News Highlights : : UP News | UP Web News | Page 21

Web News

www.upwebnews.com

रमणरेती में संत और श्रद्धालुओं ने जमकर खेली होली, अबीर गुलाल रंगों से सराबोर हुए श्रद्धालु लो

February 21, 2026

रमणरेती में संत और श्रद्धालुओं ने जमकर खेली होली, अबीर गुलाल रंगों से सराबोर हुए श्रद्धालु लो

Braj ki holiPosted on 21.02.2026 Time 09.29 PM, Saturday, Mathura Vrandavan, Holi, Atul Kumar Jindal
मथुरा।ब्रज की पावन धरती पर होली का रंग अब पूरी तरह चढ़ने लगा है शनिवार को गोकुल महावन के रमणरेती आश्रम में भव्य और पारंपरिक होली उत्सव का आयोजन बड़े ही धूमधाम और श्रद्धा के साथ आयोजित किया गया। गुरुशरणानन्द संत-महात्माओं और श्रद्धालुओं ने मिलकर ऐसी होली खेली कि पूरा वातावरण रंग, भक्ति और उल्लास से सराबोर हो उठा। कार्ष्णि आश्रम के संत गुरुशरणानंद महाराज के सानिध्य में आयोजित इस विशेष उत्सव में देश-विदेश से हजारों भक्त कान्हा की नगरी पहुंचे। जैसे ही संतों की टोली ने होली की शुरुआत की, वैसे ही अबीर-गुलाल और टेसू के रंगों की बारिश शुरू हो गई। आसमान तक रंगों से सतरंगी नजर आने लगा और हर ओर “राधे-राधे” और “होली है” के जयकारे गूंजने लगे। बताया जा रहा है कि इस आयोजन के लिए खास तौर पर दस हजार लीटर टेसू का रंग तैयार किया गया था। इसके अलावा छह क्विंटल अबीर-गुलाल, दो किलो चंदन और करीब सौ ग्राम केसर का भी उपयोग किया गया, जिससे पूरा परिसर सुगंधित और रंगीन हो उठा। रमणरेती आश्रम का यह वार्षिकोत्सव हर साल भव्य रूप में मनाया जाता है और संतों की टोली द्वारा खेली जाने वाली होली इस आयोजन का मुख्य आकर्षण होती है। श्रद्धालु संतों के साथ झूमते, नाचते और भक्ति में लीन होकर होली का आनंद लेते नजर आए। इस दौरान फूलों की वर्षा की गई और रमणरेती की पवित्र रज के साथ भक्तों ने होली खेलकर खुद को धन्य माना। कार्यक्रम में श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं का मंचन भी किया गया, जिसे देखकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। साथ ही होली के पारंपरिक रसिया गीतों ने पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया। ढोल, मंजीरे और झांझ की धुनों पर श्रद्धालु झूमते रहे और उत्सव देर तक चलता रहा। कुल मिलाकर गोकुल की रमणरेती में आज खेली गई यह अनोखी और दिव्य होली ब्रज की सदियों पुरानी परंपरा की झलक दिखाती है। रंग, भक्ति और उल्लास से भरे इस आयोजन के साथ ही ब्रज में होली महोत्सव का विधिवत आगाज़ हो चुका है, और आने वाले दिनों में पूरे ब्रज क्षेत्र में इसी तरह रंग और श्रद्धा की छटा देखने को मिलेगी।
*जिलाधिकारी चंद्रप्रकाश सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार पहुंचे रमणरेती* 
डीएम और एसएसपी ने भी रमणरेती पहुंच कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और श्रद्धालुओं के साथ होली खेली। उन्होंने सभी ब्रजवासी और श्रद्धालुओं को होली बधाई दी और कहा कि हम सब सौभाग्यशाली हैं कि यमुना तट के किनारे गोकुल में स्थित महान संत गुरुशरनानंद के आश्रम में होली का त्योहार मनाया जा रहा है माना जाता है कि आज के दिन से ब्रज में रंगोत्सव होली का त्योहार शुरू हो जाता है आज देश विदेश के हजारों श्रृद्धालुओं ने होली खेली है सभी होली के रंग में एक समान दिखाई दे रहे हैं यही हमारी संस्कृति की पहचान है अनेकता में एकता। प्रभु से कामना है कि सभी स्वस्थ रहें प्रसन्न रहें सभी को होली की ढेर सारी शुभकामनाएं।

