ब्लॉक प्रमुख ने कार्यक्रम का शुभारंभ कर स्टालों का किया अवलोकन
आज उत्तर प्रदेश भयमुक्त, निवेश अनुकूल और तेजी से विकसित होने वाला राज्य : जमुना देवी
चौमुहां । उत्तर प्रदेश सरकार के “नव निर्माण के नौ वर्ष” के पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चौमुहां विकास खंड के सभागार में प्रदर्शनी एवं मेले का भव्य आयोजन किया गया। ब्लॉक प्रमुख जमुना देवी प्रमुख प्रतिनिधि पंडित राजराम शर्मा ने फीता काटकर प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई स्टॉलों व प्रदर्शनियों का अवलोकन किया तथा बारी-बारी से उनके उत्पादों/ योजनाओं / उपलब्धियों आदि की जानकारी ली। कार्यक्रम में बाल विकास विभाग, ग्राम विकास विभाग, पंचायती राज विभाग, पूर्ति विभाग, शिक्षा विभाग, समाज कल्याण, पशु चिकित्सा विभाग , स्वास्थ्य विभाग समेत अन्य विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए ।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख जमुना देवी ने कहा कि उत्तर प्रदेश देश के विकास को नई दिशा दे रहा है। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में पिछले 9 वर्षों में उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था, निवेश, बुनियादी ढांचे, कृषि, रोजगार, सामाजिक सुरक्षा, महिला सशक्तिकरण और तकनीक आधारित सुशासन के क्षेत्र में व्यापक परिवर्तन हुआ है। उत्तर प्रदेश आज भयमुक्त, निवेश अनुकूल और तेजी से विकसित होने वाला राज्य बन चुका है। ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि पंडित राजराम शर्मा ने कहा कि हमारी सरकार में बेटियों के सम्मान के लिए बेटी पढ़ाओं, बेटी बचाओं योजनान्तर्गत बेटियों के जन्म से लेकर उनकी पढ़ाई तक का पैसा दिया जा रहा है। प्रदेश में गरीब, निर्धन, असहाय परिवारों की बेटियों के लिए सामुहिक विवाह योजना अन्तर्गत 01 लाख रूपये की सहायता प्रदान की जा रही है। महिला सुरक्षा और सम्मान के दृष्टिगत मिशन शक्ति, महिला हेल्पलाइन, एंटी रोमियो स्क्वायड और महिला बीट पुलिसिंग के माध्यम से महिला सुरक्षा को मजबूत किया गया है
बाल विकास परियोजना अधिकारी सुमन ने कहा कि प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार आज सरकार के नव निर्माण के नौ वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 09 वर्षो के दौरान उपलब्धियों पर प्रकाश डाला गया है। प्रदेश सरकार के नौ वर्ष पूर्ण होने पर आज प्रदर्शनी एवं मेला का आयोजन कर उत्सव के रूप में मनाया जा रहा है। बाल विकास विभाग द्वारा ब्लॉक सभागार में प्रदर्शनी लगाई गई ,लाभार्थियों की योजना की जानकारी दी गई साथ ही कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख जमुना देवी के हाथों से गर्भवती महिलाओं की गोदभराई कराई गई ।
कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख जमुना देवी ने वृद्धा, दिव्यांग , विधवा पेंशन धारकों, प्रधानमंत्री सम्मान निधि प्राप्त कर्ताओं , स्वयं सहायता समूह की महिलाओं , आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं , स्कूल के छात्र-छात्राओं सहित उत्कृष्ट कार्य करने वाले विभागों के कर्मचारियों को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया । ब्लॉक प्रमुख ने प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को उनके आवास की चाबी सौपी ।
कार्यक्रम में एडीओ आइएसबी राकेश कर्दम ,एडीओ समाज कल्याण शिवनेश पचौरी , एडीओ कृषि विभाग , सचिव सगीर अहमद , राजेश , रिंकू सिंह , पूर्व मंडल अध्यक्ष डॉक्टर राजवीर सिंह, पंडित रामकिशन शर्मा, ठाकुर सत्यपाल सिंह,पुरुषोत्तम शर्मा, दीपक कुमार, स्वास्थ्य विभाग, पशु चिकित्सा विभाग, नलकूप विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।