Postted on 27.03.2026, Time 07.32 PM, Mainpuri, UP Samachar Sewa Daya Shankar Tiwari
मैनपुरी 27 मार्च 2026 – प्रदेश सरकार के नव निर्माण के 09 वर्ष के अंतर्गत एक दिवसीय निःशुल्क वृहद रोजगार मेले का राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), करहल रोड में पूर्व मंत्री, विधायक भोगांव रामनरेश अग्निहोत्री ने फीता काटकर शुभारंभ करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है, प्रदेश सरकार मिशन रोजगार के तहत शिक्षित युवाओं को बिना किसी भेदभाव के उनकी योग्यता के आधार पर सरकारी विभागों में बड़े स्तर पर सरकारी नौकरी उपलब्ध कराने का कार्य कर रही है इसके अतिरिक्त अंतरराष्ट्रीय राष्ट्रीय कंपनियों में भी प्रत्येक जनपद में रोजगार मेले लगाकर युवाओं को नौकरियां प्रदान की जा रही हैं, विभिन्न लाभार्थीपरख योजनाओं में स्वतः रोजगार स्थापित करने के लिए भी बैंकों से सस्ती ब्याज पर ऋण उपलब्ध कराकर युवाओं को स्वावलंबी बनाने की दिशा में तेजी से कार्य हो रहा है। शासन के निर्देशों के क्रम में समय-समय पर रोजगार मेलों का आयोजन किया जा रहा है, जिससे अधिकाधिक युवाओं को रोजगार के अवसर प्राप्त हो सकें। उन्होंने कहा कि इन रोजगार मेलों के माध्यम से न केवल सरकारी क्षेत्र बल्कि निजी क्षेत्र में भी बड़ी संख्या में युवाओं को सेवायोजित होने का अवसर मिल रहा है। सरकार की प्राथमिकता है कि हर हाथ को काम मिले और कोई भी युवा बेरोजगार न रहे।
उन्होंने चयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जिस भी संस्था या कंपनी में उनका चयन हो रहा है, वहां वे पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी एवं धैर्य के साथ कार्य करें तथा अपने कार्य से संस्था का विश्वास अर्जित करें। उन्होंने युवाओं को अपने कौशल का निरंतर विकास करने की भी सलाह दी, जिससे वे भविष्य में और बेहतर अवसर प्राप्त कर सकें।
जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने कहा कि यह रोजगार मेला जनपद के युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर है, जहां एक ही स्थान पर 50 से अधिक प्रतिष्ठित नियोजक उपस्थित होकर रोजगार प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में निजी क्षेत्र में रोजगार की अपार संभावनाएं हैं और युवाओं को चाहिए कि वे इन अवसरों का पूरा लाभ उठाएं। उन्होंने यह भी कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से युवाओं को सीधे कंपनियों से जुड़ने का अवसर मिलता है, जिससे रोजगार प्राप्त करना सरल होता है।
मुख्य विकास अधिकारी नेहा बंधु ने अपने संबोधन में कहा कि रोजगार सृजन की दिशा में इस प्रकार के रोजगार मेले अत्यंत सार्थक पहल हैं। उन्होंने कहा कि आज के समय में केवल शैक्षिक योग्यता ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि युवाओं को अपने कौशल (स्किल) को भी विकसित करना आवश्यक है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपने कौशल के अनुरूप उपलब्ध रोजगार के अवसरों को पहचानें और उनका लाभ उठाएं, जिससे वे आत्मनिर्भर बन सकें।
वृहद रोजगार मेले में 50 से अधिक प्रतिष्ठित नियोजकों द्वारा प्रतिभाग किया गया, जिनमें विभिन्न क्षेत्रों की कंपनियां शामिल रहीं, कंपनियों द्वारा हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक, आईटीआई एवं डिप्लोमा धारक बेरोजगार अभ्यर्थियों का चयन विभिन्न पदों के लिए किया गया। चयनित अभ्यर्थियों को ₹8,000 से ₹35,000 प्रतिमाह के वेतनमान पर रोजगार प्रदान किया गया तथा उन्हें मौके पर ही ऑफर लेटर/नियुक्ति पत्र भी वितरित किए गए। मेले में 3,500 से अधिक बेरोजगार अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया, जिनमें से 1,465 अभ्यर्थियों का अंतिम रूप से चयन/शॉर्टलिस्ट किया गया।
इस अवसर पर सहायक निदेशक (सेवायोजन), आगरा मण्डल, आगरा, चन्द्रचूड़ द्विवेदी, जिला सेवायोजन अधिकारी इटावा विकास मिश्रा, जिला सेवायोजन अधिकारी आगरा सौरभ, प्रधानाचार्य राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान रवि भूषण सहित, रवीश मिश्रा, हृदेश कुमार सक्सेना, बृजेश कुमार सिंह, साहिल कुमार, कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ प्रवक्ता कुं.आर.सी महिला महाविद्यालय डॉ. अलका ने किया ।

