UP-Samachar : : UP News | UP Web News | Page 27

Web News

www.upwebnews.com

उप्र उपद्रव प्रदेश से उत्सव प्रदेश बनाः योगी आदित्यनाथ

January 28, 2026

उप्र उपद्रव प्रदेश से उत्सव प्रदेश बनाः योगी आदित्यनाथ

Posted on : 28.01.2026, Wednesday Time: 08:54 PM,  Source: UPID

  • मुख्यमंत्री ने जनपद सिद्धार्थनगर में 1052 करोड़ रु0 की 229 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास तथा ‘सिद्धार्थनगर महोत्सव’ का शुभारम्भ किया
  • भगवान बुद्ध की पावन धरा पर आयोजित ‘सिद्धार्थनगर महोत्सव’ यहां के कलाकारों, किसानों, युवाओं तथा संस्थाओं सहित प्रत्येक वर्ग के उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को प्लेटफॉर्म प्रदान करेगा
  • लगभग 125 वर्ष पूर्व भगवान बुद्ध के अवशेष पिपरहवा से इंग्लैण्ड पहुंचा दिये गये, प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में भारत सरकार के प्रयासों से भगवान बुद्ध से जुड़े अवशेष भारत लौटे
  • राज्य सरकार प्रदेश की 25 करोड़ आबादी को अपना परिवार मानकर जनकल्याणकारी परियोजनाओं के लिए बिना भेदभाव के धनराशि उपलब्ध करा रही

