Etah : : UP News | UP Web News

Web News

www.upwebnews.com

एटा में गर्भवती महिला की संदिग्ध मौत

March 27, 2026

एटा में गर्भवती महिला की संदिग्ध मौत

मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर मारकर अस्पताल में भर्ती कराने का लगाया आरोप

एटा 27 मार्च उप्रससे। जनपद में कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के नगला जगरूप में 26 वर्षीय प्रसूता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने प्रसूता को एटा वीरांगना अवंतीबाई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया था, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलने पर मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे और ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया।

मृतका रजनी पत्नी अजीत निवासी नगला जगरूप के भाई प्रदीप ने बताया कि उनकी बहन अच्छी-भली थी और कल ही उससे बात हुई थी। ससुराल वालों ने फोन नहीं उठाया और उनकी बहन को मारकर अस्पताल में भर्ती कराया ताकि मौत को स्वाभाविक दिखाया जा सके।

वहीं, ससुराल पक्ष का कहना है कि ऑपरेशन के बाद प्रसूता की हालत बिगड़ी थी। वे उसे इलाज के लिए ले जा रहे थे, तभी उसकी मौत हो गई। मृतका के जेठ रंजीत ने बताया कि दो दिन पहले प्रसव हुआ था। अचानक सीने में दर्द उठा, जिसके बाद सतीश हॉस्पिटल से डॉक्टरों ने आगरा रेफर कर दिया। आगरा के एसआर अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई लेकिन बच्चा स्वस्थ है। प्रसव पीड़ा के बाद उसे पहले निजी अस्पताल डॉक्टर फातिमा के यहां भर्ती कराया गया था, जब कोई आराम नहीं मिला तो उसे कासगंज रोड स्थित सतीश मेटरनिटी अस्पताल में दिखाया। वहां उसे आगरा के लिए रेफर कर दिया गया था।
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

सौतेले भाई पर हत्या का लगाया आरोप

 जीआरपी थाने का घेराव कर निष्पक्ष जांच की मांग

एटा 27 मार्च उप्रससे। कोतवाली नगर क्षेत्र के मारहरा दरवाजा निवासी पूर्व सभासद हामिद अली उर्फ पप्पू की हत्या के मामले में नया मोड़ आ गया है। पुलिस द्वारा दो आरोपियों और मृतक की पत्नी शबनम को जेल भेजे जाने के बावजूद, परिजनों ने पुलिस की कार्रवाई पर असंतोष व्यक्त किया है। उन्होंने अपने सौतेले भाई कफील अहमद पर हत्या में शामिल होने का आरोप लगाया है।

घटना 8 नवंबर, 2025 को हुई थी, जब हामिद उर्फ पप्पू को शाम को टहलने के दौरान गोली मार दी गई थी। जीआरपी पुलिस और एटा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए इस मामले का खुलासा किया था। पुलिस ने मृतक के भाई कफील के साले अब्दुल खालिद और उसके दोस्त गजानंद को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। बाद में, मृतक की पत्नी शबनम को भी इस मामले में गिरफ्तार किया।

आगरा जीआरपी ने बताया कि अब्दुल खालिद और गजानंद ने हामिद की हत्या इसलिए की क्योंकि हामिद ने दबाव डालकर अब्दुल खालिद की भांजी की शादी जयपुर में करवा दी थी। इस बात को लेकर परिवार में अक्सर झगड़ा होता था। इसी रंजिश के चलते अब्दुल खालिद और उसके दोस्त ने रेलवे ट्रैक पर हामिद की गोली मारकर हत्या कर दी थी। पुलिस अब तक कुल तीन लोगों को जेल भेज चुकी है।
हालांकि, मृतक पप्पू के परिजन इस खुलासे से संतुष्ट नहीं हैं। शुक्रवार को दर्जनों की संख्या में मृतक के भाई मुजम्मिल के साथ परिजन एटा के जीआरपी थाने पहुंचे। उन्होंने मामले में निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए आरोप लगाया कि अपना ग्रुप के चेयरमैन और उनके सौतेले भाई कफील अहमद भी इस हत्या में शामिल हैं। परिजनों का कहना है कि कफील की पत्नी हत्या में शामिल थी, लेकिन वे चाहते हैं कि इस प्रकरण की अन्य कड़ियों को भी खोला जाए।

