Top-Stories : : UP News | UP Web News | Page 2

Web News

www.upwebnews.com

गोवर्धन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने किए दानघाटी मंदिर दर्शन, लगाई 21 किमी परिक्रमा

March 21, 2026

गोवर्धन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने किए दानघाटी मंदिर दर्शन, लगाई 21 किमी परिक्रमा

अतुल कुमार जिंदल
मथुरा। द्रौपदी मुर्मु का शनिवार को मथुरा के तहसील गोवर्धन स्थित विश्व प्रसिद्ध श्री दानघाटी मंदिर में आगमन हुआ। मंदिर परिसर में उनका स्वागत आनंदीबेन पटेल, मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी, राज्यमंत्री संदीप सिंह, विधायक मेघश्याम सिंह सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों द्वारा किया गया।
राष्ट्रपति ने मंदिर में श्री राधा-कृष्ण के दर्शन कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की तथा गिरिराज जी महाराज पर दूध से अभिषेक किया। मंदिर परिसर में परिक्रमा करने के बाद उन्होंने पवित्र गोवर्धन पर्वत की परिक्रमा प्रारंभ की।
राष्ट्रपति मुर्मु ने राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के साथ लगभग 21 किलोमीटर लंबी गोवर्धन परिक्रमा पैदल एवं गोल्फ कार्ट के माध्यम से पूरी की। परिक्रमा मार्ग में स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने उनका जोरदार स्वागत किया, वहीं स्कूली बच्चों ने तिरंगा लहराकर अभिवादन किया।
परिक्रमा के दौरान विभिन्न स्थानों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें लोक कलाकारों ने ढोल-नगाड़ों के साथ प्रस्तुति दी। रमण रेती आश्रम में महंत हरिओम बाबा द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ राष्ट्रपति का स्वागत किया गया।
राष्ट्रपति ने आन्यौर गांव में पैदल परिक्रमा करते हुए स्थानीय लोगों का अभिवादन किया और बच्चों को चॉकलेट वितरित की। इसके अतिरिक्त उन्होंने मानसी गंगा में पूजा-अर्चना कर आरती की तथा मुकुट मुखारबिंद मंदिर के दर्शन भी किए।
विश्व वानिकी दिवस पर किया पौधारोपण
विश्व वानिकी दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति ने गोवर्धन परिक्रमा मार्ग स्थित गोरवा वन ब्लॉक में बरगद का पौधारोपण किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
परिक्रमा पूर्ण होने के बाद दानघाटी मंदिर में उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट किया गया। कार्यक्रम के उपरांत राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु हेलीकॉप्टर से दिल्ली के लिए रवाना हो गईं। इस दौरान सांसद हेमा मालिनी सहित कई जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

