Lucknow : : UP News | UP Web News | Page 29

Web News

www.upwebnews.com

आवंटित बजट का समय से प्रयोग करेः मुख्यमंत्री

January 2, 2026

आवंटित बजट का समय से प्रयोग करेः मुख्यमंत्री


लखनऊ : 02 जनवरी, 2026 मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज यहाँ अपने सरकारी आवास पर आहूत एक उच्चस्तरीय बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-26 में शासन द्वारा विभिन्न विभागों को जारी बजट के व्यय के विषय में वित्त विभाग की समीक्षा की। बैठक में वर्तमान वित्तीय वर्ष में विभागों के बजट प्राविधान के सापेक्ष शासन द्वारा जारी स्वीकृतियों, विभागाध्यक्ष द्वारा आवंटन, व्यय आदि की अद्यावधिक प्रगति पर अधिक बजट प्राविधान वाले प्रमुख 20 विभागों का प्रस्तुतिकरण किया गया।
मुख्यमंत्री ने सभी प्रमुख विभागों के उच्चाधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि सभी विभाग आवंटित बजट का समय से प्रयोग करें, ताकि परियोजनाएं और योजनाएं समय से पूर्ण हो सकें तथा प्रदेशवासी इन योजनाओं लाभ उठा सकें। बजट को समय से खर्च करने के लिए अधिकारी निर्णय लेने का सामर्थ्य विकसित करें। जिन विभागों में बजट व्यय की प्रगति धीमी है, उनमें इस कार्य में तेजी लाने के लिए विभागीय मंत्री और अधिकारी आपस में समन्वय बनाकर प्रत्येक माह बैठक करें। बजट को समय से खर्च करने के लिए प्रत्येक स्तर पर अधिकारियों की जिम्मेदारी और जवाबदेही तय की जाए। इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए सभी विभागों के अधिकारी त्वरित निर्णय लें। निर्णय लेने में देरी करने से बजट समय से व्यय नहीं हो पाता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन विभागों को विभिन्न योजनाओं के लिए केन्द्र सरकार से बजट जारी किया जाता है, सम्बन्धित विभाग के मंत्री, अपर मुख्य सचिव और प्रमुख सचिव दिल्ली जाकर केन्द्र सरकार से बजट जारी करने के लिए पैरवी करें। इसके साथ ही, केन्द्र सरकार को पत्र लिखें और फोन से फॉलोअप करते रहें। इस सम्बन्ध में मुख्य सचिव भी इनीशिएटिव लें। जिन विभागों के बजट व्यय की प्रगति धीमी है, उनको चिन्हित करते हुए विभागीय मंत्रियों को मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से पत्र जारी किया जाए।
मुख्यमंत्री  ने वित्त विभाग को निर्देशित करते हुए कहा कि जिन विभागों के आवंटित बजट के कुछ अंश को किन्ही कारणों से अभी तक जारी नहीं किया गया है, उन विभागों को तत्काल बजट आवंटित किया जाए। आगामी वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट को लेकर सभी विभागों के साथ बैठक कर अभी से बजट मांग की समीक्षा करें। आगामी बजट को विभागों को आवंटित करने से पहले उनके पिछले पांच वर्षों के खर्च की समीक्षा की जाए। वित्त विभाग नई कार्ययोजना को लेकर अभी से तैयारी शुरू करे। आगामी बजट आवंटन को लेकर केन्द्र सरकार से बेहतर समन्वय बनाएं, ताकि समय से बजट मिल सके।

January 1, 2026

उत्तर प्रदेश दिवस का मुख्य आयोजन राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर किया जाए : मुख्यमंत्री