UP Breaking News: स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद पर FIR के आदेश

 

Posted on :21.02.2026 Time: 08.13 PM, Saturday, Prayagraj, Allahabad, Pocso Court, Police Station Jhunsi

  • झूंसी थाने में होगी यौन उत्पीड़न की एफआईआर
  • आशुतोष ब्रह्मचारी की शिकायत पर फंसे स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद 

प्रयागराज 21 फरवरी 2026 (यूपी समाचार सेवा)। जनपद की पॉक्सो अदालत ने स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद और उनके सहयोगी डंडी स्वामी और शिष्य मुकुंदानंद व अन्य के खिलाफ नाबालिग बटुकों के साथ यौन शोषण के आरोप में मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए हैं। मामला माघ मेला में स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद और जिला प्रशासन के मध्य हुए विवाद के बाद उनपर लगे आरोपों से चर्चा में आया।

पॉक्सो अदालत के न्यायाधीश विनोद कुमार चौरसिया ने मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना झूंसी पुलिस को एफआईआर दर्ज करने के आदेश दिए हैं। इस मामले में शाकंभरी पीठाधीश्वर आशुतोष ब्रह्मचारी ने न्यायालय में स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के खिलाफ शिकायत की थी। इसमें आरोप लगाया था कि माघ मेला के दौरान कुछ नाबालिग बच्चों के साथ यौन उत्पीड़न की घटनाएं हुईं। ये घटनाएं स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के शिविर में हुईं। कथित रूप से इन घटनाओं में अविमुक्तेश्वरानंद और उनके शिष्य मुकुंदानंद की संलिप्तता बताई गई।

शिकायत गंभीर प्रकृति की होने और स्वयं को शंकराचार्य घोषित किए हुए स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद से जुड़ा होने के कारण जज ने स्वयं मामले में बच्चों के ऑन कैमरा अकेले में बयान दर्ज किए। साथ ही पुलिस कमिश्नर को भी गोपनीय जांच को कहा गया। पुलिस की ओर से पुलिस उप महानिरीक्षक ने जांच की और रिपोर्ट न्यायालय को सौंप दी।

पुलिस की रिपोर्ट और स्वयं लिए बयानों के बाद आरोपों को गंभीर मानते हुए पॉक्सो अदालत ने यौन उत्पीड़न की रिपोर्ट Sexual harrasment की FIR दर्ज करने के आदेश झूंसी पुलिस को दे दिए।

February 20, 2026

संत प्रेमानंद से मिलने वृंदावन पहुंचे विराट कोहली – अनुष्का शर्मा

मथुरा । विराट कोहली और अनुष्का शर्मा मंगलवार को वृंदावन पहुंचे, जहाँ उन्होंने आध्यात्मिक गुरु प्रेमानंद  महाराज से मुलाकात की और उनका आशीर्वाद लिया। यह मुलाकात आश्रम श्री हित राधा केली कुंज (वराह घाट) में हुई।
विराट और अनुष्का पूरे भक्तिभाव के साथ प्रेमा नन्द महाराज  के एकांतिक वार्तालाप में शामिल हुए। इस दौरान दोनों के गले में तुलसी की माला देखी गई। महाराज जी ने उन्हें विनम्र बने रहने और अपने कार्य को ईश्वर की सेवा के रूप में देखने का उपदेश दिया, अनुष्का ने महाराज जी से अपने बच्चों, अकाय और वामिका के लिए भी आशीर्वाद मांगा।
यह साल 2026 की उनकी हालिया यात्रा है, जबकि इससे पहले भी वे 2025 में जनवरी, मई और दिसंबर के दौरान कई बार महाराज जी के दर्शन कर चुके हैं।विराट और अनुष्का अपनी व्यस्त जीवनशैली और हाल के क्रिकेट दौरों (जैसे टी20 वर्ल्ड कप 2026 के बीच का समय) के बाद आध्यात्मिक शांति के लिए वृंदावन आते रहते हैं।