सिद्धार्थनगर 28 जनवरी . मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने कहा कि विश्व को मानवता, करुणा और मैत्री का संदेश देने वाले भगवान बुद्ध की पावन धरा पर सिद्धार्थनगर महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। महोत्सव शब्द स्वयं में एक विराट अवधारणा को समाहित किये हुये है। सिद्धार्थनगर महोत्सव यहां के कलाकारों, किसानों, युवाओं तथा संस्थाओं सहित प्रत्येक वर्ग के उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को प्लेटफॉर्म प्रदान करेगा। उत्तर प्रदेश उपद्रव प्रदेश से उत्सव प्रदेश बन चुका है। विकास की इस यात्रा में निरन्तरता बनाये रखने के लिए प्रदेश सरकार दृढ़संकल्पित है।
मुख्यमंत्री जी आज ‘सिद्धार्थनगर महोत्सव’ का शुभारम्भ तथा 1052 करोड़ रुपये की 229 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण तथा शिलान्यास करने के पश्चात आयोजित कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। मुख्यमंत्री जी ने प्लेन क्रैश की दुर्घटना में महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री श्री अजित पवार सहित अन्य लोगों के दुःखद निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उनके परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि किसी बड़े महोत्सव के आयोजन से पूर्व स्थानीय स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किये जाने चाहिए। गायन-वादन के साथ-साथ विविध कलाओं से सम्बन्धित प्रतिस्पर्धा ग्राम पंचायत, वार्ड, नगर पंचायत, नगर पालिका, क्षेत्र पंचायत, तहसील तथा विधानसभा स्तर पर की जानी चाहिए। इस प्रतिस्पर्धा में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले कलाकारों को मुख्य महोत्सव में सम्मानित करने के साथ उनके परफार्मेन्स को जनता-जनार्दन के सामने प्रस्तुत किया जाना चाहिए। यह कलाकार प्रगतिशील किसान, श्रमिक, खिलाड़ी, उद्यमी सहित जीवन के किसी भी क्षेत्र में कार्य करने वाले व्यक्ति हो सकते हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि सिद्धार्थनगर जनपद राजकुमार सिद्धार्थ के नाम पर बना है। आज से ढाई हजार वर्ष पूर्व यहाँ उन्हीं का राज था। कपिलवस्तु उनकी राजधानी थी। वह सब कुछ त्याग कर ज्ञान की खोज तथा जीवन की सच्चाई जानने के लिये निकले। विश्व प्रसिद्ध तीर्थ गया में जाकर लम्बी साधना की। ज्ञान प्राप्त होने के पश्चात उन्होंने पहला उपदेश सारनाथ में दिया। उन्होंने अपने जीवन के सर्वाधिक चतुर्मास श्रावस्ती जनपद में व्यतीत किये।
मुख्ममंत्री जी ने कहा कि ईश्वर की सर्वश्रेष्ठ कृति होने के कारण मनुष्य के मन में मानवीय गरिमा, उसकी सुरक्षा और सम्प्रभुता का भाव सदैव बना रहता है। सर्वश्रेष्ठ कृति होने के नाते मनुष्य द्वारा अच्छा सोचने, बोलने तथा सकारात्मक दिशा में पहल करने के अच्छे परिणाम प्राप्त हांगे। ‘बुद्धम् शरणम् गच्छामि’, ‘धम्मम् शरणम् गच्छामि’ तथा ‘संघम् शरणम् गच्छामि‘। धर्म की शरण में जाने के लिये बुद्धि और विवेक की आवश्यकता होती है। यदि बुद्धि व विवेक के साथ-साथ संगठन होगा, तो सकारात्मक ऊर्जा लोगों के जीवन में व्यापक परिवर्तन का कारण बनेगी। यही कार्य डबल इंजन सरकार कर रही है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि हमारा दायित्व है कि जनता-जनार्दन द्वारा दी गयी शक्ति का उपयोग जनता-जनार्दन के हित में बिना भेदभाव करके दिखाएं। आज सिद्धार्थनगर महोत्सव के शुभारम्भ पर 1052 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं की सौगात इस जनपद को प्रदान की जा रही है। यह परियोजनाएं यहां के जनप्रतिनिधियों द्वारा भेजे गये प्रस्तावों एवं प्रयासों से जनपद में लागू हो रही हैं। राज्य सरकार प्रदेश की 25 करोड़ आबादी को अपना परिवार मानकर जनकल्याणकारी परियोजनाओं के लिए बिना भेदभाव के धनराशि उपलब्ध कराती है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि गत वर्ष मई महीने में मध्य उत्तर प्रदेश के भ्रमण के दौरान पाया कि वहां के किसान दो फसल के बाद तीसरी मक्का की फसल उपजा रहे थे। एटा, कन्नौज, औरैया, कानपुर देहात, हरदोई आदि जनपदों के अन्नदाता किसानों ने अवगत कराया कि उन्हें तीसरी फसल से 01 लाख रुपये प्रति एकड़ अतिरिक्त आय प्राप्त हो रही है। यहां के किसानों को भी इस दिशा में प्रयास करना होगा। फूड प्रोसेसिंग के प्रस्ताव लाएं, प्रदेश सरकार धनराशि तथा सब्सिडी उपलब्ध करा रही है। अच्छी नीयत होने पर नियन्ता भी सहयोग करता है। यहां का अन्नदाता किसान जैसी बरसात चाहता था, रात्रि से वैसी बरसात इन्द्रदेव द्वारा की जा रही है। यह एक प्रकार से धरती माता से सोना उगाने के लिए अन्नदाता किसान के लिए व्यवस्थित ईश्वरीय कृपा है।
