Posted on 28.03.2026 Time 04.49 PM Mainpuri, Daya Shankar Tiwari
मैनपुरी , 28 मार्च 26 (उप्र समाचार सेवा) थाना एलाऊ क्षेत्र के गांव बखतपुर में देवर और भाभी ने शुक्रवार रात को डीजे पर जमकर डांस किया, सबके सोने के बाद दोनों घर से निकल गए। शनिवार सुबह उनके शव जामुन के पेड़ पर लटके मिले, मौत की वजह आखिर क्या रही, इसे लेकर परिजनों ने चुप्पी साध ली है
एलाऊ क्षेत्र के गांव बखतपुर निवासी 18 वर्षीय अखिलेश कश्यप के चाचा भीमसेन शुक्रवार को माता शीतला देवी मंदिर नेजा चढाने के लिए गए थे। अखिलेश, उसकी 30 वर्षीय भाभी सरोजनी और अन्य परिजन भी साथ गए थे। शाम को सभी लोग नेजा चढ़ाकर गांव वापस आ गए थे। रात को घर के बाहर डीजे लगाया गया था। डीजे पर अखिलेश अपनी मौसी के लड़के की पत्नी सरोजनी के साथ जमकर नाचा। रात करीब 11 बजे सभी लोग सोने चले गए। शनिवार की सुबह अखिलेश और भाभी सरोजनी का शव गांव से करीब 400 मीटर पूर्व की तरफ जामुन के पेड़ पर लटका मिला। जानकारी होने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। शवों को फंदे से उतरवाने के बाद मोर्चरी भेजा गया है। देवर और भाभी की खुदकुशी के मामले में परिजनों ने चुप्पी साध ली है। वहीं इस मामले में पुलिस जानकारी जुटाने के प्रयास कर रही है।