February 16, 2026

हिस्ट्रीशीटर ने डॉक्टर से मांगी 15 लाख की रंगदारी, पैसे ना देने पर सपरिवार जान से मारने की दी धमकी

गोरखपुर, 16 फरवरी 2026, गोरखपुर में एक बार फिर रंगदारी का सिलसिला शुरू हुआ है । एक दशक बाद रंगदारी मांगने की घटना पुलिस के लिए चुनौती है । जिले में एक अस्पताल के संचालक डा. पंकज कुमार दीक्षित को फोन करके एक हिस्ट्रीशीटर ने 15 लाख रुपये की रंगदारी मांगी है । हिस्ट्रीशीटर पिछले कई दिनों से लगातार डॉ पंकज को उनके मोबाइल पर कॉल करके सपरिवार जान से मारने की धमकी देते हुए 15 लाख रुपए की रंगदारी मांग रहा है । फोन पर रंगदारी मांगने वाले ने डॉक्टर को अपने आपको हिस्ट्रीशीटर राहुल शर्मा बताया है। हिस्ट्रीशीटर की धमकी से डॉक्टर पंकज और उनका परिवार बहुत ही ज्यादा डरा हुआ है ।
डाक्टर पंकज कुमार दीक्षित आज दोपहर एसएसपी डा. कौश्तुभ से मिलकर उनको प्रार्थना पत्र देकर धमकी देने वाले पर जल्द से जल्द कार्रवाई करने और परिवार काे सुरक्षा देने की मांग की है । क्राइम ब्रांच व शाहपुर थाना पुलिस हिस्ट्रीशीटर की तलाश में छापेमारी कर रही है ।

शाहपुर के जंगल सालिकराम, शिवपुर सहबाजगंज में रहने वाले डा. पंकज कुमार दीक्षित ने एसएसपी को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि 12 फरवरी की रात 10:46 बजे उनके मोबाइल पर एक काल आया। कॉल करने वाले ने अपना नाम राहुल शर्मा बताते हुए 15 लाख रुपये की मांग कर दी।

February 14, 2026

पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान को संगठन सशक्तिकरण का ऐतिहासिक कदम

लखनऊ में पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महा अभियान का शुभारंभ करते ओमप्रकाश धनखड़ और प्रदेश महामंत्री धर्मपाल सिंह