मुख्यमंत्री जी ने सिद्धार्थनगर महोत्सव में नेता प्रतिपक्ष श्री माता प्रसाद पाण्डेय को सम्मिलित होने के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि यह जीवन हताशा व निराशा के लिए नहीं है। मनुष्य का जीवन उत्साह और उमंग के लिए प्राप्त हुआ है। एक-दूसरे के साथ मिलकर सकारात्मक ऊर्जा के साथ विकास के अभियान को आगे बढ़ाना आवश्यक है। प्रत्येक जगह काट-छांट नहीं होनी चाहिए। अच्छी सोच के साथ किये गये प्रयासों का परिणाम है कि सिद्धार्थनगर में श्री माधव बाबू के नाम पर श्री माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज का निर्माण हुआ है। यह मेडिकल कॉलेज शानदार तरीके चल रहा है। यहां नर्सिंग कॉलेज भी प्रारम्भ हो चुका है। आज महिला छात्रावास का शिलान्यास तथा 1,000 सीट की क्षमता के ऑडिटोरियम को आगे बढ़ाने का कार्य किया गया है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि सिद्धार्थनगर जनपद आकांक्षी जनपद इसलिए था, क्योंकि यहां विकास के लिए इन्फ्रास्ट्रक्चर का अभाव था। लोग पलायन के लिए मजबूर थे। बीमार मानसिकता के लोगों ने जनपद सिद्धार्थनगर सहित पूर्वी उत्तर प्रदेश को बीमार बना दिया था। मच्छर और माफियाओं के आगोश में ला दिया था। परिणामस्वरूप, इन्सेफेलाइटिस से कमजोर वर्ग के हजारों बच्चों की मौत होती थी। हमारे लिए वह दलित, अति पिछड़ा, अल्पसंख्यक तथा वोट बैंक नहीं थे, बल्कि वह बच्चे उत्तर प्रदेश की अमानत व हमारे परिवार का हिस्सा थे। डबल इंजन सरकार ने प्राण-पण से काम किया और दशकों की बीमारी कुछ ही वर्षों में समाप्त कर दी गयी। अब सिद्धार्थनगर सहित पूर्वी उत्तर प्रदेश का कोई भी बच्चा इस बीमारी से दम नहीं तोड़ता है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि लगभग 125 वर्ष पूर्व भगवान बुद्ध के अवशेष पिपरहवा से इंग्लैण्ड पहुंचा दिये गये थे। इन अवशेषों की वहां तथा ताइवान में नीलामी हो रही थी। यहां के सांसद ने प्रयास किया तथा हमने एक पत्र लिखा। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में भारत सरकार द्वारा किये गये प्रयासों से भगवान बुद्ध से जुड़े यह पवित्र अवशेष भारत लौट आए हैं। अब कपिलवस्तु में विपश्यना केन्द्र बनाया जा रहा है। वहां विकास के कार्य आगे बढ़ाये जा रहे हैं। पहले मित्र राष्ट्र नेपाल से कनेक्टिविटी अच्छी नहीं थी। प्रदेश सरकार ने फोर-लेन की बेहतर इण्टर स्टेट तथा इण्टरनेशनल कनेक्टिविटी प्रदान करने का प्रयास किया है। आज सिद्धार्थनगर को फोर-लेन की कनेक्टिविटी से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि खलीलाबाद से बहराइच होकर जाने वाली रेलवे लाईन 80 किलोमीटर सिद्धार्थनगर जनपद से गुजरती है। यह कार्य निवेश को आकर्षित करेगा। गोरखपुर-शामली इकोनॉमिक कॉरीडोर सिद्धार्थनगर जनपद के बांसी, डुमरियागंज तथा इटवा विधानसभा क्षेत्रों को टच करते हुए विकास का नया कॉरीडोर बनने जा रहा है। यह चीजें दिखाती हैं कि सरकार बांटकर विकास नहीं कर सकती, बल्कि समग्रता के भाव से देखती है।
भेदभाव मुक्त तथा सतत विकास की दृष्टि से किये जाने वाले प्रयास ही रामराज्य की अवधारणा के साकार रूप हैं। राशन, आवास, आयुष्मान भारत सहित समस्त सरकारी योजनाओं का लाभ गरीबों, महिलाओं तथा युवाओं आदि को बिना भेदभाव प्राप्त होना आवश्यक है। प्रधानमंत्री जी ने इसी अवधारणा पर फोकस कर योजनाओं का निर्माण किया है। डबल इंजन सरकार सबका साथ-सबका विकास के लक्ष्य के साथ कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि गरीब कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से प्रतिस्पर्धा को आगे बढ़ाने की आवश्यकता है। मनरेगा में पहले कच्चा काम ही किया जा सकता था। पक्के काम की गुंजाइश नहीं थी। केवल 100 दिन के रोजगार की गारण्टी थी। अब विकसित भारत जी-राम-जी की नयी योजना के अन्तर्गत 125 दिन के रोजगार की गारण्टी सुनिश्चित करायी जा रही है। यदि मांगने पर ग्राम पंचायत रोजगार नहीं देगी, तो उसे मुआवजा देना होगा। अब पक्का कार्य भी किया जा सकता है। गांव, गरीब, किसान, युवा, महिलाएं तथा समाज का प्रत्येक तबका विकास का आधार होना चाहिए। इसी भाव के साथ डबल इंजन सरकार ने इस कार्य को आगे बढ़ाया।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि सिद्धार्थनगर की एक महिला उद्यमी ने भगवान बुद्ध के प्रसाद के रूप में काला नमक चावल की ब्राण्डिंग व उसके एक्सपोर्ट के माध्यम से आत्मनिर्भरता के लक्ष्य को प्राप्त करने का उदाहरण प्रस्तुत किया है। यहां की एक महिला स्वयंसेवी संस्था ‘मुख्यमंत्री मत्स्य सम्पदा योजना’ तथा ‘प्रधानमंत्री मत्स्य सम्पदा योजना’ का लाभ लेकर 15 लाख रुपये प्रतिवर्ष की आमदनी प्राप्त कर रही है। ‘एक जनपद एक उत्पाद योजना’ तथा ‘मत्स्य सम्पदा योजना’ के माध्यम से सिद्धार्थनगर ने महिला उद्यमिता के क्षेत्र में अच्छी प्रगति की है। पिछली बार ‘एक जनपद एक उत्पाद योजना’ के लिए कॉमन सर्विस सेण्टर दिया गया था। जहां काला नमक चावल का उत्पादन होता है तथा जहां से इसे निर्यात किया जा सकता है, वहां जगह चिन्हित कर कॉमन सर्विस सेण्टर की सुविधा को आगे बढ़ाने की आवश्यकता है।
इस अवसर पर जनपद सिद्धार्थनगर के विकास से सम्बन्धित लघु फिल्म प्रदर्शित की गयी।
इसके पूर्व, मुख्यमंत्री जी ने बच्चों का अन्नप्राशन व महिलाओं की गोदभराई की तथा आयोजित प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
कार्यक्रम को सांसद श्री जगदम्बिका पाल तथा नेता प्रतिपक्ष श्री माता प्रसाद पाण्डेय ने भी सम्बोधित किया।
इस अवसर पर श्रम एवं सेवायोजन मंत्री श्री अनिल राजभर, विधायक श्री श्यामधनी राही, श्रीमती सैय्यदा खातून, विधान परिषद सदस्य श्री ध्रुव कुमार त्रिपाठी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

