शक्ति के माध्यम से नारी शक्ति की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए कार्यक्रम संचालित कर रही है। मातृ वंदना, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ जैसे कार्यक्रमों के साथ ही यूपी में
उत्तर प्रदेश पुलिस बल में 20 फीसदी महिला आरक्षण की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। उत्तर प्रदेश पुलिस बल में वर्तमान में 44,000 से अधिक महिला पुलिस अधिकारी और कार्मिक सफलतापूर्वक इस अभियान को आगे बढ़ाकर महिला सुरक्षा और स्वावलंबन में योगदान दे रही हैं।

Older Posts »