लखनऊ : 01 जनवरी, 2026

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने आज यहाँ अपने सरकारी आवास पर उत्तर प्रदेश दिवस (24 से 26 जनवरी, 2026) के आयोजन की तैयारियों के सम्बन्ध में बैठक की। उन्होंने निर्देश दिए कि उत्तर प्रदेश दिवस का मुख्य आयोजन इस वर्ष लखनऊ स्थित राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर किया जाए। जनपद गौतमबुद्धनगर स्थित नोएडा शिल्पग्राम सहित इसका आयोजन सभी जनपदों, देश के अन्य राज्यों व उन देशों में भी भव्य रूप से किया जाए, जहाँ बड़ी संख्या में उत्तर प्रदेश के निवासी रहते हैं। साथ ही, इन आयोजनों में सरदार वल्लभभाई पटेल, पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी वाजपेयी, धरती आबा भगवान बिरसा मुण्डा, वन्दे मातरम् तथा आनन्द मठ से जुड़ी नाट्य प्रस्तुतियों समेत अन्य कार्यक्रम किए जाएँ।
मुख्यमंत्री जी ने 12 जनवरी को राष्ट्रीय युवा दिवस, 23 जनवरी को नेताजी सुभाष चन्द्र बोस जयन्ती, 24 जनवरी को उत्तर प्रदेश दिवस, 25 जनवरी को राष्ट्रीय पर्यटन दिवस/मतदाता जागरूकता दिवस व 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस समारोह को भव्यता से मनाने के निर्देश दिए। सिविल डिफेंस की ओर से हर जनपद में 23 जनवरी को नेताजी सुभाष चन्द्र बोस की जयन्ती पर मॉकड्रिल का आयोजन किया जाना चाहिए।
मुख्यमंत्री जी ने उत्तर प्रदेश दिवस के सम्बन्ध में आवश्यक निर्देश देते हुए कहा कि इस अवसर पर विकास खण्ड, वॉर्ड व जनपद स्तर पर गायन, वादन, नृत्य तथा नाट्य प्रतियोगिताएँ आयोजित करायी जाएँ। इनमें प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वाले कलाकारों को मण्डल स्तर पर प्रस्तुति का मौका दिया जाए। मण्डल स्तर पर प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वाले उत्कृष्ट कलाकारों को लखनऊ में होने वाले मुख्य समारोह में प्रस्तुति का अवसर दें और उन्हें पुरस्कृत भी किया जाए।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश गौरव सम्मान, ओ0डी0ओ0पी0, विश्वकर्मा श्रम सम्मान, माटी कला बोर्ड में उत्कृष्ट कार्य करने वाले उद्यमियों, खेलकूद प्रतियोगिताओं के विजेताओं, उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं, चिकित्सकों, प्रगतिशील किसानों व वैज्ञानिकों को सम्मानित किया जाए। जनपदों में होने वाले कार्यक्रम में स्थानीय कलाकारों, कवियों आदि को अवसर दिया जाए। इन प्रतिभाओं को मंच देने से वह प्रोत्साहित होंगे। हर जनपद में मंत्रिगण, निगम/बोर्ड के चेयरमैन, जनप्रतिनिधियों आदि को आमंत्रित किया जाए।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि सभी विभागों के समन्वय के साथ ही, भातखण्डे संस्कृति विश्वविद्यालय, संगीत नाटक अकादमी, ललित कला अकादमी जैसे संस्थानों को उत्तर प्रदेश दिवस के आयोजन से जोड़ा जाए। इससे यह आयोजन बहुत भव्य और रोचक होगा। उन्होंने कलाकारों द्वारा पुराने वाद्ययंत्रों के प्रयोग पर भी जोर दिया।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि दिल्ली, महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में बड़ी संख्या में उत्तर प्रदेश के प्रवासी नागरिक रहते हैं। इन राज्यों में भी उत्तर प्रदेश दिवस पर भव्य आयोजन कराया जाए। इसमें वहाँ के राज्यपाल, मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री, केन्द्रीय मंत्री व उत्तर प्रदेश से जुड़े लोगों को अतिथि के रूप में आमंत्रित किया जाए। अन्य राज्यों में रहने वाले उत्तर प्रदेश के जिन लोगों ने उद्यमिता, व्यापार, इनोवेशन, शिक्षा, कला, विज्ञान, प्रशासन सहित अन्य क्षेत्रों में अच्छा कार्य किया है, ऐसे तीन से पाँच लोगों को सम्मानित भी किया जाए।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि ओ0डी0ओ0पी0 उत्तर प्रदेश की पहचान है। उत्तर प्रदेश दिवस के आयोजन पर प्रदेश के सभी जी0आई0 टैग उत्पादों तथा ‘एक जनपद, एक उत्पाद’ की शो-केसिंग भी की जाए। साथ ही, विभागों की उपलब्धियों व योजनाओं की जानकारी भी प्रदर्शित की जाए। इस बार ‘एक जिला, एक कुजीन’ पर भी फोकस किया जाए।
मुख्यमंत्री जी ने 03 जनवरी, 2026 से प्रयागराज में शुरू होने जा रहे माघ मेले की तैयारियों की जानकारी भी प्राप्त की। विगत दिनों प्रयागराज का दौरा करके आए अधिकारियों से उन्होंने वस्तुस्थिति की जानकारी ली। मुख्यमंत्री जी ने माघ मेले में सुरक्षा, स्वच्छता, स्वास्थ्य व सुव्यवस्था पर विशेष जोर देते हुए कहा कि माघ मेले में पार्किंग तथा शौचालय आदि की समुचित व्यवस्थाएँ होनी चाहिए। सी0सी0टी0वी0 से सम्पूर्ण मेला क्षेत्र की सतत् निगरानी सुनिश्चित की जाए। नाविकों के पास लाइफ जैकेट अनिवार्य रूप से हो। श्रद्धालुओं से मनमाना शुल्क न लिया जाए। मेले में आने वाले आगंतुकों, कल्पवासियों, श्रद्धालुओं और स्नानार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। मिलावटखोरों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए।
मुख्यमंत्री जी ने माघ मेले में स्वास्थ्य सुविधाओं की तैयारियों की भी जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि सूचना विभाग द्वारा माघ मेले में सरकार की उपलब्धियों व योजनाओं से सम्बन्धित प्रचार-प्रसार की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
मुख्यमंत्री जी ने मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक सहित सभी विभागों के अपर मुख्य सचिव व प्रमुख सचिव की भी बैठक ली। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि नियमित रूप से जनसुनवाई की जाए। अधिकारी जनता की समस्याएँ सुनें और उनका निदान करें। उन्होंने शासन के अधिकारियों को निर्देशित किया कि फील्ड में अच्छे अधिकारियों को तैनात किया जाए। मेरिट के आधार पर तैनाती सुनिश्चित हो। आयुक्त व जिलाधिकारी राजस्व से जुड़े मामलों को नियमित रूप से देखें और समय-सीमा के अन्दर निस्तारण सुनिश्चित करें। ए0डी0जी0, आई0जी0, पुलिस आयुक्त व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक/पुलिस अधीक्षक अपने अधीन कार्यरत अधिकारियों व कार्मिकों की जवाबदेही तय करें।