January 27, 2026

Bareilly Mayar Umesh Gautam

बरेली मेयर उमेश गौतम

बरेली, 27 जनवरी । भाजपा मेयर उमेश गौतम के भी सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री के यूजीसी विरोध मामले में अपना समर्थन देने उनके आवास पशुनचनाए की खबर है। सीटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री ने माघ संगम स्नान के अलावा यूजीसी 2026 संशोधित एक्ट को लेकर अपने हाथ से लिखा इस्तीफा पब्लिक में सार्वजनिक किया है।

कल शाम को घटनाक्रम के बाद से सिटी मजिस्ट्रेट के आवास पर लगातार ब्राह्मण नेताओं, अधिकारियों और अन्य दलों के नेताओं के आने जाने का सिलसिला तेजी पकड़े हुए है। मेयर गौतम के द्वारा भी यूजीसी कानून को गलत बताया है।

यूपी में आज भी बैंक बंद, हड़ताल रहेगी

लखनऊ 27 जनवरी । यूपी में आज बैंकों की हड़ताल रहेगी। हड़ताल में सभी बैंक अधिकारी और कर्मचारी शामिल होंगे।

हड़ताल में सभी राष्ट्रीयकृत बैंक शामिल होंगे। बैंककर्मी पांच दिन के कार्य सप्ताह की मांग कर रहे हैं।यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस ने आंदोलन का ऐलान किया। हड़ताल से पहले SBI हजरतगंज कार्यालय में प्रेस वार्ता हुई। बैंककर्मियों ने 27 जनवरी को राष्ट्रव्यापी हड़ताल की घोषणा की।

January 26, 2026

लखनऊ में 77वां गणतंत्र दिवस उत्साह एवं गरिमा के साथ मनाया गया

Republic Day Parede

गणतंत्र दिवस के अवसर पर विधान भवन के सामने परेड की सलामी लेती हुईं राज्यपाल आनन्दी बेन पटेल

