Sarvesh : : UP News | UP Web News | Page 36

Web News

www.upwebnews.com

ईरान के खिलाफ अभियान तेज, इसराइल ने कहा हमले जारी रहेंगे

March 20, 2026

ईरान के खिलाफ अभियान तेज, इसराइल ने कहा हमले जारी रहेंगे

तेल अवीव, 20 मार्च 26, इस्राएल ने ईरान में नूर के आसपास के क्षेत्रों सहित कई ठिकानों पर नए हवाई हमले किए हैं। इस्राएल की सेना ने कहा है कि ईरान और हिजबुल्लाह के खिलाफ सभी लक्ष्य हासिल होने तक सैन्‍य अभियान जारी रहेगा। इस्राएली रक्षा बल, दक्षिणी लेबनान में आगे बढ़ रहे हैं।

उधर, ईरान ने पूरे क्षेत्र में इस्राएल के ठिकानों और अमरीका के हवाई अड्डों पर नये हमलों की शुरूआत कर दी है। ईरान ने चेतावनी दी है कि अगर उसके ऊर्जा केन्‍द्रों को फिर से निशाना बनाया गया तो वह जवाबी कार्रवाई करेगा। ईरान के अधिकारियों के अनुसार भारी नुकसान के बावजूद मिसाइल उत्पादन जारी है और देश के नेतृत्व ने दुश्मनों को करारा जवाब देने का निश्‍चय किया है।

खाड़ी क्षेत्र में, ऊर्जा केन्‍द्रों पर दागे गए ईरानी ड्रोन और मिसाइल हमलों के बाद खाड़ी सहयोग परिषद के कई देश हाई अलर्ट पर हैं। कुवैत में, मीना अल-अहमदी रिफाइनरी पर ड्रोन हमला हुआ, जिससे वहां आग लग गई। बहरीन के एक गोदाम में आग लग गई, जबकि सऊदी अरब ने कहा कि उसने कई ड्रोन मार गिराए हैं। तीनों देशों ने ईरान के हमलों की कड़ी निंदा करते हुए चेतावनी दी है कि उन्‍हें जवाबी कार्रवाई का अधिकार है।

संयुक्त अरब अमीरात के अधिकारियों ने हमले के प्रयासों के बाद एहतियात के तौर पर अबू धाबी में हबशान गैस सुविधा को अस्थायी रूप से बंद कर दिया है।

भाजपा शीर्ष नेतृत्व के आशीर्वाद से नामित सभासदों का भव्य स्वागत,

गौरव आर्य के आवास पर हुआ सम्मान समारोह
हाथरस में भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष गौरव आर्य के वसुंधरा एंक्लेव स्थित आवास पर एक भव्य स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश शासन द्वारा नामित हाथरस नगर पालिका के सभासद—आर.सी. गोला, मूलचंद वार्ष्णेय, संजय सक्सेना, सुनीता वर्मा—तथा नगर मंडल के जिला प्रतिनिधि विनीत शर्मा (वंशी पंडित) का फूल-मालाओं, दुपट्टा एवं पगड़ी पहनाकर जोरदार स्वागत किया गया।
इस अवसर पर सभी नव-नामित सभासदों ने भाजपा शीर्ष नेतृत्व, जिला संगठन एवं जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी दी गई है, उसे वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निभाएंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा और आम जनमानस की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का हर संभव प्रयास किया जाएगा।
सभासदों ने कहा कि वे सरकार की मंशा के अनुरूप कार्य करते हुए “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” के सिद्धांत को आगे बढ़ाएंगे। साथ ही उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि मुख्यमंत्री द्वारा संचालित नगर पालिका से जुड़ी सभी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का कार्य किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान यह भी कहा गया कि सभी सभासदों के द्वार जनता के लिए 24 घंटे खुले रहेंगे और कोई भी नागरिक अपनी समस्या लेकर कभी भी उनसे संपर्क कर सकता है, जिसका समाधान प्राथमिकता के साथ कराने का प्रयास किया जाएगा।

मेला देखकर लौटे युवक की संदिग्ध मौत, पेड़ के नीचे मिला शव

हत्या की आशंका से सनसनी
हाथरस जनपद के हसायन कोतवाली क्षेत्र में एक 25 वर्षीय युवक का शव पेड़ के नीचे मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान सराय गांव निवासी प्रमोद के रूप में हुई है, जो मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। जानकारी के अनुसार, प्रमोद बीती रात अपने परिवार के साथ मेला देखने गया था और घर लौटने के बाद दोबारा कहीं चला गया।
सुबह उसका शव जरेरा गांव के पास पेड़ के नीचे पड़ा मिला, जिसके बाद ग्रामीणों में दहशत फैल गई। मृतक की गर्दन पर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों ने साफ तौर पर हत्या की आशंका जताते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हाथरस में बेमौसम बारिश का कहर, गेहूं की फसलें बर्बादी के कगार पर

हाथरस। जनपद के सादाबाद क्षेत्र की न्याय पंचायत कजरोटी में गुरुवार रात अचानक मौसम ने करवट ली, जिससे किसानों की चिंता कई गुना बढ़ गई। तेज हवाओं के साथ शुरू हुई बेमौसम बारिश ने खेतों में खड़ी गेहूं की पकी फसल को भारी नुकसान पहुंचाया है। यह बारिश उस समय हुई जब किसान कटाई की तैयारी में जुटे थे, ऐसे में यह नुकसान उनके लिए बड़ा झटका साबित हो रहा है।
गुरुवार रात करीब 10 बजे शुरू हुई बारिश और तेज हवाओं का सिलसिला शुक्रवार सुबह तक जारी रहा। इस दौरान कई खेतों में गेहूं की फसल जमीन पर बिछ गई, जिससे उत्पादन के साथ-साथ गुणवत्ता पर भी असर पड़ा है। कई जगहों पर गेहूं की बालियां टूटकर गिर गईं और दाने झड़ गए, जिससे किसानों को आर्थिक रूप से भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है।
सादाबाद क्षेत्र में आलू की खुदाई का कार्य भी तेजी से चल रहा था, लेकिन बारिश के कारण यह काम पूरी तरह ठप हो गया है। खेतों में पानी भर जाने से खुदाई में देरी होगी और यदि पानी लंबे समय तक भरा रहा तो जमीन के अंदर ही आलू सड़ने का खतरा बढ़ जाएगा। किसानों का कहना है कि अभी बड़ी संख्या में खेतों में खुदाई बाकी है, जिससे उनकी परेशानी और बढ़ गई है।
मौसम विभाग द्वारा ओलावृष्टि की चेतावनी जारी किए जाने से किसानों की चिंता और बढ़ गई है। किसानों का कहना है कि यदि अब ओले गिरते हैं, तो बची-खुची फसल भी पूरी तरह बर्बाद हो जाएगी और लागत निकालना भी मुश्किल हो जाएगा। लगातार बदलते मौसम ने खेती-किसानी को बड़ा झटका दिया है।

मुख्यमंत्री ने ईद के अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं

लखनऊ : 20 मार्च, 2026, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने ईद-उल-फ़ितर के अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि ईद-उल-फ़ित्र का त्यौहार खुशी और मेल-मिलाप का सन्देश लेकर आता है। खुशियों का यह त्यौहार सामाजिक एकता को मजबूत करने के साथ ही, आपसी भाईचारे की भावना को बढ़ाता है। यह पर्व अमन-चैन और सौहार्द का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि ईद के पर्व पर सभी को सद्भाव तथा सामाजिक सौहार्द को और सुदृढ़ करने का संकल्प लेना चाहिए।
« Newer PostsOlder Posts »