नए साल पर लखनऊ में मन्दिरों में उमड़ा श्रद्धालुओं का अपार जनसमूह

(more…)

December 31, 2025

मुख्यमंत्री ने लोगों से प्रतिकूल मौसम में सतर्क और सावधान रहने की अपील की

लखनऊ : 28 दिसम्बर, 2025 उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने गोरखपुर में ट्रांसपोर्ट नगर और धर्मशाला स्थित रैन बसेरों का निरीक्षण किया। इस अवसर पर उन्होंने जरूरतमन्दों में कम्बल व भोजन का वितरण कर उन्हें आश्वस्त किया कि सरकार उनकी सेवा के लिए प्रतिबद्ध है। निरीक्षण के दौरान मीडिया प्रतिनिधियों को सम्बोधित करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य सरकार हर गरीब तथा जरूरतमन्द को भीषण शीतलहर से बचाने के लिए प्रतिबद्ध है। किसी को कोई भी दिक्कत न हो, इसके लिए डबल इंजन सरकार पूरी संवेदनशीलता से कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा लोगों को भीषण शीतलहर से बचाने के लिए सभी जनपदों को कम्बल व ऊनी वस्त्र वितरण, रैन बसेरों के संचालन और अलाव की व्यवस्था करने के लिए पर्याप्त धनराशि जारी की गई है। भीषण शीतलहर के दृष्टिगत आवश्यकता पड़ने पर विद्यालयों को बन्द करने तथा अवकाश घोषित करने हेतु जिलाधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। यह भी निर्देश दिए गए हैं कि आवश्यकतानुसार वर्चुअल माध्यम से पढ़ाई की व्यवस्था की जाए।

मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रशासन को हर जरूरतमन्द को रैन बसेरों में अच्छी सुविधाएँ दिए जाने के निर्देश दिए गए हैं। यह सुनिश्चित किया जाए कि सभी रैन बसेरों में पर्याप्त संख्या में बिस्तर व कम्बल की व्यवस्था हो तथा साफ-सफाई का पूरा ध्यान रखा जाए। यदि किसी के पास भोजन की व्यवस्था नहीं है, तो उसे भोजन भी उपलब्ध कराया जाए। वर्तमान समय में उत्तर भारत व पूरा उत्तर प्रदेश भीषण शीतलहर की चपेट में है। जरूरतमन्दों, गरीबों और असहाय लोगों को किसी भी प्रकार की समस्या न हो, इसके लिए डबल इंजन सरकार ने सभी जनपदों में पर्याप्त धनराशि उपलब्ध कराई है। प्रशासन और सभी जनप्रतिनिधियों द्वारा अपने-अपने जनपदों में कम्बल व ऊनी वस्त्रों का वितरण, सार्वजनिक स्थानों पर अलाव की व्यवस्था तथा रैन बसेरों का संचालन किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री जी ने लोगों से अपील की कि जिनके पास साधन हैं, वे इस भीषण शीतलहर में अन्य जरूरतमन्दों की सहायता करें। उन्होंने लोगों से प्रतिकूल मौसम में सतर्क और सावधान रहने की अपील करते हुए कहा कि लोग भीषण शीतलहर तथा धुंध और कोहरे को देखते हुए अनावश्यक यात्रा से बचें। यात्रा जरूरी हो, तो वाहन की गति  सीमित रखें। भीषण ठण्ड में भी शरीर को पानी की कमी न होने दें। उन्होंने लोगों से यह भी अपील की कि सार्वजनिक स्थलों पर अलाव जलते रहने दिया जाए और अलाव की लकड़ी को उठाकर न ले जाएं। भीषण शीतलहर में यह अलाव जरूरतमन्दों के लिए हैं और इससे पशुओं को भी राहत मिलती है।

मुख्यमंत्री जी ने कहा कि गोरखपुर महानगर में 480 स्थानों पर अलाव की व्यवस्था की गई है। 22,000 से अधिक जरूरतमन्दों को कम्बल और ऊनी वस्त्रों का वितरण किया जा चुका है। गरीबों और जरूरतमन्दों के लिए किए जा रहे यह सभी कार्य सरकार की संवेदनशीलता का हिस्सा हैं।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधिगण तथा शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

———
« Newer Posts