लखनऊ : 26 जनवरी, 2026, 77वां गणतंत्र दिवस उत्साह एवं गरिमा के साथ मनाया गया। विधान भवन के सामने आयोजित गणतंत्र दिवस के मुख्य कार्यक्रम में राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल जी ने परेड की सलामी ली। इसके पहले, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने राज्यपाल जी का स्वागत किया और उन्हें गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दी।
गणतंत्र दिवस समारोह की आकर्षक परेड में सम्मिलित भारतीय सेना के आयुधां, मार्च पास्ट, रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों तथा झांकियों आदि ने दर्शकों का मन मोह लिया। परेड का नेतृत्व मेजर ओंकार निशांत ने किया। परेड के मौके पर बी0एम0पी0-2 सारथ टैंक, 105 एम0एम0 लाइट फील्ड गन, लाइट स्ट्राइक व्हीकल, आर्मड लाइट स्पेशलिस्ट व्हीकल तथा आल टेरेन व्हीकल (ए0टी0वी0) का प्रदर्शन किया गया। परेड के दौरान हैलीकॉप्टर द्वारा परेड स्थल पर पुष्प वर्षा भी की गयी।
गणतंत्र दिवस की परेड में 16 राजपूत रेजीमेन्ट (पुरुष टुकड़ी), जाट/सिख लाइट इन्फेन्ट्री (ब्रास बैण्ड), 6/11 गोरखा राइफल्स (पुरुष टुकड़ी), 6/11 प्लस 3/5 गोरखा राइफल्स (पाइप बैण्ड), भारत तिब्बत सीमा पुलिस बल (पुरुष टुकड़ी), भारत तिब्बत सीमा पुलिस बल (ब्रास बैण्ड), केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल (पुरुष टुकड़ी), ए0टी0एस0 कमाण्डो (पुरुष टुकड़ी), यू0पी0 पुलिस (पुरुष टुकड़ी), सशस्त्र सीमा बल (ब्रास बैण्ड), हरियाणा पुलिस (पुरुष टुकड़ी), उत्तर प्रदेश वन विभाग (पुरुष टुकड़ी), यू0पी0 होमगार्ड्स (पाइप बैण्ड), उत्तर प्रदेश वन विभाग (महिला टुकड़ी) ने प्रतिभाग किया।
परेड में पीएसी 32वीं वाहिनी (पुरुष टुकड़ी), पीएसी 32वीं वाहिनी (पाइप बैण्ड), पीएसी 35वीं वाहिनी (पुरुष टुकड़ी), पीएसी 35वीं वाहिनी (ब्रास बैण्ड), यूपी होमगार्ड्स (पुरुष टुकड़ी), यूपी होमगार्ड्स (ब्रास बैण्ड), यू0पी0 होमगार्ड्स (महिला टुकड़ी), प्रान्तीय रक्षक दल (पुरुष टुकड़ी), प्रान्तीय रक्षक दल (ब्रास बैण्ड), प्रान्तीय रक्षक दल (महिला टुकड़ी), एन0सी0सी0 (मार्च पास्ट बालक), एन0सी0सी0 (मार्च पास्ट बालिका) भी सम्मिलित हुईं।
इसके अलावा, बप्पा श्रीनारायण वोकेशनल गर्ल्स इण्टर कॉलेज (ब्रास बैण्ड बालिका), कैप्टन मनोज कुमार पाण्डेय उ0प्र0 सैनिक स्कूल (ब्रास बैण्ड बालक), कैप्टन मनोज कुमार पाण्डेय उ0प्र0 सैनिक स्कूल (मार्च पास्ट मिश्रित), अटल आवासीय विद्यालय सिठौली कला (मार्च पास्ट बालिका), माध्यमिक विद्यालय जनभवन (ब्रास बैण्ड मिश्रित), कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, लखनऊ (मार्च पास्ट बालिका), नेशनल इण्टर कॉलेज लखनऊ (ब्रास बैण्ड मिश्रित), सेन्ट जोसेफ कॉलेज सीतापुर रोड लखनऊ (मार्च पास्ट बालक), सेन्ट जोसेफ कॉलेज सीतापुर रोड (पाइप बैण्ड मिश्रित), सेन्ट जोसेफ कॉलेज राजाजीपुरम् लखनऊ (मार्च पास्ट बालिका), सेन्ट जोसेफ कॉलेज रुचि खण्ड लखनऊ (ब्रास बैण्ड मिश्रित), एस0आर0 ग्लोबल स्कूल बक्शी का तालाब लखनऊ (मार्च पास्ट मिश्रित), एस0आर0 ग्लोबल स्कूल बक्शी का तालाब लखनऊ (पाइप बैण्ड बालिका), राजकीय बालिका इण्टर कॉलेज शाहमीना रोड (मार्च पास्ट बालिका), राजकीय जुबिली इण्टर कॉलेज (ब्रास बैण्ड बालक) फ्लैग मार्च में शामिल हुए।