लखनऊ 14 फरवरी 2026। भारतीय जनता पार्टी द्वारा उत्तर प्रदेश में शुरू किए जा रहे पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान की प्रदेश कार्यशाला शनिवार को बाबू बनारसी दास विश्वविद्यालय, लखनऊ स्थित सभागार में सम्पन्न हुई। कार्यशाला में पार्टी के राष्ट्रीय मंत्री एवं प्रशिक्षण अभियान के राष्ट्रीय सहसंयोजक श्री ओमप्रकाश धनखड़, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं केन्द्रीय वित्त राज्यमंत्री श्री पंकज चौधरी, प्रदेश महामंत्री (संगठन) श्री धर्मपाल सिंह, प्रशिक्षण महाभियान के उत्तर पूर्व क्षेत्र (उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, बिहार) के क्षेत्रीय प्रभारी, पार्टी के प्रदेश महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद श्री अमर पाल मौर्य, उत्तराखंड के पूर्व महामंत्री श्री राजू भंडारी ने उपस्थित प्रतिनिधियों का प्रशिक्षण महाभियान को लेकर विस्तारपूर्वक मार्गदर्शन किया। कार्यशाला का संचालन पार्टी के प्रदेश महामंत्री एवं प्रशिक्षण अभियान के प्रदेश संयोजक श्री अनूप गुप्ता ने किया। पार्टी ने तय किया है कि बूथ स्तर तक प्रशिक्षण वर्ग आयोजित किए जायेंगे।
पार्टी के राष्ट्रीय मंत्री एंव प्रशिक्षण महाभियान के राष्ट्रीय संयोजक श्री ओम प्रकाश धनखड़ ने कहा कि प्रशिक्षण तरासने की प्रक्रिया है। जो सीखता है वह बढ़ता है, जो सीखना बंद कर देता है वो बढ़ना भी बंद कर देता है। उन्होंने कहा कि व्यक्ति निर्माण से ही संगठन का निर्माण होता है। श्री धनखड़ ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान को संगठन सशक्तिकरण का ऐतिहासिक कदम बताते हुए कहा कि यह अभियान कार्यकर्ताओं को विचार, व्यवहार और नेतृत्व तीनों स्तरों पर समृद्ध करेगा। उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का अंत्योदय और एकात्म मानववाद का दर्शन ही भाजपा की कार्यसंस्कृति की आधारशिला है।
उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण केवल जानकारी देने का माध्यम नहीं, बल्कि कार्यकर्ता के व्यक्तित्व निर्माण की प्रक्रिया है। इससे संगठन की कार्यपद्धति में एकरूपता आएगी और सेवा, समर्पण तथा राष्ट्रहित की भावना और अधिक प्रखर होगी। उन्होंने विश्वास जताया कि यह महाअभियान भाजपा को बूथ स्तर तक और अधिक संगठित, सक्रिय और प्रभावी बनाएगा।
पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं केन्द्रीय वित्त राज्यमंत्री श्री पंकज चौधरी ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के संदर्भ में कहा कि यह अभियान कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से सशक्त, अनुशासित और सेवा भाव से ओत-प्रोत बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय द्वारा प्रतिपादित ‘एकात्म मानववाद’ की विचारधारा आज भी भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत है।
श्री चौधरी ने कहा कि प्रशिक्षण महाअभियान के माध्यम से बूथ स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक कार्यकर्ताओं को संगठन की कार्यपद्धति, सरकार की नीतियों और जनसेवा के मूल मंत्र से जोड़ा जा रहा है। यह अभियान केवल प्रशिक्षण कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण के संकल्प को सुदृढ़ करने का महायज्ञ है।
उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्र प्रथम की भावना से कार्य करता है और प्रशिक्षण से उसकी क्षमता, दक्षता और वैचारिक स्पष्टता में वृद्धि होती है। यह महाअभियान संगठन की मजबूती, विस्तार और अंत्योदय के लक्ष्य की प्राप्ति में मील का पत्थर सिद्ध होगा।
उन्होंने कहा कि यह प्रशिक्षण केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि भाजपा की आत्मा, उसकी वैचारिक प्रतिबद्धता और उसके कार्यकर्ता निर्माण की निरंतर चलने वाली साधना का अभिन्न अंग है।