फरसा वाले बाबा’ की मौत से मथुरा में तनाव, हादसा या साजिश

—जांच के घेरे में पूरा मामला
मथुरा।
ब्रज क्षेत्र के विख्यात गौरक्षक संत चंद्रशेखर उर्फ “फरसा वाले बाबा” की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद शनिवार तड़के कोसी क्षेत्र में हालात तनावपूर्ण हो गए। घटना को लेकर प्रशासन जहां इसे घने कोहरे में हुआ सड़क हादसा बता रहा है, वहीं बाबा के समर्थक इसे सुनियोजित हत्या करार दे रहे हैं। इस विरोधाभास ने पूरे इलाके में आक्रोश और अशांति फैला दी है।
जिलाधिकारी सीपी सिंह के अनुसार 21/22 मार्च 2026 की सुबह करीब 4 बजे हरियाणा सीमा के पास थाना कोसी क्षेत्र में एक वाहन में गोवंश होने की सूचना पर बाबा अपने शिष्यों के साथ नागालैंड नंबर के कंटेनर को रोककर जांच कर रहे थे। जांच के दौरान कंटेनर में साबुन, फिनाइल और शैम्पू जैसे सामान पाए गए। इसी दौरान घने कोहरे के चलते पीछे से आ रहे राजस्थान नंबर के तार से भरे ट्रक ने टक्कर मार दी, जिससे बाबा की मौके पर ही मृत्यु हो गई। हादसे में ट्रक चालक घायल हुआ है और वाहन क्षतिग्रस्त हो गया।
वहीं प्रत्यक्षदर्शियों और बाबा के अनुयायियों का आरोप है कि बाबा गौ तस्करों का पीछा कर रहे थे और उन्हें जानबूझकर कुचलकर मार दिया गया। बताया जा रहा है कि कोटवन चौकी के नवीपुर क्षेत्र में हुई इस घटना के बाद एक युवक को मौके से पकड़ लिया गया, जबकि तीन अन्य लोग फरार हो गए।
घटना की सूचना फैलते ही क्षेत्र में शोक और आक्रोश की लहर दौड़ गई। बाबा के पार्थिव शरीर को कोसी से आँजनौख गौशाला ले जाया गया, जहां बड़ी संख्या में गौ रक्षक एकत्र हो गए। वहीं छाता क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग पर समर्थकों ने शव रखकर जाम लगा दिया। स्थिति उस समय और बिगड़ गई जब भीड़ ने पथराव और तोड़फोड़ शुरू कर दी, जिससे कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए और अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस ने हालात को काबू में करने के लिए लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़े। पथराव में कई लोग घायल हुए हैं। सूत्रों के मुताबिक आगरा मंडल के डीआईजी के मौके पर पहुंचने के बावजूद स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में नहीं आ सकी और उनके सामने भी पथराव हुआ, जिसके बाद पुलिस ने सख्ती बढ़ाते हुए भीड़ को तितर-बितर किया। इस दौरान भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत होता है, लेकिन सभी पहलुओं की गहन और निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि लोगों द्वारा लगाए गए आरोपों को गंभीरता से लिया जा रहा है।
इस पूरे घटनाक्रम पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि “अपराधी किसी हाल में बख्शे न जाएं” और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
फिलहाल क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और प्रशासन लोगों से शांति बनाए रखने की अपील कर रहा है। ब्रजभूमि में संत की मौत के बाद उपजे इस विवाद ने कानून-व्यवस्था के सामने बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है और अब पूरे मामले की जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

फरसा वाले बाबा की मौत पर एसएसी बोले: गो तस्करी की पुष्टि नहीं

Mathura जनपद मथुरा में चंद्रशेखर उर्फ “फरसा वाले बाबा” की सड़क दुर्घटना में हुई दुखद मृत्यु के मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री श्लोक कुमार ने विस्तृत जानकारी देते हुए स्थिति स्पष्ट की है।
एसएसपी के अनुसार, थाना कोसी क्षेत्र में दिनांक 21 मार्च 2026 की रात्रि लगभग 03:00 से 04:00 बजे के बीच बाबा द्वारा एक वाहन को संदिग्ध मानकर रोका गया था। उसी दौरान घना कोहरा होने के कारण पीछे से आ रहे एक अन्य ट्रक (राजस्थान नंबर) ने आकर बाबा को टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।
पुलिस जांच में सामने आया है कि जिस कंटेनर को बाबा ने रोका था, उसमें किराने का सामान भरा हुआ था। वहीं पीछे से टक्कर मारने वाले ट्रक में तार लदा हुआ था। ट्रक के चालक और परिचालक अलवर (राजस्थान) के निवासी बताए गए हैं। हादसे में ट्रक भी क्षतिग्रस्त हुआ है तथा चालक घायल हुआ है, जिसका उपचार जारी है।
मथुरा के एसएसपी श्लोक कुमार ने स्पष्ट किया कि इस प्रकरण में गोतस्करी से जुड़ी कोई भी पुष्टि नहीं हुई है। घटना के बाद कुछ लोगों द्वारा थाना छाता क्षेत्र में जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन किया गया और पथराव भी किया गया। पुलिस ने आवश्यक बल प्रयोग कर स्थिति को नियंत्रित करते हुए जाम खुलवाया।
फिलहाल मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और पूरे घटनाक्रम की गंभीरता से जांच जारी है।