साथ ही, महर्षि विद्या मन्दिर आई0आई0एम0 रोड (मार्च पास्ट बालिका), महर्षि विद्या मन्दिर आई0आई0एम0 रोड (पाइप बैण्ड बालक), सिटी मॉण्टेसरी स्कूल, अलीगंज प्रथम शाखा (मार्च पास्ट बालिका), सिटी मॉण्टेसरी स्कूल, गोमती नगर प्रथम शाखा (पाइप बैण्ड मिश्रित), बाल विद्या मन्दिर सीनियर सेकेण्डरी स्कूल चारबाग (मार्च पास्ट बालक), श्री जय नारायण मिश्र इण्टर कॉलेज, चारबाग (ब्रास बैण्ड बालक), लखनऊ पब्लिक कॉलेज सेक्टर-ई, आम्रपाली योजना (मार्च पास्ट बालक), लखनऊ पब्लिक कॉलेज ए ब्लॉक राजाजीपुरम (ब्रास बैण्ड मिश्रित), लखनऊ पब्लिक कॉलेज सहारा स्टेट जानकीपुरम (मार्च पास्ट बालिका) ने फ्लैग मार्च में प्रतिभाग किया।
इसके अलावा, उम्मीद संस्था लखनऊ (ब्रास बैण्ड मिश्रित), बाल निकुंज इण्टर कॉलेज मोहिबुल्लापुर (मार्च पास्ट बालक), सरस्वती विद्या मन्दिर सेक्टर-क्यू, अलीगंज (ब्रास बैण्ड मिश्रित), ब्वॉयज ऐंग्लो बंगाली इण्टर कॉलेज सुन्दरबाग (मार्च पास्ट बालक), सिटी मॉन्टेसरी स्कूल गोमती नगर विस्तार (मार्च पास्ट मिश्रित), सिटी मॉण्टेसरी स्कूल कानपुर रोड (ब्रास बैण्ड मिश्रित), ए0पी0एस0 एकेडमी सेनानी बिहार रायबरेली रोड (मार्च पास्ट मिश्रित), श्रीराम एकेडमी सीतापुर रोड (ब्रास बैण्ड मिश्रित), भारत स्काउट गाइड उत्तर प्रदेश लखनऊ (फ्लैग मार्च मिश्रित), लखनऊ पब्लिक कॉलेज विनम्र खण्ड गोमतीनगर (पाइप बैण्ड बालिका), लखनऊ पब्लिक स्कूल सेक्टर-9 वृन्दावन योजना (फ्लैग मार्च बालिका), सेन्ट क्लेयर कॉन्वेंट स्कूल (ब्रास बैण्ड मिश्रित), सिटी मॉण्टेसरी स्कूल इन्दिरा नगर प्रथम शाखा (फ्लैग मार्च बालक), सिटी मॉण्टेसरी स्कूल राजाजीपुरम प्रथम शाखा (पाइप बैण्ड मिश्रित) तथा सिटी मॉण्टेसरी स्कूल आर0डी0एस0ओ0 (फ्लैग मार्च बालिका) फ्लैग मार्च में सम्मिलित हुए।
विभिन्न विद्यालयां के छात्र-छात्राओं द्वारा देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता पर आधारित आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये गये। सेण्ट जोसेफ कॉलेज राजाजीपुरम द्वारा ‘अवध की धूल चन्दन है नृत्य’, लखनऊ पब्लिक कॉलेज सहारा स्टेट जानकीपुरम द्वारा ‘नया हिन्दुस्तान नयी कीर्ति नृत्य’, बाल विद्या मन्दिर चारबाग द्वारा ‘उत्तर प्रदेश उत्तम प्रदेश नृत्य’, एस0आर0 ग्लोबल बक्शी का तालाब द्वारा ‘नारी शक्ति नृत्य’, सिटी मॉण्टेसरी स्कूल राजाजीपुरम प्रथम शाखा द्वारा ‘सशक्त, सुरक्षित और समृद्ध भारत नृत्य’, बाल निकुंज इंग्लिश स्कूल पलटन छावनी द्वारा ‘विकसित भारत विकसित प्रदेश ड्रिल’ तथा उम्मीद संस्था लखनऊ द्वारा ‘तिरंगा नृत्य’ प्रस्तुत किये गये।
इस अवसर पर संस्कृति विभाग की सांस्कृतिक प्रस्तुति ‘विकसित भारत विकसित उत्तर प्रदेश’ के अन्तर्गत मध्य प्रदेश के बधाई, महाराष्ट्र के लेजियम, जम्मू कश्मीर के राउफ, सिक्किम के तमांग सेलो, गुजरात के तलवार रास के साथ ही, बिहार, छत्तीसगढ़, त्रिपूरा, अरुणाचल प्रदेश के लोकनृत्य जैसे-पैट्रियोटिक व बिजू नृत्य, सिंग्फो, निसी को लोक कलाकारों ने प्रस्तुत किया। प्रदेश के कलाकारां द्वारा शंख वादन, डमरु वादन, बधावा, मयूर व ढेढ़िया तथा भातखण्डे संस्कृति विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने कथक नृत्य प्रस्तुत किया।
परेड में उत्तर प्रदेश होमगार्ड्स की थण्डरबोल्ट टीम (पुरुष एवं महिला मोटर साइकिल दल), यू0पी0 पुलिस की 112 पी0आर0वी0 टीम, यू0पी0 पुलिस घुड़सवार दल, उत्तर प्रदेश पुलिस का श्वान दल तथा फायर सर्विस के सुसज्जित वाहन एवं बलरामपुर हॉस्पिटल एम्बुलेन्स भी प्रदर्शित की गयीं।