जीआरपी पुलिस द्वारा समझाने के बाद परिजन वापस लौट गए, लेकिन उन्होंने अपनी मांग दोहराई कि मामले की गहनता से जांच की जाए और सभी दोषियों को सामने लाया जाए।

मृतक के भाई मुजम्मिल ने बताया कि इस प्रकरण की अभी और कड़ियां खुलना बाकी हैं। हम लोग पुलिस के खुलासे से पूरी तरह संतुष्ट नहीं हैं इस घटना में और भी लोग शामिल हैं।

परिजनों ने सही जांच कर सभी दोषियों को गिरफ्तार करने की मांग दोहराई है। उन्होंने अपने भाई कफील पर भी हत्या करवाने का आरोप लगाते हुए अपनी भाभी शवनम पर 20 लाख रुपए में भाड़े के हत्यारों से हत्या करवाने का आरोप लगाया और अपना ग्रुप के चेयरमैन कफील अहमद की प्रकरण में संलिप्तता का आरोप लगाया।

एटा में ओवरलोड वाहन उड़ा रहे नियमों की धज्जियां

एटा में ओवरलोड डंपर सड़क पर फरार्टा भरते हुए वाहन चालक मानकों की जमकर उडा रहे धज्जियां, प्रशासन बेखबर

एटा 27 मार्च उप्रससे। जनपद में लोगों को सड़क पर सुरक्षित चलें, ओवरटेक देखकर करें, नशे में गाड़ी न चलाएं। इस तरह का पाठ पढ़ाने वाला परिवहन व पुलिस विभाग ओवरलोड ट्रकों पर मेहरवान नजर आता है।

जैथरा में सड़कों पर विभाग के दावों व नियमों को रौंदते हुए ओवरलोड ट्रक थाने के सामने से गुजर रहे हैं। जिम्मेदार सेटिग के कारण इतने संतुष्ट रहते हैं कि इनकी ओर देखते ही नहीं। हादसे होने पर मजबूरी में कार्रवाई करते हैं। जिले में समय-समय पर सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान चलाया जाता है। इसे कागजी कहा जाए, तो गलत न होगा। वाहनों पर लोडिग के लिए कई नियम बनाए गए हैं। सव टूट रहे हैं। धड़ाधड़ ओवरलोड ट्रक पास हो रहे हैं। जैथरा में वरना कुरावली मार्ग से ट्रकों द्वारा गिट्टी व मौरंग लादकर लाया जाता है। सड़क पर विना नंवर प्लेट के ओवरलोड ट्रक व डंपर खुलेआम दौड़ते हैं। ओवरलोड ट्रकों में किसी नम्वर नहीं होते हैं, किसी पर जानबूझकर कपड़ा आदि डालकर नम्वर को छिपा दिया जाता है। नंवर प्लेट नहीं होने या आधे-अधूरे नम्वर होने की वजह से हादसा होने पर इनको पकड़ना मुश्किल होता है। इसके अलावा ओवरलोड ट्रक और डंपर राजस्व को चूना भी लगा रहे हैं। सड़कों पर मौरंग लदे ट्रक व डंपर तड़के सुवह के समय अधिक निकलते हैं। अधिकांश वाहनों में कोई नंवर प्लेट भी नहीं है। इस तरह से विना नंवर प्लेट, विना रॉयल्टी के ही डंपरों से खनिज का परिवहन धड़ल्ले से हो रहा है।
बताते हैं कि विभागीय नियमों में 14 चक्का ट्रक पर 30 टन व 12 चक्का ट्रक पर 20 टन लोड का पास होता है। इसके विपरीत वाहन स्वामी अपने वाहनों पर डेढ़ गुना से दो गुना तक लोड लादकर सड़कों पर दौड़ते हैं। उन्हें रोकने वाला कोई नहीं होता। ट्रक वालू व गिट्टी 60 से 70 टन लादकर सड़क पर फर्राटा भरते हुए नजर आते हैं।