मथुरा वबाल: डीएम बोले ट्रक में नहीं था गोवंश

Mathura News

Mathura Samachar

कोसी क्षेत्र में भीषण सड़क हादसा, *फरसा वाले बाबा* की मौके पर मौत, ट्रक चालक घायल
मथुरा। जनपद की हरियाणा सीमा स्थित थाना कोसी क्षेत्र में शनिवार की प्रातः लगभग चार बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें फरसा वाले बाबा की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
मथुरा जिलाधिकारी के अनुसार, वाहन में गोवंश होने की सूचना पर फरसा वाले बाबा अपने शिष्यों के साथ नागालैंड नंबर के एक कंटेनर को रोककर चेकिंग कर रहे थे। कंटेनर में साबुन, फिनाइल और शैम्पू आदि सामान भरा हुआ था। इसी दौरान घने कोहरे के कारण पीछे से आ रहे राजस्थान नंबर के तार से भरे ट्रक ने कंटेनर में टक्कर मार दी, जिससे यह हादसा हो गया।
दुर्घटना इतनी भीषण थी कि फरसा वाले बाबा की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं ट्रक चालक घायल हो गया तथा ट्रक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। भ्रामक सूचना फैलने के कारण स्थानीय लोगों द्वारा जाम लगाने और पथराव की घटना भी सामने आई। मौके पर पहुंची पुलिस द्वारा लोगों को समझाने का प्रयास किया जा रहा है तथा स्थिति को नियंत्रण में लिया जा रहा है।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि घटना के हर पहलू की गहन जांच की जाएगी। साथ ही लोगों द्वारा लगाए गए आरोपों की भी निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।

गोरक्षक चंद्रशेखर बाबा की दुर्घटना में मृत्यु से वबाल, पथराव

मथुरा ।जनपद में रविवार तड़के एक दर्दनाक हादसे में गौरक्षक चंद्रशेखर बाबा उर्फ “फरसा वाले बाबा” की ट्रक से कुचलकर मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया और देखते ही देखते हजारों की भीड़ दिल्ली-मथुरा हाईवे पर जमा हो गई, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
बताया जा रहा है कि बाबा अपने दो साथियों के साथ एक ट्रक का पीछा कर रहे थे, जिसमें गौवंश होने की आशंका जताई जा रही थी। बाबा ने ट्रक को ओवरटेक कर अपनी बाइक सामने खड़ी कर दी, लेकिन इसी दौरान पीछे से आए एक अन्य ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाबा की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की खबर फैलते ही आक्रोशित लोगों ने हाईवे जाम कर दिया और आरोपियों के एनकाउंटर की मांग करने लगे। पुलिस के मौके पर पहुंचने पर भीड़ उग्र हो गई और पुलिस पर पथराव कर दिया, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। उपद्रवियों ने 5 से 6 पुलिस वाहनों में तोड़फोड़ कर उनके शीशे तोड़ दिए।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़े। इस दौरान अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रदर्शनकारियों ने एडीएम प्रशासन की गाड़ी पर भी पथराव कर नुकसान पहुंचाया। झड़प में करीब आधा दर्जन लोग और पुलिसकर्मी घायल हुए हैं।
इस बीच, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं और कहा है कि दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
वहीं, डीआईजी शैलेश पांडे ने बताया कि बाबा ने शक के आधार पर एक ट्रक को रोका था, लेकिन घने कोहरे के चलते पीछे से आ रहे दूसरे ट्रक ने खड़े वाहन में टक्कर मार दी, जिससे हादसा हुआ। उन्होंने स्पष्ट किया कि ट्रकों में कोई गोवंश नहीं था। फिलहाल हालात नियंत्रण में हैं और उपद्रव करने वालों की पहचान कर कार्रवाई की जा रही है।

« Newer PostsOlder Posts »