फिरोजाबाद। थाना टूण्डला क्षेत्र अन्तर्गत तीन दिन पूर्व युवक की हत्या अवैध संबंधों के चलते हुई थी। पुलिस ने बृहस्पतिवार को हत्यारोपी को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया है। पुलिस ने उससे अलाकत्ल बरामद किया है।
थाना टूंडला क्षेत्र के गांव उलाऊ निवासी तेजपाल सिंह की जरौली कट के समीप चाय समोसे की दुकान पर सोते समय 15 मार्च की रात्रि में सिर पर भारी बस्तु प्रहार कर हत्या कर दी थी। मृतक के पुत्र कौशल किशोर ने 16 मार्च को थाना टूंडला पर मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस घटना की जांच के साथ ही एएसपी सिटी रवि शंकर प्रसाद ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए थाना टूण्डला पुलिस एवं सर्विलांस टीम सहित 04 टीमों का गठन किया गया। गठित टीमों द्वारा घटनास्थल के आस-पास संदिग्ध रास्तों व सडक के किनारे प्रतिष्ठानो पर लगे हुए सीसीटीवी कैमरे आदि की फुटेज देखे गये थे एवं घटना से सम्बन्धित संदिग्ध मोबाइल नम्बरो को सर्विलांस टीम द्वारा गहनता से अध्ययन कर साक्ष्य संकलन किया गया। जांच में अभियुक्त मुकेश पुत्र मुकट सिह निवासी जलोपुरा थाना टूण्डला का नाम प्रकाश में आया।
उन्होंने बताया कि थाना टूंडला प्रभारी अनिल कुमार सिंह पुलिस टी के साथ बृहस्पतिवार को क्षेत्र में गश्त पर थे तभी सूचना पर वांछित अभियुक्त मुकेश को राजा का ताल रोड से नागऊ कच्चे रास्ते से गिरफ्तार किया है।अभियुक्त की निंशादेही पर घटना मे प्रयुक्त आलाकत्ल एक स्टील का बांका, एक लोहे का मूसल व घटना के समय पहनी एक शर्ट बरामद हुई है।
एएसपी ने बताया कि पूछताछ के अभियुक्त ने बताया है कि मेरे एक महिला से अवैध सम्बन्ध थे उसी महिला के घर तेजपाल का आना जाना था जब मुझे पता चला कि उस महिला से तेजपाल के भी अवैध सम्बन्ध हैं तो मैने महिला से कहा कि तेजपाल से सम्बन्ध खत्म कर दो तो उसने मुझसे ही सम्बन्ध खत्म कर दिये और बात करना बंद कर दिया । इसी बात से चिड़कर मैंने रात्रि में अपनी दुकान पर सो रहे तेजपाल की हत्या कर दी थी।
पुलिस ने हत्यारोपी को कार्यवाही कर न्यायालय के समक्ष पेश किया। जहां से उसे जेल भेजा है।