एटा में ऑयल इंडिया कर रही है तेल-गैस की खोज

एटा 26 मार्च उप्रससे। जनपद में अलीगंज तहसील क्षेत्र के लाडमपुर कटारा गांव के पास ऑयल इंडिया ने पेट्रोल, डीजल और प्राकृतिक गैसों की खोज करना शुरू कर दी है। यह खोज अल्फा जीरो कंपनी के अधिकारियों की देखरेख में भारी ड्रिलिंग मशीनों के साथ की जा रही है।

कंपनी के अधिकारी भूमिराज कॉलेज के समीप जमीन के अंदर कच्चे तेल और प्राकृतिक गैसों की खोज कर रहे हैं। खुदाई का कार्य शुरू हो चुका है, जिसमें जमीन के अंदर 80 फुट तक और 60-60 मीटर की दूरी पर खुदाई की जाएगी।
यह तलाश केवल एटा तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रदेश भर के 44 जिलों में चल रही है। फील्ड इंचार्ज संतोष मौर्य और अल्फा जीरो कंपनी के अधिकारी प्रवीण के नेतृत्व में एक टीम इस कार्य में जुटी है।

कंपनी के अधिकारी संतोष मौर्य ने बताया कि बोरिंग मशीनों और मैग्नेट मशीनों का उपयोग कर पाताल में पत्थरों को तोड़कर जांच की जा रही है। यह तलाश नया गांव क्षेत्र से लेकर मैनपुरी और शिकोहाबाद तक जारी है। जांच टीम के गांव पहुंचने पर शुरुआत में अफरा-तफरी का माहौल देखा गया। ग्रामीणों में भी क्षेत्र में कच्चे तेल मिलने की संभावना बढ़ गई है। हालांकि, ऑयल इंडिया इस क्षेत्र में कितने दिनों तक जांच करेगी, यह अभी स्पष्ट नहीं है।

एटा में प्रशासन ने पेट्रोल-डीजल, गैस की कमी की अफवाह फैलाने वालों पर कार्रवाई की दी चेतावनी

एटा में पेट्रोल के लिए भीड़ बढ़ रही है

एटा 26 मार्च उप्रससे। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनपद में पेट्रोल, डीजल और घरेलू रसोई गैस की आपूर्ति सामान्य है। सभी ईंधन पदार्थ पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं और उनका सुरक्षित भंडार भी मौजूद है। ऐसे में आम नागरिकों को किसी भी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है।

जिला पूर्ति अधिकारी कमलेश कुमार गुप्ता ने बताया कि जनपद में पेट्रोल, डीजल, सीएनजी और घरेलू गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य बनी हुई है। आमजन से अपील है कि सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से फैल रही किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और अनावश्यक रूप से पेट्रोल पंपों व गैस एजेंसियों पर भीड़ न लगाएं।

जिलाधिकारी प्रेम रंजन सिंह के निर्देश पर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। ईंधन पदार्थों की जमाखोरी, कालाबाजारी और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के लिए सभी उपजिलाधिकारियों के नेतृत्व में पुलिस प्रशासन और पूर्ति विभाग की संयुक्त टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं।
उपजिलाधिकारी सदर श्वेता सिंह ने पूर्ति विभाग की टीम के साथ विभिन्न गैस एजेंसियों- फौजी गैस एजेंसी, सरदार गैस एजेंसी और दीपक गैस सर्विस-का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्टॉक और वितरण व्यवस्था संतोषजनक पाई गई। वहीं, जलेसर तहसील में उपजिलाधिकारी भावना विमल ने भी गैस एजेंसियों के गोदामों और कार्यालयों का निरीक्षण कर आपूर्ति व्यवस्था का जायजा लिया।

जिला पूर्ति अधिकारी ने स्वयं पेट्रोल पंपों का निरीक्षण कर बताया कि वाहनों के संचालन के लिए पर्याप्त मात्रा में पेट्रोल, डीजल और सीएनजी उपलब्ध है। उन्होंने आश्वस्त किया कि किसी भी प्रकार की आपूर्ति बाधित नहीं है और व्यवस्था सुचारु रूप से चल रही है। जनता की सुविधा के लिए जिला स्तर पर एक कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है, जिसका दूरभाष नंबर 05742-234254 है। इसके अतिरिक्त, गैस बुकिंग से संबंधित समस्याओं के समाधान हेतु संबंधित कंपनियों के सेल्स ऑफिसर्स से भी संपर्क किया जा सकता है।

Older Posts »