श्री चौधरी ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जीवन हमें एक देश एक विधान के मंत्र को सिखाता है, वहीं पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी का एकात्म मानववाद हमें सिखाता है कि राजनीति का केंद्र सत्ता नहीं, बल्कि अंतिम पंक्ति में खड़ा व्यक्ति है। इसलिए यह प्रशिक्षण कार्यकर्ताओं में समाज के प्रति संवेदनशीलता और दायित्व बोध जागृत करने का भी सशक्त माध्यम है,और वो भी सेवा, समर्पण और समरसता के भाव के साथ।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष श्री पंकज चौधरी ने कहा कि यह प्रशिक्षण महाभियान कार्यकर्ता को यह स्मरण कराता है कि संगठन व्यक्ति से बड़ा है, और राष्ट्र सर्वाेपरि है। प्रशिक्षण प्राप्त कार्यकर्ता केवल चुनावी योद्धा नहीं, बल्कि समाज का पथ प्रदर्शक बनता है। माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी कहते है कि हम राजनीतिक क्षेत्र में संगठन आधारित राजनीतिक दल हैं। हमारा संगठन कार्यकर्ता आधारित है एवं हमारा कार्यकर्ता विचारधारा आधारित है। श्री चौधरी ने पार्टी कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि इस प्रशिक्षण वर्ग को पूर्ण निष्ठा, अनुशासन और आत्मचिंतन के साथ आत्मसात करें तथा स्व. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं श्रद्धेय श्री अटल बिहारी वाजपेयी जी के विचारों को अपने आचरण में उतारते हुए संगठन और राष्ट्र सेवा के पथ पर और अधिक दृढ़ता से आगे बढ़ें।
पार्टी के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान को संगठनात्मक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि यह अभियान कार्यकर्ताओं में वैचारिक स्पष्टता, अनुशासन और कार्यकुशलता को नई दिशा देगा। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर तक सक्रिय और प्रशिक्षित कार्यकर्ता ही संगठन की वास्तविक शक्ति होते हैं। यह महाअभियान कार्यकर्ताओं को पार्टी की रीति-नीति, सेवा कार्यों और जनसंपर्क अभियान से जोड़ते हुए उन्हें अधिक प्रभावी बनाएगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस व्यापक प्रशिक्षण से संगठन और अधिक सुदृढ़ होगा तथा राष्ट्र निर्माण के संकल्प को नई ऊर्जा मिलेगी। यह अभियान केवल कार्यक्रमों की श्रृंखला नहीं, बल्कि कार्यकर्ता निर्माण की सतत प्रक्रिया है।
उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों पर आधारित यह प्रशिक्षण कार्यकर्ताओं को राष्ट्रहित, सामाजिक समरसता और सेवा भाव की दिशा में और अधिक सजग बनाता है। संगठन का प्रत्येक कार्यकर्ता जब विचार से दृढ़ और व्यवहार से विनम्र होगा, तभी भाजपा की शक्ति समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचेगी।
प्रदेश महामंत्री (संगठन) ने विश्वास व्यक्त किया कि यह महाअभियान संगठनात्मक एकजुटता को और मजबूत करेगा तथा आगामी दायित्वों के निर्वहन में कार्यकर्ताओं को नई ऊर्जा और स्पष्टता प्रदान करेगा।
पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान के अन्तर्गत प्रदेश स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग तीन दिन का होगा। जबकि जिला स्तर पर दो दिन व मंडल स्तर चौबीस घंटे का प्रशिक्षण वर्ग आयोजित किया जाएगा जबकि बूथ स्तर पर दो सत्रों में वर्ग आयोजित किए जायेंगे।
प्रशिक्षण महाभियान के उत्तर पूर्व क्षेत्र (उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, बिहार) के क्षेत्रीय प्रभारी, पार्टी के प्रदेश महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद श्री अमर पाल मौर्य ने पीपीटी के माध्यम से पूरे प्रशिक्षण अभियान के संदर्भ में विस्तारपूर्वक चर्चा करते हुए अभियान की रूपरेखा साझा की। उत्तराखंड के पूर्व महामंत्री श्री राजू भंडारी ने भी प्रशिक्षण महाभियान के संदर्भ में कार्यशाला को संबोधित किया।
पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान के लिए पार्टी के प्रदेश महामंत्री एवं सदस्य विधान परिषद श्री अनूप गुप्ता को प्रदेश संयोजक बनाया गया है। जबकि प्रदेश उपाध्यक्ष श्री बृज बहादुर, श्री त्रयम्बक त्रिपाठी, पूर्व केन्द्रीय मंत्री श्री रामशंकर कठेरिया, पूर्व सांसद राजेन्द्र अग्रवाल, विभाग/प्रकोष्ठ के संयोजक श्री ओमप्रकाश श्रीवास्तव, पार्टी के प्रदेश मंत्री श्रीमती मीना चौबे और सोशल मीडिया प्रदेश संयोजक श्री अंकित सिंह चन्देल को सहसंयोजक बनाया गया है।
कार्यशाला में पार्टी के प्रदेश पदाधिकारी, क्षेत्रीय अध्यक्ष, जिला प्रभारी, जिलाध्यक्ष, मोर्चो के प्रदेश अध्यक्ष/महामंत्री, प्रदेश मीडिया प्रभारी, सोशल मीडिया व आईटी के प्रदेश संयोजक, प्रशिक्षण महाभियान की प्रदेश, क्षेत्र और जिला टोली के सदस्य सम्मिलित हुए।

« Newer PostsOlder Posts »