 

January 25, 2026

मुरादाबाद के चिरंजी लाल को पद्मश्री, लगातार तीसरी बार मुरादाबाद को पद्मश्री

Chiranji laal yadav, Moradabad

पद्मश्री चिरंजी लाल यादव, मुरादाबाद

मुरादाबाद, 25 जनवरी 2026, (उप्र समाचार सेवा) दस्तकारी में अपने हुनर से लोहा मनवाने वाले हस्तशिल्पी चिरंजी लाल यादव को पद्मश्री पुरस्कार के लिए चुना गया है। भारत सरकार ने हस्तशिल्प में दस्तकार की नक्काशी को सराहते हुए अवार्ड देने का ऐलान किया है। मुरादाबाद को लगातार तीसरी बार पद्मश्री का खिताब मिला है।
गणतंत्र दिवस से एक दिन पहले पद्मश्री पुरस्कार की घोषणा से मुरादाबाद का नाम देश भर में चमका है। इस साल पद्मश्री पुरस्कार मुरादाबाद के चिरंजी लाल यादव को मिलेगा। शहर के गुरहट्टी क्षेत्र में कटरा पूरन जाट में रहने वाले 56 साल के चिरंजी लाल का आज भी नायाब नक्काशी में हुनर है। धातु उत्पादों पर नायाब नक्काशी उकेरने वाले चिरंजी लाल को अब तक अन्य कई अवार्ड मिल चुके हैं। शिल्प गुरु, तीन बार स्टेट अवार्ड और नेशनल अवार्ड मिल चुका है। इस बार उन्हें पद्मश्री पुरस्कार से नवाजा गया है।
इससे पहले मुरादाबाद में 2024 में दिलशाद हुसैन और 2025 बाबूराम यादव को पुरस्कार मिल चुका है।
पुरस्कार मिलने से खुश चिरंजी लाल को पद्मश्री मिलने की खबर से घर पर लोग बधाई देने पहुंचने लगे। इस मौके पर आर्टीजन एसोसिएशन के आजम अंसारी समेत अन्य लोगों ने चिरंजी लाल यादव को पुरस्कार मिलने पर बधाईयां दी।

« Newer PostsOlder Posts »